सुंदर और साफ स्किन के लिए हम चेहरे, गर्दन और हाथों का खास ध्यान रखते हैं, लेकिन शरीर के कुछ हिस्से अक्सर नजरअंदाज हो जाते हैं। कोहनी और घुटनों का रंग बाकी शरीर की तुलना में ज्यादा गहरा होना ऐसी ही एक आम समस्या है। कई बार साफ करने के बाद भी कोहनी और घुटने काले ही दिखाई देते हैं और स्किन छूने पर खुरदरी महसूस होती है। यशोदा हॉस्पिटल, हैदराबाद की सीनियर कंसल्टेंट डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. पद्मजा के अनुसार, कोहनी और घुटनों की स्किन का बाकी शरीर से अलग दिखना कई कारणों से जुड़ा हो सकता है। इन हिस्सों पर लगातार दबाव पड़ना, स्किन का ड्राई होना और बार-बार रगड़ जैसी स्थितियां स्किन के रंग और बनावट को प्रभावित कर सकती हैं।
यही वजह है कि कुछ लोगों में यह बदलाव बचपन या कम उम्र से दिखाई देने लगता है, जबकि कुछ लोगों में समय के साथ यह समस्या बढ़ती है। अगर आपकी कोहनी और घुटने बाकी शरीर से ज्यादा काले नजर आते हैं, तो इसके पीछे की वजह समझना जरूरी है। साथ ही यह जानना भी जरूरी है कि किन आदतों से यह समस्या बढ़ सकती है और स्किन की देखभाल किस तरह करनी चाहिए।
कोहनी और घुटने काले होने की वजह क्या है?
डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. पद्मजा के अनुसार, कोहनी और घुटने की स्किन शरीर के कई दूसरे हिस्सों की तुलना में मोटी होती है। इन हिस्सों पर बार-बार दबाव और रगड़ पड़ने से स्किन में बदलाव आ सकता है। जमीन पर बैठते समय घुटनों पर दबाव पड़ना, कोहनी को टेबल पर टिकाकर रखना या कपड़ों से लगातार रगड़ होने जैसी आदतें भी इस समस्या को बढ़ा सकती हैं।
- इसके अलावा, इन हिस्सों की स्किन में ड्राईनेस जल्दी हो सकती है। जब स्किन में नमी की कमी होती है, तो वह खुरदरी और बेजान दिखने लगती है।
- लगातार ड्राई और मोटी स्किन के कारण कोहनी और घुटने आस-पास की स्किन से ज्यादा गहरे रंग के नजर आ सकते हैं।
- कोहनी और घुटनों पर स्किन मोटी होने के कारण मृत त्वचा कोशिकाएं यानी डेड स्किन सेल्स जमा होकर सतह को ज्यादा खुरदरा बना सकती हैं।
- इससे स्किन का रंग असमान दिखाई देता है। कई लोग इस डेड स्किन को हटाने के लिए स्क्रब या किसी खुरदरी चीज से जोर-जोर से रगड़ते हैं लेकिन ज्यादा रगड़ने से स्किन में जलन और सूजन हो सकती है।
- इसके बाद स्किन में और ज्यादा पिग्मेंटेशन यानी कालापन दिखाई दे सकता है। इसलिए इन हिस्सों को साफ करने के नाम पर बार-बार जोर से रगड़ना सही तरीका नहीं है।
- कभी-कभी कोहनी और घुटनों का ज्यादा काला होना केवल रूखेपन या रगड़ की वजह से नहीं होता। कुछ लोगों में एक्जिमा, सोरायसिस या अन्य स्किन संबंधी समस्याओं के कारण इन हिस्सों की स्किन मोटी और गहरी हो सकती है।
- अगर कालापन अचानक बढ़ रहा है, स्किन में खुजली, लालिमा, पपड़ी, दर्द या मोटी परत बनने जैसी समस्या भी है, तो इसे केवल कॉस्मेटिक समस्या मानकर घरेलू उपाय नहीं करने चाहिए। ऐसे मामलों में डर्मेटोलॉजिस्ट से जांच कराना जरूरी हो सकता है।
साल 2024 में Journal of Clinical Medicine में प्रकाशित एनालिसिस के अनुसार, कोहनी और घुटने की स्किन शरीर के अन्य हिस्सों की तुलना में ज्यादा गहरी होती है और उम्र बढ़ने के साथ फोरआर्म का रंग भी गहरा हो जाता है। इसलिए, धूप, यूवी किरणों, प्रदूषण और शारीरिक रगड़ जैसे बाहरी कारकों के प्रभाव से होने वाले कालेपन को दूर करने के लिए इन अंगों का खास ख्याल रखना चाहिए।
why elbows and knees are darker
इसे भी पढ़ें: चेहरे पर नींबू लगाना सही है या नुकसानदायक? डर्मेटोलॉजिस्ट से जानें कौन सी गलती पड़ सकती है भारी
कोहनी का कालापन कम करने के लिए क्या करें?
डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. पद्मजा सलाह देती हैं कि सबसे पहले इन हिस्सों की स्किन को मॉइश्चराइज रखना जरूरी है। नहाने के बाद और जरूरत के अनुसार दिन में एक या दो बार अच्छी मॉइश्चराइजिंग क्रीम लगाई जा सकती है। बहुत गर्म पानी से नहाने और हार्श साबुन के ज्यादा इस्तेमाल से बचना भी मददगार हो सकता है। कोहनी और घुटनों पर लगातार दबाव या घर्षण पड़ता है, तो कोशिश करें कि ऐसा कम हो। साथ ही, धूप में रहने पर इन हिस्सों पर सनस्क्रीन लगानी चाहिए, क्योंकि यूवी किरणें स्किन में पिग्मेंटेशन बढ़ा सकती हैं।
डर्मेटोलॉजिस्ट की सलाह
डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. पद्मजा सलाह देती हैं कि कोहनी और घुटनों का रंग हल्का करने के लिए नींबू, बेकिंग सोडा या अन्य हार्श घरेलू नुस्खों का इस्तेमाल करना स्किन को नुकसान पहुंचा सकता है। इसी तरह बिना डॉक्टर की सलाह के स्टेरॉयड या स्किन को तेजी से हल्का करने वाली क्रीम लगाना भी नुकसानदायक हो सकता है।
इसे भी पढ़ें: चेहरे पर मुल्तानी मिट्टी लगाने के बाद क्या लगाना चाहिए? ये गलती बना सकती है स्किन को ड्राई
निष्कर्ष
कोहनी और घुटनों का बाकी शरीर से ज्यादा काला होना कई बार सामान्य स्किन में बदलाव, ड्राईनेस और लगातार घर्षण यानी रगड़ से जुड़ा हो सकता है। इसे दूर करने के लिए स्किन को बार-बार रगड़ने के बजाय नियमित मॉइश्चराइजिंग, रगड़ कम करने और धूप से बचाव पर ध्यान देना चाहिए। अगर कालापन तेजी से बढ़ रहा है या इसके साथ खुजली, पपड़ी, दर्द या स्किन मोटी होने जैसी समस्या है, तो डर्मेटोलॉजिस्ट से सलाह लेना बेहतर है।
All Image Credit- magnific
FAQ
कोहनी और घुटने को गोरा करने के लिए कौन सी क्रीम अच्छी है?
कोहनी और घुटने को गोरा करने के लिए आने वाली क्रीन का उपयोग डर्मेटोलॉजिस्ट की सलाह अनुसार ही करना चाहिए।किस विटामिन की कमी से स्किन काली पड़ जाती है?
शरीर में विटामिन B12 की कमी के कारण स्किन का रंग गहरा होना या हाइपरपिग्मेंटेशन की समस्या हो सकती है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Sep 22, 2026 13:53 IST
Published By : Akanksha Tiwari
Reviewed By : Dr Padmaja
