सर्दियों में चेहरे पर स्क्रब करना चाहिए या नहीं? डॉक्टर से जानें क्या है सही तरीका

सर्दियों में ठंडी हवाओं और कम नमी के कारण स्किन की नमी कम होने लगती है। ऐसे में चेहरे पर डेड स्किन जमा होने की समस्या भी बढ़ सकती है। इससे छुटकारा पाने के लिए कई लोग फेस स्क्रब का इस्तेमाल करते हैं। कुछ लोगों का मानना है कि स्क्रब करने से चेहरे की गंदगी साफ होती है और स्किन पर निखार आता है लेकिन क्या सर्दियों में स्क्रब करना वाकई फायदेमंद है या इससे स्किन को नुकसान पहुंच सकता है? इस बारे में यशोदा हॉस्पिटल, हैदराबाद की सीनियर कंसल्टेंट डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. पद्मजा बताती हैं कि स्क्रब स्किन की ऊपरी लेयर पर जमा मृत कोशिकाओं यानी डेड स्किन सेल्स को हटाने में मदद करता है लेकिन सर्दियों में स्किन पहले से ही ड्राई और सेंसिटिव हो सकती है। ऐसे में बार-बार स्क्रब करने से चेहरे पर जलन, लालिमा और रूखापन बढ़ सकता है।
सर्दियों में चेहरे पर स्क्रब करना चाहिए या नहीं?
डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. पद्मजा के अनुसार, सर्दियों में स्क्रब करना पूरी तरह से बंद करने की जरूरत नहीं है। हालांकि, इस मौसम में स्क्रब का इस्तेमाल स्किन की जरूरत और उसके प्रकार को ध्यान में रखकर करना चाहिए। जिन लोगों की स्किन सामान्य या ऑयली है, वे सीमित मात्रा में स्क्रब कर सकते हैं। वहीं, ड्राई और सेंसिटिव स्किन वाले लोगों को स्क्रब का इस्तेमाल करते समय ज्यादा सावधानी बरतनी चाहिए।
सर्दियों में स्किन की नेचुरल नमी कम होने लगती है। ऐसे में बहुत ज्यादा स्क्रब करने से स्किन की ऊपरी प्रोटेक्टिव लेयर प्रभावित हो सकती है। इससे चेहरे पर ड्राईनेस, लालिमा, जलन और खुजली जैसी समस्याएं हो सकती हैं। इसलिए स्क्रब का इस्तेमाल केवल स्किन को साफ और एक्सफोलिएट करने के लिए ही करें, न कि रोजाना चेहरे को ग्लोइंग बनाने के लिए।
इसे भी पढ़ें: क्या आप चेहरे को जरूरत से ज्यादा स्क्रब कर रहे हैं? जानें स्किन बैरियर डैमेज के संकेत
सर्दियों में कितनी बार स्क्रब करना सही है?
डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. पद्मजा बताती हैं कि सर्दियों में स्क्रब कितने बार करना है यह आपकी स्किन टाइप पर निर्भर करता है। नॉर्मल स्किन वाले लोग सप्ताह में एक बार हल्के स्क्रब का इस्तेमाल कर सकते हैं। ऑयली स्किन वाले लोगों को भी जरूरत के अनुसार सप्ताह में एक या दो बार एक्सफोलिएशन की जरूरत हो सकती है। वहीं ड्राई और सेंसिटिव स्किन वालों के लिए बार-बार स्क्रब करना सही नहीं है।
अगर स्क्रब करने के बाद चेहरे पर खिंचाव, जलन या लालिमा महसूस होती है, तो इसका इस्तेमाल रोक देना चाहिए। स्किन को बार-बार एक्सफोलिएट करने से उसका नेचुरल बैरियर कमजोर हो सकता है। इसलिए सर्दियों में स्क्रब सीमित ही करना चाहिए।
Scrub on Face In Winter
साल 2024 में International Journal of Pharmaceutical Sciences में प्रकाशित रिसर्च के अनुसार, इमली पाउडर, भुने चने के छिलके और मुल्तानी मिट्टी जैसे नेचुरल तत्वों से तैयार हर्बल फेस स्क्रब के इस्तेमाल के रिजल्ट अच्छे मिले हैं। यह स्क्रब स्किन से तेल, धूल, डेड स्किन सेल्स और मुंहासों से जुड़ी अशुद्धियों को साफ करने में सहायक तत्वों के साथ बनाया गया है तथा जेल फॉर्मूलेशन में उचित पीएच और आसानी से धुलने जैसे मानकों पर खरा उतरा है। परीक्षणों में यह स्किन पर बिना किसी जलन या सूजन के अनुकूल पाया गया। कुल मिलाकर, यह नेचरल हर्बल स्क्रब स्किन की सफाई और देखभाल के लिए एक प्रभावी विकल्प सिद्ध हो सकता है।
सर्दियों में स्क्रब करने का सही तरीका क्या है?
- सर्दियों में स्क्रब करते समय कुछ बातों का ध्यान रखना जरूरी है। सबसे पहले चेहरे को हल्के और माइल्ड फेसवॉश से साफ करें।
- इसके बाद स्किन को हल्का गीला रखते हुए थोड़ी मात्रा में स्क्रब लें। इसे चेहरे पर बहुत हल्के हाथों से लगाएं। स्क्रब को चेहरे पर जोर-जोर से रगड़ने या मसाज करने से बचें।
- नाक, ठुड्डी और माथे जैसे हिस्सों पर भी बहुत ज्यादा दबाव न डालें। आंखों के आस-पास की नाजुक स्किन पर स्क्रब का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए।
- इसके बाद चेहरे को ताजे पानी से धो लें। बहुत गर्म पानी का इस्तेमाल करने से स्किन की ड्राईनेस बढ़ सकती है।
किन लोगों को सर्दियों में स्क्रब करने से बचना चाहिए?
डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. पद्मजा सलाह देती हैं कि अगर आपकी स्किन बहुत ज्यादा ड्राई, सेंसिटिव या पहले से ही लाल है, तो स्क्रब करने से बचना बेहतर है। इसके अलावा जिन लोगों को एक्जिमा, रोसैसिया या स्किन पर एक्टिव मुंहासों की समस्या है, उन्हें बिना डॉक्टर की सलाह के स्क्रब का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। चेहरे पर कट, घाव, सनबर्न या किसी तरह की जलन होने पर भी स्क्रब नहीं करना चाहिए। मुंहासों को स्क्रब से रगड़ने पर उनमें जलन बढ़ सकती है और स्किन को नुकसान पहुंच सकता है। ऐसे मामलों में डर्मेटोलॉजिस्ट की सलाह से ही एक्सफोलिएशन का तरीका चुनना चाहिए।
इसे भी पढ़ें: सर्दियों में कॉफी और ऑलिव ऑयल स्क्रब करने के फायदे और तरीका
निष्कर्ष
सर्दियों में स्क्रब करना पूरी तरह गलत नहीं है, लेकिन इसका इस्तेमाल स्किन टाइप और उसकी स्थिति के अनुसार करना चाहिए। जरूरत से ज्यादा स्क्रब करने से स्किन ड्राई, सेंसिटिव और बेजान हो सकती है। इसलिए हल्के स्क्रब का सीमित इस्तेमाल करें और इसके बाद मॉइश्चराइजर लगाना न भूलें। अगर आपकी स्किन पहले से ड्राई, लाल या संवेदनशील है, तो स्क्रब करने से पहले डर्मेटोलॉजिस्ट से सलाह जरूर लें।
All Image Credit- magnific
FAQ
क्या स्क्रब करने से चेहरे के ब्लैकहेड्स खत्म हो जाते हैं?
नहीं, स्क्रब करने से स्किन की सतह पर मौजूद कुछ गंदगी और डेड सेल्स हट सकती हैं, लेकिन यह ब्लैकहेड्स को पूरी तरह खत्म करने का तरीका नहीं है।क्या स्क्रब करने से चेहरे के खुले पोर्स बंद हो जाते हैं?
नहीं, स्क्रब करने से खुले पोर्स स्थायी रूप से बंद नहीं होते हैं।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Nov 26, 2026 16:55 IST
Published By : Akanksha Tiwari
Reviewed By : Dr Padmaja