Wed Nov 25, 2026 | 01:48 PM IST

Medically Reviewed by Dr. Aravinda S N , Lead Consultant – Internal Medicine

ठंड में प्यास कम लगने पर भी हो सकता है डिहाइड्रेशन, इन संकेतों को न करें नजरअंदाज

सर्दियों में कम प्यास लगने और पसीना कम दिखने के कारण लोग अक्सर डिहाइड्रेशन का शिकार हो जाते हैं, जिसके लक्षणों को पहचानना मुश्किल होता है। वहीं, मुंह सूखना, सिरदर्द और थकान इसके आम संकेत हैं, जिससे बचने के लिए नियमित रूप से पानी और लिक्विड डाइट लेना जरूरी है।
ठंड में प्यास कम लगने पर भी हो सकता है डिहाइड्रेशन, इन संकेतों को न करें नजरअंदाज
ठंड में प्यास कम लगने पर भी हो सकता है डिहाइड्रेशन, इन संकेतों को न करें नजरअंदाज

सर्दियों के मौसम में अक्सर लोगों को कम प्यास लगती है, जिसके कारण लोग कम पानी पीते हैं। ऐसे में बहुत से लोगों को डिहाइड्रेशन की समस्या होने लगती है, लेकिन कई बार लोग इसके लक्षणों को नहीं पहचान पाते हैं और इसके कारण होने वाली परेशानियों को आम परेशानी समझ लेते हैं। ऐसे में आइए Dr. Aravinda S N, Lead Consultant - Internal Medicine, Aster RV Hospital, Bengaluru से डिहाइड्रेशन के लक्षणों के बारे में जानें।

सर्दियों डिहाइड्रेशन क्यों होती है?

डॉ. अरविंद के अनुसार, सर्दियों में भी गर्मियों की तरह ही डिहाइड्रेशन की समस्या हो सकती है, लेकिन लोग इसे समझ नहीं पाते क्योंकि ठंड के मौसम में उन्हें आमतौर पर कम प्यास लगती है। सर्दियों में, शरीर का प्यास लगने का नेचुरल संकेत कम महसूस हो सकता है, भले ही शरीर को पानी की जरूरत हो। साथ ही, ठंड में पसीना भी कम दिखाई देता है और गर्मी न लगने के कारण लोग पानी भी कम पीते हैं।

हालांकि, सांस लेने, पेशाब करने और रोज की आम गतिविधियों के जरिए शरीर से पानी लगातार कम होता रहता है। गर्म इनडोर वातावरण में लंबे समय तक रहने से भी शरीर में नमी कम होने लगती है। इसलिए, प्यास न लगने का मतलब यह नहीं है कि शरीर में पानी की मात्रा पूरी तरह से सही है।

इसे भी पढ़ें: क्या भरपूर पानी पीने के बाद भी आपका शरीर डिहाइड्रेट रह सकता है? जानें ऐसा क्यों और कब होता है?

सर्दियों में डिहाइड्रेशन के संकेत

डॉ. अरविंद कहते हैं, डिहाइड्रेशन के कुछ आम संकेत हो सकते हैं, जिनको नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।

  • मुंह सूखना
  • होंठ सूखना
  • सिरदर्द
  • थकान होना
  • चक्कर आना
  • किसी काम में ध्यान लगाने में परेशानी महसूस होना

signs of winter dehydration even when you are not thirsty 1signs of winter dehydration even when you are not thirsty 1

शरीर में डिहाइड्रेशन का पता कैसे लगाएं?

डॉ. अरविंद आगे कहते हैं, शरीर में पानी के स्तर की जांच करने का एक आसान तरीका पेशाब के रंग पर ध्यान देना है। हल्के पीले रंग का पेशाब आमतौर पर शरीर में पर्याप्त पानी होने का संकेत है, जबकि लगातार गहरे पीले रंग का पेशाब यह बता सकता है कि शरीर को और ज्यादा पानी की जरूरत है। हालांकि, कुछ खास तरह के खाने-पीने की चीजों, दवाओं और स्वास्थ्य संबंधी स्थितियों से भी पेशाब का रंग बदल सकता है।

गंभीर डिहाइड्रेशन के संकेत

डॉ. अरविंद बताते हैं, गंभीर डिहाइड्रेशन होने पर लोगों को कई तरह की स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं। जैसे -

  • पेशाब बहुत कम आना
  • दिल की धड़कन तेज होना
  • व्यक्ति भ्रमित महसूस कर सकता है
  • उसे बहुत ज्यादा कमजोरी हो सकती है

बुजुर्गों और डायबिटीज या किडनी से जुड़ी समस्याओं वाले लोगों को खासतौर पर सावधान रहना चाहिए, क्योंकि उनकी पानी की जरूरतें अलग हो सकती हैं।

क्या कहती है स्टडी?

साल 2018 में BMC Public Health में प्रकाशित स्टडी के अनुसार, हल्के से मीडियम डिहाइड्रेशन के लक्षणों में -

  • मुंह, जीभ और होंठों का सूखना
  • अत्यधिक प्यास लगना
  • सिरदर्द और चक्कर आना
  • थकान और सुस्ती
  • पेशाब कम आना
  • त्वचा का सूखापन
  • एकाग्रता और याददाश्त पर असर
  • मांसपेशियों में कमजोरी व ऐंठन
  • तेज सांसें चलना
  • नींद आना
  • चिड़चिड़ापन होना

गंभीर डिहाइड्रेशन के लक्षण (Severe Signs)

  • धंसी हुई आंखें
  • आंसू न आना
  • शिशुओं में धंसा हुआ तालू
  • लो ब्लड प्रेशर
  • दिल की तेज धड़कन
  • बेहोशी की स्थिति होना

इसे भी पढ़ें: डिहाइड्रेशन से प्लेटलेट्स पर क्या असर पड़ता है? डॉक्टर से जानें

डिहाइड्रेशन से बचने के टिप्स

डॉ. अरविंद का कहना है, सर्दियों में डिहाइड्रेशन से बचने के लिए कुछ बातों का खास ध्यान रखा जा सकता है।

  • प्यास लगने का इंतजार करने के बजाय नियमित रूप से पानी पिएं।
  • गुनगुना पानी, सूप और अन्य लिक्विड चीजें लें।
  • रोज की डाइट में संतरा, खीरा, तरबूज और सब्जियों जैसे पानी युक्त फल और सब्जियां लें।
  • फिजिकल एक्टिविटी के कारण हुई पानी की कमी को पूरा करने की कोशिश करें।

हालांकि, जिन लोगों को हार्ट फेलियर या किडनी की बीमारी है और जिन्हें डॉक्टर ने लिक्विड का सेवन सीमित रखने की सलाह दी है, उन्हें अपनी मर्जी से पानी की मात्रा बढ़ाने के बजाय डॉक्टर के निर्देशों का ही पालन करना चाहिए। शरीर में पानी की सही मात्रा बनाए रखने से साल भर किडनी के काम, पाचन, ब्लड सर्कुलेशन और ओवरऑल स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने में मदद मिलती है।

निष्कर्ष

सर्दियों में प्यास कम लगने, कम पसीना दिखने और गर्म इनडोर वातावरण के कारण लोग कम पानी पीते हैं, जबकि सांस, पेशाब और रोज की एक्टिविटी से नमी कम होती रहती है। मुंह-होंठ सूखना, सिरदर्द, थकान, चक्कर और ध्यान न लगना इसके शुरुआती संकेत हैं, जबकि पेशाब का गहरा पीला रंग पानी की कमी का इशारा कर सकता है।

गंभीर स्थिति में बहुत कम पेशाब आना, तेज धड़कन, भ्रम और अत्यधिक कमजोरी हो सकती है। इससे बचने के लिए प्यास का इंतजार किए बिना नियमित पानी, गुनगुना पानी, सूप और पानी युक्त फल-सब्जियां लें। हालांकि हार्ट फेलियर या किडनी रोगियों को डॉक्टर की सलाह के अनुसार ही लिक्विड डाइट लेनी चाहिए।

All Images Credit- Freepik

FAQ

  • शरीर में पानी की कमी को दूर करने के लिए क्या करें?

    डिहाइड्रेशन से राहत के लिए नियमित रूप से दिनभर में पर्याप्त पानी पिएं, इलेक्ट्रोलाइट्स से युक्त ओआरएस और नारियल पानी जैसी लिक्विड डाइट लें और पानी वाले फल और सब्जियों को डाइट में शामिल करें।
  • डिहाइड्रेशन के क्या कारण होते हैं?

    अपर्याप्त पानी पीने, दस्त, उल्टी, अधिक पसीना आने, बार-बार यूरिन आने और बुखार जैसी स्थितियों के कारण व्यक्ति को शरीर में डिहाइड्रेशन यानी पानी की कमी होने की समस्या हो सकती है।

Read Next

यौन संबंध बनाने के तुरंत बाद पेशाब करने की इतनी जरूरत क्यों महसूस होती है, जानें यह सामान्य है या नहीं?

Disclaimer

इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।

Priyanka Sharma

Health & Lifestyle Journalist

प्रियंका शर्मा पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं, जिनमें से 2 साल उन्होंने हेल्थ जर्नलिज्म को दिए हैं। फिलहाल वह OnlyMyHealth में सब एडिटर हैं। वह महिला स्वास्थ्य, पोषण, प्रेगनेंसी, स्किनकेयर, हेयरकेयर, आयुर्वेद, योग और हार्ट हेल्थ जैसे विषयों पर शोध आधारित लेख लिखती हैं और जटिल स्वास्थ्य जानकारी को सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाने की कोशिश करती हैं। लेख तैयार करते समय वह विशेषज्ञों की राय और भरोसेमंद मेडिकल स्रोतों का ध्यान रखती हैं। जिन लेखों में मेडिकल पुष्टि जरूरी होती है, उन्हें प्रकाशित होने से पहले डॉक्टरों द्वारा रिव्यू किया जाता है। OnlyMyHealth से पहले वह Grehlakshmi (महिला केंद्रित हिंदी पत्रिका) और Noida Khabar के साथ काम कर चुकी हैं। Editorial Policy: प्रियंका द्वारा लिखे गए सभी लेखों की हमारी संपादकीय टीम द्वारा तथ्य-जांच की जाती है और आवश्यकता पड़ने पर संबंधित विषय विशेषज्ञों द्वारा समीक्षा की जाती है।

Read More..

How we keep this article up to date:

We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.

  • Current Version

    Nov 25, 2026 11:19 IST

    Modified By : Priyanka Sharma
  • Nov 25, 2026 11:19 IST

    Published By : Priyanka Sharma
    Reviewed By : Dr. Aravinda S N