Thu Oct 15, 2026 | 04:34 PM IST

Medically Reviewed by Dr Pradeep V Mahajan , Regenerative Medicine Specialist

छींकने, खांसने या हंसने पर पेशाब निकल जाता है? डॉक्टर ने बताई वजह

छींकने, खांसने या हंसने पर पेशाब लीक हो जाता है, तो इस स्थिति को हल्के में न लें। इसके साथ-साथ शरीर में नजर आ रहे अन्य लक्षणों पर गौर करें और जरूरी हो तो डाॅक्टर के पास जाएं।
छींकने, खांसने या हंसने पर पेशाब निकल जाता है? डॉक्टर ने बताई वजहछींकने, खांसने या हंसने पर पेशाब निकल जाता है? डॉक्टर ने बताई वजह

आपने कई बार नोटिस किया होगा कि छींकने, खांसने या जोर से हंसने पर अचानक पेशाब लीक हो जाता है। अक्सर यह लोगों के शर्म का विषय बन जाता है। इसके बावजूद, लोग इस तरह की स्थिति को इग्नोर कर देते हैं, जबकि ऐसा किया जाना सही नहीं है। बहरहाल, क्या आप जानते हैं कि खांसने, छींकने या हंसने पर पेशाब क्यों निकल जाता है?

इस बारे में डॉ. प्रदीप महाजन, रीजेनरेटिव मेडिसिन रिसर्चर, यूरोलॉजी और हॉस्पिटल के फाउंडर का कहना है, "खांसने, छींकने या हंसने पर पेशाब निकल सकता है। ऐसा कमजोर सपोर्ट सिस्टम, पेट पर दबाव पड़ना, बढ़ती उम्र आदि वजहें हो सकती हैं। खासकर, महिलाओं के साथ प्रेग्नेंसी या मेनोपॉज के बाद हार्मोनल बदलाव के कारण होता है। अगर किसी को अक्सर यह समस्या होती है, तो उन्हें इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। इसके उलट, डाॅक्टर से संपर्क कर अपना इलाज करवाना चाहिए।"

छींकने, खांसने या हंसने पर पेशाब लीक होने के कारण

Urine Leakage While Coughing Or LaughingUrine Leakage While Coughing Or Laughing

1. पेट पर दबाव बनना

जब आप खांसते, छींकते, हंसते हैं या कोई भारी सामान उठाते हैं, तो पेट पर भारी दबाव बनने लगता है। डॉ. प्रदीप महाजन इसे आसान भाषा में समझाते हैं, "इस तरह के काम करने से पेट की मांसपेशियां और डायाफ्राम यानी छाती की नीचे वाली सांस की परत अचानक और तेजी से सिकुड़ने लगती है, जिससे पेशाब की थैली पर दबाव बढ़ जाता है। नतीजतन, खांसते, हंसते हुए छींकते हुए अचानक पेशाब निकल जाता है।"

इसे भी पढ़ें: डिलीवरी के बाद हंसते या छींकते ही निकल जाता है पेशाब? डॉक्टर से जानें कारण और बचाव के उपाय

2. अधिक उम्र

कई बार अधिक उम्र के लोगों में भी खांसने, छींकने और हंसने के दौरान पेशाब लीक होने की समस्या होती है। दरअसल, बढ़ती उम्र के साथ-साथ शरीर के अंग कमजोर हो जाते हैं और युवावस्था की तरह काम नहीं करते हैं। विशेषकर, मांसपेशियां अधिक कमजोर हो जाती हैं। मांसपेशियों की कमजोरी के कारण ब्लैडर पेशाब को लंबे समय तक होल्ड करने में सक्षम नहीं रह जाती हैं।

3. हार्मोनल बदलाव

हार्मोनल बदलाव भी इस समस्या का बड़ा कारण है। यही कारण है कि प्रेग्नेंसी और मेनोपॉज के बाद महिलाओं को इस तरह की समस्या का अधिक सामना करना पड़ता है। मेडिकल जर्नल Cureus में प्रकाशित अध्ययन के अनुसार, मेनोपॉज के बाद महिलाओं में मुख्य रूप से स्ट्रेस इनकॉन्टिनेंस (खांसने, छींकने या हंसने पर पेशाब निकलना) और अर्ज इनकॉन्टिनेंस (अचानक तेज पेशाब की इच्छा होना) की समस्या काफी बढ़ जाती है।

दरअसल, मेनोपॉज के बाद महिलाओं के शरीर में एस्ट्रोजन का स्तर कम हो जाता है, जो कि यूरेथ्रा की इलास्टिसिटी को बनाए रखने और पेल्विक फ्लोर को मजबूती प्रदान करता है। एस्ट्रोजन गिरने से महिलाओं को कई समस्याओं का सामना करना पड़ता है। इसमें से एक खांसने या छींकने के दौरान पेशाब का लीक होना भी शामिल है।

4. वजन का बढ़ना

Urine Leakage While Coughing Sneezing Or LaughingUrine Leakage While Coughing Sneezing Or Laughing

American Urological Association के आधिकारिक जर्नल The Journal of Urology में प्रकाशित समीक्षा पत्र के अनुसार, बढ़ते वजन के कारण खांसने या छींकने के दौरान पेशाब लीक होने की समस्या हो सकती है। दरअसल, अधिक वजन या मोटापा होना यूरिनरी इनकॉन्टिनेंस के विकसित होने का बड़ा कारण। वास्तव में, मोटापे की वजह से पेट के निचले हिस्सें में दबाव बढ़ता है, पेल्विक फ्लोर की मांसपेशियां कमजोर हो जाती हैं और ऐसे लोगों की मूवमेंट भी कम होती है।

इसे भी पढ़ें: मेनोपॉज के बाद कई महिलाओं को होती है पेशाब लीक की समस्या, डॉक्टर से जानें 5 कारण

पेल्विक फ्लोर की मांसपेशियों की कमजोरी का प्रभाव

हेल्दी व्यक्ति में पेल्विक फ्लोर मजबूत होता है। ऐसे में छींकने या खांसने के दौरान पेशाब नहीं निकलता, क्योंकि पेल्विक फ्लोर की मजबूती के कारण ब्लैडर को पूरा सपोर्ट मिलता है और पेशाब लीक नहीं होता। Mayo Clinic के अनुसार, पेल्विक फ्लोर कमजोर हो, तो स्थिति में स्ट्रेस इनकॉन्टीनेंस बिल्कुल उलट जाती है। ब्लैडर पेशाब को लंबे समय तक होल्ड नहीं कर पाता है और जरा सी छींक या खांसने से पेशाब निकल जाता है।

यूरिन लीकेज की समस्या को नजरअंदाज करना कब खतरनाक है?

अगर खांसने या छींकने के दौरान पेशाब की एक-दो बूंद लीक हो जाए, तो यह कोई चिंता का विषय नहीं होता है। हां, अगर इसके साथ-साथ अन्य समस्याएं भी हों, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। यहां हम इन्हीं लक्षणों का जिक्र कर रहे हैं-

  1. पेशाब में खून आनाः अगर पेशाब लीक होने के साथ उसका रंग गुलाबी, लाल या चाय जैसा भूरा नजर आए, तो अपनी स्थिति को हल्के में न लें।
  2. यूरिन इंफेक्शन का लक्षणः अगर पेशाब लीक होने के साथ-साथ आपको अपने गुप्तांग में दर्द, जलन या चुभन महसूस हो, तो यह भी सही संकेत नहीं है।
  3. पेशाब न कर पानाः खांसने या हंसने के दौरान पेशाब लीक हो जाता है, लेकिन यूरिन पास करने के बाद भी पेशाब करने की अर्ज बनी रहना, लेकिन पेशाब न कर पाना। ऐसी कंडीशन में डाॅक्टर के पास जरूर जाएं।
  4. पेशाब कंट्रोल न कर पानाः हंसने या खांसने के दौरान पेशाब लीक होना एक सीमा तक ठीक है। अगर आप नोटिस करें कि पेशाब कंट्रोल नहीं हो रहा है और कहीं भी लीक हो जा रहा है, तो बेहतर है कि प्रोफेशनल से मिलें।

पेशाब को कंट्रोल करने के टिप्स

वैसे तो पेशाब को लंबे समय तक कभी-भी होल्ड नहीं करना चाहिए। हां, अगर खांसते, छींकने या हंसते हुए पेशाब लीक हो जाता है, तो यहां बताए गए टिप्स को जरूर अपनाएं-

  • पेल्विक फ्लोर एक्सरसाइज करें: इससे पेल्विक एरिया की मांसपेशियों को मजबूती मिलती है और मांसपेशियों के कॉन्ट्रैक्शन में भी सुधार होता है।
  • ब्लैडर ट्रेनिंग लेंः अगर आपको बार-बार पेशाब लीक होने की समस्या हो रही है, तो खुद को पेशाब के लिए ट्रेनिंग दे सकते हैं। इसके लिए, एक समय निश्चित कर लें। जब भी पेशाब आ रहा हो, तो उसे लंबे समय के लिए होल्ड न करें।
  • डाइट में बदलावः ऐसी चीजों का सेवन न करें, जिससे ब्लैडर इरिटेशन हो। जैसे कैफीन, शराब और आर्टिफिशियल स्वीटनर युक्त चीजों से दूर रहें।
  • वजन कंट्रोल करेंः अगर आप इस समस्या से छुटकारा पाना चाहते हैं, तो बेहतर है कि आप अपना वजन का संतुलन बनाए रखें। ध्यान रखें कि मोटापे के कारण कब्ज जैसी समस्या भी हो सकती है और ब्लैडर पर भी अधिक दबाव पड़ता है। वहीं, वजन कम करने से इन समस्याओं से छुटकारा मिल सकता है।

इसे भी पढ़ें: पेशाब करने के बाद भी ब्लैडर खाली न होने जैसा क्यों लगता है? जानें 5 कारण

निष्कर्ष

पेशाब लीक होने की समस्या अक्सर लोगों को शर्मसार कर देती है। अगर आपके साथ भी यह परेशानी है यानी खांसने, छींकने और हसंने पर पेशाब लीक हो जाता है, तो इसे हल्के में न लें। बेहतर होगा कि एक बार इसके मूल कारण को जानने की कोशिश करें। साथ ही, पेशाब लीकेज होने के साथ-साथ शरीर में नजर आ रहे अन्य लक्षणों पर भी गौर करें। हां, अगर जीवनशैली में किए गए बदलावों से पेशाब लीक होना बंद न हो, तो बेहतर है कि आप प्रोफेशनल से मिलने में देरी न करें।

All Image Credit: Magnific

FAQ

  • क्या केवल पानी या तरल पदार्थ कम पीने से पेशाब के लीकेज की समस्या बंद हो सकती है?

    नहीं, पानी कम पीना इसका सही समाधान नहीं है। कम पानी पीने से पेशाब गाढ़ा और एसिडिक हो जाता है, जिससे ब्लैडर की अंदरूनी परत में जलन पैदा हो सकती है।
  • छींकने या खांसने पर अचानक तेज पेशाब आए, तो तुरंत क्या करें?

    छींक या खांसी आने का एहसास होते ही तुरंत द नैक (The Knack Technique) अपनाएं। इस तकनीक में अपनी पेल्विक फ्लोर की मांसपेशियों को ऊपर और अंदर की तरफ सिकोड़ लें। इससे पेशाब की नली (Urethra) तुरंत बंद हो जाती है और लीकेज से बचाव होता है।

Read Next

→ क्या नहाने के बाद आपके कान में भी मचती है खुजली? डॉक्टर से जानें इसका कारण

Disclaimer

इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।

Meera Tagore

Health Journalist

मीरा टैगोर 2009 से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और पिछले 5 वर्षों से विशेष रूप से हेल्थ जर्नलिज्म पर काम कर रही हैं। फिलहाल वह OnlyMyHealthमें सीनियर सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं। वह महिला स्वास्थ्य और यौन स्वास्थ्य जैसे संवेदनशील विषयों पर लिखती हैं और इनसे जुड़ी जानकारी को प्रमाणित स्रोतों और रिसर्च के आधार पर सटीक और सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाने की कोशिश करती हैं। जिन विषयों में मेडिकल पुष्टि जरूरी होती है, उन्हें प्रकाशित होने से पहले डॉक्टरों द्वारा रिव्यू किया जाता है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की थी और OnlyMyHealth से पहले Image Reflection Centre, Haribhoomi और MyUpchar के साथ काम कर चुकी हैं।

Read More..

How we keep this article up to date:

We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.

  • Current Version

    Oct 15, 2026 15:38 IST

    Published By : Meera Tagore
    Reviewed By : Dr Pradeep V Mahajan