National Newborn Care Week: जन्म के तुरंत बाद नवजात शिशु को नहलाना सही या कुछ दिन इंतजार करना चाहिए? जानें डॉक्टर की सलाह

बच्चे के जन्म के बाद पेरेंट्स उसकी छोटी-छोटी जरूरतों का खास ध्यान रखते हैं। पहली बार दूध पिलाने से लेकर उसकी सफाई और नहलाने तक हर चीज को लेकर मन में कई सवाल होते हैं। खासकर नवजात शिशु को पहली बार कब नहलाना चाहिए, इसे लेकर परिवार में भी अलग-अलग सलाह मिलती हैं। कुछ लोग जन्म के तुरंत बाद बच्चे को नहलाने की बात कहते हैं, तो कुछ का मानना है कि कुछ दिनों तक बच्चे को पानी से दूर रखना चाहिए। National Newborn Care Week के खास मौके पर कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल, नवी मुंबई के पीडियाट्रिशियन और नियोनेटोलॉजी की हेड ऑफ डपार्टमेंट Dr. Shilpa Aroskar बताती हैं कि जन्म के बाद नवजात शिशु का शरीर बाहरी वातावरण के अनुकूल होने की प्रोसेस में होता है। उसकी स्किन बेहद नाजुक होती है और शरीर का तापमान कंट्रोल करने की क्षमता भी पूरी तरह विकसित नहीं होती। ऐसे में जल्दबाजी में बच्चे को नहलाने से उसे ठंड लगने और शरीर का तापमान कम होने का खतरा हो सकता है।
न्यू बोर्न बेबी को कब से नहलाना चाहिए?
डॉ. शिल्पा अरोस्कर के अनुसार, जन्म के बाद बच्चे को नहलाने में जल्दबाजी नहीं करनी चाहिए। नवजात शिशु का शरीर बहुत संवेदनशील यानी सेंसिटिव होता है और उसे ठंड लगने का खतरा रहता है। इसलिए पहली बार नहलाने से पहले बच्चे की स्थिति, शरीर का तापमान और स्वास्थ्य का ध्यान रखना जरूरी है। WHO के अनुसार, बच्चे को पहली बार नहलाने के लिए कम से कम 24 घंटे इंतजार करना चाहिए। अगर किसी कारण से 24 घंटे इंतजार करना संभव न हो, तो कम से कम 6 घंटे बाद ही बच्चे को नहलाने पर विचार किया जा सकता है।
जन्म के तुरंत बाद बच्चे को नहलाना क्यों नहीं चाहिए?
डॉ. शिल्पा अरोस्कर बताती हैं कि नवजात शिशु के जन्म के बाद उसके शरीर पर एक सफेद और चिकनी परत होती है, जिसे वर्निक्स केसोसा (Vernix Caseosa) कहते हैं। यह एक नेचुरल प्रोटेक्टिव लेयर होती है, जो बच्चे की स्किन को सुरक्षित रखने और नमी बनाए रखने में मदद करती है। इसे तुरंत साफ करने की जरूरत नहीं होती है। इसके अलावा, जन्म के तुरंत बाद बच्चे को नहलाने से कुछ परेशानियां हो सकती हैं-
- नवजात शिशु अपने शरीर का तापमान अच्छी तरह कंट्रोल नहीं कर पाते। नहलाने से उन्हें ठंड लग सकती है।
- ठंड लगने से बच्चे के शरीर को तापमान बनाए रखने के लिए ज्यादा एनर्जी खर्च करनी पड़ सकती है, जिससे ब्लड शुगर कम होने का खतरा बढ़ सकता है।
- जन्म के तुरंत बाद नहलाने से मां और बच्चे के बीच शुरुआती संपर्क और स्तनपान में देरी हो सकती है।
- वर्निक्स की परत स्किन को नमी देने और बाहरी इंफेक्शन से सुरक्षा प्रदान करने में मदद करती है।
इसे भी पढ़ें: बच्चों को शहद किस उम्र में खिला सकते हैं? एक्सपर्ट से जानें
First Bath to Newborn Baby
नवजात शिशु को नहलाने का सही तरीका क्या है?
डॉ. शिल्पा अरोस्कर के अनुसार, नवजात शिशु को पहली बार नहलाते समय बहुत सावधानी बरतनी चाहिए। इसके लिए कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखें।
- नवजात शिशु को ऐसे कमरे में नहलाएं, जहां ठंडी हवा न आ रही हो।
- पानी न ज्यादा गर्म होना चाहिए और न ठंडा।
- बच्चे को नहलाने के लिए छोटे टब या साफ बर्तन में पर्याप्त पानी लें।
- नहलाते समय एक हाथ से बच्चे के सिर और गर्दन को अच्छी तरह सहारा दें।
- बच्चे की स्किन को जोर से न रगड़ें। जरूरत पड़ने पर माइल्ड और खुशबू रहित बेबी क्लींजर इस्तेमाल करें।
- नहलाने के बाद मुलायम तौलिए से बच्चे को अच्छी तरह पोंछें और साफ कपड़े पहनाएं।
नवजात शिशु को कितनी बार नहलाना चाहिए?
नवजात शिशु को रोजाना नहलाना जरूरी नहीं होता है, सप्ताह में 2-3 बार नहलाना पर्याप्त हो सकता है। हालांकि, बच्चे के चेहरे, गर्दन, हाथों और डायपर वाले हिस्से की सफाई रोजाना की जानी चाहिए। अगर बच्चे के कपड़ों या शरीर पर दूध, उल्टी या मल लग जाए, तो उस हिस्से को गीले मुलायम कपड़े से साफ कर दें। जब तक बच्चे की नाभि का स्टंप (Umbilical Cord Stump) सूखकर अपने आप गिर नहीं जाता और नाभि पूरी तरह ठीक नहीं हो जाती, तब तक स्पंज बाथ देना बेहतर होता है।
इसे भी पढ़ें: शिशु की मालिश कितनी देर करनी चाहिए? डॉक्टर से जानें सही समय और सही तरीका
निष्कर्ष
नवजात शिशु को जन्म के तुरंत बाद नहलाने की जरूरत नहीं होती। WHO के अनुसार, पहली बार नहलाने के लिए कम से कम 24 घंटे इंतजार करना चाहिए। इससे बच्चे को शरीर का तापमान सामान्य बनाए रखने, शुरुआती स्तनपान और मां के साथ स्किन से स्किन का संपर्क बनाने में मदद मिलती है। इसके अलावा, बच्चे को रोजाना नहलाने के बजाय सप्ताह में 2-3 बार नहलाना पर्याप्त है। ध्यान रखें कि नवजात की स्किन बहुत नाजुक होती है, इसलिए उसकी सफाई और नहलाने के दौरान खास सावधानी बरतें।
All Image Credit- magnific
FAQ
क्या नवजात शिशु को सर्दियों में रोजाना धूप दिखानी चाहिए?
नवजात शिशु को सीधे तेज धूप में रखने से बचना चाहिए। धूप में रखने से पहले डॉक्टर की सलाह लें, क्योंकि छोटे बच्चों की स्किन बहुत सेंसिटिव होती है।नवजात शिशु को नहलाने के लिए कौन-सा साबुन इस्तेमाल करना चाहिए?
बच्चे के लिए माइल्ड, पीएच बैलेंस्ड और खुशबू रहित बेबी क्लींजर चुनना बेहतर होता है।क्या नवजात शिशु के सिर पर रोजाना शैंपू लगाना चाहिए?
नहीं, रोजाना शैंपू लगाने की जरूरत नहीं होती। बच्चे के सिर की सफाई जरूरत के अनुसार माइल्ड बेबी शैंपू से की जा सकती है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Nov 20, 2026 15:00 IST
Published By : Akanksha Tiwari
Reviewed By : Dr Shilpa Aroskar