क्या आपको भी कभी किसी के परफ्यूम की तेज खुशबू आते ही सिर भारी लगने लगता है? या घर में अगरबत्ती जलाने और रूम फ्रेशनर इस्तेमाल करने के कुछ देर बाद सिरदर्द, बेचैनी या मतली जैसी समस्या होने लगती है? अगर ऐसा बार-बार होता है, तो आप अकेले नहीं हैं। कुछ लोगों का शरीर तेज या खास तरह की गंध के प्रति ज्यादा सेंसिटिव हो सकता है। यशोदा हॉस्पिटल्स, हैदराबाद में कंसल्टेंट फिजिशियन और डायबेटोलॉजिस्ट डॉ. एम. शीतल कुमार के अनुसार, कुछ लोगों को सुगंध बिल्कुल परेशान नहीं करती है तो वहीं सेंसिटिव लोगों में तेज गंध कुछ लक्षणों को ट्रिगर कर सकती है। इसके पीछे केवल खुशबू पसंद या नापसंद होने की बात नहीं है, बल्कि गंध के प्रति शरीर की सेंसिटिविटी भी एक कारण हो सकती है।
इसलिए यह जानना जरूरी है कि तेज खुशबू के संपर्क में आने पर सिर भारी क्यों महसूस हो सकता है, किन लोगों में यह समस्या ज्यादा दिखाई देती है और किन परिस्थितियों में इसे सामान्य असहजता मानकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
तेज खुशबू से सिर भारी क्यों हो जाता है?
डॉ. एम. शीतल कुमार के अनुसार, तेज सुगंध में मौजूद कुछ हवा में उड़ने वाले केमिकल और खुशबू वाले पदार्थ सेंसिटिव लोगों में परेशानी पैदा कर सकते हैं। जब किसी बंद कमरे में परफ्यूम, रूम फ्रेशनर या अगरबत्ती की गंध ज्यादा देर तक रहती है, तो उसकी तीव्रता और लंबे समय तक संपर्क कुछ लोगों में सिरदर्द या सिर भारी होने जैसी समस्या को बढ़ा सकता है।
- डॉ. एम. शीतल कुमार बताते हैं कि गंध का अनुभव दिमाग के उन हिस्सों से जुड़ा होता है, जो भावनाओं और अन्य फिजिकल रिएक्शन से भी संबंधित हैं। इसलिए कुछ लोगों में किसी खास गंध के संपर्क में आने पर सिरदर्द या असहजता शुरू हो सकती है।
- तेज गंध कुछ लोगों में माइग्रेन के लक्षण को ट्रिगर कर सकती है। माइग्रेन केवल सामान्य सिरदर्द नहीं होता, बल्कि इसमें रोशनी या आवाज से परेशानी, मतली और उल्टी जैसे लक्षण भी हो सकते हैं।
- अगर किसी व्यक्ति को बार-बार तेज खुशबू के बाद सिर भारी या सिरदर्द महसूस होता है और पहले से माइग्रेन की समस्या है, तो सुगंध एक संभावित ट्रिगर हो सकती है। हालांकि, हर व्यक्ति में ट्रिगर अलग-अलग हो सकता है।
- अगरबत्ती, धूप या कुछ प्रकार के एयर फ्रेशनर केवल खुशबू ही नहीं फैलाते, बल्कि हवा में अन्य कण और केमिकल भी छोड़ सकते हैं। बंद कमरे में इनका इस्तेमाल करने पर हवा में इन पदार्थों की मात्रा बढ़ सकती है।
- कुछ सेंसिटिव लोगों को इससे आंखों में जलन, गले में परेशानी, खांसी या सिरदर्द जैसी शिकायत हो सकती है। इसलिए लंबे समय तक बंद कमरे में लगातार अगरबत्ती या तेज सुगंध वाले प्रोडक्ट का इस्तेमाल करने से बचना बेहतर है।
साल 2016 में Scientia Pharmaceutica में प्रकाशित जानकारी के अनुसार, सुगंध यानी फ्रेगरेंस लेने से इसके यौगिक ब्लड-ब्रेन बैरियर को पार करके सेंटर नर्वस सिस्टम को प्रभावित करते हैं, जिससे ब्लड प्रेशर, पल्स रेट और दिमाग की एक्टिविटीज में तुरंत बदलाव होता है। इन प्रभावों को मापने के लिए EEG जैसी तकनीकों का उपयोग किया जाता है, जो दिमाग की तरंगों का सटीक विश्लेषण करती हैं। यह रिसर्च यह समझने में मदद करती है कि सुगंध मेंटल और फिजिकल हेल्थ को कैसे प्रभावित करती है।
why perfume increase headache
क्या यह किसी बीमारी का संकेत है?
डॉ. एम. शीतल कुमार का कहना है कि हर बार तेज खुशबू से सिर भारी होना किसी गंभीर बीमारी का संकेत नहीं होता लेकिन अगर यह समस्या बार-बार होती है, बहुत तेज होती है या रोजमर्रा के काम प्रभावित करने लगती है, तो इसके पीछे माइग्रेन या अन्य सिरदर्द की समस्या हो सकती है। अगर सिरदर्द के साथ धुंधला दिखाई देना, बोलने में परेशानी, शरीर के किसी हिस्से में कमजोरी, बेहोशी या लगातार उल्टी जैसे लक्षण हों, तो तुरंत डॉक्टर से सलाह लें।
सिर भारी होने से बचने के लिए क्या करें?
- अगर आपको किसी खास खुशबू से समस्या होती है, तो सबसे पहले उस ट्रिगर से दूरी बनाना जरूरी है।
- घर में रूम फ्रेशनर या तेज परफ्यूम का इस्तेमाल कम करें और कमरे में पर्याप्त वेंटिलेशन रखें।
- अगरबत्ती या सुगंधित प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करने पर कमरे की खिड़कियां खुली रखना भी फायदेमंद हो सकता है।
- बार-बार समस्या होने पर यह नोट करना फायदेमंद हो सकता है कि कौन-सी गंध, कितनी देर के संपर्क और किस परिस्थिति में सिर भारी या सिरदर्द शुरू हुआ। इससे डॉक्टर को संभावित ट्रिगर समझने में मदद मिल सकती है।
निष्कर्ष
परफ्यूम, अगरबत्ती या रूम फ्रेशनर की तेज खुशबू कुछ सेंसिटिव लोगों में सिर भारी होने, सिरदर्द या मतली जैसी परेशानी को ट्रिगर कर सकती है। माइग्रेन वाले लोगों में तेज गंध एक संभावित ट्रिगर हो सकती है। इसलिए ऐसी खुशबू से परेशानी महसूस होने पर उसके संपर्क को कम करना और कमरे में हवा का सही फ्लो बनाए रखना जरूरी है। अगर समस्या बार-बार या गंभीर रूप से होती है, तो डॉक्टर से सलाह लेकर सही कारण की जांच करानी चाहिए।
All Image Credit- magnific
FAQ
क्या परफ्यूम की खुशबू से चक्कर आना नॉर्मल है?
तेज गंध के बाद कुछ लोगों को चक्कर या असहजता महसूस हो सकती है, लेकिन बार-बार ऐसा होने पर इसके कारण की जांच जरूरी हो सकती है।क्या बच्चों को परफ्यूम लगा सकते हैं?
बच्चों में भी तेज गंध से असहजता, सिरदर्द या अन्य लक्षण हो सकते हैं, ऐसे में बहुत छोटे बच्चों को परफ्यूम लगाने से बचना चाहिए।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Sep 22, 2026 18:35 IST
Published By : Akanksha Tiwari
Reviewed By : Dr M Sheetal Kumar
