शरीर में अचानक झनझनाहट महसूस होना एक आम समस्या है। कई बार हाथ-पैर सुन्न पड़ने, शरीर में सुई चुभने जैसा महसूस होने या चींटियां चलने जैसी महसूस होता है। कुछ लोगों को यह परेशानी लंबे समय तक एक ही स्थिति में बैठने या सोने के बाद होती है, जबकि कुछ लोगों को बिना किसी किसी खास कारण के पूरे शरीर में झनझनाहट महसूस होने लगती है। KIMS हॉस्पिटल्स, महादेवपुरा बेंगलुरु के लीड और सीनियर कंसल्टेंट, इंटरनल मेडिसिन, प्रोफेसर डॉ. एस.एम. फयाज के अनुसार, शरीर में झनझनाहट के पीछे नसों पर दबाव, विटामिन की कमी, ब्लड शुगर में बदलाव, तनाव या अन्य स्वास्थ्य समस्याएं जिम्मेदार हो सकती हैं। हालांकि, केवल झनझनाहट के आधार पर किसी बीमारी का पता नहीं लगाया जा सकता है, इसके साथ दिखाई देने वाले लक्षणों को समझना भी जरूरी है।
पूरे शरीर में झनझनाहट के कारण
डॉ. एस.एम. फयाज के अनुसार, शरीर में झनझनाहट को मेडिकल भाषा में पैरेस्थीसिया (Paresthesia) कहा जाता है। यह समस्या तब हो सकती है, जब नसों के सिग्नल के नॉर्मल तरीके से पहुंचने में रुकावट आती है। कई बार लंबे समय तक एक ही पोजीशन में बैठने से नसों पर दबाव पड़ता है, जिससे हाथ-पैरों में झनझनाहट महसूस होती है। आमतौर पर स्थिति बदलने पर यह ठीक हो जाती है।
- इसके अलावा, विटामिन B12 की कमी भी झनझनाहट का कारण बन सकती है।
- यह विटामिन नसों के कामकाज के लिए जरूरी है। इसकी कमी होने पर हाथ-पैरों में सुन्नपन, कमजोरी और चलने में बैलेंस बनाने में परेशानी हो सकती है।
- डायबिटीज के कारण नसों को नुकसान पहुंचने पर भी झनझनाहट महसूस हो सकती है।
- तनाव और घबराहट के दौरान भी शरीर में झनझनाहट महसूस हो सकती है।
- तेज सांस लेने के कारण इस दौरान शरीर में कार्बन डाइऑक्साइड का लेवल बदलने से हाथों, पैरों और मुंह के आस-पास झनझनाहट महसूस हो सकती है।
- हालांकि, हर बार झनझनाहट को तनाव से जोड़ना सही नहीं है। यदि यह समस्या बार-बार होती है, लंबे समय तक बनी रहती है या इसके साथ कमजोरी और सुन्नपन भी महसूस होता है, तो डॉक्टर से जांच करवानी चाहिए।
साल 2012 में Paresthesia Book में प्रकाशित जानकारी के अनुसार, पैरिसथीसिया यानी सुन्नपन या झुनझुनी होना एक आम समस्या है जो शरीर के किसी भी हिस्से में हो सकती है। इसे मुख्य रूप से दो भागों में बांटा गया है, कुछ समय के लिए होने वाली (Transient) और लंबे समय तक रहने वाली (Chronic) समस्याएं। थोड़ी देर के लिए होने वाली सुन्नपन आमतौर पर नस पर दबाव पड़ने, गर्दन में चोट या ज्यादा तेजी से सांस लेने (hyperventilation) की वजह से होती है और दबाव हटने पर यह खुद ठीक हो जाती है। इस बारे में सही जानकारी होने से इस स्थिति को आसानी से समझा जा सकता है।
इसे भी पढ़ें: हाथ-पैरों में जलन क्यों होती है? डॉक्टर से जानें 5 कारण और जलन से राहत पाने के तरीके
शरीर में झनझनाहट होने पर घर पर क्या कर सकते हैं?
डॉ. एस.एम. फयाज का कहना है कि अगर लंबे समय तक एक ही स्थिति में बैठने या सोने के कारण झनझनाहट हो रही है, तो धीरे-धीरे अपनी स्थिति बदलें और कुछ देर हल्की एक्टिविटी जैसे कि वॉक करें। लगातार एक ही पोजिशन में बैठने से बचें और बीच-बीच में उठकर चलें। पर्याप्त पानी पिएं और बैलेंस डाइट लें, जिसमें हरी सब्जियां, फल, दालें, दूध या अन्य पौष्टिक फूड्स शामिल हों।
अगर तनाव के दौरान झनझनाहट महसूस होती है, तो शांत जगह पर बैठकर धीरे-धीरे और नॉर्मल स्पीड से सांस लेने की कोशिश करें। बहुत तेजी से या जबरदस्ती गहरी सांसें न लें। पर्याप्त नींद लेना और नियमित फिजिकल एक्टिविटी भी सेहत के लिए फायदेमंद है। ध्यान रखें कि घरेलू उपाय केवल हल्की और अस्थायी झनझनाहट में मदद कर सकते हैं। बिना जांच के विटामिन की गोलियां या अन्य दवाएं शुरू न करें। यदि झनझनाहट बार-बार हो रही है, तो इसके कारण का पता लगाना जरूरी है।
Tingling In Whole Body Causes
पूरे शरीर में झनझनाहट होने पर कब डॉक्टर को दिखाना चाहिए?
डॉ. एस.एम. फयाज सलाह देते हैं कि यदि शरीर में झनझनाहट लगातार बनी रहती है, बार-बार होती है, धीरे-धीरे बढ़ रही है या इसके साथ दर्द, मसल्स में कमजोरी और चलने में परेशानी हो रही है, तो डॉक्टर से सलाह लें। डॉक्टर लक्षणों के आधार पर ब्लड शुगर, विटामिन B12 या अन्य जरूरी जांच कराने की सलाह दे सकते हैं।
कुछ लक्षणों में तुरंत मेडिकल हेल्प लेना जरूरी है। यदि अचानक शरीर के एक तरफ झनझनाहट या सुन्नपन के साथ हाथ-पैर में कमजोरी, चेहरा टेढ़ा होना, बोलने या देखने में परेशानी या बैलेंस बिगड़ने लगे, तो यह स्ट्रोक का संकेत हो सकता है। ऐसी स्थिति में तुरंत इमरजेंसी मदद लें।
इसे भी पढ़ें: क्या तनाव के कारण बिना नसों को नुकसान हुए भी हाथों में सुन्नपन या झुनझुनी की समस्या हो सकती है?
निष्कर्ष
पूरे शरीर में झनझनाहट होने के पीछे नसों पर दबाव, विटामिन B12 की कमी, डायबिटीज, तनाव या अन्य स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं। कभी-कभी यह परेशानी अस्थायी होती है, लेकिन बार-बार होने वाली या लगातार बनी रहने वाली झनझनाहट को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। सही कारण जानने के लिए डॉक्टर से सलाह लें और उनकी सलाह के अनुसार चेकअप व इलाज करवाएं। अचानक झनझनाहट के साथ कमजोरी, बोलने में परेशानी या शरीर के एक तरफ सुन्नपन होने पर तुरंत इमरजेंसी मदद लेना सबसे जरूरी है।
All Image Credit- magnific
FAQ
क्या सुबह उठते ही हाथ-पैरों में झनझनाहट होना सामान्य है?
सोते समय शरीर की स्थिति के कारण नसों पर दबाव पड़ने से ऐसा हो सकता है लेकिन अगर यह रोज हो या लंबे समय तक बना रहे, तो डॉक्टर से सलाह लें।क्या शरीर में झनझनाहट होने पर मालिश करना फायदेमंद है?
हल्की मालिश से कुछ स्थितियों में आराम मिल सकता है, लेकिन यह हर कारण का इलाज नहीं है। सुन्नपन या कमजोरी होने पर जोर से मालिश करने से बचें।शरीर में झनझनाहट होने पर किस डॉक्टर को दिखाना चाहिए?
शुरुआत में जनरल फिजिशियन से सलाह ले सकते हैं। जरूरत पड़ने पर वे न्यूरोलॉजिस्ट के पास भेज सकते हैं।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Oct 27, 2026 17:04 IST
Published By : Akanksha Tiwari
Reviewed By : Prof Dr S M Fayaz
