Mon Nov 23, 2026 | 11:07 AM IST

Medically Reviewed by Dr Sachin Sekhar Biswal , Consultant – Medical Oncology

पेशाब में कोई परेशानी नहीं, फिर भी हो सकता है प्रोस्टेट कैंसर? पुरुषों को जरूर पता होनी चाहिए ये 3 बातें

पेशाब नॉर्मल होने का मतलब यह नहीं होता है कि प्रोस्टेट कैंसर नहीं हो सकता है। यहां डॉक्टर से जानिए, शुरुआती प्रोस्टेट कैंसर में लक्षण क्यों दिखाई नहीं देते और पुरुषों को किन 5 जरूरी बातों का ध्यान रखना चाहिए।
पेशाब में कोई परेशानी नहीं, फिर भी हो सकता है प्रोस्टेट कैंसर? पुरुषों को जरूर पता होनी चाहिए ये 3 बातेंपेशाब में कोई परेशानी नहीं, फिर भी हो सकता है प्रोस्टेट कैंसर? पुरुषों को जरूर पता होनी चाहिए ये 3 बातें

क्या आपको पेशाब सामान्य रूप से आता है और रात में भी बार-बार बाथरूम जाने की जरूरत नहीं पड़ती? अगर हां, तो इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि आपको प्रोस्टेट कैंसर नहीं हो सकता है। दरअसल, पुरुषों में होने वाला प्रोस्टेट कैंसर शुरुआती स्टेज में बिना किसी स्पष्ट लक्षण के भी विकसित हो सकता है। यही वजह है कि कई पुरुषों को इस बीमारी का पता काफी देर से चलता है। मणिपाल अस्पताल भुवनेश्वर के सलाहकार मेडिकल ऑन्कोलॉजिस्ट, डॉ. सचिन शेखर बिस्वाल के अनुसार, अक्सर पुरुष पेशाब में जलन, दर्द, कमजोर धार या बार-बार पेशाब आने जैसी समस्याओं को ही प्रोस्टेट कैंसर से जोड़कर देखते हैं लेकिन बीमारी की शुरुआत में इनमें से कोई भी लक्षण नजर न आए, तब भी कैंसर होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता है।

बिना पेशाब की परेशानी के भी प्रोस्टेट कैंसर हो सकता है?

ऑन्कोलॉजिस्ट, डॉ. सचिन शेखर बिस्वाल के अनुसार, पुरुषों को प्रोस्टेट कैंसर से जुड़ी कुछ जरूरी बातें पता होनी चाहिए, ताकि समय रहते इसकी पहचान और इलाज किया जा सके।

1. बिना लक्षणों के प्रोस्टेट कैंसर

ऑन्कोलॉजिस्ट, डॉ. सचिन शेखर बिस्वाल बताते हैं कि प्रोस्टेट कैंसर की सबसे बड़ी समस्या यह है कि शुरुआती अवस्था में इसके लक्षण दिखाई नहीं देते हैं। कई पुरुषों को पेशाब सामान्य रूप से आता रहता है और उन्हें किसी तरह का दर्द या परेशानी भी महसूस नहीं होती। ऐसा इसलिए होता है क्योंकि शुरुआती कैंसर प्रोस्टेट ग्रंथि तक सीमित हो सकता है और आस-पास के अंगों पर दबाव नहीं डालता। इसलिए यह जरूरी नहीं है कि पेशाब में परेशानी होने पर ही प्रोस्टेट कैंसर की आशंका हो। कई बार नियमित हेल्थ चेकअप के दौरान भी इसका पता चल सकता है।

2. पेशाब से जुड़ी समस्याएं हमेशा कैंसर का संकेत नहीं होतीं

बार-बार पेशाब आना, रात में कई बार पेशाब के लिए उठना, पेशाब शुरू करने में परेशानी होना या धार कमजोर होना प्रोस्टेट से जुड़ी समस्याओं के लक्षण हो सकते हैं। हालांकि, इनका मतलब हमेशा प्रोस्टेट कैंसर नहीं होता है। बढ़ती उम्र में प्रोस्टेट ग्रंथि का आकार बढ़ना यानी बिनाइन प्रोस्टेटिक हाइपरप्लासिया (BPH) भी इन परेशानियों की वजह बन सकता है। इसलिए ऐसे लक्षणों को नजरअंदाज करने के बजाय डॉक्टर से जांच करवानी चाहिए।

इसे भी पढ़ें: प्रोस्टेट और टेस्टिकुलर कैंसर के बीच क्या अंतर है? डॉक्टर से समझें

3. उम्र बढ़ने के साथ बढ़ जाता है प्रोस्टेट कैंसर का खतरा

प्रोस्टेट कैंसर का एक प्रमुख जोखिम कारक बढ़ती उम्र है। खासकर 50 साल के बाद पुरुषों में इसका खतरा बढ़ने लगता है। इसके अलावा, अगर परिवार में पिता या भाई को प्रोस्टेट कैंसर रहा है, तो व्यक्ति में इसका जोखिम ज्यादा हो सकता है। कुछ आनुवंशिक बदलाव भी इस बीमारी की आशंका बढ़ा सकते हैं। इसलिए जिन पुरुषों के परिवार में पहले प्रोस्टेट कैंसर का इतिहास रहा है, उन्हें अपनी जांच और स्क्रीनिंग को लेकर डॉक्टर से पहले ही सलाह लेनी चाहिए।

prostate cancer without urinaryprostate cancer without urinary

साल 2013 में European Journal of Medical Research में प्रकाशित स्टडी के अनुसार, प्रोस्टेट के निचले हिस्से से शुरू होने वाला प्रोस्टेट कैंसर मूत्राशय में फैलकर अक्सर मूत्राशय के कैंसर जैसा दिख सकता है, जिससे शुरुआती जांच में कंफ्यूजन की आशंका रहती है। आपातकालीन या सामान्य लक्षणों में दोनों के बीच अंतर करना चुनौतीपूर्ण हो सकता है। इसलिए बेसल प्रोस्टेट कैंसर की सटीक पहचान के लिए सीरम पीएसए जांच और डिजिटल रेक्टल परीक्षण के साथ ट्रांसरेक्टल अल्ट्रासाउंड, एमआरआई और प्रोस्टेट नीडल बायोप्सी का साथ में उपयोग बेहद कारगर साबित होता है।

PSA टेस्ट से शुरुआती कैंसर का पता लगाने में मिल सकती है मदद

ऑन्कोलॉजिस्ट, डॉ. सचिन शेखर बिस्वाल बताते हैं कि प्रोस्टेट कैंसर की जांच के लिए PSA (प्रोस्टेट स्पेसिफिक एंटीजन) ब्लड टेस्ट किया जाता है। इसमें खून में PSA नामक प्रोटीन का लेवल मापा जाता है, जो प्रोस्टेट ग्रंथि से बनता है। इसका लेवल बढ़ने पर प्रोस्टेट कैंसर की आशंका हो सकती है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि व्यक्ति को कैंसर ही है। प्रोस्टेट में सूजन, इंफेक्शन और गैर-कैंसरकारी बढ़ोतरी के कारण भी PSA का लेवल बढ़ सकता है। जरूरत पड़ने पर डॉक्टर डिजिटल रेक्टल एग्जामिनेशन (DRE), MRI या बायोप्सी जैसी जांच कराने की सलाह दे सकते हैं। स्क्रीनिंग करवाने का फैसला उम्र, पारिवारिक इतिहास को ध्यान में रखकर करना चाहिए।

इसे भी पढ़ें: सबसे खतरनाक कैंसर कौन से हैं? जानिए दुनिया के टॉप 3 जानलेवा कैंसर के बारे में

क्या प्रोस्टेट कैंसर ठीक हो सकता है?

ऑन्कोलॉजिस्ट, डॉ. सचिन शेखर बिस्वाल के अनुसार, प्रोस्टेट कैंसर की समय पर पहचान होने से इलाज के बेहतर विकल्प मिल सकते हैं। शुरुआती स्टेज में बीमारी होने पर डॉक्टर मरीज की उम्र, कैंसर की स्थिति, ग्रेड और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं के आधार पर इलाज तय करते हैं। इसमें सर्जरी, रेडिएशन थेरेपी या कुछ मामलों में एक्टिव सर्विलांस यानी नियमित निगरानी का विकल्प शामिल हो सकता है। वहीं, अगर कैंसर शरीर के दूसरे हिस्सों तक फैल चुका है, तो हार्मोन थेरेपी, कीमोथेरेपी और अन्य टारगेटेड इलाज की जरूरत पड़ सकती है। इसलिए समय पर जांच करवाना और डॉक्टर की सलाह का पालन करना बेहद जरूरी है।

निष्कर्ष

प्रोस्टेट कैंसर होने पर हर पुरुष को पेशाब से जुड़ी परेशानी हो, यह जरूरी नहीं है। कई बार शुरुआती अवस्था में इस बीमारी के कोई स्पष्ट लक्षण दिखाई नहीं देते। इसलिए 50 साल की उम्र के बाद पुरुषों को अपने प्रोस्टेट स्वास्थ्य को लेकर जागरूक रहना चाहिए। अगर परिवार में प्रोस्टेट कैंसर का इतिहास है, तो डॉक्टर से पहले ही स्क्रीनिंग के बारे में बात करें। ध्यान रखें कि PSA टेस्ट अकेले कैंसर की पुष्टि नहीं करता, इसलिए इसकी रिपोर्ट का सही आकलन डॉक्टर से करवाना जरूरी है। समय पर जांच और सही इलाज से बीमारी को बेहतर तरीके से कंट्रोल किया जा सकता है।

All Image Credit- magnific

FAQ

  • क्या 40 साल की उम्र में भी प्रोस्टेट कैंसर हो सकता है?

    हां, कम उम्र के पुरुषों में भी प्रोस्टेट कैंसर हो सकता है, हालांकि 50 साल से कम उम्र में इसके मामले तुलनात्मक रूप से कम देखे जाते हैं।
  • क्या प्रोस्टेट कैंसर एक जानलेवा बीमारी है?

    प्रोस्टेट कैंसर कितना गंभीर होगा, यह उसके प्रकार, ग्रेड और स्टेज पर निर्भर करता है। शुरुआती अवस्था में पहचान होने पर इसके इलाज के अच्छे विकल्प मौजूद हैं।
  • क्या प्रोस्टेट कैंसर दूसरे अंगों तक फैल सकता है?

    हां, एडवांस स्टेज में प्रोस्टेट कैंसर हड्डियों, लिम्फ नोड्स और शरीर के दूसरे हिस्सों तक फैल सकता है। हड्डियों में दर्द इसकी एक संभावित समस्या हो सकती है।

Read Next

ऑस्टियोपोरोसिस में वॉकिंग या वेट ट्रेनिंग, डॉक्टर से जानें हड्डियों की मजबूती के लिए क्या है जरूरी?

Disclaimer

इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।

Akanksha Tiwari

Health & Lifestyle Journalist

आकांक्षा तिवारी पिछले 6 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं, जिनमें से करीब 3 साल उन्होंने हेल्थ जर्नलिज्म को दिए हैं। फिलहाल वह OnlyMyHealth में सीनियर सब एडिटर के तौर पर काम कर रही हैं। वह पोषण, आयुर्वेद, प्रेगनेंसी, हार्ट हेल्थ और फिटनेस जैसे विषयों पर लिखती हैं और स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारी को प्रमाणित स्रोतों और रिसर्च के आधार पर सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास करती हैं। जिन लेखों में मेडिकल पुष्टि जरूरी होती है, उन्हें प्रकाशित होने से पहले विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा रिव्यू किया जाता है। OnlyMyHealth से पहले वह India TV, India Ahead और News Nation के साथ काम कर चुकी हैं। Editorial Policy: आकांक्षा द्वारा लिखे गए सभी लेखों की हमारी संपादकीय टीम द्वारा तथ्य-जांच की जाती है और आवश्यकता पड़ने पर संबंधित विषय विशेषज्ञों द्वारा समीक्षा की जाती है।

Read More..

How we keep this article up to date:

We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.

  • Current Version

    Nov 23, 2026 11:03 IST

    Published By : Akanksha Tiwari
    Reviewed By : Dr Sachin Sekhar Biswal