आमतौर पर लोग वैक्सीनेशन को लेकर अलर्ट रहते हैं और समय पर अपना वैक्सीन पूरा कराते हैं। वैक्सीनेशन को लेकर बड़ी जागरूकता के कारण लोग अब यह भी समझना चाहते हैं कि वैक्सीन का असर कैसा होगा और कितने साल तक रहेगा। ऐसे में जो लोग मोटापे से ग्रस्त होते हैं, उन्हें इस बात का स्ट्रेस रहता है कि कहीं मोटापे की वजह से वैक्सीन का असर कम तो नहीं होगा या इम्यूनिटी पर कितना असर पड़ेगा? इन सभी के बारे में जानने के लिए हमने Dr. Vineeta Singh Tandon, Senior Consultant – Internal Medicine, ISIC Multispeciality Hospital, Delhi से बात की।
उन्होंने बताया कि अक्सर लोग मोटापे को सिर्फ वजन से जोड़कर देखते हैं, लेकिन यह मेटाबोलिक कंडीशन है, जिसमें शरीर के लगभग हर अंग के साथ-साथ इम्यून सिस्टम के फंक्शन पर भी असर डाल सकती है। ऐसे में वैक्सीन के असर को समझना बहुत जरूरी है।
वैक्सीन शरीर में कैसे काम करती है?
Dr. Vineeta Singh Tandon कहती हैं, “जब वैक्सीन लगाई जाती है, तो शरीर उस बीमारी का इम्यून सिस्टम उस बीमारी के खिलाफ एंटीबॉडी बना लेता है। अगर भविष्य में उस खास बीमारी के वायरस या बैक्टीरिया शरीर पर हमला करते हैं, तो इम्यून सिस्टम उसे पहचानकर शरीर को बचाने का काम करता है। इसलिए गंभीर बीमारियों के रिस्क को कम करने के लिए वैक्सीन लगाने की सलाह दी जाती है।”
क्या मोटापा वैक्सीन के असर को प्रभावित करता है?
Dr. Vineeta Singh Tandon ने कहा, “ऐसा बिल्कुल नहीं है कि मोटापे से ग्रस्त लोगों में वैक्सीन काम नहीं करती, लेकिन वैक्सीन से बनने वाली इम्यूनिटी में फर्क पड़ सकता है। इस वजह से मोटापे से पीड़ित लोगों को संक्रमण से बचने के लिए कई बार बूस्टर डोज लगाने की सलाह देते हैं, ताकि शरीर की इम्यूनिटी बेहतर हो सके।”
रिसर्च क्या कहती है?
Vaccine में प्रकाशित स्टडी में इंफ्लूएंजा फ्लू वैक्सीन की इम्यूनिटी और मोटापे के कनेक्शन को देखा गया। इसमें इंफ्लूएंजा वैक्सीनेशन के बाद मोटापे से ग्रस्त लोगों की तुलना सामान्य वजन वाले ग्रुप से की गई। इसमें 2132 अध्ययनों में से 865 की स्क्रीनिंग की गई, जिसमें पाया गया कि वैक्सीनेशन के एक महीने बाद तक मोटापा इंफ्लूएंजा वैक्सीन से मिलने वाली इम्यूनिटी को नुकसान नहीं पहुंचाता, बल्कि यह एंटीबॉडी की प्रतिक्रिया को थोड़ा बढ़ा सकता है।
Vaccine में एक अन्य जर्नल में मोटापे से ग्रस्त लोगों में कोविड 19 वैक्सीन के असर को चेक किया गया। इसमें 12 में से 9 रिसर्च में पाया गया कि जिन लोगों का कमर का घेरा ज्यादा है, तो उनमें वैक्सीनेशन के बाद बनने वाले IgG एंटीबॉडी का स्तर कम पाया गया हैऔर मसय के साथ यह तेजी से घटता है।

यह भी पढ़ें- वैक्सीन के बावजूद चिकनपॉक्स हो जाए, तो क्या दोबारा टीका लगवाना चाहिए? जानें डॉक्टर की सलाह
क्या मोटापे से ग्रस्त लोगों को वैक्सीन लगवाने का कोई फायदा नहीं है?
Dr. Vineeta Singh Tandon कहती हैं, “मोटापे से ग्रस्त लोगों को तो समय-समय पर वैक्सीन लगवाना और भी जरूरी हो जाता है, क्योंकि मोटापे की वजह से कई गंभीर समस्याएं हो सकती हैं। इसमें टाइप 2 डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर, हार्ट से जुड़ी बीमारियां, फैटी लिवर और सांस संबंधी बीमारियां शामिल है। ऐसे में अगर बीमारी का वायरस शरीर में फैल जाए, तो बीमारी गंभीर रूप ले सकती है। इसलिए गंभीर इंफेक्शन से बचाव के लिए डॉक्टर ने जो वैक्सीन लगाने की सलाह दी है, उसे समय पर जरूर लगवाना चाहिए और अगर किसी बूस्टर डोज के लिए कहा गया है, तो उसे इग्नोर नहीं करना चाहिए।”
मोटापा इम्यून सिस्टम को क्यों प्रभावित करता है?
Dr. Vineeta Singh Tandon के मुताबिक, मोटापे में शरीर में एक्स्ट्रा फैट जमा होने लगता है और जो सिर्फ फैट टिश्यू ही नहीं होते, बल्कि कई तरह के सूजन बढ़ाने वाले केमिकल्स भी बनने लगते हैं। इस कारण शरीर में लगातार लो-ग्रेड क्रॉनिक इंफ्लेमेशन बनी रह सकती है। लंबे समय तक रहने वाली यह सूजन इम्यून सिस्टम के फंक्शन को प्रभावित कर सकती है। इस वजह से शरीर की संक्रमण से लड़ने की क्षमता और वैक्सीन के प्रति बनने वाली इम्यूनिटी दोनों पर असर पड़ सकता है।
वैक्सीन का बेहतर असर बनाए रखने के लिए क्या करें?
Dr. Vineeta Singh Tandon ने लोगों को सलाह दी है कि शरीर के इम्यून सिस्टम को मजबूत रखने के लिए लोगों को अपने लाइफस्टाइल में कुछ बदलाव करने चाहिए।
- डाइट में ताजे फल, हरी सब्जियां, साबुत अनाज, दालें, दूध और पर्याप्त प्रोटीन शामिल करें।
- डाइट में विटामिन, मिनरल्स और एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर चीजें लेने से इम्यून सिस्टम बेहतर होता है।
- रोजाना एक्सरसाइज, योग या ब्रिस्क वॉक जरूर करें।
- रोजाना 7 से 8 घंटे की अच्छी नींद लें।
- लंबे समय तक रहने वाला स्ट्रेस शरीर के इम्यून सिस्टम को कमजोर कर सकता है। इसलिए मेडिटेशन, योग, प्राणायाम के जरिए स्ट्रेस को कम किया जा सकता है।
- ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर या थायराइड को कंट्रोल में रखना चाहिए।
यह भी पढ़ें- जन्म से 5 साल तक बच्चों के लिए कौन-कौन सी वैक्सीन जरूरी हैं? डॉक्टर से जानें पूरा वैक्सीनेशन चार्ट
निष्कर्ष
वैक्सीनेशन समय पर लगाना चाहिए, चाहे वह सामान्य वजन का व्यक्ति है या मोटापे से ग्रस्त है। हालांकि, मोटापे से ग्रस्त लोगों को वैक्सीनेशन के समय बूस्टर डोज की भी बात करनी चाहिए। इसके अलावा, लोगों को वैक्सीनेशन के बेहतर प्रभाव के लिए अपने लाइफस्टाइल और डाइट में जरूर बदलाव करने चाहिए।
All Image Credit: Magnific
FAQ
क्या वजन कम करने से फायदा हो सकता है?
Dr. Vineeta Singh Tandon का मानना है कि अगर किसी का वजन सामान्य से ज्यादा है, तो उसे एक्सपर्ट से मदद लेकर अपने वजन को धीरे-धीरे कम करना चाहिए। अचानक डाइटिंग करने के बजाय बैलेंस्ड डाइट लें। अगर वजन हेल्दी होता है, तो वैक्सीन का असर भी पॉजिटिव होता है, साथ ही शरीर की पूरी कार्यक्षमता पर इसका प्रभाव पड़ता है।मोटापे से पीड़ित लोगों को वैक्सीनेशन के समय क्या ध्यान रखना चाहिए?
वैक्सीन की सही डोज और सुई की लंबाई का ध्यान रखना जरूरी है, ताकि दवा मांसपेशियों तक पहुंचे, न कि सिर्फ फैट में रह जाए। इसके लिए किसी अनुभवी से ही टीका लगवाएं।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Aug 04, 2026 16:23 IST
Modified By : Aneesh Rawat Aug 04, 2026 16:23 IST
Published By : Aneesh Rawat
Reviewed By : Dr Vineeta Singh Tandon