कंधे को घुमाते ही अगर चटकने, कड़कने या क्लिक जैसी आवाज आती है, तो क्या आपको भी तुरंत लगता है कि कहीं हड्डी में कोई समस्या तो नहीं? बहुत से लोगों में हाथ ऊपर उठाने, पीछे ले जाने, कपड़े पहनने या एक्सरसाइज करते समय कंधे से अचानक आवाज आने लगती है। कई बार यह आवाज बिना दर्द के होती है और व्यक्ति इसे सामान्य मानकर छोड़ देता है। कैलाश हॉस्पिटल, देहरादून के कंसल्टेंट ऑर्थोपेडिक्स डॉ. आकाश सिंघल के अनुसार, कुछ लोगों में बिना दर्द के कंधे से क्लिक या चटकने की आवाज किसी गंभीर समस्या का संकेत नहीं होती लेकिन अगर यही आवाज दर्द, कमजोरी, अकड़न या हाथ की मूवमेंट कम होने के साथ आने लगे, तो मामला अलग हो सकता है।
कंधे से चटकने की आवाज क्यों आती है?
ऑर्थोपेडिक डॉ. आकाश सिंघल कंधा बताते हैं कि कंधे में हड्डियों के साथ मांसपेशियां, नसें और टेंडन मिलकर हाथ को अलग-अलग दिशाओं में घुमाने में मदद करते हैं।
- इन संरचनाओं के आपस में खिसकने या मूवमेंट करने के दौरान कभी-कभी क्लिक या चटकने की आवाज सुनाई दे सकती है।
- कई मामलों में जोड़ के भीतर मौजूद गैस के छोटे बुलबुलों में बदलाव से भी आवाज पैदा हो सकती है।
- अगर आवाज कभी-कभार आती है और इसके साथ दर्द या कोई दूसरी परेशानी नहीं है, तो आमतौर पर चिंता की जरूरत नहीं होती।
- कंधे की आवाज कभी-कभी टेंडन या अन्य मुलायम टिश्यू की समस्या से भी जुड़ी हो सकती है। रोटेटर कफ की चोट या फटने में कंधे को कुछ खास स्थितियों में हिलाने पर चटकने जैसी आवाज के साथ कंधे में दर्द और कमजोरी हो सकती है।
- अगर कंधे को घुमाने पर आवाज आती है, लेकिन दर्द नहीं है, सूजन नहीं है और हाथ की नॉर्मल मूवमेंट प्रभावित नहीं हुई है, तो यह अक्सर सामान्य स्थिति हो सकती है।
- खासकर कुछ लोगों में एक्सरसाइज या कंधे की बार-बार होने वाली एक्टिविटीज के दौरान ऐसी आवाज सुनाई दे सकती है।
- हालांकि, केवल आवाज के आधार पर यह तय नहीं किया जा सकता कि कंधा पूरी तरह हेल्दी है। अगर आवाज लगातार बढ़ रही है या इसके साथ दूसरे लक्षण दिखाई देने लगे हैं, तो डॉक्टर से जांच कराना बेहतर है।
इसे भी पढ़ें: जिम में वर्कआउट के बाद कंधे में होता है दर्द? ऑर्थोपेडिक डॉक्टर से जानें कारण और बचाव
Why Shoulder make popping sound
साल 2022 में Harvard Health Publishing में प्रकाशित जानकारी के अनुसार, जब आप अपना कंधा हिलाते हैं, तो जोड़ में जमा गैस का बुलबुला फूटने से एक आवाज आ सकती है। यह प्रक्रिया बिल्कुल वैसी ही है जैसे हम अपने हाथों की उंगलियों के पोर चटकाते हैं।
- कंधे से आने वाली यह हल्की आवाज पूरी तरह से सामान्य और नेचुरल हो सकती है, क्योंकि यह जोड़ों के अंदर बनने वाली गैस के निकलने का परिणाम है।
- हालांकि, अगर इस आवाज के साथ आपको तेज दर्द, सूजन या कंधे को हिलाने में परेशानी महसूस हो, तो इसे नजरअंदाज न करें।
- ऐसी स्थिति में किसी डॉक्टर या फिजियोथेरेपिस्ट से सलाह लेना जरूरी है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि आपका कंधा पूरी तरह से हेल्दी और सुरक्षित है।
इसे भी पढ़ें: रात में कंधे का दर्द क्यों बढ़ जाता है? सोते समय इन कारणों को न करें नजरअंदाज
दर्द के साथ कंधा चटके तो सावधान हो जाएं
ऑर्थोपेडिक डॉ. आकाश सिंघल के अनुसार, अगर कंधा चटकने की आवाज के साथ दर्द भी हो, तो इसे सामान्य मानकर छोड़ना सही नहीं है। खासतौर पर हाथ ऊपर उठाने, पीछे ले जाने या किसी वस्तु को उठाने पर दर्द बढ़ता है, तो कंधे के टेंडन या अन्य संरचनाओं की समस्या की जांच जरूरी हो सकती है। रोटेटर कफ की समस्या में दर्द के साथ हाथ में कमजोरी और कुछ एक्टिविटीज करने में कठिनाई भी हो सकती है।
- अगर गिरने, खेलते समय चोट लगने या भारी वजन उठाने के बाद अचानक कंधे से चटकने की आवाज आई और उसके बाद तेज दर्द, सूजन, कमजोरी या हाथ उठाने में परेशानी होने लगी, तो डॉक्टर से जल्द संपर्क करना चाहिए।
- ऐसी स्थिति चोट या जोड़ की गंभीर समस्या का संकेत हो सकती है।
- खासकर अगर चोट के बाद हाथ उठाना संभव न हो या कंधे का आकार सामान्य से अलग दिखाई दे, तो तुरंत डॉक्टर के पास जाएं।
डॉक्टर को कब दिखाएं?
ऑर्थोपेडिक डॉ. आकाश सिंघल का कहना है कि कंधे से सिर्फ आवाज आ रही है और कोई दर्द या कमजोरी नहीं है, तो हर बार जांच या इलाज की जरूरत नहीं होती लेकिन आवाज के साथ दर्द, कमजोरी, सूजन, अकड़न, हाथ की मूवमेंट कम होना या कंधा अपनी जगह से खिसकने जैसा महसूस होना समस्या की ओर इशारा कर सकता है। ऐसे लक्षणों में ऑर्थोपेडिक डॉक्टर फिजिकल चेकअप के बाद जरूरत पड़ने पर एक्स-रे या अन्य जांच की सलाह दे सकते हैं।
निष्कर्ष
कंधे से चटकने या क्लिक करने की आवाज आना हमेशा बीमारी का संकेत नहीं होता। बिना दर्द और बिना किसी अन्य परेशानी के कभी-कभार आने वाली आवाज सामान्य हो सकती है लेकिन अगर चटकने के साथ दर्द, कमजोरी, सूजन, अकड़न या हाथ चलाने में परेशानी हो रही है, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। सही कारण जानने के लिए ऑर्थोपेडिक एक्सपर्ट से जांच करानी चाहिए।
All Image Credit- magnific
FAQ
क्या सोने के गलत पॉश्चर से कंधे में दर्द हो सकता है?
गलत पॉश्चर में सोने से कंधे पर दबाव पड़ सकता है और सुबह जकड़न या असहजता महसूस हो सकती है। यदि समस्या लगातार बनी रहे या दर्द जुड़ जाए, तो डॉक्टर से सलाह लेना बेहतर है।क्या कंधे को बार-बार जानबूझकर चटकाना नुकसानदायक हो सकता है?
जानबूझकर बार-बार कंधे को एक खास तरीके से चटकाने की आदत से बचना बेहतर है, खासकर यदि इससे दर्द या असहजता होती हो। कंधे की बार-बार होने वाली परेशानी को नजरअंदाज करने के बजाय उसके कारण को समझना जरूरी है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Aug 28, 2026 16:52 IST
Published By : Akanksha Tiwari
Reviewed By : Dr Akash Singhal
