मेटास्टेटिक ब्रेस्ट कैंसर, जिसे स्टेज IV ब्रेस्ट कैंसर भी कहा जाता है, एक ऐसी गंभीर स्थिति है जिसमें कैंसर केवल स्तन तक सीमित नहीं रहता बल्कि शरीर के अन्य अंगों तक फैल जाता है। यशोदा हॉस्पिटल्स, हैदराबाद की कंसल्टेंट ऑब्स्टेट्रिशियन और गायनेकोलॉजिस्ट डॉ. एम. वी. ज्योत्सना के अनुसार, यह बीमारी तब विकसित होती है जब कैंसर कोशिकाएं ब्लड या लिंफेटिक सिस्टम के जरिए शरीर के दूर के हिस्सों जैसे हड्डियों, फेफड़ों, लिवर या मस्तिष्क तक पहुंच जाती हैं। यह स्थिति आमतौर पर पहले से इलाज हो चुके ब्रेस्ट कैंसर के दोबारा उभरने से जुड़ी होती है, लेकिन कुछ मामलों में यह शुरुआत में ही मेटास्टेटिक रूप में भी सामने आ सकती है।
मेटास्टेटिक ब्रेस्ट कैंसर क्या होता है?
मेटास्टेटिक ब्रेस्ट कैंसर वह अवस्था है जब स्तन में शुरू हुआ कैंसर शरीर के अन्य अंगों तक फैल जाता है। डॉ. एम. वी. ज्योत्सना बताती हैं कि यह फैलाव अचानक नहीं होता, बल्कि यह धीरे-धीरे विकसित होता है। कई बार कैंसर के सूक्ष्म सेल्स शरीर में छिपे रहते हैं और सालों बाद एक्टिव हो जाते हैं। यही कारण है कि जिन मरीजों का पहले ब्रेस्ट कैंसर का इलाज हो चुका होता है, उनमें भी कई साल बाद यह बीमारी दोबारा उभर सकती है।
साल 2022 की International Journal of Molecular Sciences में प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, ब्रेस्ट कैंसर का सबसे खतरनाक चरण तब होता है जब यह शरीर के दूसरे हिस्सों में फैल जाता है, जिसे मेटास्टेसिस कहा जाता है। यही कारण है कि ज्यादातर मामलों में मृत्यु का जोखिम बढ़ जाता है। अगर कैंसर को शुरुआती स्टेज में ही पहचान लिया जाए, तो इलाज ज्यादा असरदार हो सकता है और मरीज के जीवित रहने की संभावना भी बढ़ जाती है लेकिन समस्या यह है कि कई बार ब्रेस्ट कैंसर का पता तब चलता है जब यह पहले ही फैल चुका होता है। इस रिसर्च से यह भी पता चलता है कि कैंसर कोशिकाएं शरीर के अंदर के वातावरण से प्रभावित होकर ज्यादा आक्रामक बन जाती हैं और तेजी से फैलती हैं। इसलिए जरूरी है कि लोग नियमित जांच कराएं, लक्षणों को नजरअंदाज न करें और समय पर डॉक्टर से सलाह लें। सही जानकारी और नई टार्गेटेड थेरेपी की मदद से इस बीमारी को बेहतर तरीके से कंट्रोल किया जा सकता है।
मेटास्टेटिक ब्रेस्ट कैंसर के कारण
डॉ. एम. वी. ज्योत्सना बताती हैं कि इस बीमारी का सबसे बड़ा कारण है कैंसर कोशिकाओं का शरीर में फैलना। डॉ. ज्योत्सना के अनुसार, जब शुरुआती इलाज के दौरान कुछ कैंसर सेल्स पूरी तरह खत्म नहीं हो पाते, तो वे शरीर में निष्क्रिय अवस्था में रह सकते हैं। समय के साथ ये सेल्स दोबारा एक्टिव होकर तेजी से बढ़ने लगते हैं और अन्य अंगों तक पहुंच जाते हैं। यह फैलाव ब्लडस्ट्रीम या लिंफेटिक सिस्टम के जरिए होता है। ट्यूमर की प्रकृति, हार्मोन रिसेप्टर स्टेटस और जेनेटिक म्यूटेशन यह तय करते हैं कि कैंसर कितनी तेजी से फैलेगा।
इसे भी पढ़ें: क्या बच्चेदानी निकलावने से यूट्रस और एंडोमेट्रियल कैंसर का खतरा पूरी तरह खत्म हो जाता है? डॉक्टर से जानें
World Health Organization (WHO) के अनुसार, कैंसर के फैलने में जेनेटिक बदलाव और इम्यून सिस्टम की स्थिति अहम भूमिका निभाते हैं, जिससे कुछ लोगों में यह बीमारी ज्यादा आक्रामक रूप ले सकती है।
साल 2015 में Molecular and Clinical Oncology में प्रकाशित रिव्यू के अनुसार, कैंसर का मेटास्टेसिस एक जटिल प्रक्रिया है, जिसे वैज्ञानिक अभी भी पूरी तरह समझने की कोशिश कर रहे हैं। यह केवल कोशिकाओं के फैलने की प्रक्रिया नहीं है, बल्कि इसके पीछे कई कारण होते हैं, जैसे इम्यून सिस्टम का हमला, शरीर में ऑक्सीजन और पोषक तत्वों की कमी, ग्लाइकोलिसिस के कारण बनने वाला लैक्टिक एसिड और बढ़ती कोशिका मृत्यु (increased cell death)। ये सभी परिस्थितियां कैंसर कोशिकाओं को शरीर के अन्य हिस्सों में फैलने के लिए प्रेरित कर सकती हैं। इसलिए इलाज के दौरान सावधानी बरतना बेहद जरूरी है।
मेटास्टेटिक ब्रेस्ट कैंसर के लक्षण
इस बीमारी के लक्षण शुरुआत में हल्के हो सकते हैं, जिससे मरीज अक्सर उन्हें नजरअंदाज कर देते हैं। डॉ. ज्योत्सना बताती हैं कि सबसे आम लक्षणों में लगातार थकान, कमजोरी और बिना कारण वजन में बदलाव शामिल हैं। अगर कैंसर हड्डियों में फैलता है, तो लगातार दर्द और चलने-फिरने में परेशानी होती है। फेफड़ों में फैलने पर सांस फूलना और खांसी बढ़ जाती है। लिवर प्रभावित होने पर पेट से जुड़ी समस्याएं और पीलिया हो सकता है। मस्तिष्क में फैलने पर न्यूरोलॉजिकल लक्षण जैसे सिरदर्द, चक्कर, दृष्टि में बदलाव और दौरे पड़ सकते हैं।

National Cancer Institute की रिपोर्ट के अनुसार, मेटास्टेटिक कैंसर में लक्षण हर व्यक्ति में अलग हो सकते हैं और यह इस बात पर निर्भर करता है कि कैंसर शरीर के किस हिस्से में फैला है। कई मामलों में शुरुआत में कोई लक्षण नहीं दिखते या बहुत हल्के होते हैं, जिससे बीमारी की पहचान देर से हो पाती है।
इसे भी पढ़ें: क्या PCOS एंडोमेट्रियल कैंसर का खतरा बढ़ाता है? डॉक्टर से जानें
मेटास्टेटिक ब्रेस्ट कैंसर की जांच कैसे होती है?
इस बीमारी की सही पहचान के लिए कई तरह की जांच की जाती हैं। सबसे पहले डॉक्टर मरीज के लक्षणों और मेडिकल हिस्ट्री को समझते हैं। डॉ. ज्योत्सना के अनुसार, बायोप्सी इस बीमारी की पुष्टि के लिए सबसे जरूरी जांच होती है। इससे यह पता चलता है कि कैंसर कोशिकाएं किस प्रकार की हैं और उनका व्यवहार कैसा है।
1. इमेजिंग टेस्ट
CT स्कैन, MRI, PET स्कैन और बोन स्कैन जैसे टेस्ट से यह पता लगाया जाता है कि कैंसर शरीर में कहां-कहां फैला है।
2. बायोप्सी
किसी संदिग्ध जगह से टिश्यू लेकर जांच की जाती है ताकि यह कंफर्म किया जा सके कि यह मेटास्टेटिक ब्रेस्ट कैंसर ही है।
3. ब्लड टेस्ट
ब्लड टेस्ट के जरिए अंगों के फंक्शन और ट्यूमर मार्कर्स की जांच की जाती है।
इसे भी पढ़ें: प्रोस्टेट कैंसर क्या है, क्यों होता है और किसे होने की संभावना ज्यादा है? डॉक्टर से जानें
मेटास्टेटिक ब्रेस्ट कैंसर का इलाज
हालांकि मेटास्टेटिक ब्रेस्ट कैंसर पूरी तरह ठीक नहीं किया जा सकता, लेकिन इसका इलाज संभव है और इससे मरीज की जिंदगी बेहतर बनाई जा सकती है।
1. कीमोथेरेपी
यह कैंसर कोशिकाओं को नष्ट करने के लिए दवाओं का उपयोग करती है और पूरे शरीर पर असर डालती है।
2. हार्मोन थेरेपी
अगर कैंसर हार्मोन रिसेप्टर पॉजिटिव है, तो हार्मोन को ब्लॉक करके कैंसर की बढ़ोतरी को रोका जाता है।
3. टार्गेटेड थेरेपी
यह खास तरह की दवाएं होती हैं जो कैंसर सेल्स के खास हिस्सों को टारगेट करती हैं।
4. इम्यूनोथेरेपी
यह शरीर के इम्यून सिस्टम को मजबूत बनाकर कैंसर से लड़ने में मदद करती है।
5. रेडिएशन थेरेपी
इसका उपयोग दर्द कम करने और खास जगह पर कैंसर को कंट्रोल करने के लिए किया जाता है।
6. सर्जरी
कुछ मामलों में सर्जरी की भी जरूरत पड़ सकती है, लेकिन यह कम ही उपयोग होती है।
साल 2022 के Clinical & Experimental Metastasis में प्रकाशित रिव्यू के अनुसार, मेटास्टेटिक ब्रेस्ट कैंसर का इलाज एक जैसा नहीं होता, बल्कि यह हर मरीज की स्थिति पर निर्भर करता है। कैंसर शरीर के किस हिस्से में फैला है, उसकी प्रकृति क्या है और पहले कौन-कौन से इलाज हो चुके हैं, इन सभी बातों को ध्यान में रखकर डॉक्टर इलाज की योजना बनाते हैं। आमतौर पर इस स्थिति में पूरे शरीर पर असर करने वाली दवाओं का इस्तेमाल किया जाता है, जिन्हें सिस्टेमिक ट्रीटमेंट कहा जाता है, जैसे कीमोथेरेपी, हार्मोनल थेरेपी, टारगेटेड थेरेपी और इम्यूनोथेरेपी। कुछ मामलों में सर्जरी या रेडिएशन जैसे लोकल ट्रीटमेंट भी दिए जाते हैं, ताकि खास जगह के लक्षणों को कम किया जा सके। हालांकि यह बीमारी पूरी तरह ठीक नहीं होती।
डॉक्टर से कब मिलें?
मेटास्टेटिक ब्रेस्ट कैंसर के लक्षण अक्सर धीरे-धीरे सामने आते हैं और शुरुआत में सामान्य समस्याओं जैसे लग सकते हैं, लेकिन इन्हें नजरअंदाज करना खतरनाक हो सकता है। अगर किसी महिला या मरीज को लंबे समय तक लगातार थकान, कमजोरी, बिना वजह वजन कम होना या शरीर में दर्द बना रहता है, तो यह चेतावनी संकेत हो सकता है। खासकर अगर दर्द किसी एक जगह जैसे हड्डियों में लगातार बना रहे या बढ़ता जाए, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए। इसके अलावा, अगर सांस लेने में दिक्कत, लगातार खांसी, छाती में दर्द, पेट में सूजन, पीलिया या भूख कम लगने जैसे लक्षण दिखें, तो यह संकेत हो सकता है कि कैंसर शरीर के अन्य हिस्सों तक फैल चुका है। इसी तरह, सिरदर्द, चक्कर आना, दौरे पड़ना या बोलने-देखने में बदलाव जैसे लक्षण मस्तिष्क में फैलाव का संकेत हो सकते हैं।

डॉ. एम. वी. ज्योत्सना के अनुसार, जिन लोगों को पहले ब्रेस्ट कैंसर हो चुका है, उन्हें और भी ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत होती है। ऐसे मरीजों को नियमित फॉलो-अप और जांच कराते रहना चाहिए, ताकि अगर कैंसर दोबारा उभरे तो समय रहते पता चल सके। किसी भी असामान्य लक्षण को नजरअंदाज करने की बजाय तुरंत डॉक्टर से सलाह लेना ही सबसे सुरक्षित तरीका है।
निष्कर्ष
मेटास्टेटिक ब्रेस्ट कैंसर एक गंभीर स्थिति है, लेकिन सही जानकारी, समय पर पहचान और उचित इलाज के जरिए इसे काफी हद तक कंट्रोल किया जा सकता है। डॉ. एम. वी. ज्योत्सना के अनुसार, इस बीमारी से लड़ने के लिए जागरूकता और नियमित हेल्थ चेकअप बहुत जरूरी है। अगर लोग अपने शरीर के संकेतों को समझें और समय पर जांच कराएं, तो बीमारी को शुरुआती या कंट्रोल अवस्था में पकड़ा जा सकता है। आज के समय में कीमोथेरेपी, टार्गेटेड थेरेपी, इम्यूनोथेरेपी और अन्य इलाज के विकल्प मरीजों को बेहतर जीवन जीने में मदद कर रहे हैं।
FAQ
क्या मेटास्टेटिक ब्रेस्ट कैंसर पूरी तरह ठीक हो सकता है?
मेटास्टेटिक ब्रेस्ट कैंसर पूरी तरह ठीक नहीं होता, लेकिन सही इलाज से इसे लंबे समय तक कंट्रोल किया जा सकता है।मेटास्टेटिक ब्रेस्ट कैंसर कितनी तेजी से फैलता है?
यह हर व्यक्ति में अलग होता है और ट्यूमर के प्रकार, हार्मोन स्टेटस और इम्यून सिस्टम पर निर्भर करता है।क्या मेटास्टेटिक ब्रेस्ट कैंसर में दर्द हमेशा होता है?
कुछ मरीजों में मेटास्टेटिक ब्रेस्ट कैंसर की शुरुआत में दर्द नहीं होता, इसलिए अन्य लक्षणों पर भी ध्यान देना जरूरी है।क्या नियमित स्क्रीनिंग से मेटास्टेटिक कैंसर रोका जा सकता है?
स्क्रीनिंग से कैंसर को शुरुआती स्टेज में पकड़ा जा सकता है, जिससे मेटास्टेसिस का खतरा कम हो जाता है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Apr 23, 2026 21:58 IST
Modified By : Akanksha Tiwari Apr 23, 2026 21:58 IST
Published By : Akanksha Tiwari
Reviewed By : Dr M V Jyothsna