Fri Nov 27, 2026 | 04:21 PM IST

Medically Reviewed by Dr Shobha Gupta , Medical Director and IVF Consultant

योनि से बदबू आती है, लेकिन कोई इंफेक्शन नहीं है? डॉक्टर ने खुद बताए इसके 5 बड़े कारण

महिलाओं में प्राइवेट पार्ट से गंध आना पूरी तरह सामान्य है, कई बार हार्मोनल बदलाव, अतिरिक्त पसीना आने के कारण योनि की गंध बदल जाती है। इस लेख में डॉक्टर से जानिए कि इस समस्या से कैसे निपटें।
योनि से बदबू आती है, लेकिन कोई इंफेक्शन नहीं है? डॉक्टर ने खुद बताए इसके 5 बड़े कारण
Image Credit: Magnific

महिलाओं के लिए योनि या प्राइवेट पार्ट से आने वाली बदबू एक ऐसी समस्या है, जिसके बारे में वे अक्सर खुलकर बात करने से बचती हैं। कई बार नहाने और साफ-सफाई रखने के बावजूद, उन्हें दिनभर दुर्गंध महसूस होती है। इसे हम अक्सर योनि संक्रमण से जोड़कर देखते हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि यह जरूरी नहीं कि हर बार बदबू का कारण कोई संक्रमण ही हो।

वृंदावन स्थित Mumma's Blessing IVF और Birthing Paradise की मेडिकल डायरेक्टर, गायनेकोलॉजिस्ट और IVF स्पेशलिस्ट डॉ. शोभा गुप्ता के अनुसार, "योनि का अपना प्राकृतिक वातावरण और हल्की गंध होती है। हर महिला में यह गंध अलग हो सकती है और मासिक चक्र के अलग-अलग चरणों में इसमें थोड़ा बदलाव आना सामान्य है। इसलिए प्राइवेट पार्ट से हल्की प्राकृतिक गंध आने का मतलब यह नहीं है कि महिला की साफ-सफाई में कोई कमी है या उसे संक्रमण है। समस्या तब होती है, जब गंध अचानक बहुत तेज हो जाए, लंबे समय तक बनी रहे या उसके साथ दूसरे असामान्य लक्षण दिखाई दें।"

क्या कहती है स्टडी?

2012 में Journal of Lower Genital Tract Disease में प्रकाशित समीक्षा के अनुसार, महिलाओं में योनि की दुर्गंध के सबसे आम कारण बैक्टीरियल वेजिनोसिस (Bacterial vaginosis) और ट्राइकोमोनिएसिस (Trichomoniasis) जैसे संक्रमण हैं।

इंफेक्शन न होने बावजूद प्राइवेट पार्ट से बदबू आने के कारण

What Causes Bad Vaginal Odor Without An InfectionImage Credit: Magnific

अतिरिक्त पसीना और नमी

महिलाओं के प्राइवेट पार्ट के आसपास पसीने की ग्रंथियां होती हैं। गर्मी, उमस, शारीरिक गतिविधि और लंबे समय तक बैठकर काम करने के कारण इस हिस्से में पसीना अधिक जमा हो सकता है। जांघों के बीच और बाहरी जननांगों के आसपास नमी बनी रहने से त्वचा पर मौजूद सामान्य बैक्टीरिया पसीने के घटकों को तोड़ते हैं, जिससे शरीर की गंध बढ़ सकती है।

डॉ. शोभा गुप्ता सलाह देती हैं, "यदि व्यायाम करने, यात्रा करने या लंबे समय तक बाहर रहने के बाद कपड़े नहीं बदले जाते, तो यह गंध अधिक महसूस हो सकती है। इसलिए इस हिस्से को साफ और सूखा रखना जरूरी है।"

इसे भी पढ़ें: Vaginal Discharge: महिलाओं में सफेद पानी के साथ दिखें ये 7 बदलाव, तो न करें नजरअंदाज

खान-पान का भी पड़ सकता है प्रभाव

हम जो खाते हैं, उसका असर शरीर की गंध पर भी पड़ सकता है। लहसुन, प्याज और कुछ तेज गंध वाले खाद्य पदार्थों के सेवन से शरीर के पसीने और सांस की गंध में बदलाव आ सकता है। पर्याप्त पानी नहीं पीने से पेशाब अधिक गाढ़ा हो सकता है, जिससे उसके आसपास गंध महसूस हो सकती है।

2020 में International Journal of Molecular Sciences के अनुसार, खानपान भी योनि की गंध को प्रभावित करता है। हालांकि, खान-पान से योनि की गंध में सीधे बदलाव होने के प्रमाण सीमित हैं। केवल किसी विशेष खाद्य पदार्थ को बंद कर देने से योनि की बदबू का इलाज नहीं किया जा सकता। संतुलित भोजन और पर्याप्त पानी पीना सामान्य स्वास्थ्य के लिए उपयोगी है।

तंग और सिंथेटिक कपड़े पहनना

लगातार बहुत तंग जींस, नायलॉन या सिंथेटिक कपड़े पहनने से प्राइवेट पार्ट के आसपास हवा कम पास होती है। इससे पसीना और नमी लंबे समय तक बनी रहती है। ऐसी स्थिति में त्वचा पर जलन, खुजली और अप्रिय गंध की समस्या बढ़ सकती है। विशेषकर गर्मियों में लंबे समय तक एक ही कपड़े पहनना या पसीने से भीगे अंडरगारमेंट्स में रहना परेशानी बढ़ा सकता है। सूती और आरामदायक अंडरगारमेंट्स पहनना बेहतर विकल्प है।

हार्मोनल बदलाव का असर

NCBI के StatPearls में प्रकाशित अध्याय वेजिनाइटिस (Vaginitis — योनि में सूजन या जलन) के अनुसार, महिलाओं के शरीर में एस्ट्रोजन हार्मोन का स्तर मासिक चक्र, गर्भावस्था, प्रसव के बाद और रजोनिवृत्ति के दौरान बदलता रहता है। इन बदलावों का असर योनि के प्राकृतिक वातावरण, नमी और स्राव पर पड़ सकता है।

डॉ. शोभा गुप्ता उदाहरण से समझाती हैं, "मेनोपॉज के बाद एस्ट्रोजन कम होने से योनि में सूखापन और प्राकृतिक अम्लीय वातावरण में बदलाव आ सकता है। इससे कुछ महिलाओं को गंध में बदलाव महसूस हो सकता है। इसी तरह मासिक धर्म के दौरान रक्त के कारण भी कुछ समय के लिए अलग गंध आना सामान्य हो सकता है।"

पेशाब की गंध भी है कारण

कभी-कभी महिलाओं को लगता है कि योनि से बदबू आ रही है, जबकि वास्तव में गंध पेशाब की हो सकती है। पेशाब की कुछ बूंदें अंडरगारमेंट्स में रह जाने, पर्याप्त पानी न पीने या पेशाब के बाद ठीक से सफाई न होने से गंध महसूस हो सकती है। उम्र बढ़ने, प्रसव या पेल्विक फ्लोर की कमजोरी के कारण पेशाब का हल्का रिसाव भी इसकी वजह बन सकता है।

बदबू से बचने के लिए किन बातों का रखें ध्यान?

डॉ. शोभा गुप्ता के अनुसार, प्राइवेट पार्ट की सफाई के लिए बहुत अधिक उत्पादों का इस्तेमाल करने की जरूरत नहीं है। कुछ सामान्य सावधानियां अपनाकर नमी और बाहरी गंध को कम किया जा सकता है।

  1. रोजाना बाहरी जननांगों को सामान्य पानी से साफ करें और धीरे से सुखाएं।
  2. योनि के अंदर साबुन, सुगंधित उत्पाद या पानी डालकर सफाई करने से बचें।
  3. पसीने से भीगे अंडरगारमेंट्स और कपड़े जल्द बदलें।
  4. सूती और आरामदायक अंडरगारमेंट्स पहनें।
  5. व्यायाम और शारीरिक गतिविधि के बाद स्नान करें या बाहरी हिस्से को साफ करके सुखाएं।
  6. मासिक धर्म के दौरान सैनिटरी पैड समय-समय पर बदलें।
  7. पर्याप्त पानी पिएं और संतुलित आहार लें।

इसे भी पढ़ें: Cervical Health: White Discharge में बदबू को न करें इग्नोर? डॉक्टर से जानें सर्वाइकल इंफेक्शन के लक्षण

डॉक्टर के पास कब जाएं?

यदि बदबू अचानक बहुत तेज हो जाए, मछली जैसी गंध आने लगे, योनि स्राव का रंग या बनावट बदल जाए, खुजली, जलन, पेशाब में दर्द या पेट के निचले हिस्से में दर्द हो, तो स्त्री रोग विशेषज्ञ से जांच करानी चाहिए। बैक्टीरियल वेजिनोसिस जैसे संक्रमण में कई बार खुजली या दर्द नहीं होता, केवल असामान्य गंध ही प्रमुख लक्षण हो सकती है। इसलिए बिना जांच के यह मान लेना सही नहीं है कि संक्रमण नहीं है।

निष्कर्ष

डॉ. शोभा गुप्ता के अनुसार, योनि की प्राकृतिक गंध हर महिला में अलग होती है और इसे पूरी तरह खत्म करने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। जरूरत से ज्यादा सफाई, सुगंधित स्प्रे और योनि के अंदर साबुन का इस्तेमाल प्राकृतिक संतुलन बिगाड़ सकता है। साफ-सफाई के साथ शरीर में होने वाले बदलावों को समझना और असामान्य लक्षण दिखाई देने पर समय पर प्रोफेशनल की मदद लें।

FAQ

  • एक स्वस्थ महिला की योनि का सामान्य pH स्तर कितना होता है?

    स्वस्थ महिला की योनि का सामान्य pH स्तर 3.8 से 4.5 के बीच होता है, जो कि हल्का एसिडिक होता है।
  • क्या एंटीबायोटिक लेने से भी योनि की गंध में परिवर्तन होता है?

    हां, एंटीबायोटिक्स शरीर के हानिकारक बैक्टीरिया के साथ-साथ योनि में मौजूद गुड बैक्टीरिया को भी कम कर देती हैं, जिससे प्रभावित हिस्से की गंध बदल सकती है या यीस्ट संक्रमण का जोखिम बढ़ सकता है।

Read Next

क्या घट रही है सेक्स डिजायर (कामेच्छा), कहीं महिलाओं में टेस्टोस्टेरोन की कमी तो नहीं कारण?

Disclaimer

इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।

Meera Tagore

Health Journalist

मीरा टैगोर 2009 से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और पिछले 5 वर्षों से विशेष रूप से हेल्थ जर्नलिज्म पर काम कर रही हैं। फिलहाल वह OnlyMyHealthमें सीनियर सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं। वह महिला स्वास्थ्य और यौन स्वास्थ्य जैसे संवेदनशील विषयों पर लिखती हैं और इनसे जुड़ी जानकारी को प्रमाणित स्रोतों और रिसर्च के आधार पर सटीक और सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाने की कोशिश करती हैं। जिन विषयों में मेडिकल पुष्टि जरूरी होती है, उन्हें प्रकाशित होने से पहले डॉक्टरों द्वारा रिव्यू किया जाता है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की थी और OnlyMyHealth से पहले Image Reflection Centre, Haribhoomi और MyUpchar के साथ काम कर चुकी हैं।

Read More..

How we keep this article up to date:

We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.

  • Current Version

    Nov 27, 2026 15:35 IST

    Published By : Meera Tagore
    Reviewed By : Dr Shobha Gupta