यौन संबंध बनाने के तुरंत बाद पेशाब करने की इतनी जरूरत क्यों महसूस होती है, जानें यह सामान्य है या नहीं?

कई बार ऐसा होता है कि यौन संबंध बनाने के तुरंत बाद पेशाब करने की इच्छा तीव्र हो जाती है। अमूमन ऐसा सबके साथ होता है। इसके बावजूद, लोगों के मन में यह सवाल उठता है कि क्या यौन संबंध बनाने के बाद पेशाब करने की जरूरत महसूस होना सामान्य है?
इस बारे में वृंदावन स्थित Mumma's Blessing IVF और Birthing Paradise की मेडिकल डायरेक्टर, गायनेकोलॉजिस्ट और IVF स्पेशलिस्ट डॉ. शोभा गुप्ता कहती हैं, "सेक्स के तुरंत बाद पेशाब करने की इच्छा होना बिल्कुल आम है। ऐसा इसलिए महसूस होता है, क्योंकि सेक्शुअल एक्टिविटी के दौरान स्वाभाविक रूप से आपके ब्लैडर और आसपास के टिश्यूज पर दबाव पड़ता है, जिससे पेशाब लगने जैसी उत्तेजना पैदा हो सकती है। हालांकि, कभी-कभी यह इस बात का संकेत भी हो सकता है कि आपके यूरिनरी ट्रैक्ट को थोड़ी अधिक देखभाल की जरूरत है।"
क्या सेक्स के तुरंत बाद पेशाब आना सामान्य है?
Why Do You Feel The Need To Urinate Immediately After Sexual Intercourse Is It Normal
नेशनल सेंटर फॉर बायोटेक्नोलॉजी इन्फॉर्मेशन (NCBI MedGen) के अनुसार, चिकित्सा विज्ञान में शारीरिक संबंध (इंटरकोर्स) के बाद मूत्राशय खाली करने या पेशाब करने की प्रक्रिया को पोस्टकोइटल मिक्चुरिशन (Postcoital Micturition) कहा जाता है। इस डेटाबेस से पता चलता है कि सेक्स के बाद पेशाब पास करना महिलाओं के लिए फायदेमंद होता है। इससे UTI से बचाव में मदद मिलती है।
American Academy of Family Physicians में प्रकाशित शोध के अनुसार, बार-बार सेक्स करने के कारण आंतों के सामान्य बैक्टीरिया मूत्रमार्ग और मूत्राशय में प्रवेश कर सकते हैं, जबकि स्पर्मिसाइड (शुक्राणुनाशक) के उपयोग से योनि के गुड बैक्टीरिया भी नष्ट हो सकते हैं, जिससे यूरिन इंफेक्शन होने का खतरा बढ़ जाता है। अध्ययन में आगे बताया गया है कि शारीरिक संबंध के तुरंत बाद पेशाब करने का UTI का रिस्क कम हो जाता है, हालांकि इसके ठोस साक्ष्य मौजूद नहीं है। फिर भी सेक्स के बाद पेशाब करने की सलाह दी जाती है। यह स्वच्छता को बरकरार रखने की अच्छी आदत है।
इसे भी पढ़ें: सेक्स के दौरान अचानक पेशाब निकल जाए तो क्या यह सामान्य है? मानें डॉक्टर की राय
सेक्स के बाद पेशाब क्यों आता है?
- मूत्रमार्ग पर दबाव: इंटरकोर्स के दौरान घर्षण घर्षण या दबाव मूत्रमार्ग या इसके आसपास के हिस्सों तथा पेल्विक टिश्यूज पर दबाव बनाते हैं। कई बार हल्की जलन भी पैदा हो जाती है, जिससे स्ट्रेच रिसेप्टर्स की सेंसिटिविटी बढ़ जाती है और मूत्राशय पूरी तरह न भरे होने पर भी पेशाब करने की इच्छा होने लगती है।
- पेल्विक फ्लोर पर दबाव: सेक्स के प्रति उत्तेजना और ऑर्गेज्म के दौरान पेल्विक फ्लोर की मांसपेशियां सख्त हो जाती हैं। जाहिर है ऐसे में मूत्राशय पर दबाव बनता है, जिससे पेशाब करने की अर्ज तीव्र हो जाती है।
कब है चिंता का विषय?
सेक्स के बाद पेशाब करने की तीव्र इच्छा होना पुरुषों की तुलना में महिलाओं को अधिक होती है। कई बार यह किसी गंभीर बीमारी का संकेत हो सकती है, जैसे-
- यूरिनरी ट्रैक्ट इंफेक्शनः नेशनल सेंटर फॉर बायोटेक्नोलॉजी इन्फॉर्मेशन में प्रकाशित अध्याय- Uncomplicated Urinary Tract Infections के अनुसार, शारीरिक संबंध (Sexual intercourse) मूत्र मार्ग के संक्रमण (UTI) का एक सामान्य कारण है, क्योंकि यह बैक्टीरिया को मूत्रमार्ग के माध्यम से मूत्राशय तक पहुंचाने में मदद कर सकता है। डॉ. शोभा गुप्ता कहती हैं, "जब किसी को यूटीआई होता है, तो उस स्थिति में भी सेक्स के बाद पेशाब की तीव्र इच्छा हो सकती है। दरअसल, शारीरिक संबंध के दौरान बैक्टीरिया मूत्रमार्ग की ओर पहुंच सकते हैं, जिससे प्रभावित हिस्से की सूजन और सेंसिटिविटी बढ़ जाती है। ऐसे में पेशाब की इच्छा तीव्र हो जाती है।"
- मूत्राशय से जुड़ी समस्याः ओवरएक्टिव ब्लैडर (डिट्रसर ओवरएक्टिविटी) या इंटरस्टिशियल सिस्टिटिस/ब्लैडर पेन सिंड्रोम जैसी पहले से मौजूद स्थितियां शारीरिक दबाव या पेल्विक स्ट्रेस के कारण सेक्स के बाद पेशाब की इच्छा बढ़ सकती है।
इसे भी पढ़ें: पुरुषों में सेक्स के बाद पेशाब से खून आने के क्या कारण हो सकते हैं? डॉक्टर से जानें
कब जाएं डाॅक्टर के पास?
वैसे तो सेक्स के बाद पेशाब करने से यूटीआई का जोखिम कुछ हद तक कम होता है। हालांकि, कभी-कभी यह बीमारी का संकेत हो सकता है, जिसका जिक्र हमने लेख में पहले ही किया है। इसलिए, यह जान लेना भी जरूरी है कि इस स्थिति में डाॅक्टर के पास जाना कब जरूरी होता है? इस बारे में डॉ. शोभा गुप्ता स्पष्ट करती हैं कि अगर सेक्स के बाद पेशाब करने की तीव्र इच्छा 24 से 48 घंटे से अधिक समय तक बनी रहे, बार-बार पेशाब आता रहे और इसके साथ-साथ दर्द महसूस हो, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। इसके अलावा, शरीर में नजर आ रहे इन लक्षणों पर भी गौर करें-
- बुखार, पीठ में दर्द और कंपकंपी छूटना।
- पेशाब में खून आना।
- पेशाब के दौरान जलन महसूस होना।
- पेट के निचले हिस्से में तीव्र दर्द होना।
- गुप्तांग से स्राव बढ़ना।
निष्कर्ष
सेक्स के बाद पेशाब की इच्छा होना सामान्य है। अधिकतर महिलाएं ऐसा महसूस करती हैं। इस संबंध में अधिक परेशान होने की जरूरत नहीं होती है। हालांकि, अगर महिला स्वास्थ्य से जुड़ी किसी तरह की परेशानी महसूस करती है, जैसे पेशाब की अर्ज 24 से 48 घंटे तक लगातार बने रहना, पेशाब के दौरान जलन होना और पेट के निचले हिस्से में दर्द महसूस होना, तो इस स्थिति को हल्के में नहीं लेना चाहिए। इसके बजाय, तुरंत डाॅक्टर से संपर्क करना चाहिए।
All Image Credit: Magnific
FAQ
शारीरिक संबंध बनाने के कितनी देर के भीतर पेशाब कर लेना सबसे बेहतर माना जाता है?
विशेषज्ञों के अनुसार, यौन संबंध समाप्त होने के 30 मिनट के अंदर पेशाब कर लेना सही माना जाता है।सेक्स के बाद होने वाली पेशाब की जलन या यूटीआई से बचाव के लिए कौन-सी सावधानियां बरतनी चाहिए?
पर्याप्त पानी पिएं, बिना खुशबू वाले वाटर-बेस्ड लुब्रिकेंट का उपयोग करें। इससे UTI का रिस्क कम होता है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Nov 25, 2026 10:57 IST
Published By : Meera Tagore
Reviewed By : Dr Shobha Gupta