National Newborn Care Week: नवजात शिशु दिनभर में कितनी बार पेशाब करें? कम गीले डायपर बताते हैं बच्चे को सही दूध मिल रहा है या नहीं

नवजात शिशु के जन्म के बाद मां के मन में सबसे ज्यादा चिंता इस बात को लेकर रहती है कि उसका बच्चा पेट भरकर दूध पी रहा है या नहीं। खासकर जो महिलाएं पहली बार मां बनी हैं, उनके लिए यह समझना थोड़ा मुश्किल हो सकता है कि बच्चे को पर्याप्त ब्रेस्ट मिल्क मिल रहा है या नहीं। दरअसल, छोटे बच्चे बोलकर अपनी भूख या प्यास नहीं बता सकते। ऐसे में पेरेंट्स को उनके व्यवहार और फिजिकल एक्टिविटीज पर ध्यान देना पड़ता है। National Newborn Care Week के मौके पर कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल, नवी मुंबई के पीडियाट्रिशियन और नियोनेटोलॉजी की हेड ऑफ डपार्टमेंट Dr. Shilpa Aroskar बताती हैं कि बच्चे के गीले डायपर की संख्या से यह समझने में मदद मिल सकती है कि उसे पर्याप्त दूध मिल रहा है या नहीं। जन्म के शुरुआती दिनों में बच्चे के पेशाब करने की संख्या कम होती है, लेकिन जैसे-जैसे वह मां का दूध पीना शुरू करता है, उसके गीले डायपर की संख्या बढ़ने लगती है।
बच्चे को पर्याप्त दूध नहीं मिलने के क्या संकेत हैं?
डॉ. शिल्पा अरोस्कर के अनुसार, सिर्फ पेशाब की संख्या ही नहीं, बल्कि बच्चे के कुछ अन्य संकेतों से भी पता लगाया जा सकता है कि उसे पर्याप्त दूध मिल रहा है या नहीं-
- अगर बच्चा दूध पीने के बाद शांत और संतुष्ट रहता है, तो यह पर्याप्त दूध मिलने का एक संकेत हो सकता है।
- जन्म के बाद शुरुआती दिनों में बच्चे का थोड़ा वजन कम होना सामान्य है लेकिन लगभग 10-14 दिनों में अधिकांश बच्चे अपना जन्म के समय का वजन वापस पा लेते हैं।
- पर्याप्त दूध पीने वाले बच्चे का पेशाब आमतौर पर हल्के पीले रंग का होता है। बहुत गहरे रंग का पेशाब शरीर में लिक्विड की कमी का संकेत हो सकता है।
- पर्याप्त दूध मिलने पर बच्चा सामान्य रूप से जागता है, दूध पीता है और अपनी उम्र के अनुसार एक्टिव रहता है।
नवजात शिशु दिनभर में कितनी बार पेशाब करता है?
डॉ. शिल्पा अरोस्कर बताती हैं कि जन्म के शुरुआती दिनों में नवजात शिशु के पेशाब करने की संख्या धीरे-धीरे बढ़ती है। ऐसा इसलिए होता है क्योंकि जन्म के बाद बच्चा मां का दूध पीना शुरू करता है और उसके शरीर में तरल पदार्थों की मात्रा बढ़ने लगती है। आमतौर पर बच्चे की उम्र के अनुसार गीले डायपर की संख्या इस प्रकार हो सकती है-
इसे भी पढ़ें: खराब AQI नवजात शिशु की सेहत को कैसे नुकसान पहुंचाता है? डॉक्टर से जानें तमाम जरूरी बातें
- जन्म के पहले 24 घंटों में कम से कम 1 बार पेशाब करना सामान्य है।
- दूसरे दिन कम से कम 2 गीले डायपर होने चाहिए।
- तीसरे दिन लगभग 3 बार पेशाब होना चाहिए।
- चौथे दिन तक कम से कम 4 गीले डायपर होने चाहिए।
- पांचवें दिन के बाद आमतौर पर बच्चे के दिनभर में कम से कम 6 गीले डायपर होने चाहिए।
पीडियाट्रिशियन डॉ. शिल्पा अरोस्कर के अनुसार, पांचवें दिन के बाद बच्चे के पेशाब की संख्या और मात्रा पर खास ध्यान देना चाहिए। अगर बच्चा पर्याप्त दूध पी रहा है, तो उसके डायपर नियमित रूप से गीले होने चाहिए।
साल 2012 में American Academy of Pediatrics के Pediatrics जर्नल में प्रकाशित जानकारी के अनुसार, जन्म के शुरुआती दिनों में शिशुओं का वजन कम होना सामान्य है क्योंकि वे अतिरिक्त तरल पदार्थ छोड़ते हैं और स्तनपान करने वाले बच्चों में यह कमी औसतन जन्म के वजन का 5 से 7 प्रतिशत तक होती है। तीसरे या चौथे दिन वजन सबसे कम हो सकता है, इसलिए अस्पताल से छुट्टी के 48 से 72 घंटों के भीतर यानी तीन से पांच दिन की उम्र में पीडियाट्रिशियन से जांच कराना बेहद जरूरी है। इससे दूध की कमी के जोखिम वाले शिशुओं की समय पर पहचान हो पाती है और यदि वजन में ज्यादा गिरावट दिखे तो तौलने वाली मशीन के सही कैलिब्रेशन की जांच करना भी अहम है।
Newborns Diapers Indicate Milk Intake
न्यू बोर्न बेबी दूध ना पिए तो क्या करें?
डॉ. शिल्पा अरोस्कर सलाह देती हैं कि नवजात शिशु को उसकी जरूरत के अनुसार स्तनपान कराना चाहिए। आमतौर पर पहले कुछ हफ्तों में बच्चे को 24 घंटे में 8-12 बार दूध पिलाने की जरूरत पड़ सकती है। बच्चे के भूख के शुरुआती संकेतों, जैसे मुंह खोलना, हाथ चूसना और स्तन की तरफ सिर घुमाना, को पहचानें। इसके अलावा, बच्चे को सही तरीके से स्तनपान कराना भी जरूरी है, ताकि वह पर्याप्त दूध पी सके। अगर स्तनपान के दौरान दर्द होता है या बच्चा ठीक से दूध नहीं पी पा रहा है, तो डॉक्टर या लैक्टेशन कंसल्टेंट की मदद लें।
इसे भी पढ़ें: बच्चों की आंखों का रंग क्यों और कब बदलता है? डॉक्टर से जानें इसमें छिपा साइंस
नवजात शिशु कम पेशाब करे तो कब डॉक्टर को दिखाएं?
डॉ. शिल्पा अरोस्कर सलाह देती हैं कि अगर नवजात शिशु के गीले डायपर की संख्या उसकी उम्र के हिसाब से कम है, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। खासकर पांचवें दिन के बाद भी अगर बच्चे के 24 घंटे में 6 से कम गीले डायपर हो रहे हैं, तो डॉक्टर से सलाह लें। इसके अलावा, कुछ अन्य संकेत भी चिंता का कारण हो सकते हैं जैसे कि बच्चा बहुत सुस्त या कमजोर दिखाई देना,दूध पीने में परेशानी होना या बार-बार दूध न पीना, मुंह और होंठों का सूखना, पेशाब का रंग बहुत गहरा होना, सिर के ऊपर मौजूद मुलायम हिस्सा धंसा हुआ दिखाई देना। अगर बच्चा 24 घंटे तक पेशाब नहीं करता है, दूध नहीं पी रहा है या बहुत सुस्त है, तो तुरंत मेडिकल हेल्प लें। ऐसे लक्षण डिहाइड्रेशन या दूसरी स्वास्थ्य समस्याओं का संकेत हो सकते हैं।
निष्कर्ष
नवजात शिशु दिनभर में कितनी बार पेशाब करता है, यह जानना उसके स्वास्थ्य और पर्याप्त दूध मिलने का एक तरीका है। जन्म के शुरुआती दिनों में गीले डायपर की संख्या धीरे-धीरे बढ़ती है और पांचवें दिन के बाद कम से कम 6 गीले डायपर होना आमतौर पर पर्याप्त दूध मिलने का अच्छा संकेत है। हालांकि, केवल पेशाब की संख्या के आधार पर बच्चे के पोषण का आकलन नहीं करना चाहिए। उसके वजन, स्तनपान और व्यवहार पर भी ध्यान दें। अगर बच्चा कम पेशाब कर रहा है या डिहाइड्रेशन के लक्षण दिखाई दे रहे हैं, तो बिना देरी किए पीडियाट्रिशियन से संपर्क करें।
All Image Credit- magnific
FAQ
क्या शिशु का पेशाब पीले रंग का होना नॉर्मल है?
हल्के पीले रंग की पेशाब नॉर्मल हो सकती है लेकिन अगर पेशाब बहुत गहरा पीला या नारंगी दिखाई दे, तो बच्चे के दूध पीने और हाइड्रेशन पर ध्यान देना चाहिए। ऐसी स्थिति में डॉक्टर से सलाह लें।क्या मां के खान-पान का ब्रेस्ट मिल्क की मात्रा पर असर पड़ता है?
मां का बैलेंस और पौष्टिक खान-पान उसके स्वास्थ्य और स्तनपान के दौरान पोषण की जरूरतों को पूरा करने में मदद करता है। पर्याप्त भोजन और प्यास के अनुसार पानी पीना जरूरी है।क्या नवजात शिशु को स्तनपान के अलावा पानी भी देना चाहिए?
नहीं, छह महीने से कम उम्र के स्वस्थ शिशु को आमतौर पर मां के दूध या सही तरीके से तैयार फॉर्मूला मिल्क के अलावा अलग से पानी देने की जरूरत नहीं होती।नवजात शिशु को दूध पिलाने के बाद डकार दिलाना जरूरी है?
डकार दिलाने से बच्चे के पेट में फंसी हवा बाहर निकलने में मदद मिल सकती है। हालांकि, हर बच्चा हर बार डकार ले, यह जरूरी नहीं है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Nov 20, 2026 15:03 IST
Published By : Akanksha Tiwari
Reviewed By : Dr Shilpa Aroskar