हम बालों की केयर करने के लिए न जाने क्या-क्या करते हैं? कोई अच्छी हेयर केयर रूटीन को फॉलो करता है, तो कोई नियमित रूप से बालों की चंपी करता है। कुछ लोग तो अलग-अलग तेलों को आपस में मिक्स करके अपने स्कैल्प पर लगाते हैं। ऐसे में यह सवाल जरूर मन में उठता है कि क्या वाकई कई तेल मिलाकर लगाना बालों के लिए फायदेमंद है? या इसका कोई नुकसान भी हो सकता है?
इस संबंध में राजौरी गार्डन स्थित कॉस्मेटिक स्किन क्लिनिक की कॉस्मेटोलॉजिस्ट और त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. करुणा मल्होत्रा स्पष्ट करती हैं, "कई तेल मिलाकर बालों में लगाना पूरी तरह सुरक्षित होता है। यहां तक कि कई बार दो तरह के तेल मिक्स करके स्कैल्प पर लगाना सिंगल तेल लगाने की तुलना में अधिक फायदेमंद होता है। हालांकि, आप कौन-कौन से तेल मिक्स कर रहे हैं, यह बात भी मायने रखती है।"
क्या बालों में कई तेल मिक्स करके लगाना सुरक्षित है?
is it safe to mix multiple hair oils Inside-11
साल 2022 में International Journal of Trichology में प्रकाशित एक समीक्षा के अनुसार, विभिन्न तेलों जैसे नारियल तेल, बादाम तेल, कैस्टर ऑयल, अरगन ऑयल, आंवला तेल, मेथी का तेल, तिल का तेल आदि सभी हमारे बालों के लिए बहुत फायदेमंद होते हैं। तेल सिर्फ बालों को नमी पहुंचाने का काम नहीं करते हैं, बल्कि पोषण भी देते है। इससे बालों की लंबाई और वॉल्यूम भी प्रभावित होता है।
डॉ. करुणा मल्होत्रा कहती हैं, "वैसे तो सभी तरह के तेल हमारे बालों के फायदेमंद माने जाते हैं। आमतौर पर दो तरह के तेल मिक्स करके लगाना भी बालों के लिए अच्छा होता है। इसमें कोई नुकसान नहीं है। हां, अगर आपको किसी भी तेल से एलर्जी है, तो उसे कैरियर तेल के साथ मिक्स न करें। ऐसे में आपको फायदे के बजाय नुकसान हो सकता है।"
इसे भी पढ़ें: क्या ऑयली बालों पर तेल लगाना चाहिए? डॉक्टर से जानें ऐसा करने के फायदे-नुकसान
कई तेल मिक्स करके लगाने के फायदे
पोषक तत्वों से भरपूर
जब आप कई तरह के तेल एक साथ मिक्स करके अपने बालों पर अप्लाई करते हैं, तो इससे स्कैल्प को कई तरह के पोषक तत्व मिलते हैं। उदाहरण स्वरूप समझें। अगर आप नारियल तेल में कैस्टर ऑयल मिक्स करते हैं, तो आपको फैटी एसिड और विटामिन्स मिलते हैं। इससे बालों की ग्रोथ को बढ़ावा मिलता है और बालों की चमक भी बढ़ती है।
बालों को नमी मिलना
हैवी ऑयल जैसे कैस्टर या एवोकैडो का तेल लगाने से बालों में नमी को लाॅक करते हैं और स्कैल्प को पर्याप्त पोषण प्रदान करते हैं। जबकि हल्के तेल जैसे अरगन ऑयल हर बाल को अंतिम सिरे तक चमक प्रदान करता है। कैरियर ऑयल लगाने से बाल चिपचिपे नहीं होते हैं। इसके उलट, बालों की साॅफ्टनेस और स्मूदनेस बढ़ती है।
स्कैल्प के लिए फायदेमंद
एसेंशियल ऑयल और कैरियर ऑयल को मिक्स करके लगाने से स्कैल्प को दुगना फायदा मिलता है। असल में, जब आप एंटी बैक्टीरियल एसेंशियल ऑयल जैसे टी ट्री ऑयल या रोजमेरी ऑयल में कैरियर ऑयल को मिक्स करते हैं, तो इसकी वजह से स्कैल्प में जलन और सूजन में कमी आती है। यहां तक कि अगर स्कैल्प से जुड़ी समस्या है, तो उसमें सुधार की संभावना बढ़ती है। हालांकि, कोई स्किन कंडीशन है, तो इस बारे में डाॅक्टर की सलाह लेना आवश्यक है।
डैमेज बालों में सुधार
हेयर ड्रायर या हीट स्टाइलिंग टूल का उपयोग करने की वजह से बाल काफी डैमेज हो जाते हैं। ऐसा विशेषकर महिलाओं के साथ होता है, क्योंकि वे स्ट्रेटनर आदि का अधिक इस्तेमाल करती हैं। डैमेज बालों के रिपेयर के लिए आप विटामिन और प्रोटीन युक्त हेयर ऑयल को मिक्स करके लगा सकते हैं। इसमें बादाम तेल के साथ ऑलिव ऑयल को मिक्स करके लगाएं। इससे केमिकल से बालों को होने वाले नुकसान में भी कमी आती है।
बेजान बालों में सुधार
side effects of sharing hair comb 1
आपने कई बार नोटिस किया होगा कि अच्छी केयर नहीं करने से बाल फ्रिजी हो जाते हैं। ऐसे में सिर्फ तेल लगाना काफी नहीं होता है। विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि इस तरह की कंडीशन में आप लाइट ऑयल और हैवी ऑयल को मिक्स करके लगा सकते हैं। हालांकि, इससे बाल हल्के ग्रीसी नजर आ सकते हैं, लेकिन बालों की स्मूदनिंग बढ़ती है और जड़ों को भी लाभ पहुंचता है।
ब्लड सर्कुलेशन में सुधार
जब स्कैल्प में ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होता है, तो इससे बालों की जड़ों को मजबूती मिलती है। इस तरह, बाल घने और लंबे होते हैं। यहां तक कि बेहतर ब्लड सर्कुलेशन से बालों की रिकवरी दर में भी सुधार होता है। डॉ. करुणा मल्होत्रा कहती हैं, हार्ड शैंपू के उपयोग से बाल ड्राई हो जाते हैं। वहीं, जब आप दो तरह के तेलों को मिक्स करके लगाते हैं, तो इससे बालों की खोई हुई नमी लौट आती है। ऐसा तब होता है, जब आप दो तेलों को मिक्स करके सिर की अच्छी तरह चंपी करते हैं। इससे दो मुंहे बालों की समस्या में भी कमी आती है।
चमक का बढ़ना
तेल हमेशा से ही बालों की चमक को बढ़ाने के लिए जाने जाते हैं। वहीं, जब आप एसेंशियल और कैरियर ऑयल को मिक्स करके बालों पर लगाते हैं, तो इससे बालों का रूखापन दूर होता है और बालों की खोई हुई चमक लौट आती है। यही नहीं, मल्दी लेयर ऑयल की वजह से बालों की प्रोटेक्शन लेयर को भी अधिक मजबूती मिलती है, जिससे बालों को बाहरी पदार्थ से होने वाले नुकसान कम होते हैं।
इसे भी पढ़ें: बालों में नारियल तेल लगाने का सही तरीका क्या है? इन 5 गलतियों से बाल हो सकते हैं खराब
कई तेल मिक्स करके लगाने के नुकसान
ऐसा नहीं है कि तेल मिक्स करके बालों पर लगाना फायदा ही पहुंचाता है। इसके कुछ गंभीर नुकसान भी हो सकते हैं, जैसे-
| क्रम | क्या होता है? | क्यों होता है? |
| 1. | डैंड्रफ का बढ़ना | अतिरिक्त तेल स्कैल्प में पोर्स को बंद करते हैं, जिससे डैंड्रफ का जोखिम बना रहता है। ऑयली स्कैल्प में यीस्ट तेजी से ग्रो करता है, जिससे डैंड्रफ बढ़ने लगते हैं। |
| 2. | स्कैल्प एक्ने का रिस्क | कई तरह के तेल मिक्स करके लगाने से स्कैल्प एक्ने का रिस्क भी बढ़ जाता है। अतिरिक्त तेल के कारण बालों की जड़ों में सूजन आ जाती है, जिससे चेहरा, माथा और स्कैल्प पर एक्ने निकल आते हैं। |
| 3. | बालों का टूटना | अतिरिक्त मात्रा में तेल लगाने से बालों के टूटने का जोखिम भी बढ़ जाता है। दरअसल, अधिक तेल लगाने से ये आपस में उलझने लगते हैं और तेल का हैवीनेस बालों को कमजोर कर देता है। |
| 4. | केमिलकल का प्रभाव | अगर आप बाजार में मिलने वाले केमिकल युक्त तेलों को आपस में मिक्स करके लगाते हैं, तो इससे स्कैल्प को नुकसान हो सकता है। केमिकल के कारण स्कैल्प पर इचिंग और इरिटेशन हो सकती है। |
डाॅक्टर की सलाह
वैसे तो कोई भी एसेंशियल ऑयल और कैरियर ऑयल मिक्स करके अपने बालों पर लगा सकते हैं। लेकिन यह ध्यान रखें कि कुछ स्थितियां ऐसी होती हैं, जब आपको दो तेलों को मिक्स करके नहीं लगाना चाहिए, जैसे-
- गंभीर रूप से डैंड्रफ होने पर तेल मिक्स करके न लगाएं।
- स्कैल्प से जुड़ी किसी परेशानी में भी मिक्स ऑयल से सिर की चंपी न करें।
- दो तरह के एसेंशियल ऑयल जैसे टी ट्री ऑयल और रोजमेरी को आपस में मिक्स करके बालों पर न लगाएं।
- 4-5 तरह के हेयर ऑयल मिक्स करने से बचें। कई बार यह फायदा नहीं, बल्कि नुकसान पहुंचाता है।
- जब भी दो या इससे अधिक मिक्स करें, तो सिर पर लगाने से पहले पैच टेस्ट ले लें।
निष्कर्ष
एसेंशियल ऑयल के साथ कैरियर ऑयल मिक्स करके लगाना बालों के लिए काफी फायदेमंद है। हालांकि, कई बार अतिरिक्त मात्रा में तेल लगाने से बालों में चिपचिपापन बढ़ सकता है, जिससे डैंड्रफ की समस्या बढ़ जाती है। यही नहीं, बाल ग्रीसी हो सकते हैं, जिससे हेयर फाॅल भी होने लगता है। यही कारण है कि अगर आप दो तरह के तेल मिक्स करके बालों पर लगा रहे हैं, तो हमेशा इसे सीमित मात्रा में लगाएं और सिर पर अप्लाई करने से पहले एक्सपर्ट की सलाह लेना न भूलें।
All Image Credit: Magnific
FAQ
क्या कई तेलों को एक साथ मिलाकर लंबे समय तक एक ही बोतल में स्टोर करके रख सकते हैं?
सिर्फ कैरियर ऑयल जैसे नारियल, बादाम और तिल का तेल मिल रहे हैं, तो इन्हे 1-2 महीने के लिए स्टोर कर सकते हैं। वहीं, अगर आप एसेंशियल ऑयल जैसे रोजमेरी या टी-ट्री ऑयल मिला रहे हैं, तो ताजा मिलाना ही अच्छा होता है।क्या कैस्टर ऑयल को सीधे स्कैल्प पर लगाने से बाल टूट सकते हैं?
कैस्टर ऑयल बहुत अधिक गाढ़ा और चिपचिपा होता है। इसे सीधे स्कैल्प पर नहीं लगाना चाहिए। सीधे बालों की जड़ों पर इसे लगाने से भारी खिंचाव पैदा होता है और धोने के दौरान बाल अधिक उलझकर टूटने लगते हैं।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Sep 21, 2026 15:50 IST
Published By : Meera Tagore
Reviewed By : Dr Karuna Malhotra
