हर महिला के लिए पीरियड्स का फ्लो थोड़ा अलग हो सकता है। कुछ महिलाओं को पहले दो दिनों में ज्यादा ब्लीडिंग होती है और फिर धीरे-धीरे फ्लो कम हो जाता है, जबकि कुछ का पूरा पीरियड ही हल्का रहता है। लेकिन अगर कई महीनों से सामान्य रहने वाले पीरियड्स में अचानक ब्लीडिंग काफी कम हो जाए, तो इसके पीछे कई कारण हो सकते हैं। हर बार यह किसी बीमारी का संकेत नहीं होता, लेकिन बदलाव को नजरअंदाज भी नहीं करना चाहिए। सामान्य मासिक धर्म आमतौर पर 2 से 7 दिनों तक रह सकते हैं और साइकिल 21 से 35 दिनों के बीच हो सकता है।
वृंदावन स्थित Mumma's Blessing IVF और Birthing Paradise की मेडिकल डायरेक्टर, गायनेकोलॉजिस्ट और IVF स्पेशलिस्ट डॉ. शोभा गुप्ता के अनुसार, "एक साइकिल में पीरियड थोड़ा हल्का होना अपने आप में चिंता की बात नहीं है, लेकिन अगर पहले पीरियड्स नियमित और सामान्य फ्लो वाले थे और अचानक ब्लीडिंग फ्लो बहुत कम हो गया है, तो महिला को इसके पैटर्न पर ध्यान देना चाहिए और जरूरत पड़ने पर डॉक्टर से जांच करानी चाहिए।"
पीरियड्स में अचानक ब्लीडिंग कम क्यों हो जाती है?
-1788954243412.webp)
1. प्रेग्नेंसी हो सकती है एक वजह
अगर सेक्शुअली एक्टिव महिला का पीरियड सामान्य से काफी हल्का है या केवल स्पॉटिंग जैसी ब्लीडिंग हुई है, तो सबसे पहले प्रेग्नेंसी की संभावना को ध्यान में रखना चाहिए। Cleveland Clinic के अनुसार, शुरुआती प्रेग्नेंसी में कुछ महिलाओं को बहुत हल्की ब्लीडिंग या स्पॉटिंग हो सकती है। इस तरह की स्पॉटिंग को महिलाएं अक्सर सामान्य पीरियड समझने लगती हैं, जो कि सही नहीं है।
क्या करें: इसलिए पीरियड कम होने के साथ अगर पीरियड देर से आने लगे, ब्रेस्ट पेन हो, उलटी-मतली की समस्या और थकान जैसे लक्षण नजर आएं, तो प्रेग्नेंसी की जांच करना उचित हो सकता है।
इसे भी पढ़ें: पीरियड्स में कभी ज्यादा तो कभी कम ब्लीडिंग क्यों होती है? समझें कब है यह चिंता की बात
2. तनाव और दिनचर्या में बदलाव
लगातार तनाव, नींद की कमी, अचानक वजन कम होना, बहुत ज्यादा व्यायाम या खाने-पीने के पैटर्न में बड़ा बदलाव मेंस्ट्रुअल साइकिल को प्रभावित कर सकता है। शरीर में एनर्जी कम होने पर ओव्यूलेशन और रिप्रोडक्टिव हार्मोन्स प्रभावित हो सकते हैं, जिसके कारण पीरियड्स देर से आने के साथ-साथ हल्के भी हो सकते हैं। Cureus Journal of Medical Science से भी यह स्पष्ट होता है कि तनाव का सेक्शुअल हार्मोन पर गहरा असर पड़ता है।
क्या करें: डॉ. शोभा गुप्ता कहती हैं, "आजकल महिलाओं में काम का तनाव, नींद पूरी न होना, वेट लॉस के चलते क्रैश डाइटिंग करना और बहुत ज्यादा वर्कआउट करना काफी आम हो गया है। अगर पीरियड पैटर्न में बदलाव के साथ लाइफस्टाइल में भी बड़ा बदलाव हुआ है, तो उस कनेक्शन को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।"
3. हार्मोनल कंट्रासेप्शन का असर
गर्भ निरोधक गोलियां, हार्मोनल इंजेक्शंस या हार्मोनल इंट्रा यूटेराइन सिस्टम (IUS) जैसे कंट्रासेप्टिव मेथड्स ब्लीडिंग को कम कर सकते हैं। इसलिए कंट्रासेप्शन शुरू करने या बदलने के बाद पीरियड का फ्लो पहले की तुलना में हल्का होना संभव है।
क्या करें: ऐसी स्थिति में महिला को खुद से कंट्रासेप्टिव बंद करने के बजाय अपने डॉक्टर से बात करनी चाहिए।
4. PCOS और थायराइड की समस्या
हार्मोनल कंडीशंस भी पीरियड्स के पैटर्न को बदल सकती हैं। PCOS में अनियमित पीरियड्स या लंबे अंतराल के बाद आने वाले हो सकते हैं। थायराइड डिसऑर्डर्स भी मेंस्ट्रुअल साइकिल को प्रभावित कर सकते हैं।
क्या करें: अगर हल्के पीरियड्स के साथ वजन में बदलाव, एक्ने, चेहरे पर ज्यादा बाल, बाल झड़ना, थकान या साइकिल में बार-बार बदलाव हो रहा है, तो डॉक्टर हार्मोनल इवैल्यूएशन की सलाह दे सकते हैं।
इसे भी पढ़ें: क्या उम्र के साथ पीरियड फ्लो में बदलाव आना सामान्य है? जानिए कब डॉक्टर से मिलें
5. उम्र बढ़ने के साथ हार्मोनल बदलाव
40 साल की उम्र में पहुंचने पर पेरीमेनोपॉज की शुरुआत हो सकती है। इस दौरान पीरियड्स का पैटर्न बदलना सामान्य है। ऐसे में कभी ब्लीडिंग ज्यादा, तो कभी कम हो सकती है और पीरियड साइकिल के बीच का अंतर भी बदल सकता है। हालांकि हर बार पीरियड्स में आए बदलाव को उम्र के साथ जोड़कर देखना सही नहीं है।
क्या करें: पीरियड्स में बदलाव के साथ-साथ अन्य लक्षण पर भी गौर करना चाहिए और जरूरी हो तो तुरंत डॉक्टर से मिलना चाहिए।
कब डॉक्टर को दिखाना चाहिए?
अगर कई महीनों से पीरियड का फ्लो कम हो गया है, पीरियड्स अनियमित हो गए हैं, बार-बार पीरियड मिस हो रहे हैं, प्रेग्नेंसी की संभावना है या साथ में पेल्विक पेन और वजाइनल डिस्चार्ज, तो डॉक्टर के पास जाने देरी न करें। इसके अलावा यह भी नोटिस किया कि क्या सेक्स करने के बाद वजाइनल ब्लीडिंग हो रही है, तो गायनेकोलॉजिस्ट से सलाह लेनी चाहिए। साथ ही, ब्लीडिंग की जांच जरूरी हो जाती है।
डॉ. शोभा गुप्ता के अनुसार, "महिलाओं को केवल यह देखकर चिंतित होने की जरूरत नहीं कि इस महीने पीरियड कम आया है। लेकिन अपने सामान्य मेंस्ट्रुअल पैटर्न में लगातार बदलाव को ट्रैक करना जरूरी है। अगर आपको याद नहीं रहता है, तो पीरियड डायरी या ऐप की मदद से में साइकिल की तारीख, ब्लीडिंग की मात्रा और लक्षण नोट कर सकते हैं। इससे डॉक्टर को कारण समझाने में मदद मिल सकती है।"
इसे भी पढ़ें: क्या 30 साल की उम्र के बाद अनियमित पीरियड्स होना नॉर्मल है? जानें क्या है सच
निष्कर्ष
अचानक हल्का पीरियड कई बार तनाव, लाइफस्टाइल में बदलाव या हार्मोनल कंट्रासेप्शन जैसी सामान्य वजहों से हो सकता है, लेकिन प्रेग्नेंसी, PCOS, थायराइड समस्या या पेरीमेनोपॉज जैसे कारणों को भी जरूरत पड़ने पर जांच के जरिए समझा जा सकता है। एक बार के बदलाव को देखकर डरें नहीं, बल्कि साइकिल पर गौर करें। अगर समस्या लंबे समय से बनी हुई है, तो डॉक्टर के पास जाने में देरी न करें।
All Image Credit: Magnific
FAQ
क्या गर्भाशय की सर्जरी के बाद ब्लीडिंग कम होना अशरमैन सिंड्रोम (Asherman's Syndrome) का संकेत है?
हां, गर्भाशय में स्कार टिश्यू (Scar Tissue) बनने से पीरियड्स का फ्लो बहुत कम हो जाता है।क्या एथलीट्स और क्रैश डाइटिंग करने वालों में पीरियड्स का फ्लो अचानक घट सकता है?
विशेषज्ञ बताते हैं की शरीर में फैट और ऊर्जा घटने पर एस्ट्रोजन हार्मोन कम बनता है, जिससे ब्लीडिंग भी हल्की हो सकती है।क्या डिलीवरी के वक्त हैवी ब्लीडिंग के कारण भविष्य में पीरियड्स हमेशा के लिए कम हो सकते हैं?
डॉक्टर कहते हैं पिट्यूटरी ग्लैंड के क्षतिग्रस्त होने पर हार्मोनल संतुलन बिगड़ सकता है, जिससे पीरियड्स हमेशा के लिए कम हो सकते हैं या प्रभावित हो सकते हैं।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Sep 09, 2026 17:16 IST
Published By : Meera Tagore
Reviewed By : Dr Shobha Gupta