क्या आपके साथ भी ऐसा होता है कि आज शैंपू करने के बाद बाल एकदम साफ और फ्रेश दिखते हैं, लेकिन अगले ही दिन बालों की जड़ें चिपचिपी और ऑयली नजर आने लगती हैं? कई लोगों को लगता है कि शायद बाल ठीक से साफ नहीं हुए या उन्हें रोज शैंपू करने की जरूरत है लेकिन हर बार ऐसा होना गंदगी की वजह से नहीं होता।
नियो फॉलिकल हेयर ट्रांसप्लांट एंड डर्मासोल्यूशन्स, बेंगलुरु के डायरेक्टर और सीनियर कंसल्टेंट डर्मेटोलॉजिस्ट, डॉ. संदीप महापात्रा बताते हैं कि हमारी स्कैल्प में मौजूद ग्लैंड्स सीबम नाम का नेचुरल तेल बनाती हैं। यह तेल स्कैल्प और बालों को सूखने से बचाने में मदद करता है लेकिन कुछ लोगों में सीबम ज्यादा बनता है, जिसके कारण बाल धोने के कुछ समय बाद ही ऑयली दिखने लगते हैं।
बाल धोने के अगले ही दिन ऑयली क्यों हो जाते हैं?
डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. संदीप महापात्रा के अनुसार, जल्दी ऑयली होने वाले बालों के पीछे स्कैल्प की प्रकृति, हार्मोनल बदलाव, मौसम, हेयर केयर रूटीन और कुछ आदतें जिम्मेदार हो सकती हैं। इसलिए सिर्फ बार-बार शैंपू करना हर किसी के लिए सही समाधान नहीं है। कुछ लोगों की स्कैल्प स्वाभाविक रूप से ज्यादा ऑयली होती है। ऐसे लोगों में बाल धोने के बाद भी थोड़े समय में जड़ों पर तेल दिखाई दे सकता है।
1. गलत हेयर प्रोडक्ट का असर
डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. संदीप महापात्रा बताते हैं कि अगर आप स्कैल्प पर बहुत ज्यादा कंडीशनर, हेयर सीरम, ऑयल या स्टाइलिंग प्रोडक्ट लगाते हैं, तो बाल जल्दी चिपचिपे दिखाई दे सकते हैं। कंडीशनर आमतौर पर बालों की लंबाई और सिरों पर लगाना बेहतर होता है, खासकर अगर स्कैल्प पहले से ऑयली है। हेयर प्रोडक्ट चुनते समय अपनी स्कैल्प और बालों की जरूरत को ध्यान में रखना जरूरी है।
2. मौसम और हार्मोन का असर
डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. संदीप महापात्रा बताते हैं कि गर्म और उमस वाले मौसम में पसीना ज्यादा आने के कारण ऑयली स्कैल्प महसूस हो सकती है। गर्मियों में यह समस्या इसलिए ज्यादा नजर आती है। इसके अलावा हार्मोनल बदलाव भी सीबम के प्रोडक्शन को प्रभावित कर सकते हैं। किशोरावस्था और कुछ अन्य हार्मोनल स्थितियों में ऑयली स्कैल्प की समस्या बढ़ सकती है।
इसे भी पढ़ें: स्कैल्प में फंगल इंफेक्शन के इन चेतावनी संकेतों को न करें नजरअंदाज, जानें कब डॉक्टर से लें सलाह

बाल जल्दी ऑयली हों तो क्या करें?
डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. संदीप महापात्रा सलाह देते हैं कि स्कैल्प को जरूरत के अनुसार नियमित रूप से साफ करें और ऐसा शैंपू चुनें जो आपके बालों और स्कैल्प के लिए उपयुक्त हो।
- शैंपू करते समय स्कैल्प को हल्के हाथों से साफ करें और बहुत गर्म पानी का इस्तेमाल करने से बचें।
- बार-बार बालों को हाथ लगाने से भी हाथों का तेल और गंदगी बालों में पहुंच सकती है।
- इसलिए बिना जरूरत बालों को छूने की आदत कम करें।
American Academy of Dermatology Association में प्रकाशित जानकारी के अनुसार, अपने बालों को हेल्दी रखने के लिए सही तरीके से शैंपू करना बहुत जरूरी है।
- यदि आपके बाल सीधे और स्कैल्प ऑयली है, तो रोज शैंपू करना सही रहता है।
- वहीं, ड्राई, घुंघराले या मोटे बालों के लिए हर 2 से 3 हफ्ते में एक बार या जरूरत के अनुसार शैंपू करना काफी है।
- अगर आपके बालों में रूसी या पपड़ी नजर आए, तो इसका कारण कम शैंपू करना या गलत प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल हो सकता है।
- इसलिए हमेशा अपने बालों के प्रकार को पहचानकर ही सही हेयर केयर रूटीन अपनाएं, ताकि आपके बाल और स्कैल्प दोनों हमेशा साफ, हेल्दी बने रहें।
कब डर्मेटोलॉजिस्ट से सलाह लें?
डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. संदीप महापा का कहना है कि अगर बाल बहुत जल्दी ऑयली होने के साथ लगातार खुजली, लालिमा, बाल झड़ना या स्कैल्प में घाव जैसी समस्या हो, तो डर्मेटोलॉजिस्ट से सलाह लेना बेहतर है। कई बार ज्यादा ऑयली स्कैल्प किसी स्किन कंडीशन का संकेत हो सकती है, जिसके लिए सही कारण जानना और उचित इलाज जरूरी होता है।
इसे भी पढ़ें: क्या ड्राई बालों को हफ्ते में एक बार धोना काफी होता है? जानें डर्मेटोलॉजिस्ट की राय
निष्कर्ष
बाल धोने के अगले ही दिन ऑयली होने का कारण हमेशा गंदगी नहीं होती। सीबम का ज्यादा निकलना, ऑयली स्कैल्प, मौसम, हार्मोनल बदलाव और गलत हेयर केयर प्रोडक्ट इसके पीछे भूमिका निभा सकते हैं। स्कैल्प की जरूरत के अनुसार सफाई करना और सही प्रोडक्ट इस्तेमाल करना मददगार हो सकता है। अगर ऑयलीनेस के साथ खुजली, डैंड्रफ या बाल झड़ने की समस्या भी बनी हुई है, तो डर्मेटोलॉजिस्ट से जांच करवाना बेहतर है।
All Image Credit- magnific
FAQ
ऑयली स्कैल्प होने पर बालों को कितनी बार धोना चाहिए?
ऑयली स्कैल्प के कारण बार-बार बाल धोने की जरूरत पड़ सकती है। हालांकि, कितनी बार शैंपू करना चाहिए यह स्कैल्प और बालों की स्थिति पर निर्भर करता है।क्या तनाव से स्कैल्प ज्यादा ऑयली हो सकती है?
तनाव शरीर में होने वाले कई हार्मोनल बदलावों से जुड़ा हो सकता है और कुछ लोगों में यह ऑयली स्कैल्प की समस्या को भी बढ़ा सकता है।बालों में कंडीशनर लगाने का सही तरीका क्या है?
बालों में कंडीशनर बालों की लंबाई और सिरों पर लगाया जाना चाहिए। कंडीशनर को बालों की जड़ों पर लगाने से बचना चाहिए।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Aug 11, 2026 15:44 IST
Published By : Akanksha Tiwari
Reviewed By : Dr Sandeep Mahapatra