अक्सर धूल-मिट्टी, एलर्जी या अन्य कारणों से लोगों को छींक और खांसी आने जैसी समस्याएं होती हैं। छींक और खांसी आना एक आम प्रक्रिया है, लेकिन कई बार लोगों को खांसने या छींकने पर अचानक से सिर में दर्द होने लगता है, जो कुछ सेकंड के लिए होता है या थोड़ी देर के तक बना रहता है। ऐसे में कई बार लोगों के मन में यह सवाल उठता है कि खांसने या छींकने पर सिर में दर्द क्यों होने लगता है? ऐसे में आइए इस बारे में Dr. Pooja Pillai, Consultant - Internal Medicine, Aster CMI Hospital, Bengaluru से जानें।
छींकने या खांसने पर सिर में दर्द क्यों होता है?
डॉ. पूजा के अनुसार, खांसने या छींकने के दौरान सिर में दर्द इसलिए हो सकता है, क्योंकि इन एक्शन्स से सीने और सिर के अंदर कुछ समय के लिए दबाव बढ़ जाता है। जब आप जोर से खांसते या छींकते हैं, तो आपके सीने, गर्दन और पेट की मांसपेशियां अचानक सिकुड़ जाती हैं।
इससे ब्रेन के आसपास दबाव और ब्लड सर्कुलेशन पर टेंपरेरी असर पड़ सकता है, जिससे कुछ समय के लिए तेज सिरदर्द हो सकता है। इस तरह के दर्द को कभी-कभी कफ हेडेक (Cough Headache - खांसी से होने वाला सिरदर्द) कहा जाता है।
इसे भी पढ़ें: तेज रोशनी में सिरदर्द क्यों बढ़ जाता है? डॉक्टर से जानें

क्या कहती है स्टडी?
साल 2013 में The Journal of Headache and Pain में प्रकाशित रिव्यू के अनुसार, जब कोई व्यक्ति खांसता या जोर लगाता है, तो उसके सीने और पेट में दबाव बढ़ता है। इस दबाव के कारण खोपड़ी और दिमाग के अंदर फ्लूइड का दबाव (Intracranial pressure) बढ़ जाता है, जिससे सिरदर्द ट्रिगर होता है।
यह दो तरह की होती है, जिसमें प्राइमरी कफ हेडेक और लक्षणों से जुड़ा या सेकेंडरी कफ हेडेक है।
प्राइमरी कफ हेडेक
- प्राइमरी कफ हेडेक सिर्फ खांसने, छींकने या जोर लगाने से होता है।
- यह दर्द अचानक शुरु होता है, जो कुछ सेकंड से लेकर 30 मिनट तक रहता है।
- यह 40 वर्ष से ज्यादा उम्र वाले लोगों में ज्यादा होता है।
सेकेंडरी कफ हेडेक
यह तब होता है, जब खांसने पर सिरदर्द किसी दिमाग की अंदरूनी समस्या या बीमारी के कारण पैदा होता है।
इसमें सिरदर्द के साथ-साथ चक्कर आने, संतुलन बिगड़ने या हाथ-पैर में सुन्नपन जैसे लक्षण भी दिखाई दे सकते हैं।
इसे भी पढ़ें: क्या बार-बार होने वाले सिरदर्द का संबंध पोषक तत्वों की कमी से हो सकता है? समझें डॉक्टर से
छींकने या खांसने पर सिरदर्द के ट्रिगर्स
डॉ. पूजा का कहना है, अगर आपको पहले से ही सिरदर्द, साइनस में जकड़न या कोई इंफेक्शन है, तो खांसी या छींक से भी दर्द शुरू हो सकता है। सर्दी, फ्लू या साइनस की समस्या के दौरान, सूजन और नाक का रास्ता बंद होने से माथे, गालों और आंखों के आसपास दबाव बन सकता है।
खांसने या छींकने से यह परेशानी कुछ समय के लिए बढ़ सकती है। डिहाइड्रेशन (पानी की कमी), नींद की कमी और गर्दन की मांसपेशियों में तनाव भी सिरदर्द को और ज्यादा महसूस करा सकते हैं। कई मामलों में, दर्द सिर्फ कुछ सेकंड या मिनटों तक रहता है और खांसी या छींक बंद होने पर ठीक हो जाता है।
स्थिति कब होती है गंभीर?
डॉ. पूजा बताते हैं, जब भी आप खांसते, छींकते या जोर लगाते हैं, तो अचानक और बार-बार होने वाले सिरदर्द को हमेशा नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। कभी-कभी, खांसी से जुड़ा सिरदर्द ब्रेन या उसके आसपास लिक्विड के फ्लो से जुड़ी किसी अंदरूनी समस्या से भी जुड़ा हो सकता है। डॉक्टर कारण का पता लगाने के लिए जांच और जरूरत पड़ने पर ब्रेन इमेजिंग की सलाह दे सकते हैं।
सिरदर्द से बचने के लिए क्या करें?
डॉ. पूजा कहती हैं, कभी-कभी होने वाले हल्के सिरदर्द से राहत के लिए कुछ बातों का ध्यान रखना जरूरी हो जाता है। ऐसा करने से इससे कुछ हद तक राहत मिल सकती है।
- शरीर में पानी की कमी न होने देना (हाइड्रेटेड रहना)।
- पर्याप्त आराम करना।
- सर्दी या साइनस की समस्या का इलाज कराएं।
इन बातों का ध्यान रखना मददगार हो सकता है। लगातार या नए तरह की खांसी से जुड़े सिरदर्द की जांच डॉक्टर से करवानी चाहिए।
डॉक्टर से सलाह कब लें?
डॉ. पूजा आगे कहती हैं, अगर सिरदर्द बहुत तेज या अचानक हो या इसके साथ कमजोरी, सुन्नपन, उलझन, बेहोशी, देखने में समस्या, बोलने में परेशानी, बार-बार उल्टी, गर्दन में अकड़न के साथ बुखार या बैलेंस बिगड़ने जैसी समस्याएं हों, तो तुरंत डॉक्टर से सलाह लें।
निष्कर्ष
खांसने या छींकने पर कभी-कभार थोड़े समय के लिए सिरदर्द दबाव में अचानक बदलाव के कारण हो सकता है, लेकिन नया, बार-बार होने वाला या बहुत तेज सिरदर्द को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। यह आम कारण से भी हो सकते हैं और कुछ स्थितियों में डॉक्टरी जांच की जरूरत भी पड़ सकती है। सही कारण जानने के लिए इसकी जांच कराना जरूरी हो जाता है।
All Images Credit- Freepik
FAQ
किसकी कमी से सिर में दर्द होता है?
पानी की कमी, नींद की कमी, विटामिन्स, मैग्नीशियम और अन्य जरूरी पोषक तत्वों की कमी के कारण लोगों को सिर में दर्द की समस्या होती है।रोज-रोज सिरदर्द होने का क्या कारण हो सकता है?
अधिक स्ट्रेस में रहने, पर्याप्त नींद न लेने, दिनभर में भरपूर पानी न पीने, दवाइयों का सेवन, आंखों पर जोर पड़ने, पोषक तत्वों की कमी और गलत पोश्चर में बैठने के कारण सिरदर्द की समस्या हो सकती है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Sep 17, 2026 18:30 IST
Published By : Priyanka Sharma
Reviewed By : Dr. Pooja Pillai