सबसे खतरनाक कैंसर कौन से हैं? जानिए दुनिया के टॉप 3 जानलेवा कैंसर के बारे में

कैंसर खतरनाक और जानलेवा बीमारी है। WHO की मानें, तो केवल साल 2024 में 10 मिलियन लोगों की कैंसर की वजह से जान गई। इसका मतलब है कि हर 6 में से 1 व्यक्ति की मृत्यु का कारण कैंसर है। यही नहीं, कैंसर दुनिया भर में मृत्यु का एक प्रमुख कारण है। इसलिए, बहुत जरूरी है कि आपको कैंसर से जुड़ी जरूरी बातें पता हों। इस लेख में हम तीन सबसे खतरनाक और गंभीर कैंसर के बारे में जानेंगे। इस संबंध में जानने के लिए हमने Consultant Surgical Oncologist at TGH Onco Life Cancer Centre, Talegaon डॉ. उत्कर्ष अजगांवकर से बात की।
पैंक्रियाटिक कैंसर (अग्नाशय का कैंसर)
What Are The Top Three Worst Cancers
पैंक्रियाटिक कैंसर यानी अग्नाशय का कैंसर दुनिया के सबसे खतरनाक कैंसर में से एक है। आपको बता दें कि पैंक्रियाज पेट के ऊपरी हिस्से में आमाशय (Stomach) के ठीक पीछे स्थित होता है।। आमतौर पर पैंक्रियाज से जुड़ी किसी तरह की समस्या होने पर लोग इसकी जांच नहीं करवाते हैं। यही कारण है कि अक्सर गंभीर स्टेज में पहुंचने पर ही इसका पता चलता है। Hirshberg Foundation for Pancreatic Cancer Research के अनुसार सभी प्रमुख कैंसरों में पैंक्रियाटिक कैंसर (अग्नाशय का कैंसर) की मृत्यु दर सबसे अधिक है। वर्तमान में यह संयुक्त राज्य अमेरिका में फेफड़ों और कोलोन (आंत) के कैंसर के बाद कैंसर से होने वाली मौतों का तीसरा सबसे बड़ा कारण है।
इसे भी पढ़ें: क्या पैंक्रियाटिक कैंसर पूरी तरह ठीक हो सकता है? डॉक्टर से जानें स्टेज 1 से 4 तक इलाज के विकल्प
पैंक्रियाटिक कैंसर के लक्षण
इसके लक्षणों की बात करें, तो इसमें उल्टी, पेट में दर्द, मतली, ब्लीडिंग होना शामिल हैं। कुछ मामलों में मरीज को जॉन्डिस, बिना कोशिश के वजन का कम होना या बढ़ना और ब्लड शुगर की रेंज में उतार-चढ़ाव भी देखे जा सकते हैं। इसके अलावा, इसमें पाचन से जुड़ी समस्याएं होने लगती हैं, जिसे लोग सामान्य समझकर नजरअंदाज कर बैठते हैं। विशेषज्ञों की मानें, तो पैंक्रियाटिक कैंसर का अक्सर तब पता चलता है, जब यह आकार में काफी बढ़ जाता है और लिवर अथवा फेफड़ों जैसे अन्य अंगों में फैल चुका होता है।
इसके चेतावनी संकेतों में शामिल हैं-
- पीलियाः पैंक्रियाटिक कैंसर होने पर ट्यूमर इतना बड़ा हो जाता है कि वह बाइल डक्ट में अवरोध पैदा करने लगता है। नतीजतन, त्वचा और आंखें पीली नजर आने लगती हैं।
- लगातार दर्द होनाः इसके होने पर पेट के ऊपरी हिस्से में हल्का और लगातार दर्द बना रहता है, जो अक्सर पीठ के मध्य या ऊपरी हिस्से की ओर फैलता है।
- मेटाबोलिक बदलावः पैंक्रियाटिक कैंसर में बिना किसी वजह वजन कम होता है या बढ़ता है, अचानक भूख न लगना या अचानक से डायबिटीज (मधुमेह) का उभरना।
पैंक्रियाटिक कैंसर का इलाज
इस कैंसर का इलाज काफी चुनौतीपूर्ण होता है, क्योंकि पैंक्रियाटिक ट्यूमर अक्सर अपने चारों ओर एक घना, निशान जैसा टिश्यू बना लेते हैं, जो कीमोथेरेपी की दवाओं और इम्यून सेल्स को कैंसर तक पहुंचने से रोकता है। पैंक्रियाटिक कैंसर से छुटकारा पाने के लिए सर्जरी सबसे कारगर तरीका होता है। हालांकि, मरीज की स्थिति को देखते हुए डॉक्टर यह निर्णय लेते हैं कि मरीज की सर्जरी होनी है या नहीं।
इसे भी पढ़ें: क्या पैंक्रियाटिक कैंसर परिवार में फैलता है? डॉक्टर से जानें अपना जोखिम
स्मॉल-सेल लंग कैंसर (SCLC)
यह फेफड़ों के कैंसर का एक तेजी से बढ़ने वाला और सबसे आक्रामक प्रकार में से एक है। आमतौर पर जो लोग तंबाकू और धूम्रपान की लत होती है या जिनका इसका लंबा इतिहास रहा है, उन्हें यह बीमारी होने का रिस्क सबसे ज्यादा होता है। नॉन-स्मॉल सेल लंग कैंसर के विपरीत, स्मॉल-सेल लंग कैंसर की कोशिकाएं बहुत तेजी से विभाजित होती हैं और रक्तप्रवाह तथा लिम्फैटिक सिस्टम के माध्यम से तेजी से पूरे शरीर में फैलती हैं। इसलिए, जब मरीज को इस बीमारी के बारे में पता चलता है या डायग्नोस होता है, तब तक यह ब्रेन, लिवर या हड्डियों तक फैल (मेटास्टेसाइज) चुका होता है।
स्मॉल-सेल लंग कैंसर के लक्षण
चूंकि, इस कैंसर में भी शुरुआती स्तर में किसी भी तरह के लक्षण दिखाई नहीं देते हैं, इसलिए इसका पता चल पाना काफी मुश्किल होता है। यही कारण है कि श्वसन संबंधी लगातार होने वाले बदलावों को पहचानना बेहद जरूरी हो जाता है। इसके सामान्य नजर आने वाले लक्षणों की बात करें, तो-
- पुरानी खांसीः जब खांसी कई हफ्तों तक बनी रहती है या समय के साथ कंडीशन बिगड़ती जाती है और कभी-कभी खांसते हुए खून आ जाता है, या बलगम का रंग बदल जाता है, तो यह स्मॉल-सेल लंग कैंसर का लक्षण हो सकता है।
- सांस लेने में कठिनाईः सांस फूलना, घरघराहट होना या आवाज में भारीपन (बैठना) महसूस होना।
- बार-बार संक्रमणः सीने में दर्द और बिना किसी कारण थकान के साथ बार-बार ब्रोंकाइटिस या निमोनिया होना भी इसके लक्षणों में शुमार हैं।
स्मॉल-सेल लंग कैंसर का इलाज
SCLC का मुख्य इलाज सिस्टमिक कीमोथेरेपी और इम्यूनोथेरेपी (साथ में रेडिएशन) है। सर्जरी केवल बहुत ही दुर्लभ और शुरुआती (Limited-stage) मामलों में की जाती है। ऑन्कोलॉजिस्ट पूरे शरीर में कैंसर सेल्स को लक्षित करने के लिए कीमोथेरेपी के साथ इम्यूनोथेरेपी जैसे सिस्टमिक उपचारों पर निर्भर रहते हैं। इसे अक्सर सीने या ब्रेन में ट्यूमर की वृद्धि को कंट्रोल करने के लिए रेडिएशन थेरेपी के साथ जोड़ा जाता है। स्मॉल-सेल लंग कैंसर के सामान्य उपचारों की बात करें, तो जितना संभव हो सके ट्यूमर को उतने हिस्से से सुरक्षित रूप से निकालने की कोशिश की जाती है। इसके बाद लक्षित रेडिएशन थेरेपी और ओरल (खाने वाली) कीमोथेरेपी दी जाती है। इसके अलावा, जरूरत अनुसार ट्रीटमेंट में भी बदलाव किए जाते हैं।
इसे भी पढ़ें: लंग कैंसर की कौन-सी स्टेज है सबसे ज्यादा खतरनाक? जानें हर स्टेज के लक्षण और खतरे
कोलोरेक्टल कैंसर
Top Three Worst Cancers
अमेरिकी सरकार के National Cancer Institute की एक आधिकारिक कैंसर सांख्यिकी रिपोर्ट के अनुसार, कोलोरेक्टल यानी आंत का कैंसर भी सबसे खतरनाक कैंसर में से एक है। WHO के अनुसार कोलोरेक्टल कैंसर पूरे विश्व में तीसरा सबसे आम कैंसर है, जो कि कुल कैंसर मामलों में लगभग 10 फीसदी हिस्सा है और वैश्विक स्तर पर कैंसर से होने वाली मौतों का दूसरा सबसे बड़ा कारण है। मुख्य रूप से 50 वर्ष और उससे अधिक आयु के लोगों को कोलोरेक्टल कैंसर प्रभावित करता है। हालांकि अब युवाओं में भी इसके मामले बढ़ रहे हैं।
कोलोरेक्टल कैंसर के लक्षण
कोलोरेक्टल कैंसर होने पर शुरुआती समय में इतने सामान्य लक्षण नजर आते हैं कि लोग उन पर अधिक ध्यान नहीं देते हैं। इनमें-
- मल त्याग की आदतों में बदलावः कोलोरेक्टल कैंसर होने पर दस्त, कब्ज, या मल के आकार में बदलाव (जैसे मल का पतला होना) होने लगता है। यह समस्या हफ्तों तक बनी रहती है और कुछ मामलों में अधिक समय तक ऐसी परेशानी हो सकती है।
- मल में खून आनाः कोलोरेक्टल कैंसर के लक्षणों में मल में लाल या गहरा मैरून रंग का खून आना या काला व चिपचिपा (तारकोल जैसा) मल आना।
- पेट से जुड़ी समस्याः इस कैंसर में लगातार ऐंठन, गैस, सूजन (ब्लोटिंग) और पेट में दर्द जैसी समस्याएं बनी रहती हैं, जो कि सामान्य दवाओं से ठीक भी नहीं होती हैं।
- बिना कारण वजन कम होनाः कोलोरेक्टल कैंसर में बिना किसी प्रयास के वजन घटने लगता है। इस स्थिति में अक्सर लोगों को भूख नहीं लगती है और कुछ खाने का मन नहीं करता है।
- थकान और कमजोरीः कई तरह की बीमारियों में थकान और कमजोरी बनी रहती है। कोलोरेक्टल कैंसर में भी यह देखने को मिलता है। इसमें असामान्य रूप से थका हुआ, सुस्त या कमजोर महसूस करना, जो आयरन की कमी से होने वाले एनीमिया का संकेत हो सकता है।
कोलोरेक्टल (कोलोन) कैंसर का इलाज
कोलोन कैंसर का उपचार और ठीक होने की संभावना मुख्य रूप से इस बात पर निर्भर करती है कि कैंसर किस स्टेज का है। इसका मतलब है कि क्या यह केवल आंत की भीतरी परत तक सीमित है या लिम्फ नोड्स व शरीर के अन्य अंगों में फैल चुका है। सामान्यतः ट्यूमर को सर्जरी द्वारा पूरी तरह निकालना सबसे प्रभावी उपचार है और इससे मरीज के पूरी तरह स्वस्थ होने की संभावना बहुत अधिक रहती है।
निष्कर्ष
WHO की रिपोर्ट के अनुसार सबसे आम कैंसर देशों के बीच भिन्न होते हैं और 26 देशों में महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर सबसे आम कैंसर है। इसलिए, इनकी कोई सुनिश्चित सूची नहीं होती है। हालांकि, उपरोक्त बताए गए सभी कैंसर जानलेवा और खतरनाक हैं, जिनका अक्सर एडवांस स्टेज में पता चलता है। इसलिए, बहुत जरूरी है कि हर व्यक्ति समय-समय पर अपनी जांच करवाता रहे। विशेषकर, जिन लोगों के परिवार में कैंसर का इतिहास है, उन्हें इसके प्रति जरा भी लापरवाही नहीं करनी चाहिए।
All Image Credit: Magnific
FAQ
कोलोरेक्टल कैंसर की समय रहते पहचान करने के लिए कौन-सा स्क्रीनिंग टेस्ट किया जाता है?
Colonoscopy और स्टूल ऑकल्ट ब्लड टेस्ट (FOBT/FIT) कोलोरेक्टल कैंसर और प्री-कैंसरस पॉलीप्स की शुरुआती चरण में पहचान करने के लिए सबसे सटीक टेस्ट हैं।क्या धूम्रपान न करने वालों को भी लंग कैंसर हो सकता है?
पैसिव स्मोकिंग, वायु प्रदूषण (PM 2.5), रेडॉन गैस और एस्बेस्टस के संपर्क में आने से धूम्रपान न करने वालों को भी लंग कैंसर हो सकता है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Nov 19, 2026 17:08 IST
Published By : Meera Tagore
Reviewed By : Dr Utkarsh Ajgaonkar