Wed Sep 23, 2026 | 03:19 PM IST

Medically Reviewed by Dr Akshay Chugh

अचानक वजन घटने लगा? डॉक्टर से जानें कब न मानें इसे नॉर्मल

अगर बिना डाइट या एक्सरसाइज के लगातार वजन कम हो रहा है तो यह किसी स्वास्थ्य समस्या का संकेत हो सकता है। अचानक वजन कम होना डायबिटीज, थायराइड, पाचन तंत्र और कैंसर जैसी बीमारियों के कारण हो सकता है। 
अचानक वजन घटने लगा? डॉक्टर से जानें कब न मानें इसे नॉर्मलअचानक वजन घटने लगा? डॉक्टर से जानें कब न मानें इसे नॉर्मल

वजन कम होना किसी भी व्यक्ति, खासकर थोड़े हेल्दी व्यक्ति के लिए एक अच्छी खबर हो सकती है, लेकिन अगर यह बिना किसी कोशिश, डाइटिंग या एक्सरसाइज के अचानक होने लगे तो यह किसी गंभीर स्वास्थ्य समस्या का संकेत हो सकता है। Dr. Akshay Chugh, Internal Medicine & Metabolic Disorders, Metro Hospital and Heart Institute, Noida का कहना है कि अगर आप बिना किसी बदलाव के अपने शरीर का कुल वजन 6 महीने के अंदर 5 प्रतिशत या उससे ज्यादा खो देते हैं तो यह चिंता का कारण हो सकता है।

अचानक वजन कम होना कब चिंता का कारण है?

Dr. Akshay Chugh बताते हैं कि बिना किसी कोशिश के अचानक वजन कम होना तब चिंता का कारण बनता है, जब आप 6 महीने के अंदर अपने कुल वजन का 5% या उससे ज्यादा बिना डायटिंग या एक्सरसाइज के कम कर लेते हैं। अगर वजन कम होने के साथ थकान, भूख में कमी, रात में पसीना आना या बुखार जैसी समस्याएं भी बनी रहें तो डायबिटीज, थायराइड, तनाव या किसी गंभीर बीमारी का संकेत हो सकता है, जिसके लिए डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है।

इसे भी पढ़ें: केला या अंडा, वजन बढ़ाने के लिए दूध में किसे मिलाकर पिएं? एक्सपर्ट से जानें

अचानक वजन कम होने के कारण

Dr. Akshay Chugh कहते हैं कि अचानक वजन कम होने के पीछे कई कारण हो सकते हैं। साल 2024 में Singapore Medical Journal में प्रकाशित एक स्टडी के अनुसार, 6 से 12 महीनों में शरीर के सामान्य वजन का 5% से ज्यादा कम होना मुख्य रूप से मनोसामाजिक या शारीरिक कारण हो सकते हैं। इनमें शामिल हैं- डिप्रेशन, डिमेंशिया, बुढ़ापे में पैरानॉयड व्यवहार, ज्यादा शराब का सेवन, हाइपरथायरायडिज्म, हाइपोथायरायडिज्म, डायबिटीज, क्रोनिक किडनी डिजीज, क्रोनिक हार्ट डिजीज, रूमेटोलॉजिकल बीमारियां, टीबी जैसे इंफेक्शन, दवाओं के साइड इफेक्ट्स।

1. डायबिटीज कंट्रोल न होना

अचानक वजन कम होने के सबसे आम कारणों में से एक है टाइप 1 या टाइप 2 डायबिटीज होना। जब शरीर में इंसुलिन की कमी होती है या सेल्स इंसुलिन का इस्तेमाल सही तरह से नहीं कर पाती हैं तो ग्लूकोज सेल्स तक नहीं पहुंच पाता है। ऐसे में एनर्जी के लिए शरीर फैट और मांसपेशियों को तोड़ना शुरू कर देता है, जिससे वजन तेजी से कम होने लगता है। इसके साथ ही ज्यादा प्यास लगना, बार-बार पेशाब आना और बहुत थकान महसूस होना भी डायबिटीज के कारण वजन कम होने के लक्षण हैं।

2. हाइपरथायरायडिज्म

जब गले में स्थित थायराइड ग्लैंड ज्यादा मात्रा में T3 और T4 हार्मोन का उत्पादन करने लगती है तो शरीर का मेटाबॉलिज्म बहुत तेज हो जाता है। व्यक्ति भले ही नॉर्मल या उससे ज्यादा खाना खा रहा हो, फिर भी उसकी कैलोरी तेजी से बर्न होती है और वजन कम होने लगता है।

3. पाचन तंत्र और आंतों की बीमारियां

अगर आंतें भोजन से पोषक तत्वों और कैलोरी का अवशोषण सही तरीके से नहीं कर पाती हैं तो वजन कम होने लगता है। इसके पीछे पाचन तंत्र और आंतों से जुड़ी ये बीमारियां कारण हो सकती हैं-

  • सीलिएक डिजीज- ग्लूटेन से एलर्जी के कारण आंतों की परत डैमेज होना।
  • इन्फ्लेमेटरी बॉवेल डिजीज- क्रोहन डिजीज या अल्सरेटिव कोलाइटिस (Ulcerative Colitis) में आंतों में पुरानी सूजन के कारण बार-बार दस्त होना और पोषक तत्वों की कमी होना।
  • पुरानी पेप्टिक अल्सर या पैंक्रियाटाइटिस जैसी बीमारियों में खाने को पचाने और खाने के तरीकों में बदलाव होना।

4. गंभीर इंफेक्शन

कुछ गंभीर इंफेक्शन शरीर के इम्यून सिस्टम को ज्यादा प्रभावित करते हैं और वजन कम करने का कारण बनते हैं। टीबी के मरीजों में अचानक वजन कम होना काफी आम है। इसके साथ ही एचआईवी या एड्स, सबएक्यूट एंडोकार्डिटिस या क्रॉनिक फंगल इंफेक्शन भी अचानक वजन कम होने का कारण हो सकते हैं।

weight-loss-cause-for-concernweight-loss-cause-for-concern

5. कैंसर

बिना किसी कारण अचानक वजन कम होने के पीछे कैंसर जैसी गंभीर बीमारी भी हो सकती है। कैंसर का पहला और सबसे बड़ा चेतावनी संकेत वजन कम होना हो सकता है। कैंसर सेल्स बहुत तेजी से बढ़ते हैं और शरीर की ज्यादा एनर्जी का इस्तेमाल कर लेते हैं। अग्न्याशय, पेट, भोजन नली, फेफड़े और लिम्फोमा के कैंसर में वजन कम होने की समस्या ज्यादा देखने को मिलती है।

6. मानसिक स्वास्थ्य समस्याएं

मानसिक तनाव और डिप्रेशन का सीधा असर हमारी भूख और पाचन क्रिया पर पड़ता है। गंभीर डिप्रेशन से पीड़ित व्यक्ति की खाने की इच्छा खत्म हो जाती है, जिससे रोजाना कैलोरी सेवन बहुत कम हो जाता है। कई मामलों में न्यूरोलॉजिकल असंतुलन के कारण भी वजन कम होने लगता है।

7. दवाइयों का साइड इफेक्ट

कुछ दवाएं भूख कम कर सकती हैं, उल्टी और जी मिचलाने की समस्या हो सकती है या मेटाबॉलिज्म बदल सकती हैं। इन दवाइयों में कीमोथेरेपी की दवाएं, थायराइड की ज्यादा खुराक, डिप्रेशन की दवाएं और कुछ एंटीबायोटिक्स और दर्द की दवाएं शामिल हैं।

इसे भी पढ़ें: दुबले-पतले लोगों के लिए प्रोटीन और कार्ब्स का सही अनुपात क्या होना चाहिए? एक्सपर्ट से जानें

डॉक्टर की सलाह

Dr. Akshay Chugh का कहना है कि अचानक वजन कम होने की समस्या से राहत पाने के लिए खुद से किसी सप्लीमेंट या टॉनिक को लेने के बजाय वजन कम होने के असल कारणों का पता लगाना जरूरी है। इसके लिए आपका डॉक्टर कई तरह के टेस्ट करवाने की सलाह दे सकते हैं, जैसे-

  • ब्लड टेस्ट जैसे कंप्लीट ब्लड काउंट, थायराइड प्रोफाइल, ESR / CRP टेस्ट
  • लिवर और किडनी फंक्शन टेस्ट
  • स्टूल और यूरिन टेस्ट
  • इमेजिंग टेस्ट जैसे चेस्ट एक्स-रे, पेट का अल्ट्रासाउंड या जरूरत पड़ने पर सीटी स्कैन

डॉक्टर के पास कब जाएं?

अगर आपका वजन बिना किसी कारण के कम हो रहा है और इसके साथ ये लक्षण दिखाई दे रहे हैं तो तुरंत डॉक्टर से कंसल्ट करना जरूरी है-

  • लगातार हल्का या तेज बुखार रहना
  • रात में ज्यादा पसीना आना
  • ज्यादा थकान और कमजोरी महसूस होना
  • पेट में लगातार दर्द, उल्टी या दस्त की समस्या रहना
  • मल में खून आना या काली पॉटी होना
  • गर्दन, कांख या जांघों के बीच में गिल्टी महसूस होना

निष्कर्ष
वजन का अचानक कम होना आम बात नहीं होती है, बल्कि इसके पीछे डायबिटीज, थायराइड, पाचन तंत्र से जुड़ी समस्याएं, कैंसर या गंभीर इंफेक्शन हो सकते हैं। अचानक वजन कम होना शरीर का एक अंदरूनी अलार्म है कि शरीर के अंदर कुछ गलत हो रहा है। ऐसे में सही समय पर डॉक्टर से जांच कराकर बीमारी की शुरुआत में ही उसके बारे में पता लगाने से इसे रोकने और सही इलाज पाने में मदद मिल सकती है।
Image Credit: Freepik

FAQ

  • कितना वजन कम होना चिंता का कारण है?

    बिना किसी कोशिश या कारण के 6 से 12 महीनों के अंदर अगर आपके शरीर के कुल वजन का 5% या उससे ज्यादा वजन कम होता है तो यह चिंता का कारण हो सकता है।
  • कौन से थायराइड में वजन कम होता है?

    तेजी से बिना किसी कोशिश के वजन कम होना हाइपरथायरायडिज्म या अतिसक्रिय थायराइड का मुख्य लक्षण होता है। इस स्थिति में थायराइड ग्लैंड बहुत ज्यादा मात्रा में हार्मोन बनाती है, जिससे शरीर का मेटाबॉलिज्म बहुत तेज हो जाता है और कैलोरी तेजी से बर्न होने लगती है।

Read Next

क्या वाकई बायोप्सी से कैंसर फैल सकता है? डॉक्टर से जानें दावे का सच और झूठ

Disclaimer

इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।

कात्यायनी तिवारी पिछले 6 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। करियर की शुरुआत उन्होंने न्यूज चैनल से की और बाद में डिजिटल मीडिया में हेल्थ और लाइफस्टाइल विषयों पर काम करना शुरू किया। फिलहाल वह OnlyMyHealth में सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं।वह महिला स्वास्थ्य, पोषण, आयुर्वेद, योग, स्किन हेल्थ और प्रेग्नेंसी जैसे विषयों पर लिखती हैं। उनका प्रयास रहता है कि ताजा रिसर्च, विशेषज्ञ डॉक्टरों की राय और प्रमाणित स्रोतों के आधार पर सही स्वास्थ्य जानकारी सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचे। जिन लेखों में मेडिकल पुष्टि जरूरी होती है, उन्हें प्रकाशित होने से पहले डॉक्टरों द्वारा रिव्यू किया जाता है।OnlyMyHealth से पहले वह Jantantra TV और Boldsky के साथ काम कर चुकी हैं।

Read More..

How we keep this article up to date:

We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.

  • Current Version

    Sep 23, 2026 14:35 IST

    Published By : Katyayani Tiwari
    Reviewed By : Dr Akshay Chugh

Medically reviewed content
200+ medical reviewers in network
17 Years of Trusted Health Content
Medically reviewed content
200+ medical reviewers in network
17 Years of Trusted Health Content
Medically reviewed content
200+ medical reviewers in network
17 Years of Trusted Health Content