Sun Nov 29, 2026 | 11:17 PM IST

Medically Reviewed by Dr Shireen Furtado , Sr. Consultant – Medical & Cosmetic Dermatology

रात में सरसों का तेल बालों में लगाने से क्या होता है? जानें किन लोगों को इससे बचना चाहिए

कुछ लोग सर्दियों में बहुत ज्यादा सरसों का तेल लगाते हैं और इसे रातभर रहने देते हैं। ऐसे में सरसों तेल के मोटे-मोटे कण बालों में जाकर जमा हो जाते हैं और काफी हद तक इससे स्कैल्प भी प्रभावित होती है। आइए, जानते हैं इस बारे में एक्सपर्ट की राय।
रात में सरसों का तेल बालों में लगाने से क्या होता है? जानें किन लोगों को इससे बचना चाहिएWhen to apply mustard oil on hair

कई भारतीय घरों में रात के समय में सिर पर सरसों के तेल को गुनगुना करके रखने की परंपरा है। सर्दियों में इस चीज का सबसे ज्यादा ध्यान रखा जाता है। दरअसल, सरसों का तेल लगाना बालों की देखभाल का एक पारंपरिक तरीका है। सरसों के तेल में ओलिक एसिड और लिनोलिक एसिड जैसे फैटी एसिड होते हैं। इस तेल के कण काफी मोटे होते हैं जो बालों को कंडीशन करने और रूखापन कम करने में मदद करते हैं, लेकिन क्या इन तमाम फायदे के बाद भी बालों में रातभर सरसों का तेल लगाकर रखना चाहिए? यह तरीका स्कैल्प की सेहत के लिए कितना फायदेमंद है, जानते हैं इस बारे में Dr. Shireen Furtado, Sr. Consultant - Medical & Cosmetic Dermatology, Aster CMI Hospital, Bengaluru से।

रात में बालों में सरसों का तेल लगाने से क्या होता है?

डॉ. शिरीन फुरटाडो कहती हैं कि स्कैल्प पर हल्के हाथों से मालिश करने से रूखेपन से कुछ समय के लिए राहत मिल सकती है और बाल मुलायम व चिकने महसूस हो सकते हैं। रात भर बालों में सरसों का तेल लगा रहने देने से नमी का नुकसान कम होता है और बालों का टेक्सचर बेहतर होता है, जिससे रूखे बालों को कंडीशन करने में मदद मिल सकती है। हालांकि, इस बात के बहुत कम वैज्ञानिक प्रमाण हैं कि रात भर तेल लगाने से बालों की ग्रोथ बढ़ती है या बालों का झड़ना रुकता है। बालों की ग्रोथ कई कारकों पर निर्भर करती है, जैसे कि जेनेटिक्स, पोषण, हार्मोनल संतुलन और स्कैल्प की सेहत।

International Journal of Multidisciplinary Research and Development के अनुसार, सरसों के तेल से कॉन्टैक्ट डर्मेटाइटिस यानी एक्जिमा या फफोले जैसी प्रतिक्रियाएं, जलन, लालिमा और कुछ दुर्लभ तरह के रैशेज से पिटिरियासिस रोजिया या लाइकेन प्लेनस जैसे रैशेज हो सकते हैं।

इसे भी पढ़ें: बालों का झड़ना रोकने के लिए इन 3 तरीकों से इस्तेमाल करें प्याज का रस, हेयर फॉल पर लगेगा ब्रेक

mustard oil for hair

किन लोगों को रात में बालों में सरसों का तेल लगाने से बचना चाहिए?

डॉ. शिरीन फुरटाडो कहती हैं कि पारंपरिक फायदों के बावजूद, सरसों का तेल हर किसी को सूट नहीं करता है। इसके अलावा कुछ अन्य लोगों को भी इससे बचना चाहिए जैसे-

  • जिन लोगों की त्वचा सेंसिटिव है या जिन्हें पहले कभी कॉन्टैक्ट डर्मेटाइटिस की समस्या रही है, उन्हें खुजली, लालिमा, जलन या एलर्जिक रिएक्शन का सामना करना पड़ सकता है।
  • जिन लोगों का स्कैल्प ऑयली है, जिन्हें डैंड्रफ है या 'सेबोरिक डर्मेटाइटिस' की समस्या है, उनके लिए ज्यादा तेल लगाने से स्कैल्प की परेशानी बढ़ सकती है या बाल बहुत ज्यादा चिपचिपे हो सकते हैं।
  • जिन लोगों को स्कैल्प में कोई इन्फेक्शन है या त्वचा में सूजन है, उन्हें बिना सही कारण जाने तेल लगाने से बचना चाहिए और सावधानी बरतनी चाहिए।

इसे भी पढ़ें: बालों के झड़ने से हैं परेशान? डाइट में शामिल करें ये 4 सुपरफूड्स

सिर पर लंबे समय तक सरसों का तेल लगाकर न रखें

डॉ. शिरीन फुरटाडो कहती हैं कि एक और महत्वपूर्ण बात यह है कि तेल को कितनी देर तक लगाए रखना चाहिए। स्कैल्प पर रात भर तेल लगाए रखना, कम समय के लिए तेल लगाने की तुलना में ज्यादा फायदेमंद हो, ऐसा जरूरी नहीं है। बहुत ज्यादा तेल लगाने से बालों को धोना मुश्किल हो सकता है और बालों में तेल की परत (product build-up) जमा हो सकती है। इससे ऑयली बालों की समस्या और बढ़ सकती है और बाल गंदे और अजीब से नजर आ सकते हैं।

निष्कर्ष:

अंत में डॉ. शिरीन फुरटाडो कहती हैं कि बालों की बेहतर देखभाल के लिए सरसों का तेल सीमित मात्रा में लगाना चाहिए। बेहतर होगा कि इसे लगाने से पहले 'पैच टेस्ट' कर लें, ताकि पता चल सके कि आपकी त्वचा संवेदनशील तो नहीं है। अगर तेल लगाने से जलन महसूस हो, तो बालों को तुरंत धो लेना चाहिए। कुल मिलाकर, सरसों का तेल कुछ लोगों के लिए, खासकर रूखे बालों वालों के लिए, एक कंडीशनर की तरह काम कर सकता है। हालांकि, यह बालों के झड़ने, डैंड्रफ या बालों को दोबारा उगाने के लिए कोई चिकित्सकीय रूप से प्रमाणित इलाज नहीं है। यह आपके स्कैल्प की स्थिति और त्वचा की संवेदनशीलता पर निर्भर करता है कि यह आपके लिए सही है या नहीं।

FAQ

  • बाल बहुत ज्यादा झड़ रहे हैं कौन सा तेल लगाएं?

    बाल बहुत ज्यादा झड़ रहे हैं तो आपको अपने बालों में मेथी का तेल लगाना चाहिए जो कि बालों की ग्रोथ बढ़ाने के साथ इसकी बनावट को बेहतर बनाने में मददगार है।
  • सरसों के तेल में क्या मिलाकर लगाने से बाल लंबे होते हैं?

    सरसों के तेल में आप मेथी दाना और प्याज पकाकर इस तेल को छान लें और इसे बालों में लगाएं तो इससे बालों की ग्रोथ अच्छी होती है।

Read Next

बालों में स्प्लिट एंड्स क्यों होते हैं? क्या इन्हें ठीक करने का कोई तरीका है?

Disclaimer

इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।

Pallavi Kumari

चीफ सब-एडिटर

पल्लवी,  हेल्थ और लाइफस्टाइल पत्रकारिता में करीब 8 साल का अनुभव रखती हैं। शुरुआती कई सालों तक All India Radio में सक्रिय रहीं, फिर विभिन्न वेब पोर्ट्ल्स जैसे TheHealthsite, Indiatv और Jansatta के लिए हेल्थ, लाइफस्टाइल, धर्म, स्त्री विमर्श और साहित्य से जुड़े विषयों पर खूब लिखा और संपादन किया। फिलहाल ओनलीमायहेल्थ में चीफ सब एडिटर के पद पर रहते हुए ये हेल्थ और लाइफस्टाइल से जुड़े गंभीर विषयों को आमजन की सरल-सहज भाषा में परोसने का काम कर रही हैं। इन लेखों को विश्वसनीय और तथ्यपरक बनाने के लिए ये न सिर्फ विषयों पर गहन शोध करती हैं बल्कि, एक्सपर्ट्स और डॉक्टर्स से बात भी करती हैं। Editorial Policy: पल्लवी द्वारा लिखे गए सभी लेखों की हमारी संपादकीय टीम द्वारा तथ्य-जांच की जाती है और आवश्यकता पड़ने पर संबंधित विषय विशेषज्ञों द्वारा समीक्षा की जाती है।

Read More..

How we keep this article up to date:

We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.

  • Current Version

    Nov 29, 2026 22:47 IST

    Published By : Pallavi Kumari
    Reviewed By : Dr Shireen Furtado