आजकल बालों के लिए हीट टूल्स का इस्तेमाल आम हो गया है जिसमें हेयर ड्रायर सबसे कॉमन है। इससे बालों को जल्दी सुखाने और मनचाहा स्टाइल देने में मदद मिलती है। हेयर ड्रायर के मुकाबले, प्राकृतिक रूप से बालों का सुखना अधिक सुरक्षित तरीका है, लेकिन लोग समय की कमी या सहूलियत देखते हुए हेयर ड्रायर का अधिक या रोजाना इस्तेमाल शुरू कर देते हैं। अगर हेयर ड्रायर का इस्तेमाल ज्यादा तापमान पर या बालों के बहुत करीब से किया जाए, तो यह बालों की सेहत को प्रभावित कर सकता है। लगातार गर्मी के संपर्क में आने से बालों की बाहरी परत यानी क्यूटिकल को नुकसान पहुंच सकता है। आइए जानते हैं हेयर ड्रायर बालों को कैसे नुकसान पहुंचाता है? बेहतर जानकारी के लिए हमने Dr. Chandni Jain Gupta, Dermatologist, Cosmetologist And Hair Transplant Surgeon At Elantis Healthcare, New Delhi से बात की।
हेयर ड्रायर की गर्म हवा से डैमेज हो सकते हैं बाल
साल 2011 में Annals Of Dermatology में प्रकाशित एक स्टडी के मुताबिक, हेयर ड्रायर के अधिक तापमान से बालों को नुकसान पहुंचता है, खासकर बाहरी सतह को। हेयर ड्रायर के इस्तेमाल से बाल ड्राई हो सकते हैं। दिलचस्प बात यह रही कि 15 सेमी की दूरी पर हेयर ड्रायर को इस्तेमाल करने पर कम नुकसान देखा गया। इसलिए स्टडी यह कहती है कि हेयर ड्रायर को पूरी तरह छोड़ना जरूरी नहीं है। बहुत गर्म हवा से बचें, ड्रायर को बालों से करीब 15 सेमी दूर रखें और उसे लगातार एक जगह न रोकें।
1. रोजाना हेयर ड्रायर के इस्तेमाल से हेयर फॉल का खतरा

जब हेयर ड्रायर का अधिक इस्तेमाल बढ़ जाता है, तो गर्म हवा के संपर्क से बाल कमजोर और नाजुक हो सकते हैं और जल्दी टूट जाते हैं। इससे हेयर फॉल का खतरा बढ़ सकता है। जब ऐसे बालों को कंघी करते हैं, बांधते हैं या स्टाइल करते हैं, तो वे ज्यादा और आसानी से टूट जाते हैं इसलिए हेयर ड्रायर का अधिक इस्तेमाल बालों के लिए नुकसानदायक हो सकता है।
यह भी पढ़ें- क्या ड्राई शैंपू स्कैल्प के लिए सेफ है? डॉक्टर से जानें
2. बाल ड्राई हो सकते हैं
जब हम हेयर ड्रायर की मदद से बालों को सुखाते हैं, तो हेयर ड्रायर से निकलने वाली गर्म हवा सीधे बालों को लगती है। कभी-कभार इसका इस्तेमाल करने में नुकसान नहीं है, लेकिन जब रोजाना हेयर ड्रायर का इस्तेमाल करेंगे, तो बाल गर्म हवा के संपर्क में आने के कारण ड्राई और बेजान लगने लगेंगे। जिन लोगों के बाल पहले से ड्राई हैं, उनके बाल ज्यादा डैमेज हो सकते हैं।
यह भी पढ़ें- दोमुंहे बालों से हैं परेशान? इस्तेमाल करें घी और एलोवेरा सीरम, मिलेंगे कई फायदे
3. बालों की चमक खोने लगती है
हेयर ड्रायर के कारण जब बाल बार-बार गर्म हवा के संपर्क में आते हैं, तो बालों की बाहरी सतह कमजोर हो सकती है और बालों की प्राकृतिक चमक खोने लगती है। ऐसे बाल रूखे और बेजान नजर आते हैं। हेयर ड्रायर के रोजाना इस्तेमाल से बचते हुए बालों को प्राकृतिक ढंग से सूखने देना चाहिए।
4. दोमुंहे बालों की समस्या
हेयर ड्रायर से निकलने वाली हीट बालों के सिरों को कमजाेर कर सकती है। इससे दोमुंहे बालों की समस्या बढ़ सकती है। दोमुंहे बालों की समस्या होने पर बालों को समय-समय पर ट्रिम कराएं और हीटिंग टूल्स के अधिक इस्तेमाल से बचें।
5. बालों में फ्रिजीनेस बढ़ सकती है
हेयर ड्रायर का रोजाना इस्तेमाल करने से गर्म हवा बालों की सतह को डैमेज करने लगती है। इससे बालों के टेक्सचर में बदलाव दिख सकता है और बाल अधिक फ्रिजी हो सकते हैं। अक्सर ड्राई बालों में यह समस्या अधिक देखने को मिलती है।
हीट से बालों को कैसे सुरक्षित रखें?
- ड्रायर को बालों से कम से कम 15 सेंटीमीटर दूर रखकर इस्तेमाल करें।
- गीले बालों पर तुरंत तेज गर्मी न दें। पहले तौलिए से अतिरिक्त पानी पोंछ लें, फिर कुछ देर रुककर ड्रायर का इस्तेमाल करें।
- कोशिश करें कि जरूरत न होने पर बालों को प्राकृतिक रूप से ही सूखने दें।
- बहुत गर्म पानी से बाल न धोएं। इससे भी बालों की नमी कम हो सकती है।
- बालों पर हेयर ड्रायर इस्तेमाल करते समय हीट कम करें। इसके लिए ड्रायर या स्ट्रेटनर को कम तापमान पर सेट करना सुरक्षित तरीका है।
निष्कर्ष:
हेयर ड्रायर के अधिक या रोजाना इस्तेमाल से बाल ड्राई हो सकते हैं, उनकी चमक खोने लगती है, हेयर फॉल का खतरा बढ़ सकता है, दोमुंहे बाल और फ्रिजीनेस की समस्या भी बढ़ सकती है। हेयर ड्रायर का इस्तेमाल कभी-कभार किया जा सकता है, लेकिन इसके रोजाना इस्तेमाल से बचें। बालों को प्राकृतिक ढंग से सूखने दें। गीले बालों को ड्रायर से सुखाने के बजाय पहले तौलिए से अतिरिक्त पानी पोंछ लें फिर कुछ देर रुककर ड्रायर का इस्तेमाल करें। ड्रायर का तापमान कम करके इस्तेमाल करें और गर्म पानी से भी बालों को बचाएं।
image credit: magnific
FAQ
क्या हीट प्रोटेक्टेंट बालों को सुरक्षित रखता है?
हीट प्रोटेक्टेंट गर्मी से होने वाले नुकसान को कम कर सकता है, लेकिन यह बालों को पूरी तरह नुकसान से नहीं बचाता। हीट प्रोटेक्टेंट के केमिकल्स भी बालों के लिए हानिकारक हो सकते हैं।हेयर ड्रायर को बालों से कितनी दूरी पर रखना चाहिए?
ड्रायर को बालों से कम से कम 15 से 20 सेंटीमीटर दूर रखना चाहिए और ज्यादा जरूरत होने पर ही इस्तेमाल करना चाहिए।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Sep 02, 2026 17:40 IST
Published By : Yashaswi Mathur
Reviewed By : Dr Chandni Jain Gupta