Fri Nov 27, 2026 | 10:18 AM IST

Medically Reviewed by Dr Akshay Chugh

सावधान! बढ़ता BMI इन 7 बीमारियों को देता है न्योता, अभी हो जाएं सतर्क

बीएमआई बढ़ने से शरीर में मोटापे के साथ टाइप 2 डायबिटीज, हाई बीपी, हार्ट डिजीज और स्लीप एपनिया जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। यहां डॉक्टर से जानिए, बीएमआई बढ़ने से कौन-कौन सी बीमारियां होती हैं?
सावधान! बढ़ता BMI इन 7 बीमारियों को देता है न्योता, अभी हो जाएं सतर्क
disease caused by high BMI

लोग अक्सर बढ़ते वजन को केवल मोटापे या शरीर की बनावट से जोड़कर देखते हैं, लेकिन इसका असर आपकी सेहत पर भी पड़ सकता है। शरीर में जरूरत से ज्यादा फैट जमा होने पर कई तरह की बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। खासकर अगर आपका बीएमआई सामान्य सीमा यानी नॉर्मल रेंज से ज्यादा है, तो इसे नजरअंदाज करना भारी पड़ सकता है। मेट्रो हॉस्पिटल एंड हार्ट इंस्टीट्यूट, नोएडा के इंटरनल मेडिसिन और मेटाबोलिक डिसऑर्डर्स विभाग के डॉ. अक्षय चुघ के अनुसार, बढ़ा हुआ बीएमआई सिर्फ पेट निकलने या शरीर का आकार बढ़ने तक सीमित नहीं रहता। इसका असर शरीर के मेटाबॉलिज्म, हार्मोन, दिल और दूसरे अंगों पर भी पड़ सकता है। कुछ लोगों में इसके कारण ब्लड शुगर असंतुलित होने, नींद से जुड़ी परेशानियां और जोड़ों में दर्द जैसी समस्याएं भी देखने को मिल सकती हैं।

बीएमआई बढ़ने से कौन-कौन सी बीमारियां होती हैं?

डॉ. अक्षय चुघ बताते हैं कि अक्सर लोग बीएमआई को सिर्फ वजन मापने का एक तरीका समझते हैं, लेकिन यह सेहत से जुड़े कई जोखिमों का संकेत भी दे सकता है। इस बारे में विस्तार से जानने के लिए हमने डॉक्टर अक्षय चुघ से समझा कि BMI बढ़ने से कौन-कौन सी बीमारियां हो सकती हैं और इसे कंट्रोल रखना क्यों जरूरी है।

1. टाइप-2 डायबिटीज

डॉ. अक्षय चुघ के अनुसार, बीएमआई बढ़ने और शरीर में ज्यादा फैट जमा होने से इंसुलिन रेजिस्टेंस की समस्या हो सकती है। इस स्थिति में शरीर की सेल्स इंसुलिन के प्रति ठीक से रिएक्शन नहीं देती हैं। इसके कारण ब्लड शुगर का लेवल बढ़ने लगता है और टाइप-2 डायबिटीज होने का खतरा बढ़ सकता है। खासकर पेट के आस-पास जमा फैट इस जोखिम को बढ़ाने में बड़ी भूमिका निभाता है।

2. हाई ब्लड प्रेशर की समस्या

ज्यादा वजन होने पर दिल को शरीर में खून पहुंचाने के लिए ज्यादा मेहनत करनी पड़ सकती है। इसके अलावा मोटापा शरीर में हार्मोनल और मेटाबॉलिक बदलाव भी कर सकता है, जिससे ब्लड प्रेशर बढ़ने का जोखिम रहता है। लंबे समय तक हाई ब्लड प्रेशर रहने से दिल और किडनी पर बुरा असर पड़ सकता है।

इसे भी पढ़ें: क्या आप भी हर दूसरे दिन फूड आर्डर करके खाते हैं, जानें आपकी यह आदत स्वास्थ्य के लिए कितनी सही है?

3. दिल की बीमारियों का खतरा

बीएमआई ज्यादा होने पर शरीर में खराब कोलेस्ट्रॉल और ट्राइग्लिसराइड्स बढ़ने की आशंका हो सकती है। इसके साथ ही हाई ब्लड प्रेशर और डायबिटीज का जोखिम भी बढ़ता है। ये सभी कारक मिलकर हार्ट अटैक, हार्ट फेलियर और स्ट्रोक जैसी गंभीर समस्याओं का खतरा बढ़ा सकते हैं।

4. फैटी लिवर

डॉ. अक्षय चुघ बताते हैं कि शरीर में ज्यादा फैट जमा होने का असर लिवर पर भी पड़ सकता है। इससे लिवर की सेल्स में फैट जमा होने लगता है, जिसे मेटाबॉलिक डिसफंक्शन-एसोसिएटेड स्टीटोटिक लिवर डिजीज (MASLD) कहा जाता है। शुरुआत में इसके लक्षण स्पष्ट नहीं होते, लेकिन कुछ लोगों में समय के साथ लिवर में सूजन, फाइब्रोसिस और गंभीर स्थिति में सिरोसिस का जोखिम बढ़ सकता है।

5. स्लीप एपनिया

डॉ. अक्षय चुघ के अनुसार, मोटापा बढ़ने से गर्दन और गले के आस-पास फैट जमा हो सकता है। इससे सोते समय सांस लेने का रास्ता संकरा होने की आशंका रहती है। इसके कारण ऑब्स्ट्रक्टिव स्लीप एपनिया हो सकता है। इस समस्या में नींद के दौरान बार-बार सांस रुकने लगती है। इसके लक्षणों में तेज खर्राटे, रात में घुटन महसूस होना और दिनभर थकान रहना शामिल हैं।

disease-caused-by-BMI-high

6. जोड़ों में दर्द और ऑस्टियोअर्थराइटिस

ज्यादा वजन होने से घुटनों, कूल्हों और कमर के जोड़ों पर दबाव ज्यादा पड़ता है। इससे जोड़ों में दर्द, सूजन और चलने-फिरने में परेशानी हो सकती है। लंबे समय तक ज्यादा वजन रहने से ऑस्टियोअर्थराइटिस का जोखिम भी बढ़ सकता है। वजन कंट्रोल रखने से जोड़ों पर पड़ने वाला दबाव कम करने में मदद मिल सकती है।

7. किडनी की समस्याएं

डॉ. अक्षय चुघ बताते हैं कि मोटापा किडनी पर भी असर डाल सकता है। ज्यादा बढ़े हुए वजन के कारण हाई ब्लड प्रेशर और डायबिटीज होने का जोखिम बढ़ता है, जो किडनी को नुकसान पहुंचाने के प्रमुख कारण हैं। इसके अलावा मोटापे के कारण किडनी को सामान्य से ज्यादा मेहनत करनी पड़ सकती है। लंबे समय में इससे क्रॉनिक किडनी डिजीज का खतरा बढ़ सकता है।

इसे भी पढ़ें: वजन ज्यादा होने से पेशाब लीक होने का खतरा क्यों बढ़ सकता है? डॉक्टर ने बताई वजह

साल 2024 में eClinical Medicine जर्नल में प्रकाशित एनालिसिस के अनुसार, 1990 से 2021 के बीच ज्यादा बीएमआई यानी मोटापे के कारण होने वाली वैश्विक मौतों और बीमारियों का बोझ 2.5 गुना से ज्यादा बढ़ गया है, जो दुनिया भर के लिए एक गंभीर स्वास्थ्य चुनौती है। इसके प्रमुख कारणों में डायबिटीज, हार्ट डिजीज, हाई ब्लड प्रेशर से जुड़ी दिल की समस्याएं, क्रोनिक किडनी डिजीज, कमर दर्द और स्ट्रोक शामिल हैं। इस स्टडी में यह भी सामने आया कि निम्न-मध्यम सामाजिक-आर्थिक विकास वाले देशों में इसका असर सबसे तेजी से बढ़ा है। कुल मिलाकर, मोटापे से जुड़ी बीमारियों को रोकने के लिए नियमित निगरानी और समय पर स्वास्थ्य कदम उठाना बेहद जरूरी है।

BMI को कंट्रोल रखने के लिए क्या करें?

बीएमआई को हेल्दी लिमिट में रखने के लिए बैलेंस खान-पान और नियमित फिजिकल एक्टिविटी जरूरी है। अपनी डाइट में हरी सब्जियां, फल, साबुत अनाज, दालें और पर्याप्त प्रोटीन शामिल करें। ज्यादा तला-भुना खाना, शुगर से भरपूर ड्रिंक्स और प्रोसेस्ड फूड का सेवन सीमित करें।

  • इसके अलावा रोजाना कम से कम 30 मिनट तेज चलने, साइकिल चलाने या अपनी क्षमता के अनुसार एक्सरसाइज करने की आदत डालें।
  • पर्याप्त नींद लें और तनाव को कंट्रोल रखने की कोशिश करें।
  • अगर आपका वजन लगातार बढ़ रहा है, तो डॉक्टर या डाइटीशियन की सलाह से वजन घटाने की प्लानिंग बनाएं।

निष्कर्ष

बीएमआई बढ़ना केवल वजन बढ़ने का संकेत नहीं है, बल्कि यह कई गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं के जोखिम से भी जुड़ा हो सकता है। टाइप-2 डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर, दिल की बीमारी, फैटी लिवर और स्लीप एपनिया जैसी समस्याओं का खतरा ज्यादा वजन वाले लोगों में बढ़ सकता है। हालांकि, बीएमआई अकेले शरीर में फैट की मात्रा या बीमारी का सही आकलन नहीं करता। इसलिए नियमित हेल्थ चेकअप और डॉक्टर की सलाह को भी महत्व दें। समय रहते वजन कंट्रोल करके फ्यूचर में होने वाली कई स्वास्थ्य समस्याओं के जोखिम को कम किया जा सकता है।

All Image Credit- magnific

FAQ

  • क्या बीएमआई बढ़ने से शरीर में सूजन होती है?

    शरीर में अतिरिक्त फैट, खासकर पेट के आस-पास जमा फैट, लंबे समय तक हल्की सूजन (क्रॉनिक इन्फ्लेमेशन) से जुड़ा हो सकता है। इससे कई मेटाबॉलिक समस्याओं का जोखिम बढ़ सकता है।
  • क्या ज्यादा बीएमआई होने से फर्टिलिटी प्रभावित होती है?

    ज्यादा वजन पुरुषों और महिलाओं दोनों की फर्टिलिटी को प्रभावित कर सकता है। महिलाओं में ओव्यूलेशन और पुरुषों में हार्मोनल संतुलन पर इसका असर पड़ सकता है।
  • क्या बच्चों में भी बढ़ा हुआ बीएमआई खतरनाक होता है?

    हां, बच्चों और किशोरों में ज्याद वजन आगे चलकर डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का जोखिम बढ़ा सकता है।

Read Next

सर्दियों में नाक से खून आने के क्या कारण हैं? जानें कब डॉक्टर को दिखाना है जरूरी

Disclaimer

इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।

Akanksha Tiwari

Health & Lifestyle Journalist

आकांक्षा तिवारी पिछले 6 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं, जिनमें से करीब 3 साल उन्होंने हेल्थ जर्नलिज्म को दिए हैं। फिलहाल वह OnlyMyHealth में सीनियर सब एडिटर के तौर पर काम कर रही हैं। वह पोषण, आयुर्वेद, प्रेगनेंसी, हार्ट हेल्थ और फिटनेस जैसे विषयों पर लिखती हैं और स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारी को प्रमाणित स्रोतों और रिसर्च के आधार पर सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास करती हैं। जिन लेखों में मेडिकल पुष्टि जरूरी होती है, उन्हें प्रकाशित होने से पहले विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा रिव्यू किया जाता है। OnlyMyHealth से पहले वह India TV, India Ahead और News Nation के साथ काम कर चुकी हैं। Editorial Policy: आकांक्षा द्वारा लिखे गए सभी लेखों की हमारी संपादकीय टीम द्वारा तथ्य-जांच की जाती है और आवश्यकता पड़ने पर संबंधित विषय विशेषज्ञों द्वारा समीक्षा की जाती है।

Read More..

How we keep this article up to date:

We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.

  • Current Version

    Nov 27, 2026 09:36 IST

    Published By : Akanksha Tiwari
    Reviewed By : Dr Akshay Chugh