Fri Sep 11, 2026 | 06:53 PM IST

Medically Reviewed by Dr Karuna Malhotra , Cosmetologist, Skin specialist & Homoeopath Physician

30, 40, और 50 के बाद स्किन में होने लगते हैं बदलाव, डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. करुणा मल्होत्रा बता रही हैं इनके बारे में

हर उम्र में त्वचा में बदलाव होना स्वाभाविक है। जैसे 30 की उम्र में कोलेजन प्रोडक्शन कम होता है, लेकिन 40 और 50 की उम्र में इसमें और भी ज्यादा कमी आती है। आइए, जानें उम्र के हिसाब से त्वचा के बदलावों के बारे में।

Skin Changes After 30, 40 and 50 Years Of Age: यह बात हम सभी जानते हैं कि बढ़ती उम्र के साथ शरीर में कई तरह के बदलाव आते हैं, जो कि पूरी तरह नॉर्मल हैं। ऐसे ही बदलाव हमारी त्वचा पर भी नजर आते हैं। हालांकि, त्वचा की अच्छी केयर करके आप एजिंग प्रक्रिया को कुछ धीमा कर सकते हैं। बहरहाल, क्या आप जानते हैं कि 30, 40, और 50 साल की उम्र के बाद स्किन में किस तरह के बदलाव होते हैं? अगर नहीं, तो इस लेख को जरूर पढ़ें। उम्र के हिसाब से त्वचा की देखभाल करने में मदद मिलेगी। इस बारे में जानने के लिए हमने राजौरी गार्डन स्थित कॉस्मेटिक स्किन क्लिनिक की कॉस्मेटोलॉजिस्ट और त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. करुणा मल्होत्रा से बात की।

30 साल की उम्र के बाद

skin changes after 30 40 and 50 years of age 01 (22)

हर उम्र के साथ त्वचा में कुछ खास बदलाव होते हैं। 30 साल की उम्र में भी ये बदलाव देखे जा सकते हैं, जैसे-

कोलेजन में कमीः 30 साल की उम्र के बाद हमारे शरीर में कोलेजन प्रोडक्शन कम होने लगता है। इसी वजह से आंखों के आसपास और माथे की ओर फाइन लाइन्स नजर आने लगती हैं। हालांकि, अगर कोई स्किन की प्रॉपर केयर करे, तो इसकी गति धीमी हो सकती है। 

कोशिकाओं के बनने की धीमी गतिः जैसे-जैसे डेड सेल्स रिमूव होते हैं, वैसे-वैसे वहां नए सेल्स बनते रहते हैं, लेकिन 30 साल की उम्र के बाद इस प्रक्रिया की गति भी धीमी हो जाती है। यही कारण है कि 30 की उम्र के बाद त्वचा की केयर न की जाए, तो निखार कुछ कम हो जाता है और चेहरे की रंगत भी फीकी नजर आने लगती है।

धूप का प्रभावः ऐसे लोगों की संख्या कम नहीं है, जो अपना बहुत अधिक समय धूप में बिताते हैं। अगर कोई 30 साल से अधिक उम्र का है और अक्सर धूप में रहता है, तो इसकी वजह से काले दाग-धब्बे यानी पिग्मेंटेशन नजर आ सकते हैं। 20 साल की तुलना में 30 साल की उम्र के बाद यह प्रभाव अधिक नजर आता है।

त्वचा में नमी की कमीः डॉ. करुणा मल्होत्रा सलाह देती हैं कि हर व्यक्ति को त्वचा की नमी बनाए रखने के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी पीना जरूरी है। 30 की उम्र के बाद त्वचा में नमी बनाए रखने की क्षमता अपने आप पहले की तुलना में कम हो जाती है। यही कारण है कि देर शाम तक व्यक्ति का चेहरा थोड़ा कम फ्रेश और थका-थका हुआ नजर आने लगता है।

इसे भी पढ़ें: क्या आपको भी बार-बार होती है खुजली? जानें इसके कारण और कब डॉक्टर को दिखाना है जरूरी

40 साल की उम्र के बाद त्वचा में बदलाव

why skin looks dull despite using good skincare products  01 (15)

कोलेजन का तेजी से कम होनाः 30 की उम्र के बाद कोलेजन के स्तर में गिरावट आने लगती है, लेकिन 40 साल की उम्र के बाद कोलेजन कम होने की रफ्तार और तेज हो जाती है। ऐसे में फाइन लाइन्स और तेजी से उभरने लगते हैं, तथा त्वचा की कसावट भी कम हो जाती है। साल 2006 में The American Journal Of Pathology में प्रकाशित रिसर्च पेपर के अनुसार बढ़ती उम्र में न केवल कोशिकाएं कमजोर होती हैं, बल्कि त्वचा के अंदरूनी ढांचे में खिंचाव की कमी के कारण भी कोलेजन बनना काफी धीमा हो जाता है।

त्वचा के लचीलेपन में गिरावटः 40 साल की उम्र के बाद त्वचा के नीचे मौजूद फैट और टिश्यूज अपनी जगह छोड़ने लगते हैं। ऐसे में स्किन ढीली नजर आने लगती है। असल में, 40 साल की उम्र के बाद कोलेजन में कमी आने के साथ-साथ त्वचा अपनी इलास्टिसिटी भी खो देती है।

त्वचा की सेंसिटिविटी का बढ़नाः डॉ. करुणा मल्होत्रा बताती हैं, "इस उम्र के बाद स्किन की बाहरी लेयर काफी कमजोर हो जाती है। असल में, इस उम्र में तनाव और रोजमर्रा की भागदौड़ के कारण ऑक्सिडेटिव स्ट्रेस काफी बढ़ जाता है। ऐसे में त्वचा की बाहरी परत कमजोर हो जाती है और उसके खुद को ठीक करने की क्षमता धीमी हो जाती है। ऐसे में त्वचा पर नए प्रोडक्ट्स यूज करना काफी रिस्की हो जाता है। स्किन में रेडनेस, जलन जैसी कई समस्याएं होने लगती हैं।"

हार्मोनल बदलावः 40 साल की उम्र के बाद पुरुषों में भले ही कम बदलाव दिखें, लेकिन महिलाओं में कई तरह के हार्मोनल बदलाव शुरू हो जाते हैं। जैसे कई महिलाएं पेरीमेनोपॉज से गुजर रही होती हैं, जिससे एस्ट्रोजन का स्तर कम हो जाता है। ऐसे में प्राकृतिक तेल का उत्पादन कम हो जाता है। नतीजतन, स्किन बहुत ज्यादा ड्राई हो जाती हैं और त्वचा में मुंहासे भी निकल सकते हैं।

इसे भी पढ़ें: स्किन पर ये 7 लक्षण हो सकते हैं समय से पहले बुढ़ापे के संकेत, न करें नजरअंदाज

50 साल की उम्र के बाद

त्वचा की बाहरी परत का पतला होनाः इस उम्र के बाद पुरुषों की तुलना में महिलाओं को अधिक समस्याएं झेलनी पड़ती हैं। इसका एक मुख्य कारण है मेनोपॉज। National Institutes of Health (NIH) के अनुसार, इस मेनोपॉज के कारण एस्ट्रोजन हार्मोन का स्तर तेजी से गिरता है। ऐसे में स्किन पतली होने के साथ-साथ अतिरिक्त सेंसिटिव भी हो जाती है। यहां तक कि अगर इस उम्र में कहीं चोट लग जाए, तो उसकी रिकवरी पर भी असर पड़ता है।

ड्राईनेस का बढ़नाः 50 साल की उम्र के बाद त्वचा में ड्राईनेस बढ़ जाती है। 50 साल की उम्र में स्किन ऑयल प्रोडक्शन कम कर देती है और पसीने की ग्रंथियां भी कम सक्रिय हो जाती हैं। ऐसे में त्वचा में लगातार सूखापन, खुरदुरापन बना रहता है और उसकी बाहरी परत बहुत ज्यादा कमजोर हो जाती है। साल 2025 में Journal of Cosmetic Dermatology में प्रकाशित अध्ययन के अनुसार, मेनोपॉज (मासिक धर्म बंद होने) के दौरान एस्ट्रोजन हार्मोन की कमी से महिलाओं की त्वचा में कोलाजन, नमी और लचीलापन तेजी से घटने लगता है, जिससे झुर्रियां, सूखापन और ढीलापन बढ़ता है। 

स्किन का ढीला पड़नाः 30 और 40 साल की उम्र की तुलना में इस उम्र में स्किन काफी ज्यादा ढीली हो जाती है। ऐसा इसलिए, क्योंकि कोलेजन और फैट के स्तर में भारी गिरावट आ जाती है, जिससे स्किन में झुर्रियां पड़ने लगती हैं।

नई कोशिकाएं बनने में अधिक समय लगनाः कहने की जरूरत नहीं है कि इस उम्र तक आते-आते पुरानी त्वचा की जगह नई कोशिकाएं बनने की प्रक्रिया 2 से 3 महीने तक लंबी खींच सकती है। इसका मतलब यह है कि स्किन की प्रॉपर केयर करने के बावजूद, उसका प्रभाव कम नजर आता है।

इसे भी पढ़ें: स्किन पर समय से पहले दिख रहे हैं एजिंग के संकेत? वजह हो सकती हैं आपकी ये लाइफस्टाइल गलतियां

निष्कर्ष

हर उम्र की स्किन अलग होती है और उसके केयर करने का अंदाज भी अलग होता है। हालांकि, यह पूरी तरह सही है कि 30 साल की उम्र की त्वचा से 40 और 50 साल की उम्र के व्यक्ति की त्वचा बिल्कुल अलग होगी। कई बार बाहरी फैक्टर्स भी इसके लिए जिम्मेदार होते हैं, जैसे स्मोकिंग करना, शराब का सेवन करना या स्किन की अच्छी केयर न करना। अगर आप स्किन की बढ़ती उम्र की प्रक्रिया को धीमा करना चाहते हैं, तो बेहतर है कि शुरू से ही अपने खान-पान और त्वचा की सही देखभाल करें।

All Image Credit: Magnific

FAQ

  • एंटी-एजिंग स्किनकेयर रूटीन में रेटिनॉल का इस्तेमाल किस उम्र से शुरू करना चाहिए?

    25 से 30 साल की उम्र के बीच रेटिनॉल का उपयोग शुरू करना सही माना जाता है। हालांकि, यह ध्यान रखें कि अगर आपकी स्किन में कोई प्रॉब्लम है, तो इसका यूज एक्सपर्ट से पूछकर करें।
  • उम्र बढ़ने के साथ रात में 'नाईट क्रीम' या 'फेस सीरम' लगाना क्यों अधिक प्रभावी माना जाता है?

    रात में सोते समय हमारी स्किन रिपेयर मोड में होती है। इसलिए इस समय लगाई गई क्रीम स्किन में अच्छी तरह से अवशोषित हो जाती और और स्किन को लाभ पहुंचता है।

Read Next

इंफेक्शन से बचने के लिए मानसून में अपनाएं स्किन केयर की ये 10 आदतें, जानें एक्सपर्ट से

Disclaimer

इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।

Meera Tagore

Meera Tagore

Senior Sub Editor

मीरा टैगोर 2009 से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और पिछले 5 वर्षों से विशेष रूप से हेल्थ जर्नलिज्म पर काम कर रही हैं। फिलहाल वह OnlyMyHealthमें सीनियर सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं। वह महिला स्वास्थ्य और यौन स्वास्थ्य जैसे संवेदनशील विषयों पर लिखती हैं और इनसे जुड़ी जानकारी को प्रमाणित स्रोतों और रिसर्च के आधार पर सटीक और सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाने की कोशिश करती हैं। जिन विषयों में मेडिकल पुष्टि जरूरी होती है, उन्हें प्रकाशित होने से पहले डॉक्टरों द्वारा रिव्यू किया जाता है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की थी और OnlyMyHealth से पहले Image Reflection Centre, Haribhoomi और MyUpchar के साथ काम कर चुकी हैं।

Read More..

How we keep this article up to date:

We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.

  • Current Version

    Jul 20, 2026 10:24 IST

    Published By : Meera Tagore
    Reviewed By : Dr Karuna Malhotra

Medically reviewed content
200+ medical reviewers in network
17 Years of Trusted Health Content
Medically reviewed content
200+ medical reviewers in network
17 Years of Trusted Health Content
Medically reviewed content
200+ medical reviewers in network
17 Years of Trusted Health Content