Mon Nov 16, 2026 | 05:23 PM IST

Medically Reviewed by Dr Sachin Sekhar Biswal , Consultant – Medical Oncology

क्या लंग कैंसर का इलाज संभव है? जानें स्टेज 1 से 4 तक इलाज के विकल्प और बचने की संभावनाएं

लंग कैंसर का इलाज संभव है, लेकिन इसकी सफलता कैंसर के प्रकार, स्टेज और मरीज की सेहत पर निर्भर करती है। यहां डॉक्टर से जानिए, स्टेज 1, 2, 3 और 4 तक इलाज के विकल्प और बचने की संभावनाएं क्या हैं?
क्या लंग कैंसर का इलाज संभव है? जानें स्टेज 1 से 4 तक इलाज के विकल्प और बचने की संभावनाएंक्या लंग कैंसर का इलाज संभव है? जानें स्टेज 1 से 4 तक इलाज के विकल्प और बचने की संभावनाएं

लंग कैंसर यानी फेफड़ों का कैंसर एक गंभीर बीमारी है, जिसका नाम सुनते ही ज्यादातर लोगों के मन में डर पैदा हो जाता है। कई लोगों को लगता है कि फेफड़ों का कैंसर होने का मतलब जिंदगी खत्म होना है, लेकिन ऐसा हमेशा नहीं होता। मेडिकल साइंस में हुई तरक्की के कारण आज लंग कैंसर के इलाज के कई विकल्प मौजूद हैं। Lung Cancer Awareness Month के खास मौके पर मणिपाल अस्पताल भुवनेश्वर के सलाहकार मेडिकल ऑन्कोलॉजिस्ट, डॉ. सचिन शेखर बिस्वाल बताते हैं कि अगर इस बीमारी का पता शुरुआती स्टेज में चल जाए, तो मरीज के पूरी तरह ठीक होने की संभावना भी रहती है। हालांकि, कैंसर किस स्टेज में है, वह कितना फैल चुका है और मरीज की फिजिकल कंडीशन कैसी है, इन सभी बातों पर इलाज की सफलता निर्भर करती है।

क्या लंग कैंसर का इलाज संभव है?

ऑन्कोलॉजिस्ट, डॉ. सचिन शेखर बिस्वाल के अनुसार, फेफड़ों का कैंसर पूरी तरह ठीक हो सकता है, खासकर जब इसका पता शुरुआती स्टेज में चल जाए। स्टेज 1 में कैंसर आमतौर पर फेफड़ों तक सीमित रहता है। इस दौरान सर्जरी के जरिए ट्यूमर को निकालकर मरीज के लंबे समय तक ठीक रहने की संभावना बढ़ाई जा सकती है। हालांकि, कैंसर की हर स्टेज में इलाज का उद्देश्य अलग हो सकता है। शुरुआती स्टेज में जहां कैंसर को पूरी तरह खत्म करने की कोशिश की जाती है, वहीं एडवांस स्टेज में बीमारी को बेहतर तरीके से कंट्रोल में बनाए रखने की प्राथमिकता होती है।

1. स्टेज 1 लंग कैंसर का इलाज कैसे होता है?

ऑन्कोलॉजिस्ट, डॉ. सचिन शेखर बिस्वाल बताते हैं कि लंग कैंसर की स्टेज 1 शुरुआती अवस्था होती है। इस दौरान कैंसर का आकार छोटा होता है और यह आमतौर पर आस-पास के लिम्फ नोड्स तक नहीं फैला होता है। डॉक्टर के अनुसार, इस स्टेज में सर्जरी इलाज का प्रमुख विकल्प होती है।

  • सर्जरी के दौरान फेफड़ों के उस हिस्से को हटाया जाता है, जिसमें कैंसर मौजूद होता है।
  • कुछ मरीजों में सर्जरी के बाद लंबे समय तक हेल्दी रहने की संभावना होती है।
  • अगर मरीज की सेहत सर्जरी के अनुकूल नहीं है, तो रेडिएशन थेरेपी भी एक विकल्प हो सकती है।

2. स्टेज 2 लंग कैंसर का इलाज क्या है?

स्टेज 2 में कैंसर पहले की तुलना में थोड़ा आगे बढ़ चुका होता है। इस स्टेज में भी सर्जरी की जा सकती है, लेकिन कैंसर के दोबारा लौटने का जोखिम कम करने के लिए सर्जरी के बाद कीमोथेरेपी की जरूरत पड़ सकती है।

  • कीमोथेरेपी में दवाओं की मदद से कैंसर सेल्स को खत्म करने या उनकी बढ़ोतरी रोकने की कोशिश की जाती है।
  • कुछ मरीजों में इम्यूनोथेरेपी या टारगेटेड थेरेपी पर भी सोचा किया जा सकता है।

इसे भी पढ़ें: सिगरेट छोड़ते ही फेफड़ों को मिलने लगते हैं फायदे, डॉक्टर से जानें कितने समय बाद लंग कैंसर का खतरा होता है कम?

Is Lung Cancer CurableIs Lung Cancer Curable

3. स्टेज 3 लंग कैंसर का इलाज कैसे किया जाता है?

ऑन्कोलॉजिस्ट, डॉ. सचिन शेखर बिस्वाल बताते हैं कि स्टेज 3 में कैंसर फेफड़ों के आस-पास के लिम्फ नोड्स या नजदीकी संरचनाओं तक फैल सकता है। इस स्टेज में इलाज थोड़ा जटिल हो जाता है।

  • डॉक्टर के अनुसार, इसमें कीमोथेरेपी और रेडिएशन थेरेपी का कॉम्बिनेशन इस्तेमाल किया जाता है।
  • कुछ मरीजों को इम्यूनोथेरेपी भी दी जा सकती है। वहीं कुछ चुनिंदा मरीजों में कीमोथेरेपी और रेडिएशन के बाद सर्जरी का विकल्प भी मौजूद होता है।
  • इलाज का चुनाव इस बात पर निर्भर करता है कि कैंसर कितना फैला है और मरीज की स्थिति क्या है।

4. स्टेज 4 लंग कैंसर का इलाज संभव है?

ऑन्कोलॉजिस्ट, डॉ. सचिन शेखर बिस्वाल के अनुसार, स्टेज 4 लंग कैंसर सबसे एडवांस स्टेज होती है। इसमें कैंसर फेफड़ों से निकलकर शरीर के दूसरे अंगों जैसे लिवर, हड्डियों या दिमाग तक फैल सकता है। इस स्थिति में आमतौर पर सर्जरी से कैंसर को पूरी तरह खत्म करना संभव नहीं होता है। डॉक्टर बताते हैं कि इस स्टेज में इलाज का मुख्य उद्देश्य कैंसर की बढ़ोतरी को कंट्रोल करना, लक्षणों को कम करना और मरीज की जीवन की क्वालिटी बेहतर बनाना होता है। इसके लिए कीमोथेरेपी, इम्यूनोथेरेपी और टारगेटेड थेरेपी का इस्तेमाल किया जा सकता है।

  • कुछ मरीजों में कैंसर की जेनेटिक जांच के आधार पर टारगेटेड थेरेपी दी जाती है।
  • अगर कैंसर में EGFR, ALK या अन्य खास जेनेटिक बदलाव मौजूद हों, तो उनके अनुसार दवाएं दी जा सकती हैं।
  • इससे बीमारी को कंट्रोल करने में मदद मिल सकती है।

Cancer Research Institute में प्रकाशित जानकारी के अनुसार, फेफड़ों के कैंसर के शुरुआती लक्षण अक्सर नजर नहीं आते, लेकिन समय के साथ खांसी का ठीक न होना, सीने में दर्द, सांस लेने में परेशानी, खून आना या बिना वजह वजन घटना जैसी समस्याएं हो सकती हैं। कैंसर के फैलने पर हड्डियों में दर्द या सिरदर्द भी हो सकता है। हालांकि, ये लक्षण दूसरी बीमारियों के कारण भी हो सकते हैं, इसलिए यदि कोई भी नया या लगातार रहने वाला लक्षण दिखाई दे, तो तुरंत डॉक्टर से बात करें। सही समय पर जांच और डॉक्टर की सलाह से किसी भी गंभीर स्थिति का समय रहते पता लगाया जा सकता है और बेहतर इलाज संभव है।

इसे भी पढ़ें: क्या बिना स्मोकिंग के भी हो सकता है फेफड़ों का कैंसर? जानें क्या कहते हैं डॉक्टर?

निष्कर्ष

फेफड़ों का कैंसर शुरुआती स्टेज में पहचान लिया जाए, तो इसके पूरी तरह ठीक होने की संभावना रहती है। स्टेज 1 और 2 में सर्जरी के साथ जरूरत के अनुसार कीमोथेरेपी से अच्छे रिजल्ट मिल सकते हैं। वहीं, स्टेज 3 में कीमोथेरेपी, रेडिएशन और इम्यूनोथेरेपी की मदद ली जाती है। स्टेज 4 में इलाज का उद्देश्य कैंसर को कंट्रोल करना और मरीज की जीवन की क्वालिटी को बेहतर बनाना होता है। इसलिए लगातार खांसी, खांसी में खून आना, सीने में दर्द या सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षणों को नजरअंदाज न करें और समय पर डॉक्टर से जांच करवाएं।

All Image Credit- magnific

FAQ

  • क्या सिगरेट छोड़ने के बाद भी लंग कैंसर हो सकता है?

    हां, सिगरेट छोड़ने के कई साल बाद भी लंग कैंसर होने का जोखिम पूरी तरह खत्म नहीं होता। हालांकि, सिगरेट छोड़ने से समय के साथ यह जोखिम कम होता जाता है।
  • क्या बिना सिगरेट पिए भी फेफड़ों का कैंसर हो सकता है?

    हां, धूम्रपान नहीं करने वाले लोगों को भी लंग कैंसर हो सकता है। वायु प्रदूषण, सेकेंड हैंड स्मोकऔर कुछ आनुवंशिक कारण इसके जोखिम को बढ़ा सकते हैं।
  • क्या लंग कैंसर एक फेफड़े से दूसरे फेफड़े में फैल सकता है?

    हां, लंग कैंसर दूसरे फेफड़े या शरीर के अन्य अंगों तक फैल सकता है। यह कैंसर के प्रकार और उसकी स्टेज पर निर्भर करता है।

Read Next

→ फल या सब्जी का एक हिस्सा सड़ जाए तो क्या खराब भाग काटकर बाकी खा सकते हैं? डायटिशियन से जानें

Disclaimer

इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।

Akanksha Tiwari

Health & Lifestyle Journalist

आकांक्षा तिवारी पिछले 6 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं, जिनमें से करीब 3 साल उन्होंने हेल्थ जर्नलिज्म को दिए हैं। फिलहाल वह OnlyMyHealth में सीनियर सब एडिटर के तौर पर काम कर रही हैं। वह पोषण, आयुर्वेद, प्रेगनेंसी, हार्ट हेल्थ और फिटनेस जैसे विषयों पर लिखती हैं और स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारी को प्रमाणित स्रोतों और रिसर्च के आधार पर सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास करती हैं। जिन लेखों में मेडिकल पुष्टि जरूरी होती है, उन्हें प्रकाशित होने से पहले विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा रिव्यू किया जाता है। OnlyMyHealth से पहले वह India TV, India Ahead और News Nation के साथ काम कर चुकी हैं। Editorial Policy: आकांक्षा द्वारा लिखे गए सभी लेखों की हमारी संपादकीय टीम द्वारा तथ्य-जांच की जाती है और आवश्यकता पड़ने पर संबंधित विषय विशेषज्ञों द्वारा समीक्षा की जाती है।

Read More..

How we keep this article up to date:

We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.

  • Current Version

    Nov 16, 2026 16:27 IST

    Published By : Akanksha Tiwari
    Reviewed By : Dr Sachin Sekhar Biswal