क्या आपका वजन बिना किसी खास कोशिश के लगातार कम हो रहा है? कई लोग इसे अच्छी फिटनेस या डाइट में बदलाव का रिजल्ट समझ लेते हैं, लेकिन अगर वजन घटने के पीछे कोई खास कारण नहीं है, तो शरीर में चल रही किसी समस्या का संकेत भी हो सकता है। पेट से जुड़ी कुछ समस्याएं, जैसे पेट में अल्सर की समस्या, भी कुछ लोगों में अचानक वजन कम होने से जुड़ी हो सकती है।
यथार्थ सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल, फरीदाबाद के गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट, डॉ. कपिल शर्मा के अनुसार, बिना कारण वजन कम होना हमेशा सामान्य नहीं माना जाता। खासकर अगर इसके साथ भूख कम लगना, पेट में लगातार दर्द, जल्दी पेट भर जाना, उल्टी, कमजोरी या पाचन संबंधी समस्याएं भी मौजूद हों, तो इसके पीछे की वजह जानना जरूरी हो जाता है। आइए जानते हैं क्या पेट का अल्सर वास्तव में वजन कम कर सकता है और किन संकेतों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
क्या पेट के अल्सर के कारण वजन घटता है?
गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट डॉ. कपिल शर्मा के अनुसार, पेट में अल्सर होने पर दर्द, जलन और खाने के बाद असहजता महसूस हो सकती है। इसके कारण व्यक्ति खाना कम कर सकता है या कुछ फूड्स को खाने से बचने लगता है, जिससे धीरे-धीरे वजन कम हो सकता है। पेट के अल्सर में वजन कम होने के पीछे कई कारण हो सकते हैं-
1. खाने के बाद दर्द या जलन
डॉ. कपिल शर्मा बताते हैं कि जिन लोगों में पेट में अल्सर की समस्या होती है वे भोजन करने के बाद पेट में दर्द, जलन या भारीपन की समस्या महसूस करते हैं। इस डर से वे खाना कम कर सकते हैं या भोजन छोड़ने लगते हैं, जिसके कारण वजन अपने आप धीरे-धीरे कम हो सकता है।
2. भूख कम लगना
डॉ. कपिल शर्मा का कहना है कि अल्सर के कारण लगातार पेट में परेशानी रहने से कई लोगों की भूख कम हो सकती है। कम कैलोरी लेने से धीरे-धीरे वजन कम होने लगता है। ऐसे में कभी भी पेट में अल्सर जैसे लक्षण दिखाई दें तो बिना देरी किए डॉक्टर से तुरंत संपर्क करना चाहिए।
3. उल्टी या डाइजेशन संबंधी समस्या
कुछ मामलों में अल्सर के कारण मतली, उल्टी या पेट से जुड़ी अन्य समस्याएं हो सकती हैं, जिससे शरीर को पर्याप्त पोषण नहीं मिल पाता और फिर इसके कारण व्यक्ति को कमजोरी का एहसास होता है और वजन भी कम हो सकता है।
इसे भी पढ़ें: पेट का अल्सर कितने दिनों में ठीक होता है? गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट से जानें
4. गंभीर अल्सर में ब्लीडिंग
कुछ गंभीर मामलों में अल्सर से ब्लीडिंग हो सकती है। लंबे समय तक ब्लीडिंग रहने पर कमजोरी, वजन कम होना और अन्य स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं, जिन्हें डॉक्टर की जांच की जरूरत होती है।

Mayo Clinic के अनुसार, पेप्टिक अल्सर के कारण डाइजेस्टिव सिस्टम में रुकावट आ सकती है, जिससे खाना पेट से आगे नहीं बढ़ पाता। इस वजह से थोड़ा ही खाने पर पेट भरा हुआ महसूस होना, बार-बार उल्टी होना और वजन घटने जैसी गंभीर समस्याएं हो सकती हैं। अगर इस स्थिति का सही समय पर इलाज न किया जाए, तो यह पेट के स्वास्थ्य को बहुत नुकसान पहुंचा सकती है।
वजन कम होने के कई अन्य कारण भी हो सकते हैं, जैसे थायराइड की समस्या, डायबिटीज, तनाव, इंफेक्शन या अन्य बीमारियां लेकिन अगर वजन कम होने के साथ पेट दर्द, लगातार एसिडिटी, भूख में कमी या डाइजेशन संबंधी समस्या भी हो, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
Case Study
साल 2014 में Paediatrics Child Health जर्नल में प्रकाशित Case Study का यह मामला एक 17 साल की लड़की का है, जिसमें तेजी से वजन घटने और कम बीपी व धीमी धड़कन के कारण शुरुआत में 'ईटिंग डिसऑर्डर' का संदेह हुआ। हालांकि, मानसिक जांच में कोई समस्या नहीं पाई गई। बाद में एंडोस्कोपी जांच से स्पष्ट हुआ कि उसे पेप्टिक अल्सर (पेट में छाले) की बीमारी थी। खाना खाने के बाद होने वाले तेज पेट दर्द और जलन के डर से उसने खाना-पीना बहुत कम कर दिया था।
प्रोटॉन-पंप इनहिबिटर (PPI) दवा से इलाज शुरू करने पर उसकी स्थिति में सुधार हुआ। यह मामला दिखाता है कि वजन घटने या खाना कम करने का हर कारण ईटिंग डिसऑर्डर नहीं होता, इसके पीछे अल्सर जैसी गंभीर शारीरिक बीमारी भी हो सकती है। 'रेड फ्लैग' लक्षणों के दिखने पर सही समय पर एंडोस्कोपी जांच कराना बेहद जरूरी है।
पेट में अल्सर के लक्षण
डॉ. कपिल शर्मा का कहना है कि पेट में अल्सर के लक्षण हर व्यक्ति में अलग-अलग हो सकते हैं। जैसे-
- पेट के ऊपरी हिस्से में दर्द या जलन महसूस होना
- खाली पेट दर्द अचानक दर्द होना
- पेट फूलना
- खट्टी डकार
- मतली
- जल्दी पेट भरने का एहसास
- भूख कम लगना
अल्सर से बचाव के लिए क्या करें?
- लंबे समय तक दर्द की दवाएं बिना डॉक्टर की सलाह न लें।
- धूम्रपान और शराब से बचें।
- बहुत ज्यादा मसालेदार और तला-भुना भोजन सीमित करें।
- पेट में लगातार होने वाली जलन को नजरअंदाज न करें।
निष्कर्ष
पेट का अल्सर कुछ लोगों में वजन कम होने का कारण बन सकता है, खासकर जब दर्द, भूख में कमी या खाने से जुड़ी परेशानी के कारण व्यक्ति पर्याप्त भोजन नहीं कर पाता। हालांकि, हर वजन घटने की वजह अल्सर नहीं होती। अगर वजन बिना किसी कारण कम हो रहा है और साथ में पेट दर्द, जलन या अन्य लक्षण भी हैं, तो समय पर डॉक्टर से जांच कराना जरूरी है। सही समय पर इलाज मिलने से अल्सर को कंट्रोल किया जा सकता है और आगे की समस्याओं से बचा जा सकता है।
All Image Credit- magnific
FAQ
क्या अल्सर आपकी भूख कम कर सकता है?
अल्सर के कारण पेट में दर्द, जलन या भारीपन महसूस होने से कुछ लोगों की खाने की इच्छा कम हो सकती है।क्या पेट का अल्सर बिना दर्द के भी हो सकता है?
कुछ लोगों में अल्सर होने के बावजूद दर्द बहुत कम या बिल्कुल नहीं होता। इसलिए अन्य लक्षणों पर भी ध्यान देना जरूरी है।क्या तनाव से पेट का अल्सर हो सकता है?
तनाव सीधे हर मामले में अल्सर का कारण नहीं होता, लेकिन यह पेट की समस्याओं के लक्षणों को बढ़ा सकता है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Aug 06, 2026 18:58 IST
Published By : Akanksha Tiwari
Reviewed By : Dr Kapil Sharma