एलोवेरा जेल का इस्तेमाल अक्सर स्किन और बालों की देखभाल के लिए किया जाता है। इसे बालों में लगाने से स्कैल्प को ठंडक, नमी और कुछ लोगों में खुजली या जलन से राहत मिल सकती है। हालांकि, कई लोगों का कहना है कि बालों में एलोवेरा जेल लगाने से इनकी ग्रोथ जल्दी होती है। Dr. Chandani Jain Gupta, MBBS & MD - Dermatologist & Aesthetic Physician, Elantis Healthcare, New Delhi का कहना है कि अगर सवाल यह है कि क्या सच में एलोवेरा जेल का इस्तेमाल करने से नए बाल उगते हैं तो इसका जवाब है नहीं। सीधे तौर पर एलोवेरा जेल लगाने से हेयर ग्रोथ नहीं होता है। आइए इस बारे में विस्तार से जानते हैं और यह भी जानेंगे कि एलोवेरा जेल बालों के लिए कैसे फायदेमंद होता है?
क्या एलोवेरा सच में बाल उगाता है?
Dr. Chandani Jain Gupta के अनुसार, एलोवेरा सीधे तौर पर बाल उगाने का काम नहीं करता है, लेकिन यह बालों के विकास के लिए एक ऐसा माहौल तैयार करता है जो हेयर ग्रोथ में मदद कर सकते हैं। एलोवेरा में मौजूद विटामिन, मिनरल्स और एंजाइम स्कैल्प को गहराई से पोषण देते हैं। यह स्कैल्प में रूसी, खुजली और ज्यादा तेल को साफ करके बंद पोर्स को खोलता है। जब स्कैल्प हेल्दी रहता है और ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होता है तो बालों के झड़ने की समस्या कम होती है और उनकी सेहत में सुधार ज्यादा देखने को मिलता है। इसलिए, एलोवेरा सीधे नए बाल उगाने का काम नहीं करता है, बल्कि यह बालों से जुड़ी समस्याओं को कम करके बालों को हेल्दी रख सकता है।
क्या कहती है स्टडी?
साल 2025 में Journal of Biosciences में प्रकाशित एक स्टडी के अनुसार, एलोवेरा में कई तरह के बायोएक्टिव कंपाउंड्स होते हैं, जिनमें विटामिन, प्रोटीयोलाइटिक एंजाइम और अमीनो एसिड शामिल हैं। ये तत्व स्कैल्प को पोषण देने और बालों के विकास को बढ़ावा देने के लिए जाने जाते हैं। एलोवेरा में बालों के झड़ने की समस्या को कम करने और स्कैल्प के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने की क्षमता होती है। इसलिए, जब इसे अन्य हर्बल्स के साथ मिलाकर इस्तेमाल किया जाता है तो यह ज्यादा असरदार हो सकता है।
इसे भी पढ़ें: अचानक पतले और बेजान होने लगे हैं बाल? डॉक्टर से जानें इसके पीछे की वजह
एलोवेरा बालों के लिए कैसे मदद कर सकता है?
Dr. Chandani Jain Gupta बताती हैं कि एलोवेरा जेल में डैंड्रफ या ड्राईनेस के कारण स्कैल्प में होने वाली खुजली से राहत दिलाने के लिए सुदिंग और मॉइस्चराइजिंग गुण होते हैं। अगर स्कैल्प ड्राई है तो एलोवेरा जेल लगाने से कुछ समय के लिए आराम मिल सकता है। हालांकि, डैंड्रफ के पीछे अलग-अलग कारण हो सकते हैं। अगर लगातार पपड़ी, रेडनेस, खुजली या सूजन की समस्या रहती है तो सिर्फ एलोवेरा पर निर्भर रहना काफी नहीं है। ऐसे मामलों में डॉक्टर की सलाह पर एंटी-डैंड्रफ ट्रीटमेंट की जरूरत पड़ सकती है।
aloe-vera-gel-good-for-hair-growth-inside
बालों में एलोवेरा जेल का कैसे इस्तेमाल करें?
Dr. Chandani Jain Gupta के मुताबिक, अगर आप एलोवेरा को स्कैल्प पर लगाना चाहते हैं तो इसे इस्तेमाल करने का साफ और सिंपल तरीका अपनाएं।
- पहले थोड़ी मात्रा में शुद्ध एलोवेरा जेल लें।
- इसे स्कैल्प पर हल्के हाथों से लगाएं।
- बहुत जोर से स्कैल्प या बालों को मसाज करने से बचें।
- एलोवेरा जेल को बालों पर लगभग 20 से 30 मिनट तक लगाकर छोड़ दें।
- इसके बाद नॉर्मल शैम्पू से बालों को धो लें।
- शुरुआत में एलोवेरा जेल को हफ्ते में एक या दो बार इस्तेमाल करना काफी है।
ध्यान रहे, अगर आप पौधे से ताजा एलोवेरा जेल निकाल रहे हैं तो पत्ती के पीले लाटेकस वाले हिस्से से अलग करना जरूरी है।
इसे भी पढ़ें: क्या अचानक बढ़ने लगे हैं सफेद बाल? डॉक्टर से जानें इसके 5 संभावित कारण
बालों के झड़ने का क्या कारण है?
Dr. Chandani Jain Gupta के अनुसार, बालों के झड़ने के पीछे कई कारण हो सकते हैं, जिनमें-
- जेनेटिक कारण
- आयरन, प्रोटीन और विटामिन डी जैसे पोषक तत्वों की कमी
- हार्मोनल असंतुलन
- बहुत ज्यादा तनाव
- केमिकल और हीटिंग टूल्स का इस्तेमाल
- रूसी या स्कैल्प की स्किन में इंफेक्शन
- पर्याप्त नींद न लेना
- अनहेल्दी खान-पान की आदतें
निष्कर्ष
Dr. Chandani Jain Gupta का कहना है कि एलोवेरा जेल स्कैल्प को मॉइश्चराइज करने के लिए काफी उपयोगी हो सकता है, लेकिन इसे बाल उगाने का इलाज नहीं माना जा सकता है। इससे स्कैल्प की ड्राईनेस और खुजली या जलन से आराम मिल सकता है। इसलिए, अगर आप इसका इस्तेमाल करना चाहते हैं तो शुद्ध जेल की थोड़ी मात्रा हफ्ते में 1 से 2 बार स्कैल्प में लगा सकते हैं। वहीं, अगर बाल लगातार झड़ रहे हैं या तेजी से पतले हो रहे हैं तो सही कारण का पता लगाने के लिए डॉक्टर से कंसल्ट करना जरूरी है।
Image Credit: Freepik
FAQ
सिर के बाल किसकी कमी से टूटते हैं?
बाल मुख्य रूप से आयरन, बायोटिन, विटामिन डी, विटामिन बी12, प्रोटीन और जिंक की कमी के कारण टूटते और झड़ते हैं।बहुत ज्यादा बाल झड़ने लगे तो क्या करें?
बालों का झड़ना रोकने के लिए खाने में प्रोटीन और आयरन से भरपूर फूड्स शामिल करें। साथ ही ज्यादा तनाव लेने से बचें और बहुत ज्यादा केमिकल वाले प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करने से भी बचें।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Aug 09, 2026 15:22 IST
Modified By : Katyayani Tiwari Aug 09, 2026 15:22 IST
Modified By : Katyayani TiwariAug 09, 2026 15:22 IST
Published By : Katyayani Tiwari
Reviewed By : Dr Chandni Jain Gupta
