Tue Nov 24, 2026 | 02:18 PM IST

Medically Reviewed by Dr Sachin Sekhar Biswal , Consultant – Medical Oncology

पिता या भाई को प्रोस्टेट कैंसर रहा है तो आपको कितना खतरा? जानें कब करवानी चाहिए जांच

अगर आपके पिता या भाई को प्रोस्टेट कैंसर हो चुका है, तो आपको भी इस बीमारी का खतरा हो सकता है। यहां डॉक्टर से जानिए, फैमिली हिस्ट्री से प्रोस्टेट कैंसर का जोखिम कितना बढ़ता है और पुरुषों को किस उम्र से स्क्रीनिंग के बारे में डॉक्टर से बात करनी चाहिए?
पिता या भाई को प्रोस्टेट कैंसर रहा है तो आपको कितना खतरा? जानें कब करवानी चाहिए जांचपिता या भाई को प्रोस्टेट कैंसर रहा है तो आपको कितना खतरा? जानें कब करवानी चाहिए जांच

प्रोस्टेट कैंसर पुरुषों में होने वाले आम कैंसर में से एक है। बढ़ती उम्र के साथ इसका खतरा बढ़ता है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि अगर आपके पिता या भाई को प्रोस्टेट कैंसर रह चुका है, तो आपको भी इस बीमारी का जोखिम ज्यादा हो सकता है? मणिपाल अस्पताल भुवनेश्वर के सलाहकार मेडिकल ऑन्कोलॉजिस्ट, डॉ. सचिन शेखर बिस्वाल बताते हैं कि प्रोस्टेट कैंसर के मामलों में पारिवारिक इतिहास एक जोखिम कारक माना जाता है। ऐसे पुरुषों में सामान्य लोगों की तुलना में कम उम्र में भी इस बीमारी की आशंका बढ़ सकती है। चिंता की बात यह है कि शुरुआती अवस्था में प्रोस्टेट कैंसर के लक्षण दिखाई नहीं देते हैं।

परिवार में प्रोस्टेट कैंसर है तो आपको कितना खतरा है?

ऑन्कोलॉजिस्ट, डॉ. सचिन शेखर बिस्वाल बताते हैं कि शुरुआत में प्रोस्टेट कैंसर के लक्षण स्पष्ट नहीं होते। कई पुरुषों को पेशाब करने में कोई परेशानी नहीं होती, फिर भी उनमें कैंसर मौजूद हो सकता है। ऐसे में पारिवारिक इतिहास वाले पुरुषों के लिए सही उम्र पर स्क्रीनिंग करवाना बेहद जरूरी हो जाता है।

ऑन्कोलॉजिस्ट, डॉ. सचिन शेखर बिस्वाल के अनुसार, अगर किसी पुरुष के पिता या भाई को प्रोस्टेट कैंसर हुआ है, तो उसमें भी इस बीमारी का खतरा सामान्य पुरुषों की तुलना में ज्यादा हो सकता है। खासकर अगर परिवार के किसी सदस्य को कम उम्र में कैंसर हुआ हो या परिवार में एक से ज्यादा लोगों को यह बीमारी रही हो, तो जोखिम और बढ़ सकता है। ऐसा कुछ आनुवंशिक बदलावों के कारण हो सकता है, जो एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी में जा सकते हैं।

परिवार में कैंसर का इतिहास है तो कब करवाएं जांच?

ऑन्कोलॉजिस्ट, डॉ. सचिन शेखर बिस्वाल सलाह देते हैं कि आमतौर पर पुरुषों में 50 साल की उम्र के बाद प्रोस्टेट कैंसर का खतरा बढ़ने लगता है। हालांकि, जिन पुरुषों के पिता या भाई को यह बीमारी रही है, उन्हें सामान्य जोखिम वाले पुरुषों की तुलना में पहले स्क्रीनिंग के बारे में डॉक्टर से बात करनी चाहिए। ज्यादा जोखिम वाले पुरुष 40-45 साल की उम्र के आस-पास PSA स्क्रीनिंग पर बात कर सकते हैं। वहीं, जिनके परिवार में कम उम्र में प्रोस्टेट कैंसर के कई मामले रहे हैं, उन्हें इससे पहले भी एक्सपर्ट डॉक्टर की सलाह लेने की जरूरत पड़ सकती है। जांच शुरू करने की सही उम्र व्यक्ति के पारिवारिक इतिहास और अन्य जोखिम कारकों पर निर्भर करती है।

इसे भी पढ़ें: पेशाब की धार कमजोर या रुक-रुक कर आती है? डॉक्टर से जानें पुरुषों में इसके 7 कारण

National Cancer Institute में प्रकाशित जानकारी के अनुसार, प्रोस्टेट कैंसर एक बहुत ज्यादा आनुवंशिक रूप से जुड़ा रोग है, जिसमें लगभग 60 प्रतिशत तक जोखिम परिवार से मिलने वाले जीन कारकों से जुड़ा होता है। जिन परिवारों में इस कैंसर के मामले बार-बार देखे जाते हैं, वहां मीडियम से हाई जोखिम वाले आनुवंशिक बदलावों की संभावना ज्यादा रहती है। ऐसे परिवारों के सदस्यों के लिए जेनेटिक काउंसलिंग और जोखिम आकलन बेहद फायदेमंद साबित हो सकता है।

PSA ब्लड टेस्ट

ऑन्कोलॉजिस्ट, डॉ. सचिन शेखर बिस्वाल बताते हैं कि प्रोस्टेट कैंसर की स्क्रीनिंग के लिए PSA (प्रोस्टेट स्पेसिफिक एंटीजन) ब्लड टेस्ट किया जाता है। इस जांच में खून के सैंपल के जरिए PSA नामक प्रोटीन का लेवल चेक किया जाता है। प्रोस्टेट ग्रंथि इस प्रोटीन को बनाती है। अगर इसका लेवल सामान्य से ज्यादा है, तो डॉक्टर आगे की जांच कराने की सलाह दे सकते हैं। हालांकि, PSA का बढ़ना हमेशा कैंसर का संकेत नहीं होता है। प्रोस्टेट में सूजन, इंफेक्शन या सामान्य रूप से ग्रंथि का आकार बढ़ने पर भी इसका लेवल बढ़ सकता है। इसलिए रिपोर्ट को डॉक्टर से समझना जरूरी है।

Genetic Risk of Prostate CancerGenetic Risk of Prostate Cancer

सही रिपोर्ट आने पर नियमित निगरानी जरूरी

ऑन्कोलॉजिस्ट, डॉ. सचिन शेखर बिस्वाल का कहना है कि अगर किसी पुरुष की PSA रिपोर्ट सामान्य आती है, तो इसका मतलब यह नहीं है कि भविष्य में उसे प्रोस्टेट कैंसर नहीं हो सकता है। खासकर पारिवारिक इतिहास वाले पुरुषों को डॉक्टर की सलाह के अनुसार नियमित अंतराल पर जांच करवाते रहना चाहिए। PSA टेस्ट कितने समय बाद दोहराना है, यह व्यक्ति की उम्र, पिछली रिपोर्ट, पारिवारिक इतिहास और अन्य जोखिम कारकों के आधार पर तय किया जाता है। जरूरत पड़ने पर डॉक्टर डिजिटल रेक्टल एग्जामिनेशन (DRE), MRI और बायोप्सी जैसी जांच भी करा सकते हैं।

इसे भी पढ़ें: प्रोस्टेट और टेस्टिकुलर कैंसर के बीच क्या अंतर है? डॉक्टर से समझें

इन लक्षणों को बिल्कुल नजरअंदाज न करें

ऑन्कोलॉजिस्ट, डॉ. सचिन शेखर बिस्वाल सलाह देते हैं कि प्रोस्टेट कैंसर की शुरुआती स्टेज में कई बार कोई लक्षण नहीं दिखाई देता है लेकिन बीमारी बढ़ने पर पेशाब बार-बार आना, पेशाब शुरू करने में परेशानी, धार कमजोर होना या पेशाब में खून आने जैसी समस्याएं हो सकती हैं। कुछ मामलों में स्पर्म में खून, कमर, कूल्हों या हड्डियों में लगातार दर्द भी महसूस हो सकता है। हालांकि, इन लक्षणों का मतलब हमेशा कैंसर नहीं होता है। अगर ऐसी कोई परेशानी लगातार बनी हुई है, तो यूरोलॉजिस्ट या ऑन्कोलॉजिस्ट से संपर्क करना चाहिए।

निष्कर्ष

अगर आपके पिता, भाई या परिवार के किसी करीबी पुरुष सदस्य को प्रोस्टेट कैंसर रहा है, तो आपको इस बीमारी के जोखिम को लेकर सतर्क रहना चाहिए। पारिवारिक इतिहास होने का मतलब यह नहीं है कि आपको भी कैंसर होगा, लेकिन आपकी स्क्रीनिंग की जरूरत जोखिम वाले पुरुषों से अलग हो सकती है। इसलिए 40-45 साल की उम्र के आस-पास डॉक्टर से PSA टेस्ट और स्क्रीनिंग के सही समय के बारे में बात जरूर करें।

All Image Credit- magnific

FAQ

  • क्या परिवार में प्रोस्टेट कैंसर होने पर जेनेटिक टेस्ट करवाना चाहिए?

    हर व्यक्ति को जेनेटिक टेस्ट करवाने की जरूरत नहीं होती। हालांकि, कम उम्र में कैंसर होने या परिवार में कई लोगों को प्रोस्टेट कैंसर होने पर डॉक्टर जेनेटिक काउंसलिंग और टेस्ट की सलाह दे सकते हैं।
  • क्या प्रोस्टेट कैंसर एक से दूसरे पुरुष को फैल सकता है?

    नहीं, प्रोस्टेट कैंसर संक्रामक बीमारी नहीं है। यह छूने, साथ रहने, खाने-पीने या शारीरिक संपर्क से एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में नहीं फैलता।

Read Next

सर्दियों में रोज नहाना चाहिए या एक दिन छोड़कर, डॉक्टर से जानें स्किन हेल्थ के लिए क्या है ज्यादा सही?

Disclaimer

इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।

Akanksha Tiwari

Health & Lifestyle Journalist

आकांक्षा तिवारी पिछले 6 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं, जिनमें से करीब 3 साल उन्होंने हेल्थ जर्नलिज्म को दिए हैं। फिलहाल वह OnlyMyHealth में सीनियर सब एडिटर के तौर पर काम कर रही हैं। वह पोषण, आयुर्वेद, प्रेगनेंसी, हार्ट हेल्थ और फिटनेस जैसे विषयों पर लिखती हैं और स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारी को प्रमाणित स्रोतों और रिसर्च के आधार पर सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास करती हैं। जिन लेखों में मेडिकल पुष्टि जरूरी होती है, उन्हें प्रकाशित होने से पहले विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा रिव्यू किया जाता है। OnlyMyHealth से पहले वह India TV, India Ahead और News Nation के साथ काम कर चुकी हैं। Editorial Policy: आकांक्षा द्वारा लिखे गए सभी लेखों की हमारी संपादकीय टीम द्वारा तथ्य-जांच की जाती है और आवश्यकता पड़ने पर संबंधित विषय विशेषज्ञों द्वारा समीक्षा की जाती है।

Read More..

How we keep this article up to date:

We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.

  • Current Version

    Nov 24, 2026 13:48 IST

    Published By : Akanksha Tiwari
    Reviewed By : Dr Sachin Sekhar Biswal