Fri Nov 13, 2026 | 05:59 PM IST

Medically Reviewed by Dr Anupama N K , Consultant – Medical Gastroenterology

लगातार पेट फूलना किस बीमारी का संकेत हो सकता है? जानें कब डॉक्टर को दिखाएं

लगातार पेट फूलना कब्ज, इरिटेबल बाउल सिंड्रोम (IBS) या हार्मोनल असंतुलन जैसी कई गंभीर बीमारियों का संकेत हो सकता है। अगर पेट फूलने के साथ वजन कम होना, मल में खून या तेज पेट दर्द जैसे लक्षण दिखें तो तुरंत डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए।
लगातार पेट फूलना किस बीमारी का संकेत हो सकता है? जानें कब डॉक्टर को दिखाएंलगातार पेट फूलना किस बीमारी का संकेत हो सकता है? जानें कब डॉक्टर को दिखाएं

पेट फूलना यानी ब्लोटिंग एक आम पाचन से जुड़ी समस्या है, जिसमें पेट का भरा महसूस होना, जकड़न या सूजन महसूस होती है। यह समस्या अक्सर ज्यादा गैस जमा होने, धीमी पाचन क्रिया या मल त्याग में बदलाव जैसे कारणों से हो सकती है। जबकि खाना खाने के बाद कभी-कभी ब्लोटिंग होना आमतौर पर परेशानी का कारण नहीं होता है, लेकिन लगातार या बार-बार होने वाली ब्लोटिंग की समस्या सेहत से जुड़ी गंभीर बीमारी का कारण भी हो सकती है। आइए इस लेख में Dr. Anupama N K, Senior Consultant- Medical Gastroenterology, Aster CMI Hospital, Bengaluru से जानते हैं कि लगातार पेट फूलना किस बीमारी का संकेत हो सकता है?

लगातार पेट फूलना किस बीमारी का संकेत है?

Dr. Anupama N K के अनुसार, कभी-कभी ब्लोटिंग की समस्या होना पाचन से जुड़ी आम समस्याओं का संकेत हो सकता है, लेकिन अगर यह समस्या लगातार हो रही है तो इसके पीछे कुछ स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं, जिनमें शामिल हैं-

1. कब्ज की समस्या

कब्ज की समस्या में लगातार पेट फूलने की समस्या हो सकती है। जब आंतों में मल जमा हो जाता है, तो इससे पेट फूल सकता है, बेचैनी हो सकती है और गैस ज्यादा बन सकती है। कुछ खास तरह के फूड्स के खाने से फूड इनटॉलरेंस, खासकर लैक्टोज इनटॉलरेंस के कारण भी पेट फूलना, पेट में मरोड़ उठना और बहुत ज्यादा गैस बनने की समस्या हो सकती है।

इसे भी पढ़ें: पेट फूलने पर अदरक की चाय पिएं या पुदीने की चाय, जानें ब्लोटिंग में क्या पीना है फायदेमंद?

2. इरिटेबल बाउल सिंड्रोम

इरिटेबल बाउल सिंड्रोम (IBS) जैसी स्थितियों के कारण भी बार-बार पेट फूलने के साथ-साथ पेट दर्द, कब्ज या दस्त की समस्या हो सकती है। स्मॉल इंटेस्टाइनल बैक्टीरियल ओवरग्रोथ (SIBO), जिसमें छोटी आंत में बहुत ज्यादा बैक्टीरिया जमा हो जाते हैं, उसके कारण भी लगातार गैस और ब्लोटिंग की समस्या हो सकती है। अन्य संभावित कारणों में सीलिएक डिजीज, गैस्ट्रो-इसोफेगल रिफ्लक्स और फंक्शनल डिस्पेप्सिया शामिल हैं।

साल 2014 में World Journal of Gastroenterology में प्रकाशित एक स्टडी के अनुसार, इरिटेबल बाउल सिंड्रोम ब्लोटिंग का एक बड़ा कारण है, जो 96% तक IBS मरीजों में देखा जाता है। कब्ज से पीड़ित 80% तक मरीज ब्लोटिंग की समस्या की शिकायत करते हैं।

3. हार्मोनल असंतुलन

कुछ लोगों में लगातार पेट फूलने की समस्या हार्मोनल बदलावों से जुड़ी हो सकती है, खासकर पीरियड्स के दौरान महिलाओं में ब्लोटिंग की समस्या काफी बढ़ जाती है। हालांकि, बिना किसी साफ कारण के पेट का लगातार फूला रहना नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए, खासकर तब जब इसके साथ कुछ अन्य लक्षण भी नजर आएं।

डॉक्टर से संपर्क कब करना चाहिए?

Dr. Anupama N K का कहना है कि ब्लोटिंग की समस्या को कुछ लोग हल्के में लेते हैं और घरेलू उपायों की मदद से राहत पाने की कोशिश करते हैं। ब्लोटिंग के साथ कुछ अन्य संकेत नजर आने पर डॉक्टर से कंसल्ट करना बहुत जरूरी होता है। इन संकेतों में शामिल हैं-

  • बिना किसी कारण के वजन कम होना
  • मल में खून आना
  • मल त्यागने की आदतों में बदलाव होना
  • भूख में कमी
  • बार-बार उल्टी होना
  • पेट में तेज दर्द महसूस होना
  • थोड़ा सा खाना खाने के बाद पेट भरा हुआ महसूस होना


ध्यान रहे, महिलाओं में लगातार पेट फूलने के साथ पेल्विक दर्द यानी पेट के निचले हिस्से में दर्द, बार-बार पेशाब आना या असामान्य वजाइनल डिस्चार्ज होने पर भी तुरंत डॉक्टर से जांच करानी चाहिए।

ब्लोटिंग की समस्या होने पर कौन-से टेस्ट कराने चाहिए?

Dr. Anupama N K का कहना है कि डॉक्टर मरीज के लक्षणों, मेडिकल हिस्ट्री और शारीरिक जांच के आधार पर कुछ जांच कराने की सलाह दे सकते हैं। इनमें ब्लड टेस्ट, स्टूल टेस्ट, इमेजिंग या गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल समेत अन्य कई जांचें शामिल हो सकती हैं।

इसे भी पढ़ें: कब्ज के साथ पेट फूलता है लेकिन दर्द नहीं होता? जानें कब डॉक्टर से मिलें

बार-बार ब्लोटिंग होने पर क्या करना चाहिए?

Dr. Anupama N K के अनुसार, कभी-कभी होने वाली ब्लोटिंग की समस्या से राहत पाने के लिए नियमित समय पर भोजन करना, धीरे-धीरे भोजन करना, पर्याप्त मात्रा में पानी पीना और ब्लोटिंग के लक्षणों को बढ़ाने वाले फूड्स की पहचान करना जरूरी है। हालांकि, लगातार बने रहने वाले लक्षणों का इलाज सिर्फ डाइट में बदलाव या बिना डॉक्टर सलाह के मिलने वाली दवाओं से नहीं किया जाना चाहिए। सही इलाज के लिए बार-बार होने वाली ब्लोटिंग के असल कारण के बारे में पता लगाना बहुत जरूरी है।

निष्कर्ष
ब्लोटिंग या पेट फूलना एक आम समस्या है, जो अक्सर गलत खान-पान या खाने से जुड़ी गलत आदतों के कारण होती है। हालांकि, अगर यह समस्या लगातार बनी रहे या इसके साथ अन्य गंभीर लक्षण जैसे वजन कम होना, मल में खून या पेट में दर्द हो तो इसे बिल्कुल नजरअंदाज न करें। समय पर डॉक्टर से जांच और ब्लोटिंग के असल कारणों का पता लगाकर आप इस समस्या से राहत पा सकते हैं।
Image Credit: Freepik

FAQ

  • क्या खाने में बदलाव करके ब्लोटिंग से राहत मिल सकती है?

    हां, नियमित समय पर भोजन करना, धीरे-धीरे चबाकर खाना, पर्याप्त मात्रा में पानी पीना और गैस बनाने वाली चीजों से बचना कभी-कभी होने वाली ब्लोटिंग की समस्या से राहत दिला सकता है।
  • महिलाओं में लगातार पेट फूलने का क्या कारण हो सकता है?

    महिलाओं में हार्मोनल बदलाव यानी पीरियड्स के दौरान या मेनोपॉज के आसपास ब्लोटिंग की समस्या महसूस हो सकती है।

Read Next

→ World Diabetes Day: बिना मीठा खाए भी हो सकती है डायबिटीज? डॉक्टर से जानें इंसुलिन रेजिस्टेंस की 5 वजहें

Disclaimer

इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।

कात्यायनी तिवारी पिछले 6 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। करियर की शुरुआत उन्होंने न्यूज चैनल से की और बाद में डिजिटल मीडिया में हेल्थ और लाइफस्टाइल विषयों पर काम करना शुरू किया। फिलहाल वह OnlyMyHealth में सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं।वह महिला स्वास्थ्य, पोषण, आयुर्वेद, योग, स्किन हेल्थ और प्रेग्नेंसी जैसे विषयों पर लिखती हैं। उनका प्रयास रहता है कि ताजा रिसर्च, विशेषज्ञ डॉक्टरों की राय और प्रमाणित स्रोतों के आधार पर सही स्वास्थ्य जानकारी सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचे। जिन लेखों में मेडिकल पुष्टि जरूरी होती है, उन्हें प्रकाशित होने से पहले डॉक्टरों द्वारा रिव्यू किया जाता है।OnlyMyHealth से पहले वह Jantantra TV और Boldsky के साथ काम कर चुकी हैं।

Read More..

How we keep this article up to date:

We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.

  • Current Version

    Nov 13, 2026 17:20 IST

    Published By : Katyayani Tiwari
    Reviewed By : Dr Anupama N K