लव बाइट या हिक्की के निशान हटाने के लिए अपनाएं ये आसान टिप्स

लव बाइट या हिक्की के निशान देखने में थोड़े अजीब लग सकते हैं, लेकिन इन्हें जल्द ठीक करना पूरी तरह पॉसिबल है। अगर आप भी इस तरह के निशानों से परेशान हैं और इनसे जल्द छुटकारा पाना चाहते हैं, तो कुछ आसान घरेलू टिप्स और तरीकों की मदद से इन्हें आसानी से हल्का किया जा सकता है। आइए Dr. Aravinda S N, Lead Consultant - Internal Medicine, Aster RV Hospital, Bengaluru से जानते हैं ऐसे ही असरदार टिप्स के बारे में, जो इस समस्या से राहत दिलाने में मदद कर सकते हैं।
हिक्की (hickey) से छुटकारा पाने के उपाय
डॉ. अरविंद के अनुसार, हिक्की एक तरह का छोटा सा निशान या चोट (bruise) है, जो तब बनती है, जब कोई त्वचा पर दबाव डालता है। इससे त्वचा के नीचे मौजूद छोटी ब्लड वेसल्स (blood vessels) टूट जाती हैं। इसके कारण त्वचा के नीचे खून जमा हो जाता है, जो लाल, बैंगनी या गहरे रंग के निशान के रूप में दिखाई देता है।
हिक्की अक्सर गर्दन के आसपास बनती है, क्योंकि वहां की त्वचा बहुत नाजुक और सेंसिटिव होती है। हालांकि ये देखने में चिंताजनक लग सकती हैं, लेकिन ज्यादातर हिक्की नुकसानदेह नहीं होती हैं और इनके लिए किसी मेडिकल इलाज की जरूरत नहीं पड़ती है। ये आमतौर पर 5 से 12 दिनों के अंदर अपने आप ठीक हो जाती हैं। यह इस बात पर निर्भर करता है कि निशान कितना बड़ा है और चोट कितनी गहरी है।
इसे भी पढ़ें: क्या आपको भी होती है अक्सर त्वचा में जलन? जानें इसके 7 कारण
1. कोल्ड कंप्रेस करना
नई हिक्की को ठीक करने का सबसे आसान तरीका है। कोल्ड कंप्रेस (ठंडी सिकाई) करना। इसके लिए एक साफ तौलिये में कुछ बर्फ के टुकड़े लपेटें और इसे प्रभावित जगह पर 10 से 15 मिनट तक हल्के हाथों से रखें। इससे सूजन कम हो सकती है और त्वचा के नीचे खून का रिसाव भी रुक सकता है। बर्फ को सीधे त्वचा पर न रखें, क्योंकि इससे जलन हो सकती है या त्वचा को नुकसान पहुंच सकता है।
tips to get rid of hickey 01
2. वॉर्म कंप्रेस करना
पहले 24 से 48 घंटों के बाद, वॉर्म कंप्रेस (गर्म सिकाई) करने से ब्लड सर्कुलेशन बेहतर हो सकता है और शरीर की नेचुरल हीलिंग प्रक्रिया (ठीक होने की प्रक्रिया) में मदद मिल सकती है। इसके लिए एक गर्म कपड़े से 10 से 15 मिनट तक हल्का दबाव देना फायदेमंद हो सकता है। हालांकि, प्रभावित जगह को रगड़ना, खरोंचना, मालिश करना या जोर से दबाना नहीं चाहिए, क्योंकि इससे चोट और भी खराब हो सकती है।
Cleveland Clinic के अनुसार, हिक्की से राहत के लिए कोल्ड कंप्रेस, वॉर्म कंप्रेस, हीलिंग जेल और क्रीम का इस्तेमाल करें और लेजर थेरेपी का सहारा भी लिया जा सकता है।
हिक्की होने पर कुछ गलतियों को करने से बचें
डॉ. अरविंद का कहना है, यह समझना जरूरी है कि हिक्की को रातों-रात हटाने का कोई जादुई उपाय नहीं है। टूथपेस्ट, तेज असर वाली क्रीम, नींबू का रस या अन्य घरेलू चीजें लगाने से त्वचा में जलन हो सकती है, इसलिए इनसे बचना चाहिए। इसी तरह, सिक्के या टूथब्रश से उस जगह को रगड़ने या मालिश करने से त्वचा को और नुकसान पहुंच सकता है।
इसे भी पढ़ें: बिना चोट शरीर पर पड़ रहे हैं नीले निशान, जानें कारण और कब डॉक्टर को दिखाना जरूरी?
डॉक्टर से सलाह कब लें?
डॉ. अरविंद का कहना है, शरीर को ठीक होने के लिए पर्याप्त समय दें, खूब पानी पिएं (हाइड्रेटेड रहें) और संतुलित आहार लें। अगर निशान में दर्द हो, वह असामान्य रूप से बड़ा हो, उसका आकार लगातार बढ़ रहा हो या दो सप्ताह बाद भी कोई सुधार न दिखे, तो डॉक्टर से सलाह लें ताकि किसी अन्य कारण से लगी चोट की संभावना को नकारा जा सके।
जिन लोगों को अक्सर बिना किसी साफ कारण के चोट के निशान (bruises) बन जाते हैं या असामान्य ब्लीडिंग होती है, उन्हें भी डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए। ज्यादातर मामलों में, थोड़ा धैर्य रखने और घर पर आम देखभाल करने से ही हिक्की अपने आप ठीक हो जाती है।
निष्कर्ष
लव बाइट या हिक्की असल में त्वचा के नीचे छोटी ब्लड वेसल्स के टूटने से बनी एक चोट है, जो आमतौर पर 5 से 12 दिनों में अपने आप ठीक हो जाती है। शुरुआत में ठंडी सिकाई (कोल्ड कंप्रेस) करने से सूजन और खून का रिसाव कम होता है और 24-48 घंटे बाद गर्म सिकाई (वॉर्म कंप्रेस) से ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होता है।
इसे जल्दी हटाने के चक्कर में टूथपेस्ट, नींबू या जोर से रगड़ने जैसे तरीकों से बचें क्योंकि इससे त्वचा को नुकसान हो सकता है। अगर निशान दो सप्ताह बाद भी ठीक न हो या बिना कारण बार-बार ऐसे निशान बनें, तो तुरंत डॉक्टर से सलाह लें, ताकि किसी भी गंभीर परेशानी का समय रहते पता लगाया जा सके।
All Images Credit- Freepik
FAQ
हिक्की का निशान कितने दिन तक रहता है?
हिक्की का निशान 3 से 15 दिनों तक रह सकता है। यह अपने आप कुछ दिनों में ठीक हो जाता है।क्या लव बाइट वाले हिस्से पर दर्द होता है?
हिक्की वाले हिस्से में छूने पर हल्का दर्द और सेंसिटिविटी हो सकती है। इसके कारण त्वचा हल्की नीली और लाल दिख सकती है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Nov 19, 2026 12:28 IST
Published By : Priyanka Sharma
Reviewed By : Dr. Aravinda S N