गोरे होने की चाहत पड़ी महंगी, फेयरनेस क्रीम लगाने से केरल की 17 साल की लड़की की हुई किडनी खराब

चेहरे पर पिंपल्स, दाग-धब्बे और पिगमेंटेशन हटाने के लिए महिलाएं खासतौर पर कई तरह की क्रीम इस्तेमाल करती है। आजकल सोशल मीडिया पर तरह-तरह की फेयरनेस क्रीम के विज्ञापन आते हैं और इंफ्लुएंजर उन्हें प्रमोट करते हैं। कुछ ऐसा ही गंभीर मामला केरलम से सामने आया है। केरलम की रहने वाली 17 साल की एक लड़की को सोशल मीडिया पर प्रमोट की गई फेयरनेस क्रीम इस्तेमाल करने के बाद किडनी से जुड़ी गंभीर बीमारी हो गई। डॉक्टरों की जांच में उसके शरीर में पारे (Mercury) की मात्रा काफी ज्यादा पाई गई।
फेयरनेस क्रीम का क्या है मामला?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, केरलम के मलप्पुरम की रहने वाली इस लड़की ने करीब एक साल तक फेयरनेस क्रीम का इस्तेमाल किया था। उसने इंस्टाग्राम पर इंफ्लुएंसर्स के प्रमोशनल वीडियो देखने के बाद प्रोडक्ट मंगवाया था। हालांकि, शुरुआत में उसे लगा कि क्रीम से पिंपल्स और दाग-धब्बे कम हो रहे हैं, लेकिन कुछ समय बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। 17 साल की लड़की को पैरों में सूजन, अचानक ब्लड प्रेशर कम होने और बेहोशी जैसी समस्याएं होने लगीं। जब डॉक्टरों ने उसका चेकअप किया, तो पाया कि लड़की को मेम्ब्रेनस नेफ्रोपैथी (Membranous Nephropathy) की बीमारी हो गई है। यह किडनी से जुड़ी बीमारी है।
दरअसल, क्रीम की लैब में जब जांच हुई, तो पता चला कि इसमें मर्करी (पारा) का लेवल 12.500 PPM पाया गया, जबकि भारत में ज्यादातर कॉस्मेटिक प्रोडक्ट्स में मौजूद पारे की सीमा 1 PPM से ज्यादा नहीं होनी चाहिए।
डॉक्टर की राय
इस बारे में हमने Dr. Vineet Malhotra, Senior Consultant in Urology & Andrology, VNA Hospital, Delhi से बात की। उन्होंने बताया कि “सोशल मीडिया पर बिकने वालेअनवेरिफाइड स्किन केयर प्रोडक्ट्स लेना न सिर्फ स्किन के लिए, बल्कि किडनी और हार्ट जैसे महत्वपूर्ण अंगों को नुकसान पहुंचा सकते हैं। मर्करी एक जहरीला मेटल है, जो त्वचा में मेलेनिन बनने के प्रोसेस पर असर डाल सकता है। भारत में कोस्मेटिक प्रोडेक्ट्स में 1 PPM से ज्यादा पारे की मात्रा नहीं होनी चाहिए और इससे ज्यादा मात्रा शरीर को नुकसान पहुंचा सकती है।”
Fairness Cream Cause Kidney Damage
यह भी पढ़ें- सर्दियों में ड्राई स्किन के लिए क्रीम बेस्ड फेसवॉश चुनें या जेल बेस्ड? डर्मेटोलॉजिस्ट से जानें क्या है बेहतर
ज्यादा मर्करी वाली फेस क्रीम लगाने के 5 नुकसान
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के मुताबिक, मर्करी के ज्यादा इस्तेमाल से नर्व, पाचन, इम्यून सिस्टम, किडनी, लंग्स, स्किन और आंखों पर असर पड़ सकता है।
Dr. Vineet Malhotra कहते हैं कि किडनी खून से वेस्ट प्रोडक्ट्स पेशाब के रास्ते बाहर निकालती है। अगर मर्करी स्किन पर लंबे समय तक रहती है, तो यह किडनी के फंक्शन को प्रभावित कर सकती है। लंबे समय तक मर्करी के संपर्क में रहने से किडनी की फिल्टर करने वाली ग्लोमेरुली को नुकसान पहुंच सकता है और अगर समय पर इलाज न हो, तो किडनी की बीमारी हो सकती है। मर्करी के किडनी को ये नुकसान हो सकते हैं।
1. पेशाब में प्रोटीन आना
जब किडनी के फिल्टर ठीक से काम नहीं करते, तो शरीर के लिए जरूरी प्रोटीन भी पेशाब के रास्ते बाहर निकलने लगता है। इसे प्रोटीन्यूरिया (Proteinuria) कहा जाता है। पेशाब में प्रोटीन की ज्यादा मात्रा किडनी को नुकसान पहुंचने का लक्षण हो सकती है।
2. पैरों और चेहरे पर सूजन आना
पेशाब के जरिए ज्यादा प्रोटीन निकलने से खून में एल्ब्यूमिन का लेवल कम हो सकता है। इससे शरीर में पानी जमा होने लगता है। इसका असर खासतौर पर पैरों, टखनों और चेहरे पर सूजन के रूप में दिखाई दे सकता है। किडनी से जुड़ी बीमारी होने पर केरल की लड़की को भी शरीर में सूजन दिखाई दी थी।
3. ब्लड प्रेशर पर असर होना
किडनी शरीर में इलेक्ट्रोलाइट्स का बैलेंस बनाने के साथ ब्लड प्रेशर को भी कंट्रोल करती है। जो लोग मर्करी में लंबे समय तक रहते हैं, उनमें यह बैलेंस बिगड़ सकता है। इससे व्यक्ति के ब्लड प्रेशर में बदलाव हो सकते हैं।
4. दिमाग और नर्वस सिस्टम को नुकसान
पारे का असर सिर्फ किडनी तक सीमित नहीं रहता। WHO के मुताबिक, मर्करी के कारण नर्व सिस्टम को भी नुकसान पहुंच सकता है। इस वजह से व्यक्ति को सिरदर्द, याददाश्त कमजोर होना, नींद न आना और फोकस करने में दिक्कत हो सकती है।
5. त्वचा पर जलन और रैशेज
स्किन को खूबसूरत बनाने वाली फेयरनेस क्रीम त्वचा में जलन, लालिमा, रैशेज और रंग में बदलाव कर सकती है। हालांकि, शुरुआत में लगता है कि दाग, धब्बे जा रहे हैं, लेकिन लंबे समय तक इस्तेमाल करने से इसका असर स्किन और शरीर के महत्वपूर्ण अंगों पर दिख सकता है।
यह भी पढ़ें- सर्दियों में नारियल तेल या मॉइस्चराइजर, क्या स्किन के लिए दोनों एक जैसा काम करते हैं? डॉक्टर से समझें
डॉक्टर की सलाह
Dr. Vineet Malhotra सलाह देते हैं कि किसी भी फेयरनेस क्रीम को खरीदते समय तुरंत गोरापन जैसे दावों से बचना चाहिए। क्रीम खरीदने से पहले प्रोडक्ट्स के लेबल जरूर पढ़ें और बिना लेबल किसी भी प्रोडक्ट को न खरीदें। साथ ही क्रीम की एक्सपायरी डेट जरूर चेक करें। आजकल सोशल मीडिया पर चल रहे विज्ञापनों पर आंख बंद करके भरोसा न करें। किसी भी अनजान कंपनी के प्रोडक्ट्स खरीदने से बचना चाहिए।
निष्कर्ष
केरलम की 17 साल की लड़की की खबर समझाती है कि किसी भी अनजान ब्रांड का इस्तेमाल करना खतरनाक हो सकता है। किसी भी क्रीम या प्रोडक्ट्स को खरीदने से पहले मर्करी कितना है? यह जरूर देखें और अगर ज्यादा मर्करी हो, तो तुरंत लगाना बंद कर दें। किसी भी तरह की समस्या होने पर तुरंत डॉक्टर से सलाह लें। लंबे समय तक ऐसी क्रीम लगाने से बचना चाहिए।
All Image Credit: Magnific
FAQ
यदि किसी व्यक्ति ने लंबे समय से स्टेरॉयड या मर्करी वाली क्रीम लगाई है, तो उसे अचानक बंद करना चाहिए या धीरे-धीरे?
अगर क्रीम में मर्करी (Mercury) होने की आशंका है या किडनी में सूजन के लक्षण दिख रहे हैं, तो उसे तुरंत बंद कर देना चाहिए। हालांकि, यदि क्रीम में तेज स्टेरॉयड था और चेहरा बुरी तरह लाल हो रहा है, तो तुरंत डॉक्टर को दिखाना चाहिए।चेहरे की त्वचा पर ऐसी केमिकल या स्टेरॉयड क्रीम लगाने के क्या शुरुआती साइड इफेक्ट्स दिखते हैं?
किडनी तक असर पहुंचने से पहले त्वचा खुद खतरे के संकेत देने लगती है। इसमें चेहरे की त्वचा कागज जैसी पतली हो जाना, त्वचा के नीचे लाल नसें दिखने लगना, धूप में निकलते ही चेहरा लाल होकर जलना, चेहरे पर अनचाहे बाल उगना और क्रीम बंद करते ही मुंहासों व काले धब्बों का दोगुनी तेजी से लौट आना शामिल है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Nov 23, 2026 18:23 IST
Modified By : Aneesh Rawat Nov 23, 2026 18:23 IST
Published By : Aneesh Rawat
Reviewed By : Dr Vineet Malhotra