भारत में चाय या कॉफी के बिना कई लोगों के दिन की शुरुआत भी नहीं हो पाती है। यह हमारी दिनचर्या, काम की आदतों और सामाजिक मेलजोल का एक अहम हिस्सा बन चुका है। सुबह की शुरुआत करनी हो या ऑफिस के तनाव के बीच मूड फ्रेश करना हो, हम में से ज्यादातर लोग दिन में 4 से 5 बार या उससे भी ज्यादा बार चाय या कॉफी का सहारा लेते हैं। हालांकि, बहुत ज्यादा या गलत तरीके से चाय या कॉफी पीने से आयरन के अवशोषण पर बुरा असर पड़ सकता है, जिससे शरीर में आयरन की कमी होती है। आइए इस बारे में Dr. Akshay Chugh, Internal Medicine & Metabolic Disorders, Metro Hospital and Heart Institute, Noida से जानते हैं।
चाय-कॉफी पीने से शरीर में आयरन के अवशोषण पर असर
Dr. Akshay Chugh कहते हैं कि बार-बार या भोजन के तुरंत बाद चाय और कॉफी पीने की आदत शरीर में आयरन के अवशोषण को गंभीर रूप से प्रभावित करती है। चाय और कॉफी में कुछ नेचुरल कंपाउंड्स पाए जाते हैं, जो हमारी सेहत के लिए वैसे तो फायदेमंद होते हैं, लेकिन जब बात आयरन की आती है तो ये आयरन ब्लॉकर की तरह काम करने लगते हैं।
1. टैनिन और पॉलीफेनोल्स
चाय में टैनिन भरपूर मात्रा में होता है। जब आप खाना खाने के तुरंत बाद चाय पीते हैं तो यह टैनिन भोजन में मौजूद आयरन के साथ चिपक जाता है और एक अघुलनशील कंपाउंड बना लेता है। इस कारण से आपकी आंतें उस आयरन को सोख नहीं पातीं और वह शरीर से बाहर निकल जाता है।
इसे भी पढ़ें: खून की कमी से दिल की धड़कन कैसे तेज हो सकती है? डॉक्टर से जानें
2. क्लोरोजेनिक एसिड
कॉफी में क्लोरोजेनिक एसिड पाया जाता है, जो टैनिन की तरह ही आपके पाचन तंत्र में आयरन के अवशोषण को बाधित करता है, जिससे शरीर में आयरन की कमी हो सकती है।
3. फाइटेट्स
कॉफी और चाय दोनों में ही मौजूद कुछ तत्व शाकाहारी खाद्य पदार्थों जैसे दालें, हरी सब्जियां, अनाज और ड्राई फ्रूट्स से मिलने वाले आयरन के अवशोषण को 50% से लेकर 80% तक कम कर सकते हैं।
क्या कहती है स्टडी?
साल 2023 में Korean Journal of Family Medicine में प्रकाशित एक स्टडी के अनुसार, चाय और कॉफी में कैफीन, टैनिन और पॉलीफेनोल्स जैसे तत्व होते हैं, जो मिनरल्स के साथ मिलकर शरीर में आयरन, कैल्शियम, मैग्नीशियम और जिंक के अवशोषण को रोकते हैं। कॉफी और ग्रीन टी का सेवन खासतौर पर पौधों व वनस्पति सोर्स से मिलने वाले नॉन-हीम आयरन के अवशोषण को कम करता है।
किन्हें है सबसे ज्यादा खतरा?
Dr. Akshay Chugh बताते हैं कि हेल्दी व्यक्ति में कभी-कभार चाय-कॉफी पीने से तुरंत कोई बड़ी समस्या नहीं होती है, लेकिन कुछ लोगों के लिए यह आदत बहुत खतरनाक हो सकती है, जिनमें शामिल हैं-
- महिलाएं और लड़कियां- भारत में महिलाओं में हीमोग्लोबिन की कमी बहुत आम बात है। चाय-कॉफी ज्यादा या गलत समय पर पीने की आदत आयरन की कमी को बढ़ा सकती है।
- गर्भवती महिलाएं- प्रेग्नेंसी के दौरान मां और बच्चे दोनों के लिए पर्याप्त मात्रा में आयरन बहुत जरूरी है।
- शाकाहारी लोग- शाकाहारी फूड्स में मौजूद आयरन का अवशोषण शरीर में वैसे ही मांसाहारी भोजन की तुलना में धीमा होता है। ऐसे में चाय-कॉफी इसे और मुश्किल बना देती हैं।
- बच्चे और बुजुर्ग- जिनमें पोषक तत्वों की कमी का जोखिम ज्यादा होता है, उन्हें चाय-कॉफी ज्यादा पीने या गलत तरीके से लेने से बचना चाहिए।
Tea-coffee-cause-iron-deficiency
लगातार आयरन की कमी से क्या होता है?
Dr. Akshay Chugh के अनुसार, जब शरीर लंबे समय तक भोजन से आयरन नहीं सोख पाता है तो शरीर में हीमोग्लोबिन का लेवल गिरने लगता है, जिससे-
- बिना कारण हमेशा थकान और कमजोरी महसूस होना
- थोड़ा सा चलने या सीढ़ियां चढ़ने पर सांस फूलना
- स्किन और नाखूनों का पीला पड़ना
- बालों का ज्यादा झड़ना
- फोकस में कमी और सिरदर्द रहना
इसे भी पढ़ें: महिलाओं में आयरन की कमी के ये 7 संकेत अक्सर हो जाते हैं नजरअंदाज
चाय-कॉफी पीने का सही तरीका और समय
Dr. Akshay Chugh का कहना है कि चाय या कॉफी पीने से आयरन के अवशोषण में कमी का मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि आपको चाय या कॉफी पूरी तरह से छोड़नी पड़ेगी। बस आपको अपने चाय या कॉफी पीने के समय और मात्रा पर ध्यान देना जरूरी है-
- 1 घंटे का नियम अपनाएं- कभी भी भोजन करने के साथ या तुरंत बाद चाय या कॉफी न पिएं। खाना खाने और चाय या कॉफी पीने के बीच कम से कम 45 मिनट से 1 घंटे का गैप जरूर रखें।
- दिन में 2 कप से ज्यादा न पिएं- एक दिन में 2 छोटे कप चाय या कॉफी पीना काफी है। बार-बार चाय या कॉफी पीने की आदत को कम करें।
- विटामिन-सी का सेवन बढ़ाएं- विटामिन-सी शरीर में आयरन के अवशोषण को 2 से 3 गुना बढ़ा देता है। इसलिए, आप अपने खाने में नींबू, आंवला, संतरा या टमाटर शामिल करें।
- खाली पेट चाय न पिएं- सुबह उठते ही खाली पेट चाय पीने से एसिडिटी की समस्या कुछ लोगों में बढ़ सकती है और पाचन क्षमता कमजोर होती है, जिससे पोषण तत्वों का अवशोषण प्रभावित होता है।
निष्कर्ष
चाय और कॉफी हमारी रूटीन को ताजगी देने के लिए बेहतरीन हैं, लेकिन किसी भी चीज को ज्यादा या गलत तरीके से पीना सेहत के लिए हानिकारक होता है। भोजन के ठीक बाद या दिन में 5 से 6 बार चाय-कॉफी पीने की आदत आपके शरीर में आयरन के अवशोषण को बाधित करती है। सही समय पर और सीमित मात्रा में चाय या कॉफी पीने से आपकी सेहत पर किसी तरह का बुरा असर नहीं पड़ता है।
Imag Credit: Freepik
FAQ
1 दिन में कितनी कॉफी पीनी चाहिए?
एक हेल्दी व्यक्ति के लिए एक दिन में ज्यादा से ज्यादा 3 से 4 कप कॉफी पीना सुरक्षित माना जाता है। इससे ज्यादा मात्रा में सेवन करने से घबराहट, अनिद्रा और एसिडिटी की समस्या हो सकती है।सुबह खाली पेट चाय की जगह क्या पीना चाहिए?
सुबह खाली पेट चाय की जगह गुनगुना नींबू पानी, शहद वाला पानी या आंवला और एलोवेरा जूस पीना फायदेमंद होता है। इसके अलावा, जीरा पानी या सौंफ का पानी पीने से भी पाचन क्रिया को सुधारने और एसिडिटी से बचने में मदद मिल सकती है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Oct 17, 2026 09:00 IST
Published By : Katyayani Tiwari
Reviewed By : Dr Akshay Chugh
