Fri Nov 13, 2026 | 09:23 AM IST

Medically Reviewed by Dr Abhishek Chopra

खराब AQI नवजात शिशु की सेहत को कैसे नुकसान पहुंचाता है? डॉक्टर से जानें तमाम जरूरी बातें

खराब AQI नवजात शिशु को गंभीर तरीके से प्रभावित करता है। इससे शिशु को सांस लेने में तकलीफ हो सकती है, उनकी इम्यूनिटी कमजोर हो सकती है और भविष्य में हार्ट डिजीज आदि होने का जोखिम भी बढ़ता है।
खराब AQI नवजात शिशु की सेहत को कैसे नुकसान पहुंचाता है? डॉक्टर से जानें तमाम जरूरी बातेंखराब AQI नवजात शिशु की सेहत को कैसे नुकसान पहुंचाता है? डॉक्टर से जानें तमाम जरूरी बातें

दिनों-दिन दिल्ली-NCR का AQI बढ़ता जा रहा है। छोटे बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सबकी सेहत पर बुरा असर पड़ रहा है। सामान्यतः हम इनसे बचने के उपायों पर अधिक जोर देते हैं। इसके लिए हम तरह-तरह का काढ़ा बनाते हैं और इम्यूनिटी को बूस्ट करने पर जोर देते हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि नवजात शिशुओं की सेहत पर खराब AQI का क्या असर पड़ता है? विशेषकर, जो पहली बार मां बनी हैं, उन्हें इस सवाल का जवाब जरूर जानना चाहिए।

इस बारे में Dr. Abhishek Chopra, Senior Consultant, Paediatrician and Neonatologist, Cloudnine Group of Hospitals, New Delhi बताते हैं, "खराब AQI सबके स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है। जहां तक नवजात शिशुओं की बात है, तो मौजूदा समय में AQI के खराब स्तर को देखते हुए कहा जा सकता है कि यह उनके लिए जानलेवा है। ऐसा कहना बिल्कुल गलत नहीं होगा। जब AQI का स्तर 300-400 से पार जाता है, तो नवजात शिशुओं को कई तरह के स्वास्थ्य नुकसान होने लगते हैं, जैसे उन्हें सांस लेने में तकलीफ होने लगती है, कमजोर लंग्स पर अधिक दबाव (या असर) पड़ता है और इम्यूनिटी भी उनकी कमजोर हो जाती है।"

स्टडी क्या कहती है?

How Does Poor Aqi Affect Newborn Baby HealthHow Does Poor Aqi Affect Newborn Baby Health

Environmental Health Perspectives में प्रकाशित समीक्षा के अनुसार, खराब AQI के कारण नवजात शिशुओं का विकास बाधित हो सकता है और हवा में मौजूद PM10 और PM2.5 जैसे पार्टिकल के कारण वे इसके प्रति अत्यधिक संवेदनशील हो जाते हैं, जिससे न केवल नवजात शिशु के स्वास्थ्य को खतरा होता है बल्कि वयस्क होने पर भी कई गंभीर बीमारियों का जोखिम बढ़ जाता है। यही नहीं, साल 2025 में JMIR Research Protocols में प्रकाशित अध्ययन से पता चलता है, अत्यधिक प्रदूषित वातावरण (जैसे दिल्ली-NCR) में गर्भावस्था के दौरान और जन्म के बाद इनडोर व आउटडोर वायु प्रदूषण का मातृ स्वास्थ्य, नवजात के जन्म के वजन और 2 साल तक के बच्चों के न्यूरो-डेवलपमेंट (मानसिक व तंत्रिका विकास) पर गहरा असर पड़ता है। आपको बता दें, चूंकि यह एक 'स्टडी प्रोटोकॉल' है, इसलिए अभी इसके परिणाम आने बाकी हैं।

इसे भी पढ़ें: प्रेग्नेंसी में खराब AQI कितना खतरनाक? डॉक्टर से जानें मां और गर्भ में पल रहे बच्चे पर प्रदूषण के 5 असर

खराब AQI का नवजात शिशु के अंगों पर असर

How Does Poor Aqi Affect Newborn Baby Health Know Hazardous EffectsHow Does Poor Aqi Affect Newborn Baby Health Know Hazardous Effects

1. रेस्पिरेटरी सिस्टम पर असर

Dr. Abhishek Chopra के मुताबिक, "नवजात शिशु पहले से ही काफी कमजोर होते हैं। जन्म के तुरंत बाद उन्हें सामान्य माहौल में ढलने में समय लगता है। ऐसे में अगर वे 400 पार AQI में सांस लेते हैं, तो सबसे पहले इसका बुरा प्रभाव रेस्पिरेटरी सिस्टम पर पड़ता है। इसकी वजह से उनके निचले श्वसन तंत्र में तीव्र संक्रमण, घरघराहट, पुरानी खांसी, निमोनिया और बार-बार ब्रोंकियल संक्रमण होने लगते हैं।"

2. फेफड़ों पर असर

Dr. Abhishek Chopra आगे बताते हैं, "नवजात शिशु के फेफड़े भी अभी सामान्य हवा में कार्य करने में सक्षम नहीं होते हैं। वहीं, गर्भावस्था के अंतिम चरणों और जन्म के समय प्रदूषण के संपर्क में आने से जन्म के समय शिशु में ऑक्सीजन की कमी, रेस्पिरेटरी डिस्ट्रेस सिंड्रोम और फेफड़ों की क्षमता में स्थायी कमी का रिस्क बढ़ जाता है।"

3. जन्म के समय अंडर वेट

Dr. Abhishek Chopra कहते हैं, "गर्भावस्था की आखिरी तिमाही में जो महिलाएं खराब AQI के संपर्क में आती हैं, उनके शिशु जन्म के समय अंडरवेट हो सकते हैं। असल में, जन्म से पहले प्रदूषण के संपर्क में आने से प्लेसेंटा (गर्भनाल) के जरिए पोषक तत्वों की आपूर्ति नहीं हो पाती है, जिससे शिशु का जन्म समय से पहले हो सकता है या वे जन्म के समय अंडरवेट हो सकते हैं। यही नहीं, खराब AQI के कारण नवजात शिशु को जीवित रहने के कई गंभीर जोखिमों का सामना करना पड़ता है।"

इसे भी पढ़ें: दिवाली के बाद शिशु की आंखों और नाक की सफाई कैसे करें? डॉक्टर से जानें सुरक्षित तरीका

4. ब्रेन हेल्थ पर असर

Dr. Abhishek Chopra के मुताबिक, "AQI बढ़ने पर हवा में PM2.5 जैसे फाइन पार्टिकल्स घुल जाते हैं, जो कि सांस के जरिए हमारे फेफड़ों और फिर ब्लडस्ट्रीम (Bloodstream) में पहुंच जाते हैं। जन्म के बाद जब नवजात शिशु इस हवा में सांस लेते हैं, तो हवा में मौजूद जहरीले कण रक्तप्रवाह में प्रवेश कर मस्तिष्क की संरचना को प्रभावित करते हैं। इससे उनकी कॉग्निटिव बिहवेयिर पर असर पड़ता है, भविष्य में व्यवहार संबंधी समस्याएं और ऑटिज्म स्पेक्ट्रम डिसऑर्डर जैसी स्थितियों का खतरा बढ़ जाता है।"

5. शिशु मृत्यु दर में वृद्धि

क्या आप जानते हैं कि खराब AQI के कारण शिशु मृत्यु दर में भी वृद्धि होती है। Dr. Abhishek Chopra कहते हैं, "हवा में मौजूद जहरीले कणों को सांस के जरिए अंदर लेने की वजह से सडन इन्फेंट डेथ सिंड्रोम और प्रारंभिक शिशु मृत्यु दर के जोखिम बढ़ जाते हैं।"

6. लॉन्ग टर्म बीमारियां

खराब AQI सिर्फ मौजूदा समय में ही नवजात शिशु के स्वास्थ्य को प्रभावित नहीं करता है। इसके साथ-साथ खराब AQI में सांस लेने के कारण कुछ लॉन्ग-टर्म बीमारियां भी हो सकती हैं। दरअसल, प्रदूषित हवा के कारण जीवन के शुरुआती चरण में होने वाली सूजन और इंसुलिन प्रतिरोध जैसी समस्या का जोखिम बढ़ जाता है। ये समस्याएं वयस्क होने पर हृदय रोग, क्रोनिक अस्थमा और मेटाबॉलिक विकारों की वजह बन सकती हैं।

पैरेंट्स क्या करें?

जब शिशु का जन्म ऐसे खराब AQI में हो, तो पैरेंट्स की जिम्मेदारी अपने नवजात शिशुओं के प्रति बहुत ज्यादा बढ़ जाती है। डॉक्टर द्वारा दिए गए कुछ सुझावों को जरूर फॉलो करें-

  1. नियमित रूप से AQI मॉनिटर करें।
  2. अगर हवा बहुत ज्यादा प्रदूषित है, तो शिशु को कमरे से बाहर न ले जाएं।
  3. घर के अंदर एयर प्यूरीफायर का इस्तेमाल जरूर करें।
  4. घर के अंदर हवा को प्रदूषित न होने दें।
  5. AQI अधिक होने  पर कमरे के अंदर अगरबत्ती, धूपबत्ती आदि न जलाएं।
  6. शिशु के स्वास्थ्य पर हर क्षण नजर रखें।
  7. अगर शिशु को सांस लेने में तकलीफ हो, सांस लेते हुए छाती से सीटी की आवाज आए, तो बिना देरी किए डॉक्टर के पास जाएं।

इसे भी पढ़ें: क्या 2 साल से छोटे बच्चों को मास्क पहनाना चाहिए? दिवाली के प्रदूषण में पेरेंट्स रखें ध्यान

निष्कर्ष

कुल मिलाकर, कहने की बात यह है कि मौजूदा समय में AQI अपने सबसे खराब स्तर पर है। इस समय 300 से पार AQI है, जो कि नवजात शिशु के स्वास्थ्य को बुरी तरह प्रभावित कर सकता है। यहां तक कि अगर शिशु के स्वास्थ्य को लेकर जरा भी लापरवाही की गई, तो यह जानलेवा तक साबित हो सकता है। इसलिए, इन दिनों जिस भी शिशु का जन्म हुआ है, उनकी सेहत को लेकर पैरेंट्स अतिरिक्त सावधानी बरतें और समय-समय पर उन्हें डॉक्टर के पास जरूर ले जाएं।

All Image Credti: Magnific

FAQ

  • क्या नवजात शिशु (1 वर्ष से कम उम्र) को खराब AQI से बचाने के लिए N95 या कपड़े का मास्क पहना सकते हैं?

    नहीं, 2 साल से कम उम्र के शिशुओं की सांस नली बहुत संकरी होती है और मास्क लगाने से उनमें दम घुटने व कार्बन डाइऑक्साइड जमने का गंभीर खतरा रहता है। इसलिए इतने छोटे बच्चे को किसी भी तरह का मास्क न पहनाएं।
  • यदि खराब AQI के दौरान नवजात शिशु को टीकाकरण के लिए अस्पताल ले जाना हो, तो क्या करें?

    ऐसी स्थिति में शिशु को लेकर घर से निकलना जरूरी होता है। पैरेंट्स को चाहिए कि वे दोपहर के समय (जब स्मॉग सबसे कम हो) बंद कार में नवजात शिशु को ले जाएं। बच्चे को प्रदूषित हवा के सम्पर्क में न आने दें।

Read Next

→ बच्चों में निमोनिया के शुरुआती लक्षण कैसे पहचानें? डॉक्टर से जानें इन 5 बदलावों को न करें नजरअंदाज

Disclaimer

इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।

How we keep this article up to date:

We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.