आपने अक्सर देखा होगा कि कुछ लोगों को काम करने के बीच में अपनी उंगलियां चटकाने की आदत होती है। अक्सर देर तक लैपटॉप या कंप्यूटर पर काम करने के कारण उंगलियों में होने वाले दर्द और अकड़न को कम करने के लिए लोग अपनी उंगलियां चटकाते हैं। हालांकि, इसे लेकर लोगों के मन में अक्सर यह डर रहता है कि इससे उनकी उंगलियों की सेहत पर बुरा असर पड़ सकता है। कई लोगों का मानना है कि इससे गठिया जैसी गंभीर समस्याएं हो सकती हैं।
Dr. Akshay Chugh, Internal Medicine & Metabolic Disorders, Metro Hospital and Heart Institute, Noida का कहना है कि उंगलियां चटकाने की आदत आमतौर पर जोड़ों के बीच मौजूद गैस के बुलबुले फूटने के कारण होती है। हालांकि इससे तुरंत हल्कापन महसूस होता है, लेकिन बार-बार या बहुत जोर से उंगलियां चटकाने से आसपास के टिश्यू पर बुरा असर पड़ सकता है।
उंगलियां चटकाने पर कटक की आवाज क्यों आती है?
Dr. Akshay Chugh का कहना है कि सबसे पहले इस भ्रम को दूर करना जरूरी है कि उंगलियां चटकाने से आवाज हड्डियों के आपस में टकराने से आती है। हमारे शरीर के जोड़ों के बीच एक नेचुरल ल्यूब्रिकेंट तरल पदार्थ होता है जिसे साइनोवियल फ्लूइड कहते हैं। इस फ्लूइड में नाइट्रोजन और कार्बन डाइऑक्साइड जैसी गैसें घुली होती हैं।
ऐसे में जब आप अपनी उंगलियों को खींचते या मोड़ते हैं तो जोड़ के अंदर का कैप्सूल फैलता है और वहां वैक्यूम पैदा होता है। इस अचानक बदलाव के कारण साइनोवियल फ्लूइड में मौजूद गैस के बुलबुले तेजी से फटते हैं। इन बुलबुलो के फूटने से जो आवाज निकलती है, उसे हम उंगली चटकना कहते हैं।
इसे भी पढ़ें: कंधे से चटकने की आवाज क्यों आती है? डॉक्टर से जानें यह कब सामान्य है और कब नहीं
क्या उंगलियां चटकाना सच में खतरनाक है?
साल 2024 में Mevlana Medical Sciences में प्रकाशित एक स्टडी के अनुसार, उंगलियां चटकाने की आदत इसलिए पड़ सकती है क्योंकि इससे जोड़ों के तनाव से तुरंत राहत मिलती है और हाथ-पैर हिलाने में आसानी होती है। 203 छात्रों पर हुए सर्वे से पता चला कि लोग सबसे ज्यादा अपनी उंगलियों (44.3%) और गर्दन (26.6%) को चटकाते हैं, और करीब 68.5% छात्र इस आवाज को चटकने की आवाज मानते हैं।
Dr. Akshay Chugh बताते हैं कि अगर कोई व्यक्ति कभी-कभी अपनी उंगलियां चटकाता है तो इससे सीधे तौर पर अर्थराइटिस होने का खतरा नहीं होता है। लेकिन, इसका मतलब यह नहीं है कि यह पूरी तरह सुरक्षित है। अगर आप इसे एक आदत या बार-बार दोहराए जाने वाले तनाव के रूप में करते हैं तो इसके कुछ नुकसान हो सकते हैं, जैसे-
1. जोड़ों की पकड़ और ताकत कमजोर होना
जो लोग सालों से रोजाना लगातार अपनी उंगलियां चटकाते हैं, उनके हाथों की पकड़ कमजोर होने लगती है। जोड़ों के आस-पास मौजूद लिगामेंट्स और टेंडन्स पर बुरा असर पड़ता है और वे ढीले होने लगते हैं।
2. हाथों में सूजन और ग्रिप लूज होना
ज्यादा जोर लगातार उंगलियां चटकाने से जोड़ों के आस-पास के टिश्यू में माइक्रो-ट्रॉमा आ सकता है। इसके कारण लंबे समय तक जोड़ों में सूजन, दर्द और उंगलियों का आकार थोड़ा चौड़ा या टेढ़ा महसूस हो सकता है।
Cracking-Fingers-Side-Effects
3. काम के दौरान मानसिक तनाव या बेचैनी का संकेत
काम करते समय बार-बार उंगलियां चटकाना इस बात का संकेत हो सकता है कि आपका नर्वस सिस्टम तनाव में है या आप किसी मानसिक दबाव में काम कर रहे हैं। यह एक तरह की अनजाने में पड़ने वाली आदत है, जो बार-बार ध्यान भटकाती है।
इसे भी पढ़ें: काम करते समय लगातार पैर हिलाते हैं? जानें ऐसा क्यों होता है और कब चिंता की बात
उंगलियों के जोड़ों को हेल्दी रखने के टिप्स
Dr. Akshay Chugh बताते हैं कि अगर आपको भी काम करते समय उंगलियों को चटकाने की आदत है तो इस आदत को छोड़ने और अपने हाथों को हेल्दी रखने के लिए आप इन बातों का ध्यान रख सकते हैं-
- हाथों और कलाइयों की स्ट्रेचिंग करें- जब भी काम के बीच में आपको उंगलियां चटकाने का मन हो तो ऐसा करने के बजाय अपनी हथेलियों को खोलकर हल्की स्ट्रेचिंग करें और कलाइयों को गोल घुमाएं।
- डेस्क एर्गोनॉमिक्स सुधारें- लगातार कीबोर्ड या माउस पर काम करने से हाथों की नसों और जोड़ों पर बहुत ज्यादा प्रेशर पड़ता है। इसलिए, बीच-बीच में 5 मिनट का ब्रेक लें और हाथों को आराम दें।
- पर्याप्त पानी पिएं- शरीर में पानी की कमी होने पर जोड़ों का नेचुरल लुब्रिकेशन कम हो जाता है, जिससे जोड़ों में खिंचाव और कड़कड़ाहट महसूस होती है। इसलिए, इस लुब्रिकेशन को बनाए रखने के लिए दिनभर में पर्याप्त पानी पिएं।
- कैल्शियम और विटामिन डी का टेस्ट- अगर आपके जोड़ों में से बिना चटकाए भी अपने आप कट-कट की आवाजें आती हैं या दर्द रहता है, तो यह हड्डियों की कमजोरी का संकेत हो सकता है। ऐसे में आप डॉक्टर से कंसल्ट करें और शरीर में कैल्शियम और विटामिन डी के स्तर की जांच करवाएं और सप्लीमेंट लें।
निष्कर्ष
कभी-कभार उंगलियां चटकाना भले ही जानलेवा बीमारी न बने, लेकिन इसे अपनी रोजाना की आदत बनाना आपके हाथों के जोड़ों की ताकत को कमजोर करने और सेहत के लिए हानिकारक हो सकता है। इसलिए, अगली बार जब काम करते समय उंगलियां चटकाने का मन करे तो गहरी सांस लें और हाथों को रिलैक्स रखें।
Image Credit: Freepik
FAQ
उंगलियों को मजबूत कैसे बनाएं?
उंगलियों को मजबूत बनाने और उनकी ग्रिप बेहतर करने के लिए आप स्ट्रेस बॉल या स्क्वीज बॉल से अभ्यास करें, फिंगर लिफ्ट करें या रबर बैंड स्ट्रेच करें।उंगली क्यों नहीं चटकानी चाहिए?
उंगलियां चटकाना आमतौर पर सीधे गठिया का कारण नहीं बनता है, लेकिन ज्यादा या गलत तरीके से चटकाने से जोड़ों के लिगामेंट, टेंडन और टिश्यू को नुकसान पहुंच सकता है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Oct 14, 2026 20:43 IST
Published By : Katyayani Tiwari
Reviewed By : Dr Akshay Chugh
