अचानक वजन बढ़ना कई महिलाओं और पुरुषों के लिए परेशानी का कारण बनता है। अक्सर जब किसी का वजन बिना कारण तेजी से बढ़ने लगता है तो सबसे पहला शक लोगों का थायराइड पर जाता है। हालांकि, थायराइड के अलावा ऐसी कई स्वास्थ्य समस्याएं या अन्य कारण हैं जो वजन अचानक बढ़ने की समस्या को बढ़ा सकते हैं। Dr. Akshay Chugh, Internal Medicine & Metabolic Disorders, Metro Hospital and Heart Institute, Noida के अनुसार, अगर आपका थायराइड टेस्ट नॉर्मल आया है, फिर भी आपका वजन तेजी से बढ़ रहा है तो इसके पीछे कई कारण हो सकते हैं, आइए इस लेख में विस्तार से जानते हैं।
थायराइड के अलावा वजन बढ़ने के कारण
साल 2019 में Obesity Reviews में प्रकाशित स्टडी के अनुसार, वजन बढ़ने या मोटापे के कारणों में कुशिंग सिंड्रोम, पॉलीसिस्टिक ओवरी सिंड्रोम (PCOS) और ग्रोथ हार्मोन की कमी जैसी बीमारियां शामिल हैं। इसके अलावा, मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी दवाएं, कॉर्टिकोस्टेरॉइड्स, इंसुलिन और बीटा-ब्लॉकर्स जैसी दवाओं का असर, नींद की खराब आदतें और क्रैश डाइटिंग शामिल हैं।
Dr. Akshay Chugh के अनुसार, थायराइड के अलावा कई बीमारियों या स्थितियां वजन बढ़ने का कारण हो सकता है, जिनमें शामिल हैं-
1. PMOS या PCOD
महिलाओं में अचानक वजन बढ़ने का सबसे बड़ा और आम कारण पॉलीएंडोक्राइन मेटाबोलिक ओवेरियन सिंड्रोम (PMOS or PCOS) या PCOD है। PCOS में महिलाओं के शरीर में एंड्रोजन हार्मोन का लेवल बढ़ जाता है और साथ ही इंसुलिन रेजिस्टेंस की समस्या भी बढ़ सकती है।
शरीर में इंसुलिन का सही इस्तेमाल नहीं हो पाता है, जिससे ज्यादा ग्लूकोज फैट के रूप में जमा होने लगता है, खासकर पेट के आस-पास के हिस्से में। इस स्थिति में वजन बढ़ने के साथ ही अनियमित पीरियड्स, चेहरे पर अनचाहे बाल और एक्ने की समस्या भी बढ़ सकती है।
इसे भी पढ़ें: PCOS में वजन कम होने के बाद भी पेट की चर्बी क्यों नहीं जाती? डॉक्टर से समझें
2. इंसुलिन रेजिस्टेंस और प्री-डायबिटीज
खराब डाइट और शारीरिक गतिविधियों की कमी के कारण भी महिला और पुरुष दोनों में इंसुलिन रेजिस्टेंस की समस्या हो सकती है, जो वजन बढ़ने का कारण बनती है। दरअसल, जब सेल्स इंसुलिन के प्रति संवेदनशील नहीं रहती हैं तो पैंक्रियाज ज्यादा इंसुलिन बनाता है। हाई इंसुलिन लेवल शरीर को फैट स्टोरिंग मोड में डाल देता है, जिससे लगातर व्यक्ति का वजन बढ़ता रहता है और उसे बार-बार मीठा या कार्ब्स खाने की क्रेविंग होती है।
3. बहुत ज्यादा तनाव लेना
वर्तमान में क्रॉनिक स्ट्रेस वजन बढ़ने का एक बड़ा कारण बन चुका है। जब आप मानसिक या शारीरिक तनाव में होते हैं तो आपकी एड्रिनल ग्लैंड कोर्टिसोल रिलीज करती हैं। कोर्टिसोल हार्मोन का ज्यादा बढ़ना आपके मेटाबॉलिज्म को धीमा कर देता है और शरीर को पेट के निचले हिस्से में फैट जमा करने का सिग्नल देता है। इस कारण बहुत ज्यादा तनाव में रहने से भी वजन बढ़ने की समस्या होना काफी आम है।
Sudden-Weight-Gain-Causes
4. पेरीमेनोपॉज और मेनोपॉज
40 से 50 साल की उम्र के बीच की महिलाओं में एस्ट्रोजन हार्मोन का लेवल तेजी से कम होने लगता है। एस्ट्रोजन हार्मोन में गिरावट के कारण मेटाबॉलिज्म धीमा हो जाता है और शरीर फैट को हिप्स या थाइज की बजाय पेट के हिस्से में जमा करने लगता है। इसके साथ ही इस उम्र में महिलाओं की मांसपेशियों को भी नुकसान पहुंचता है, जिससे कैलोरी बर्न होने की क्षमता कम हो जाती है।
5. वॉटर रिटेंशन की समस्या
अगर आपका वजन 2 से 3 दिनों में अचानक 2 से 4 किलो बढ़ गया है तो यह फैट नहीं, बल्कि शरीर में पानी का जमा होना यानी वॉटर रिटेंशन के कारण होता है।इस समस्या के पीछे कई कारण हो सकते हैं, जिनमें शामिल हैं-
- किडनी या लीवर की समस्या- जब किडनी सही से सोडियम और पानी को फिल्टर नहीं कर पाती है तो शरीर में वॉटर रिटेंशन की समस्या हो सकती है।
- हार्ट फेलियर- दिल की पंपिंग क्षमता कमजोर होने पर पैरों, एंकल और पेट में पानी भरने लगता है।
- डाइट में ज्यादा नमक- बहुत ज्यादा प्रोसेस्ड या पैकेज्ड फूड खाने से भी शरीर में पानी होल्ड होने लगता है, जो एडिया या वॉटर रिटेंशन का कारण बनता है।
6. नींद की कमी
रात में 7 से 8 घंटे की गहरी नींद न लेना आपके पूरी हार्मोनल बैलेंस को बिगाड़ देता है। नींद पूरी न होने से घ्रेलिन यानी भूख बढ़ाने वाला हार्मोन बढ़ जाता है और लेप्टिन यानी पेट भरने का एहसास कराने वाला हार्मोनल कम हो जाता है। इसके कारण आप अनजाने में बहुत ज्यादा कैलोरी खा लेते हैं, जो अचानक वजन बढ़ने का कारण बन सकता है।
इसे भी पढ़ें: चीनी छोड़ दी, फिर भी वजन कम नहीं हो रहा? इन छिपे हुए शुगर सोर्स पर दें ध्यान
7. कुशिंग सिंड्रोम
कुशिंग सिंड्रोम एक रेयर हार्मोनल स्थिति है, जिसमें शरीर में ज्यादा मात्रा में कोर्टिसोल हार्मोन बनने लगता है। इस समस्या में चेहरा गोल हो जाता है, कंधों के पीछे फैट जमा होने लगता है और पेट पर गहरे बैंगनी रंग के स्ट्रेच मार्क्स आने लगते हैं।
डॉक्टर से कब मिलें?
अगर आपका वजन बिना डाइट या रूटीन बदलने अचानक बढ़ रहा है तो सिर्फ डाइटिंग या जिम शुरू करने से पहले वजन बढ़ने के कारण का पता लगाना जरूरी है और इसके लिए डॉक्टर से कंसल्ट करना जरूरी है।
- मेडिकल चेकअप करवाएं- डॉक्टर से कंसल्ट करके TSH के अलावा फास्टिंग इंसुलिन, HbA1c, लिपिड प्रोफाइल, विटामिन D, विटामिन B12, और किडनी या लिवर फंक्शन टेस्ट करवाएं।
- महिलाओं के लिए- अगर पीरियड्स भी अनियमित हैं, तो पेल्विक अल्ट्रासाउंड करवाकर PCOS की जांच कराएं।
- अपनी दवाइयों पर ध्यान दें- अगर आप किसी पुरानी बीमारी की दवा ले रहे हैं, तो अपने डॉक्टर से पूछें कि क्या वह वजन बढ़ने का कारण तो नहीं बन रहे हैं।
निष्कर्ष
अचानक वजन बढ़ना सिर्फ ज्यादा खाने की वजह से नहीं होता है, बल्कि यह आपके शरीर का एक अंदरूनी संकेत हो सकता है कि कोई हार्मोनल या शारीरिक समस्या है। इसलिए, सही समय पर वजन बढ़ने के सही कारणों के बारे में पता लगाकर डॉक्टर की सलाह से अपने वजन को मैनेज कर सकते हैं।
Image Credit: Freepik
FAQ
वजन बढ़ने से होने वाले नुकसान
वजन बढ़ने से शरीर पर कई तरह के प्रभाव पड़ सकते हैं, जिससे दिल से जुड़ी बीमारियां, टाइप-2 डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर, जोड़ों का दर्द और सांस लेने में समस्या शामिल हैं।वजन बढ़ने से कैसे रोकें?
वजन बढ़ने से रोकने के लिए आप संतुलित आहार, नियमित शारीरिक गतिविधियां और अच्छी लाइफस्टाइल अपना सकते हैं।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Sep 23, 2026 11:48 IST
Published By : Katyayani Tiwari
Reviewed By : Dr Akshay Chugh
