कमर की दाईं ओर दर्द के पीछे हो सकते हैं ये 5 कारण, जानें बचाव के उपाय

Causes Of Right Side Back Pain: कमर दर्द हर किसी को परेशान करती है, लेकिन हर बार इसे हल्का समझकर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। कई बार लोगों को कमर दर्द में यह समझ नहीं आता कि उन्हें लगातार दर्द किस ओर हो रहा है। दरअसल, कई बार कमर के किसी खास साइड में दर्द होना किसी गंभीर समस्या का संकेत हो सकता है। इसमें कमर के दाईं ओर दर्द होने का कारण कई गंभीर बीमारियों का कारण हो सकता है, क्योंकि शरीर के दाईं ओर लिवर, गॉलब्लैडर, किडनी, कोलन और छोटी आंत जैसे कई महत्वपूर्ण अंग होते हैं। कमर के दाईं ओर दर्द होने के कारणों को जानने के लिए हमने Dr. Srikanth Madikattu, Consultant, Orthopaedic Surgeon and Joint Replacement Surgeon, Manipal Hospital, Baner, Pune से बात की। उन्होंने बताया कि कमर के दाहिने हिस्से में दर्द (Right Side Back Pain Causes) होने का कारण रीढ़ की हड्डी से जुड़ी समस्याओं से जुड़ा हो सकता है।
कमर के दाहिने साइड में दर्द का कारण - Right Side Back Pain Causes In Hindi
Cleveland Clinic के मुताबिक, कमर के दाहिने हिस्से में दर्द होने के कई कारण हो सकते हैं, जिसमें उम्र से जुड़ी समस्याएं, मोटापा, कोई दुर्घटना का होना, प्रेग्नेंसी या मांसपेशियों में चोट लगना हो सकता है। कई लोगों को आनुवंशिक बीमारियों या सूजन के कारण भी दाईं ओर दर्द हो सकता है।
Dr. Srikanth Madikattu का कहना है कि अगर कमर के दाईं ओर लगातार दर्द हो रहा है, तो इसके गंभीर कारण भी हो सकते हैं। दर्द के कारणों को जानने के लिए डॉक्टर से चेकअप कराना जरूरी होता है। कई लोग घरेलू नुस्खों से दर्द को ठीक करने की कोशिश करते हैं, लेकिन ऐसा करना दर्द को गंभीर कर सकता है। आमतौर पर कमर के दाईं ओर दर्द होने के ये कारण हो सकते हैं।
1. इंटरवर्टेब्रल डिस्क डिजनरेशन (Intervertebral disc degeneration)
इंटरवर्टेब्रल डिस्क डिजनरेशन एक सामान्य स्थिति है जिसमें रीढ़ की हड्डियों को सहारा देने वाली डिस्क खराब हो जाती है। इसकी वजह से कोशिकाओं के बीच घर्षण बढ़ जाता है और कमर के दाहिने साइड में दर्द महसूस होता है। इस दौरान पीठ के निचले हिस्से की मांसपेशियां तनावग्रस्त हो जाती हैं जिसके कारण शरीर में कई बार सूजन भी महसूस होती है। सूजन से मांसपेशियों में ऐंठन होती है जिसके परिणामस्वरूप दर्द हो सकता है।
2. स्पाइन से जुड़ी दिक्कतें
कई बार पुरानी चोट के कारण रीढ़ की हड्डी के निचले हि्स्से में दर्द हो सकता है या फिर कई बार लोगों को स्कोलियोसिस या काइफोसिस की वजह से कमर के दाईं ओर दर्द हो सकता है। अगर कमर के निचले हिस्से में लगातार दर्द हो रहा है, तो यह रीढ़ की हड्डी से जुड़ा हो सकता है। कई लोगों को लंबे समय तक बैठने या गलत पोस्चर के कारण रीढ़ की हड्डी में दर्द हो सकता है। इसलिए समय रहते डॉक्टर से चेकअप कराना जरूरी हो जाता है।
3. साइटिका
साइटिक नर्व में कंप्रेशन के कारण भी पीठ के दाहिने हिस्से और खासतौर पर कमर में दर्द होता है। यह तंत्रिका है जो नितंबों और आपके पैर के पिछले हिस्से से होकर गुजरती है। आमतौर पर एक हर्नियेटेड डिस्क, बोन स्पर या स्पाइनल स्टेनोसिस के कारण होता है जो साइटिक नर्व को नुकसान पहुंचाता है। साइटिका आमतौर पर शरीर के केवल एक तरफ को प्रभावित करती है। यह एक बिजली या जलन कम पीठ दर्द का कारण बनता है जो आपको उठने, बैठने और सोने के दौरान तेजी से महसूस हो सकता है।
right side back pain causes
यह भी पढ़ें- क्या गलत पोश्चर से रीढ़ की हड्डी हमेशा के लिए खराब हो सकती है? डॉक्टर से जानें कितना है खतरा
4. हर्नियेटेड डिस्क
हर्नियेटेड डिस्क तब होती है जब आपकी कोशिकाओं में अचानक से चोट लग जाती है या फिर सुन्नता या कमजोरी होती है। इसमें उभरा हुआ डिस्क अक्सर नसों पर दबाव डालता है, जिससे दर्द, सुन्नता और कमजोरी होती है। हर्नियेटेड डिस्क भी साइटिका का एक सामान्य कारण है। हर्नियेटेड डिस्क चोट के कारण हो सकती है और जैसे-जैसे लोगों की उम्र बढ़ती है, वैसे-वैसे डिस्क में समस्या ज्यादा बढ़ सकती है। अगर किसी को हर्नियेटेड डिस्क की शिकायत होती है, तो उनकी कमर के दाहिने साइड में दर्द हो सकता है।
5. कुछ गंभीर रोगों के कारण
कुछ मामलों में किडनी में इंफेक्शन, पथरी या पेनक्रियाज से जुड़ी समस्याओं के कारण भी कमर के दाहिने साइड में दर्द हो सकता है। इसके अलावा, महिलाओं को एंडोमेट्रियोसिस और फाइब्रॉएड जैसी दिक्कतें होने पर कमर के दाईं ओर दर्द हो सकता है। अगर कमर दर्द के साथ पेट में दर्द, बुखार या UTI जैसे लक्षण दिखाई देते हैं, तो उन्हें तुरंत डॉक्टर को दिखाना चाहिए।
कमर के दाईं ओर दर्द का समय पर इलाज न कराने के नुकसान
Dr. Srikanth Madikattu कहते हैं कि अगर कमर के दाहिने ओर के दर्द का लंबे समय तक इलाज न किया जाए, तो ये समस्याएं हो सकती हैं।
- नसों को नुकसान पहुंच सकता है। कुछ मामलों में नसें स्थायी रूप से क्षतिग्रस्त भी हो सकती हैं।
- इंफेक्शन का रिस्क बढ़ सकता है, जो शरीर में फैलने के बाद सेप्सिस जैसी जानलेवा स्थिति पैदा कर सकता है।
- लंबे समय तक दर्द रहने से सेंट्रल पेन सिंड्रोम हो सकता है।
- लगातार दर्द रहने के कारण कई बार कमर के आस-पास की मांसपेशियों में भी दर्द महसूस हो सकता है।
कमर के दाहिने साइड में दर्द से बचाव के उपाय
Dr. Srikanth Madikattu कहते हैं, "कमर के दाहिने साइड में दर्द होने पर लाइफस्टाइल में कुछ बदलाव करके इसे कुछ हद तक मैनेज किया जा सकता है, लेकिन अगर दर्द ज्यादा है, तो मरीज को आराम करना चाहिए। आराम करने से कमर पर प्रेशर कम पड़ेगा, जो दर्द को कम करने में मदद कर सकता है। इसके अलावा, इन बातों का ध्यान रखना चाहिए।
- हाई इंटेंसिटी एक्टिविटी करने से बचना चाहिए।
- ऐसी गतिविधियों से बचें या कम करें जो आपके दर्द को बढ़ा दें।
- इस दौरान बर्फ या गर्म सिकाई करना बेहतर रहता है। हालांकि, सिकाई करने से पहले डॉक्टर से सलाह जरूर लें।
- डॉक्टर की सलाह पर दवाएं लें।
- डॉक्टर की सलाह पर एक्यूपंक्चर या मसाज थेरेपी ली जा सकती है।
- फिजियोथेरेपिस्ट की निगरानी में कुछ एक्सरसाइज की जा सकती हैं।
यह भी पढ़ें- रीढ़ की हड्डी को कमजोर कर सकती हैं ये 5 खराब आदतें, आज ही छोड़ें इन्हें
निष्कर्ष
अगर मरीज को कमर के दाईं तरफ लगातार दर्द हो रहा है, तो डॉक्टर मरीज की मेडिकल कंडीशन, पुरानी चोट, काम करने के तरीके और जेनेटिक कारणों के आधार पर इलाज कर सकते हैं। सबसे जरूरी बात यह है कि कमर दर्द होने पर खुद घर पर एंटीबायोटिक या पेनकिलर दवाएं न लें, क्योंकि इससे समस्या कुछ समय के लिए तो कम हो जाएगी, लेकिन लंबे समय तक ऐसा करने पर स्थिति गंभीर हो सकती है। इसलिए समय पर दर्द के कारणों को जानकर इसका इलाज करवाएं।
All Image Credit: Magnific
FAQ
क्या गैस या कब्ज के कारण भी कमर की दाईं ओर दर्द महसूस हो सकता है?
बड़ी आंत का दायां हिस्सा कमर के निचले हिस्से के काफी करीब होता है। जब आंतों में बहुत ज्यादा गैस फंस जाती है या लंबे समय तक कब्ज रहती है, तो आंतों पर दबाव पड़ता है जिससे पेट के साथ-साथ कमर की दाईं ओर भारीपन और ऐंठन वाला दर्द महसूस होता है।क्या गॉलब्लैडर की पथरी या सूजन का दर्द भी कमर की दाईं तरफ जा सकता है?
गॉलब्लैडर की पथरी का दर्द ऊपरी और मध्य कमर के दाईं ओर दर्द कर सकता है! गॉलब्लैडर पेट के ऊपरी दाएं हिस्से में होता है, जिसमें पथरी के कारण सूजन आ सकती है। इस वजह से कमर के दाईं ओर दर्द बढ़ सकता है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Nov 23, 2026 19:32 IST
Modified By : Aneesh Rawat Nov 23, 2026 19:32 IST
Modified By : Aneesh Rawat
Reviewed By : Dr Srikanth MadikattuMar 18, 2022 00:00 IST
Published By : Garima Garg