Mon Nov 23, 2026 | 01:16 PM IST

Medically Reviewed by Dr Utkarsh Ajgaonkar , Consultant – Surgical Oncology

कौन-सा कैंसर सबसे तेजी से फैलता है? डॉक्टर से जानें सबसे खतरनाक कैंसर के बारे में

बर्किट लिम्फोमा, स्मॉल-सेल लंग कैंसर, एक्यूट ल्यूकेमिया जैसे कुछ कैंसर तेजी से फैलने वाले कैंसरों में शामिल हैं। ये इतनी तेजी से फैलते हैं कि अक्सर एडवांस स्टेज में इनका पता चलता है, तब तक काफी देर हो जाती है। जानें, इन कैंसर के लक्षणों के बारे में विस्तार से।
कौन-सा कैंसर सबसे तेजी से फैलता है? डॉक्टर से जानें सबसे खतरनाक कैंसर के बारे मेंकौन-सा कैंसर सबसे तेजी से फैलता है? डॉक्टर से जानें सबसे खतरनाक कैंसर के बारे में

यह बात हम सभी जानते हैं कि कैंसर एक खतरनाक और जानलेवा बीमारी है। हालांकि, ज्यादातर आम लोगों को यही लगता है कि कैंसर तेजी से फैलने वाली बीमारी है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि सभी कैंसर एक ही गति से नहीं बढ़ते या फैलते हैं? कुछ कैंसर कई वर्षों में धीरे-धीरे विकसित होते हैं, जबकि कुछ हफ्तों या महीनों के भीतर ही तेजी से बढ़ जाते हैं। इस लेख में हम यही जानेंगे कि कौन सा कैंसर सबसे तेजी से फैलता है?

इस बारे में Consultant Surgical Oncologist at TGH Onco Life Cancer Centre, Talegaon डॉ. उत्कर्ष अजगांवकर कहते हैं, "ऐसा नहीं कहा जा सकता है कि कोई एक कैंसर तेजी से फैलता है। कैंसर के प्रकार, उसकी स्टेज और कैंसर सेल्स के आक्रामक व्यवहार पर यह निर्भर करता है कि वह कितनी तेजी से फैलेगा। हालांकि, इस सूची में स्मॉल-सेल लंग कैंसर, एक्यूट ल्यूकेमिया और बर्किट लिम्फोमा सबसे तेजी से बढ़ने वाले कैंसरों में शामिल हैं।"

कौन-सा कैंसर सबसे तेजी से फैलता है?

Which Cancer Spreads The FastestWhich Cancer Spreads The Fastest

बर्किट लिम्फोमा- Burkitt Lymphoma

साल 2024 में Cureus Journal of Medical Science में प्रकाशित शोध लेख के अनुसार, बर्किट लिम्फोमा एक अत्यंत आक्रामक नॉन-हॉजकिन लिम्फोमा (NHL) है, जिसका औसत डबलिंग टाइम केवल 25 घंटे होता है। इसका मतलब है कि इसकी कैंसर कोशिकाएं महज एक दिन में दोगुनी हो सकती हैं।

डॉ. उत्कर्ष अजगांवकर बताते हैं, "यह लिम्फैटिक सिस्टम को प्रभावित करने वाला एक और तेजी से बढ़ने वाला कैंसर है। इसके कारण शरीर में तेजी से बढ़ने वाली गांठें बन सकती हैं और इसमें तुरंत चिकित्सीय देखभाल की जरूरत होती है। इसके लक्षणों में गर्दन, बगल या जांघ के ऊपरी हिस्से (ग्रोइन) में बिना दर्द वाली सूजन होना, थकान महसूस होना, बुखार आना, रात में अत्यधिक पसीना आना, बिना किसी कोशिश के वजन कम होना, थोड़ा-सा खाने पर ही पेट जल्दी भरा हुआ महसूस होना आदि शामिल हैं।"

इसे भी पढ़ें: बिनाइन Vs मैलिग्नेंट: कौन सा ट्यूमर सबसे खतरनाक है और तेजी से फैलता है? खुद बताया डॉक्टर ने

स्मॉल-सेल लंग कैंसर- Small Cell Lung Cancer

Clinical Medicine Insights: Oncology के अनुसार, स्मॉल-सेल लंग कैंसर सबसे तेजी से फैलने वले कैंसरों में से एक है। इसके ट्यूमर के आकार के दोगुना होने का समय औसतन 25 से 217 दिनों के बीच होता है। डॉ. उत्कर्ष अजगांवकर बताते हैं, "यह शुरुआती चरण में ही लिवर और हड्डियों सहित कई अन्य अंगों तक फैल जाता है। अधिकतर मामलों में मरीजों में इस बीमारी का पता तब चलता है जब यह एडवांस स्टेज में बढ़ चुकी होती है।"

स्मॉल-सेल लंग कैंसर के लक्षणों की बात करें, तो खांसते हुए खून आना, सांस लेने में तकलीफ, थकान, सीने में दर्द, भारीपन और जकड़ना, भूख में कमी, अचानक वजन का कम होना आदि शामिल हैं। अगर समय पर इस बीमारी का इलाज न हो, तो यह ब्रेन, लिम्फ नोड्स, हड्डियां, लिवर और किडनी के नजदीक स्थित एड्रेनल ग्लैंड तक फैल जाता है।

एक्यूट ल्यूकेमिया- Acute Leukemia

नेशनल लाइब्रेरी ऑफ मेडिसिन, NIH में प्रकाशित लेख के अनुसार, यह एक प्रकार का ब्लड कैंसर है, जो बोन मैरो और रक्त बनाने वाली कोशिकाओं को प्रभावित करता है। यह बहुत तेजी से, कभी-कभी कुछ ही हफ्तों के भीतर विकसित हो सकता है, जिससे अत्यधिक थकान, बार-बार संक्रमण और असामान्य ब्लीडिंग जैसी समस्याएं होने लगती हैं। 

इसके कुछ सामान्य लक्षणों की बात करें, तो इसमें बुखार या ठंड लगना, लगातार थकान और कमजोरी महसूस होना, बार-बार या गंभीर संक्रमण होना, लिम्फ नोड्स में सूजन आना या लिवर व स्प्लीन का आकार बढ़ना, बार-बार नाक से खून आना, त्वचा पर छोटे लाल धब्बे उभरना, हड्डियों में दर्द आदि शामिल हैं। परेशानी की बात यह है कि एक्यूट ल्यूकेमिया के लक्षणों को लोग अक्सर हल्के में लेते हैं और इन्हें नजरअंदाज कर बैठते हैं।

इसे भी पढ़ें: कैंसर से बचना है तो रोजमर्रा की आदतों में करें ये 5 बदलाव, डॉक्टर ने दी सलाह

तेजी से फैलने वाले कैंसर की पहचान कैसे करें?

वैसे तो हर तरह के कैंसर के फैलने की गति अलग होती है। कुछ कैंसर तेजी से फैलते हैं, तो कुछ इसके लिए समय लेते हैं। शरीर में होने वाले कुछ खास बदलावों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। इनमें बिना किसी कारण वजन कम होना, असामान्य गांठें बनना, लगातार दर्द रहना, बिना कारण ब्लीडिंग होना, अत्यधिक थकान, लगातार खांसी आना और शरीर की सामान्य कार्यप्रणाली में स्पष्ट बदलाव शामिल हैं।

डॉक्टर से कब मिलें?

कैंसर के शुरुआती लक्षणों को पहचानना काफी मुश्किल होता है। इसके बावजूद कुछ शारीरिक बदलाव और लक्षणों को समझकर आप समय पर डॉक्टर के पास जा सकते हैं। विशेषकर, कुछ ऐसे लक्षण, जो लंबे समय तक बने रहें या समय के साथ बिगड़ते जाएं, उनकी जांच किसी डॉक्टर से जरूर करवानी चाहिए, जैसे-

  • अचानक सूजन आना
  • रात में अत्यधिक पसीना आना
  • बिना वजह वजन घटना
  • लगातार खांसी या असामान्य थकान बने रहना

निष्कर्ष

कैंसर जानलेवा बीमारी है। इसलिए, बहुत जरूरी है कि इनके लक्षणों और शुरुआती संकेतों की जानकारी हमें हो। ध्यान रखें कि कुछ कैंसर तेजी से फैलते हैं, जिनके लक्षण इतने सामान्य होते हैं कि लोग अक्सर उन्हें नजरअंदाज कर देते हैं। ऐसा किया जाना घातक है। विशेषकर, उन कैंसर के मामले में जो तेजी से फैलते हैं। इस लेख में हमने ऊपर उनका जिक्र किया है। समय रहते बीमारी की पहचान होने से ऑन्कोलॉजी टीम को अंगों को स्थायी नुकसान पहुंचने से पहले सही ट्रीटमेंट करने का मौका मिलता है। इससे बीमारी के ठीक होने और लंबे समय तक जीवित रहने की सबसे बेहतर संभावना बनती है।

All Image Credit: Magnific

FAQ

  • ट्यूमर डबलिंग टाइम का क्या अर्थ होता है?

    ट्यूमर डबलिंग टाइम वह समय अवधि होती है, जिसमें कैंसर सेल्स की संख्या या ट्यूमर का वॉल्यूम दोगुना हो जाता है। यह समय जितना कम होगा, कैंसर उतना ही अधिक आक्रामक या तेजी से फैलने वाला माना जाता है।
  • क्या तेजी से बढ़ने वाले कैंसर पर कीमोथेरेपी अधिक असरदार होती है?

    हां, ऐसा होता है। चूंकि, कीमोथेरेपी की दवाएं तेजी से विभाजित होने वाली कोशिकाओं को ही निशाना बनाती हैं, इसलिए समय पर इलाज मिलने पर कई आक्रामक कैंसर कीमोथेरेपी के प्रति बहुत अच्छी प्रतिक्रिया देते हैं।

Read Next

बार-बार UTI क्यों हो जाता है, कहीं इसका कारण एंटीबायोटिक-रेसिस्टेंट इंफेक्शन तो नहीं?

Disclaimer

इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।

Meera Tagore

Health Journalist

मीरा टैगोर 2009 से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और पिछले 5 वर्षों से विशेष रूप से हेल्थ जर्नलिज्म पर काम कर रही हैं। फिलहाल वह OnlyMyHealthमें सीनियर सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं। वह महिला स्वास्थ्य और यौन स्वास्थ्य जैसे संवेदनशील विषयों पर लिखती हैं और इनसे जुड़ी जानकारी को प्रमाणित स्रोतों और रिसर्च के आधार पर सटीक और सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाने की कोशिश करती हैं। जिन विषयों में मेडिकल पुष्टि जरूरी होती है, उन्हें प्रकाशित होने से पहले डॉक्टरों द्वारा रिव्यू किया जाता है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की थी और OnlyMyHealth से पहले Image Reflection Centre, Haribhoomi और MyUpchar के साथ काम कर चुकी हैं।

Read More..

How we keep this article up to date:

We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.

  • Current Version

    Nov 23, 2026 12:38 IST

    Published By : Meera Tagore
    Reviewed By : Dr Utkarsh Ajgaonkar