खाना खाने के तुरंत बाद फल खाने की आदत सही या गलत? जानें एक्सपर्ट से

अक्सर लोग इस बात को लेकर कंफ्यूज रहते हैं कि फल खाने का सही समय क्या है? इसलिए, लोग अपने-अपने हिसाब से कभी भी फलों का सेवन कर बैठते हैं। कुछ लोग खाने के तुरंत बाद फल खाना पसंद करते हैं। सवाल यह है कि भर पेट खाना खाने के बाद फलों का सेवन करना कितना सही है?
इस संबंध में Ms. Veena V, Chief Clinical Dietician & HOD - Department of Clinical Nutrition and Dietetics, Aster Whitefield Hospital बताती हैं, "अधिकतर स्वस्थ लोगों के लिए खाना खाने के तुरंत बाद फल खाना पूरी तरह सुरक्षित है। इससे किसी तरह का नुकसान नहीं होता है, इसके उलट शरीर को पोषक तत्व मिलते हैं। हालांकि, कुछ लोगों को खाना खाने के तुरंत बाद फलों का सेवन नहीं करना चाहिए। खासकर, जिन लोगों का पेट सेंसिटिव है या जिन्होंने हैवी मील लिया है।"
खाना खाने के तुरंत बाद फल खाना सही है या नहीं?
खाने के तुरंत बाद फल खाने में कोई बुराई नहीं है। हालांकि, कुछ वैज्ञानिक तथ्य इस बात की ओर इशारा करते हैं कि खाना खाने के करीब 30 मिनट पहले फल खाने का सबसे सही समय होता है। 2019 में International Journal of Environmental Research and Public Health में प्रकाशित अध्ययन के अनुसार, कई जगहों पर फलों को भोजन के बाद मिठाई के रूप में खाया जाता है, लेकिन मुख्य भोजन के करीब 30 मिनट पहले फल खाने से भूख शांत करने वाले हार्मोन सक्रिय होते हैं, अनावश्यक कैलोरी खाने से बचाव होता है और वजन प्रबंधन में भी मदद मिलती है।
वीना वी कहती हैं, "अगर आप स्वस्थ हैं, तो सीमित मात्रा में खाना खाने के बाद भी फल खा सकते हैं। हां, बेहतर होगा कि मुख्य भोजन से करीब 30 मिनट पहले फल खाएं। इससे आप मुख्य मील लेने के दौरान ओवर ईटिंग से बच जाते हैं, कैलोरी काउंट सीमित रहता है और वजन भी नहीं बढ़ता है।"
इसे भी पढ़ें: फलों को खाने का सही समय क्या है? एक्सपर्ट से जानें कब खाने से मिलते हैं सबसे ज्यादा फायदे
खाना खाने के बाद फल खाने से क्या होता है?

खाना खाने के बाद फल खाने से सेहत को कुछ लाभ मिल सकते हैं, जैसे-
- आयरन के अवशोषण में मददः अगर आप खाना, जैसे दाल, रोटी और सब्जी खाने के तुरंत बाद विटामिन सी युक्त फल जैसे अमरूद, संतरा या कीवी का सेवन करते हैं, तो शरीर को नॉन-हीम आयरन को बेहतर ढंग से अवशोषित करने में मदद मिलती है।
- ब्लड शुगर में धीमी बढ़ोतरीः प्रोटीन, फैट या फाइबर युक्त भोजन के साथ या तुरंत बाद फल खाने से रक्तप्रवाह में शुगर के घुलने की गति धीमी हो जाती है, जिससे ब्लड शुगर अचानक बढ़ने के बजाय धीमी गति से बढ़ता है।
- मीठे का विकल्पः अक्सर लोगों को खाना खाने के बाद मीठा खाने की क्रेविंग होती है। ऐसे में अगर आप खाना खाने के तुरंत बाद सीमित मात्रा में फल खाते हैं, तो यह एक बेहतर विकल्प माना जाता है। फलों का सेवन करने से शरीर को फाइबर, विटामिन्स और एंटीऑक्सीडेंट्स भी मिलते हैं।
कब खाना खाने के तुरंत बाद फल न खाएं?

वैसे तो फलों का सेवन कभी भी किया जा सकता है, लेकिन भोजन के 30 मिनट पहले लेने से स्वास्थ्य को लाभ होता है। हालांकि, आप इसे भोजन के एक-दो घंटे पहले या बाद भी ले सकते हैं। हां, अगर आप फलों को मुख्य भोजन के तुरंत बाद खाते हैं, तो जरा सावधान रहें। कुछ मामलों में भोजन के तुरंत बाद फल खाना सही नहीं है-
- आईबीएस की समस्याः अगर आपका पेट बहुत ज्यादा संवेदनशील है या आईबीएस जैसी समस्या हो रही है, तो बेहतर है कि आप भोजन करने के तुरंत बाद फल खाने से बचें। इससे पेट में फर्मेंटेड कार्बोहाइड्रेट बढ़ जाते हैं, जिससे इरिटेबल बाउल सिंड्रोम के मरीजों में गैस, पेट फूलना (ब्लोटिंग) या बेचैनी जैसी कई समस्याएं होने लगती हैं।
- भारी भोजन करने के बादः अगर आपने बहुत हैवी मील लिया है, तैलीय तथा गरिष्ठ चीजों का सेवन किया है, तो बेहतर है कि आप इसके तुरंत बाद फल न खाएं। तैलीय भोजन पेट खाली होने की प्रक्रिया को धीमा कर देता है। ऐसे में तुरंत बाद फल खाने से एसिडिटी हो सकती है।
एक्सपर्ट की सलाह
आप फलों का सेवन किसी भी समय कर सकते हैं। हालांकि, सर्दियों में दिन के समय, विशेषकर धूप में बैठकर फल खाना स्वास्थ्य के लिए अच्छा होता है। अगर आपको खाना खाने के तुरंत बाद फल खाने की आदत है, तो इसमें कोई बुराई नहीं है, लेकिन अगर किसी भी तरह की स्वास्थ्य समस्या है, तो बेहतर है कि अपनी इस आदत को बदल दें। इसके अलावा, एक्सपर्ट से सलाह लें कि किस तरह के फल खाएं और उन्हें खाने का सही समय आपके लिए क्या हो सकता है।
इसे भी पढ़ें: क्या खाने के साथ फल खाना सही है? न्यूट्रिशन एक्सपर्ट से जानें सही तरीका
निष्कर्ष
कुल मिलाकर कहने की बात यह है कि खाने के तुरंत बाद फलों का सेवन करना सही होता है। हालांकि, मुख्य भोजन में ओवर ईटिंग करने से बचना चाहिए और मीठे की क्रेविंग बढ़ने पर मिठाई खाने के बजाय फलों का सेवन करना अधिक फायदेमंद होता है। आप चाहें, तो फलों का सेवन अपने मुख्य मील से आधा-एक घंटा पहले भी कर सकते हैं। हां, अगर किसी भी तरह की स्वास्थ्य समस्या है, तो इस संबंध में एक्सपर्ट की सलाह लेना अधिक जरूरी है।
All Image Credit: Magnific
FAQ
डायबिटीज के मरीजों को फल कब और कैसे खाने चाहिए?
डायबिटीज के मरीजों को फलों का जूस नहीं पीना चाहिए। इसके बजाय हमेशा साबुत फल (कम ग्लाइसेमिक इंडेक्स वाले) दोपहर के समय या मुख्य भोजन के साथ सीमित मात्रा में खाना चाहिए। इससे शुगर तेजी से नहीं बढ़ता है।क्या दूध या दही के साथ खट्टे फल खाना नुकसानदायक हो सकता है?
हां, दूध या दही के साथ संतरा, अनानास या नींबू जैसे खट्टे फल नहीं खाने चाहिए। इससे पाचन तंत्र धीमा पड़ सकता है और कुछ लोगों में अपच या एसिडिटी की समस्या हो सकती है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Nov 28, 2026 12:03 IST
Published By : Meera Tagore
Reviewed By : Ms Veena V