Tue Nov 24, 2026 | 05:22 PM IST

Medically Reviewed by Dr Sachin Sekhar Biswal , Consultant – Medical Oncology

प्रोस्टेट कैंसर और बढ़े हुए प्रोस्टेट में क्या अंतर है? पेशाब से जुड़े इन लक्षणों से समझें फर्क

बार-बार पेशाब आना या रात में कई बार टॉयलेट जाना प्रोस्टेट कैंसर का संकेत हो सकता है। यहां डॉक्टर से जानिए, बढ़े हुए प्रोस्टेट (BPH) और प्रोस्टेट कैंसर में क्या अंतर होता है, दोनों के लक्षण कैसे अलग हैं और इनकी पहचान कैसे की जाती है।
प्रोस्टेट कैंसर और बढ़े हुए प्रोस्टेट में क्या अंतर है? पेशाब से जुड़े इन लक्षणों से समझें फर्कप्रोस्टेट कैंसर और बढ़े हुए प्रोस्टेट में क्या अंतर है? पेशाब से जुड़े इन लक्षणों से समझें फर्क

पुरुषों में बढ़ती उम्र के साथ प्रोस्टेट से जुड़ी समस्याएं आम हो जाती हैं, कई पुरुषों को बार-बार पेशाब आना, पेशाब की धार कमजोर होना या पेशाब शुरू करने में परेशानी जैसी दिक्कतें होने लगती हैं। अक्सर इन लक्षणों को प्रोस्टेट कैंसर समझकर पुरुष घबरा जाते हैं। वहीं, कुछ लोग इन्हें उम्र बढ़ने का सामान्य हिस्सा मानकर नजरअंदाज कर देते हैं लेकिन क्या आप जानते हैं कि प्रोस्टेट कैंसर और बढ़ा हुआ प्रोस्टेट (BPH) दोनों अलग-अलग स्थितियां हैं? मणिपाल अस्पताल भुवनेश्वर के सलाहकार मेडिकल ऑन्कोलॉजिस्ट, डॉ. सचिन शेखर बिस्वाल बताते हैं कि प्रोस्टेट कैंसर और बढ़े हुए प्रोस्टेट के लक्षण कुछ हद तक एक जैसे हो सकते हैं, लेकिन इनके कारण और इलाज अलग होते हैं। पुरुषों को इन दोनों समस्याओं के बीच अंतर समझना जरूरी है, ताकि सही समय पर जांच और इलाज करवाया जा सके।

प्रोस्टेट कैंसर और बढ़े हुए प्रोस्टेट में क्या अंतर है?

ऑन्कोलॉजिस्ट, डॉ. सचिन शेखर बिस्वाल के अनुसार, प्रोस्टेट पुरुषों में मूत्राशय के ठीक नीचे स्थित छोटी ग्रंथि होती है और उम्र बढ़ने के साथ इस ग्रंथि का आकार बढ़ सकता है। इस स्थिति को बिनाइन प्रोस्टेटिक हाइपरप्लासिया (BPH) कहते हैं। यह एक गैर-कैंसरकारी यानी नॉन कैंसरस समस्या है। इसमें प्रोस्टेट के बढ़ने से मूत्रमार्ग पर दबाव पड़ सकता है, जिससे पेशाब करने में परेशानी होती है। वहीं, प्रोस्टेट कैंसर में प्रोस्टेट ग्रंथि की सेल्स असामान्य रूप से बढ़ने लगती हैं। यह कैंसर आस-पास के टिश्यूज और शरीर के दूसरे हिस्सों तक भी फैल सकता है।

  • प्रोस्टेट बढ़ने और प्रोस्टेट कैंसर में कुछ लक्षण एक जैसे हो सकते हैं। दोनों स्थितियों में पुरुषों को बार-बार पेशाब आने, रात में बार-बार पेशाब के लिए उठने और पेशाब की धार कमजोर होने जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
  • इसके अलावा, पेशाब शुरू करने में देरी होना, पेशाब के बाद भी मूत्राशय खाली न होने का एहसास और पेशाब के दौरान रुकावट महसूस होना भी संभव है।
  • हालांकि, केवल इन लक्षणों के आधार पर यह तय नहीं किया जा सकता कि व्यक्ति को BPH है या प्रोस्टेट कैंसर। इसके लिए मेडिकल जांच जरूरी होती है।

National Institute of Diabetes and Digestive and Kidney Diseases में प्रकाशित जानकारी के अनुसार, बिनाइन प्रोस्टेटिक हाइपरप्लासिया यानी बीपीएच 50 वर्ष से ज्यादा आयु के पुरुषों में होने वाली सबसे आम प्रोस्टेट समस्या है, जबकि 40 वर्ष से कम उम्र के पुरुषों में इसके लक्षण शायद ही कभी दिखाई देते हैं। अनुमान के अनुसार यह स्थिति 40 से 64 वर्ष की आयु के लगभग 5 से 6 प्रतिशत पुरुषों और 65 वर्ष या उससे ज्यादा उम्र के 29 से 33 प्रतिशत पुरुषों को प्रभावित करती है। उम्र बढ़ने के साथ इसके मामले तेजी से बढ़ते हैं, इसलिए बढ़ती उम्र के पुरुषों में इससे जुड़े लक्षणों और जांच के प्रति जागरूक रहना बेहद जरूरी है।

इसे भी पढ़ें: प्रोस्टेट कैंसर की जांच कब करानी चाहिए, डॉक्टर से जानें किस उम्र में पुरुषों के लिए जरूरी है PSA टेस्ट?

प्रोस्टेट कैंसर में कुछ अलग लक्षण भी दिखाई दे सकते हैं

ऑन्कोलॉजिस्ट, डॉ. सचिन शेखर बिस्वाल बताते हैं कि बढ़े हुए प्रोस्टेट की तुलना में प्रोस्टेट कैंसर के एडवांस स्टेज में कुछ अलग लक्षण भी सामने आ सकते हैं, जैसे पेशाब या वीर्य यानी स्पर्म में खून आना, कमर, कूल्हों और हड्डियों में लगातार दर्द होना या बिना किसी स्पष्ट कारण के कमजोरी महसूस होना। अगर कैंसर हड्डियों तक फैल जाता है, तो हड्डियों में दर्द और फ्रैक्चर का खतरा बढ़ सकता है। हालांकि, शुरुआती प्रोस्टेट कैंसर में कई बार कोई लक्षण दिखाई नहीं देते। इसलिए लक्षण न होने का मतलब यह नहीं है कि कैंसर की आशंका पूरी तरह खत्म हो गई है।

prostate cancer vs enlarged prostateprostate cancer vs enlarged prostate

प्रोस्टेट कैंसर और बढ़े हुए प्रोस्टेट की पहचान के लिए क्या करें?

ऑन्कोलॉजिस्ट, डॉ. सचिन शेखर बिस्वाल बताते हैं कि प्रोस्टेट से जुड़ी समस्याओं की जांच के लिए डॉक्टर PSA (प्रोस्टेट स्पेसिफिक एंटीजन) ब्लड टेस्ट कराने की सलाह दे सकते हैं। डॉक्टर जरूरत के अनुसार, डिजिटल रेक्टल एग्जामिनेशन (DRE), अल्ट्रासाउंड, MRI और बायोप्सी जैसी जांच भी करा सकते हैं। बायोप्सी से कैंसर की पुष्टि करने में मदद मिलती है।

इलाज

ऑन्कोलॉजिस्ट, डॉ. सचिन शेखर बिस्वाल के अनुसार, बढ़े हुए प्रोस्टेट यानी BPH का इलाज लक्षणों की गंभीरता के आधार पर किया जाता है। हल्की परेशानी होने पर डॉक्टर लाइफस्टाइल में बदलाव और नियमित निगरानी यानी मॉनिटरिंग की सलाह दे सकते हैं। जरूरत पड़ने पर पेशाब का फ्लो बेहतर करने वाली दवाएं या सर्जरी की जा सकती है। वहीं, प्रोस्टेट कैंसर का इलाज उसकी स्टेज, ग्रेड और मरीज की उम्र व हेल्थ के आधार पर तय होता है। इसमें एक्टिव सर्विलांस, सर्जरी, रेडिएशन थेरेपी, हार्मोन थेरेपी और कुछ मामलों में कीमोथेरेपी शामिल हो सकती है।

इसे भी पढ़ें: शुरुआती प्रोस्टेट कैंसर की मॉनिटरिंग के लिए MRI से कहीं बेहतर है यूरिन टेस्ट: स्टडी

निष्कर्ष

प्रोस्टेट कैंसर और बढ़ा हुआ प्रोस्टेट दोनों अलग-अलग समस्याएं हैं। BPH एक गैर-कैंसरकारी यानी नॉन-कैंसरस स्थिति है, जबकि प्रोस्टेट कैंसर में सेल्स की असामान्य बढ़ोतरी होती है। हालांकि, दोनों में पेशाब से जुड़ी कई परेशानियां एक जैसी हो सकती हैं। इसलिए केवल लक्षणों के आधार पर खुद से बीमारी का पता लगाने की कोशिश न करें। अगर आपको बार-बार पेशाब आने, कमजोर धार या पेशाब करने में परेशानी जैसी समस्या हो रही है, तो डॉक्टर से संपर्क करें। खासकर 50 साल से ज्यादा उम्र के पुरुषों और परिवार में प्रोस्टेट कैंसर का इतिहास रखने वाले लोगों को जांच और स्क्रीनिंग के बारे में डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए।

All Image Credit- magnific

FAQ

  • क्या बढ़ा हुआ प्रोस्टेट आगे चलकर कैंसर में बदल सकता है?

    नहीं, सामान्य रूप से बढ़ा हुआ प्रोस्टेट यानी BPH प्रोस्टेट कैंसर में नहीं बदलता है। हालांकि, दोनों समस्याएं एक ही व्यक्ति को एक साथ हो सकती हैं।
  • क्या प्रोस्टेट की समस्या होने पर पेशाब पूरी तरह रुक सकता है?

    हां, गंभीर BPH के कारण मूत्रमार्ग में रुकावट हो सकती है और कुछ मामलों में पेशाब पूरी तरह बंद हो सकता है। ऐसी स्थिति में तुरंत मेडिकल हेल्प लेनी चाहिए।
  • क्या प्रोस्टेट कैंसर होने पर वजन कम होने लगता है?

    एडवांस प्रोस्टेट कैंसर में बिना कोशिश के वजन कम होना, भूख कम लगना और थकान जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं।

Read Next

पिता या भाई को प्रोस्टेट कैंसर रहा है तो आपको कितना खतरा? जानें कब करवानी चाहिए जांच

Disclaimer

इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।

Akanksha Tiwari

Health & Lifestyle Journalist

आकांक्षा तिवारी पिछले 6 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं, जिनमें से करीब 3 साल उन्होंने हेल्थ जर्नलिज्म को दिए हैं। फिलहाल वह OnlyMyHealth में सीनियर सब एडिटर के तौर पर काम कर रही हैं। वह पोषण, आयुर्वेद, प्रेगनेंसी, हार्ट हेल्थ और फिटनेस जैसे विषयों पर लिखती हैं और स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारी को प्रमाणित स्रोतों और रिसर्च के आधार पर सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास करती हैं। जिन लेखों में मेडिकल पुष्टि जरूरी होती है, उन्हें प्रकाशित होने से पहले विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा रिव्यू किया जाता है। OnlyMyHealth से पहले वह India TV, India Ahead और News Nation के साथ काम कर चुकी हैं। Editorial Policy: आकांक्षा द्वारा लिखे गए सभी लेखों की हमारी संपादकीय टीम द्वारा तथ्य-जांच की जाती है और आवश्यकता पड़ने पर संबंधित विषय विशेषज्ञों द्वारा समीक्षा की जाती है।

Read More..

How we keep this article up to date:

We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.

  • Current Version

    Nov 24, 2026 16:31 IST

    Published By : Akanksha Tiwari
    Reviewed By : Dr Sachin Sekhar Biswal