हमारे शरीर की तरह बालों की भी नियमित साफ-सफाई जरूरी है। इससे स्कैल्प पर जमा पसीना, धूल, अतिरिक्त तेल और हेयर प्रोडक्ट्स के अवशेष हटाने में मदद मिलती है, लेकिन सवाल यह है कि क्या रोज बाल धोना सही है या इससे बालों को नुकसान हो सकता है? कुछ लोगों के स्कैल्प पर बहुत जल्दी तेल जमा हो जाता है। ऐसे लोगों को ज्यादा बार बाल धोने की जरूरत पड़ सकती है। वहीं, कुछ लोगों के बाल रोज शैंपू करने से और अधिक ड्राई हो जाते हैं। आइए जानते हैं रोज बाल धोना सही है या नहीं? बेहतर जानकारी के लिए हमने Dr. Chandni Jain Gupta, Dermatologist, Cosmetologist And Hair Transplant Surgeon At Elantis Healthcare, New Delhi से बात की।
साल 2021 में Skin Appendage Disorders में प्रकाशित एक स्टडी में पाया गया कि एशियाई लोगों में हफ्ते में 5 से 6 बार बाल धोने से बाल और स्कैल्प की स्थिति को लेकर संतुष्टि सबसे ज्यादा थी। रोज बाल धोना, हफ्ते में सिर्फ एक बार बाल धोने की तुलना में, बालों और स्कैल्प से जुड़े मानकों में बेहतर पाया गया। स्टडी के मुताबिक, रोज बाल धोने से बालों को कोई स्पष्ट नुकसान नहीं देखा गया। स्टडी ने यह भी बताया कि बालों को ज्यादा बार धोने से बालों को नुकसान होने की चिंता इस अध्ययन में सही साबित नहीं हुई।
क्या रोज बाल धोना नुकसानदायक है?
is-it-okay-to-wash-hair-daily
हेयर वॉश की सही फ्रीक्वेंसी व्यक्ति के स्कैल्प और बालों की जरूरत पर निर्भर करती है। कुछ लोगों के लिए रोजाना हेयर वॉश करना जरूरी हो सकता है, तो वहीं कुछ लोगों के लिए यह नुकसानदायक साबित हो सकता है।
ड्राई बाल
अगर बाल या स्कैल्प पहले से ड्राई हैं, तो रोज बाल धोने से बालों में रूखापन बढ़ सकता है। जब हम रोजाना शैंपू करते हैं, तो केमिकल्स के संपर्क में आने के कारण बालों का प्राकृतिक ऑयल यानी सीबम कम होने लगता है। इससे स्कैल्प में ड्राईनेस बढ़ सकती है जिससे डैंड्रफ, स्कैल्प में खुजली जैसी समस्याएं होने लगती हैं।
पतले बाल
जिन लोगों के बाल पतले हैं, उन्हें भी रोजाना हेयर वॉश करने से बचना चाहिए। पतले बाल हैं, तो 2 दिन या 1 दिन का गैप करके बालों को वॉश कर सकते हैं।
ऑयली बाल
अगर किसी व्यक्ति का स्कैल्प ऑयली है और रोज पसीना आता है, तो डॉक्टर की सलाह से रोज या एक दिन का गैप करके हेयर वॉश कर सकते हैं। खासकर जब ज्यादा गर्मी हो, ज्यादा पसीना आने वाली एक्सरसाइज की हो या धूल-प्रदूषण के संपर्क में रहने पर स्कैल्प गंदा हो गया हो, तो हेयर वॉश करना जरूरी है। एक्सरसाइज करने के बाद रोज बाल धोना जरूरी नहीं है, यह व्यक्ति की जरूरत पर निर्भर करता है।
यह भी पढ़ें- इन 3 शैंपू करने की गलतियों से बढ़ सकता है डैंड्रफ, डर्मेटोलॉजिस्ट से जानें सही तरीका
क्या रोज बाल धोने से हेयर फॉल बढ़ता है?
रोज बाल धोना अपने आप में बालों की जड़ों से होने वाले हेयर फॉल का सीधा कारण नहीं माना जाता। हालांकि, गलत तरीके से बाल धोने, बहुत गर्म पानी का इस्तेमाल करने से, तेज रगड़ से, हार्ड शैंपू या गीले बालों को खींचने से हेयर फॉल बढ़ सकता है। बाल धोते समय कुछ टूटे हुए बाल दिखाई देना सामान्य भी हो सकता है, लेकिन अगर बाल लगातार बहुत ज्यादा झड़ रहे हैं, सिर की त्वचा दिखाई देने लगी है या बालों का घनत्व कम हो रहा है, तो इसके पीछे अन्य कारण हो सकते हैं और ऐसे में डॉक्टर से सलाह लेना न भूलें।
यह भी पढ़ें- क्या ड्राई शैंपू स्कैल्प के लिए सेफ है? डॉक्टर से जानें
बाल धोने का सही तरीका क्या है?
- माइल्ड शैंपू को मुख्य रूप से स्कैल्प पर लगाकर हल्के हाथों से साफ करें।
- बहुत गर्म पानी की जगह सामान्य या हल्के गुनगुने पानी का इस्तेमाल करें।
- बालों की लंबाई को जोर से रगड़ने से बचें।
- गीले बालों को तौलिए से जोर-जोर से न रगड़ें।
- बालों को सुलझाते समय बहुत ज्यादा खींचने से बचें और गीले बालों पर कंघी करने से बचना चाहिए।
निष्कर्ष:
अगर ऑयली स्कैल्प है, तो डॉक्टर की सलाह पर रोज बालों को धो सकते हैं। वहीं ड्राई स्कैल्प है या बाल पतले हैं, तो बालों को रोजाना वॉश करने से बचें। साथ ही माइल्ड शैंपू का इस्तेमाल करें, बालों को गर्म पानी से वॉश न करें और गीले बालों पर कंघी करने से भी बचना चाहिए। व्यक्ति के स्कैल्प कंडीशन के आधार पर डॉक्टर यह सलाह देते हैं कि रोज बाल धोना सही है या गलत इसलिए डॉक्टर से सलाह लेकर हेयर वॉश फ्रीक्वेंसी तय करें।
image credit: magnific
FAQ
हफ्ते में कितनी बार बाल धोने चाहिए?
इसकी कोई एक निश्चित संख्या नहीं है। यह बालों के प्रकार, स्कैल्प की ऑयलीनेस पर निर्भर करता है। कुछ लोगों को हफ्ते में 2 से 3 बार, जबकि कुछ को इससे ज्यादा बार बाल धोने की जरूरत पड़ सकती है।क्या रोज बाल धोने से बाल ड्राई हो सकते हैं?
अगर बार-बार शैंपू किया जाए या हार्ड शैंपू का इस्तेमाल किए जाए, तो बाल ड्राई हो सकते हैं। अक्सर ड्राई या घुंघराले बालों में यह समस्या ज्यादा देखने को मिलती है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Sep 02, 2026 19:31 IST
Published By : Yashaswi Mathur
Reviewed By : Dr Chandni Jain Gupta
