Tue Sep 15, 2026 | 07:54 PM IST

Medically Reviewed by Dr Kiran Gupta , Yoga, Naturopathy Consultant & Nutrition & Dietician

बालों के लिए अलसी का जेल कैसे बनाएं? जानें घर पर बनाने और बालों में लगाने का सही तरीका

अलसी खाने में तो फायदेमंद होती ही है साथ ही इसका जेल भी बालों पर बहुत अच्छा असर डालता है। यहां एक्सपर्ट से जानिए, अलसी का जेल बनाने का आसान तरीका, इसे बालों में कैसे लगाएं और इस्तेमाल करते समय किन बातों का ध्यान रखें।

बालों को सॉफ्ट, शाइनी और संभालने में आसान बनाने के लिए जरूरी नहीं कि हर बार महंगे हेयर प्रोडक्ट्स का ही इस्तेमाल किया जाए। अगर आपके बाल नमी की कमी के कारण रूखे रहते हैं, कंघी करते समय उलझते हैं या बालों को सेट करने के लिए बार-बार हेयर जेल लगाना पड़ता है, तो घर में रखी अलसी आपके काम आ सकती है। मेवाड़ विश्वविद्यालय में प्रोफेसर एवं प्राकृतिक चिकित्सालय बापू नगर, जयपुर की वरिष्ठ चिकित्सक योग, प्राकृतिक चिकित्सा पोषण और आयुर्वेद विशेषज्ञ डॉ. किरण गुप्ता के अनुसार, अलसी के बीजों को पानी में उबालने पर एक चिपचिपा जेल जैसा पदार्थ बनता है, जिसे बालों पर लगाया जा सकता है। यह अलसी जेल बालों को सॉफ्ट महसूस कराने और उन्हें संभालने में मदद कर सकता है।

बालों के लिए अलसी का जेल कैसे बनाएं?

आयुर्वेदाचार्य डॉ. किरण गुप्ता के अनुसार, अलसी जेल बनाने के लिए आपको बहुत ज्यादा चीजों की जरूरत नहीं होती है, इसके लिए करीब 2 बड़े चम्मच साबुत अलसी और 1 कप पानी चाहिए होता है।

  • सबसे पहले एक पैन में पानी डालकर उसमें अलसी डालें। इसे धीमी आंच पर बीच-बीच में चम्मच से चलाते हुए उबालें।
  • करीब 5 से 10 मिनट में पानी थोड़ा गाढ़ा और चिपचिपा होने लगेगा।
  • जब पानी में जेल बनने लगे तो गैस बंद कर दें। मिश्रण को बहुत ज्यादा गाढ़ा होने से पहले साफ सूती कपड़े या छलनी की मदद से छान लें, क्योंकि ठंडा होने के बाद जेल और गाढ़ा हो जाता है।

अलसी जेल बालों में लगाने का सही तरीका

  • आयुर्वेदाचार्य डॉ. किरण गुप्ता बताती हैं कि बालों में अलसी का जेल लगाने से पहले उन्हें साफ करके हल्का गीला कर लें।
  • अब थोड़ी मात्रा में अलसी का जेल हथेली पर लें और बालों की लंबाई तथा सिरों पर अच्छी तरह लगाएं।
  • अगर आपके घुंघराले बाल हैं तो जेल को बालों पर लगाकर हल्के हाथों से स्क्रंच किया जा सकता है, जिससे कर्ल्स को आकार देने में मदद मिल सकती है।
  • अगर आपकी ऑयली स्कैल्प है तो जेल को सीधे स्कैल्प पर लगाने के बजाय बालों की लंबाई पर लगाना बेहतर हो सकता है।
  • अलसी का जेल लगाने के बाद इसे करीब 20 से 30 मिनट तक बालों में रखा जा सकता है। इसके बाद सामान्य पानी या माइल्ड शैंपू से बाल धो लें।
  • अगर आप इसे केवल बालों को स्टाइल और मैनेज करने के लिए इस्तेमाल कर रहे हैं, तो थोड़ी मात्रा में इसे साफ, नम बालों पर लगाकर छोड़ भी सकते हैं। हालांकि, हर व्यक्ति के बालों की प्रकृति अलग होती है, इसलिए पहले थोड़े हिस्से पर इस्तेमाल करके देखें।

क्या अलसी का जेल बाल झड़ना रोकता है?

आयुर्वेदाचार्य डॉ. किरण गुप्ता के अनुसार, अलसी के जेल को सीधे तौर पर बाल झड़ने का इलाज नहीं माना जाना चाहिए। यह बालों को कंडीशन करने, नमी बनाए रखने और बालों को संभालने में मदद कर सकता है। अगर लगातार बहुत ज्यादा बाल झड़ रहे हैं, बालों में पैच बन रहे हैं या स्कैल्प में खुजली और पपड़ी जैसी समस्या है, तो केवल घरेलू जेल पर निर्भर रहने के बजाय डर्मेटोलॉजिस्ट से सलाह लेना जरूरी है।

How To Make Flaxseed Gel For Hair

इसे भी पढ़ें: बालों के लिए आंवला कैसे इस्तेमाल करें? तेल, पाउडर या जूस में कौन सा तरीका हो सकता है बेहतर

साल 2025 में International Journal of Pharmaceutical Scieces में प्रकाशित रिसर्च के अनुसार-

  • अलसी, करी पत्ते और गुड़हल के अर्क से तैयार किया गया हर्बल हेयर जेल सिंथेटिक प्रोडक्ट्स का एक बेहतरीन और नेचुरल विकल्प है।
  • अलसी नमी देती है, करी पत्ते सुरक्षा करते हैं और गुड़हल बालों को मजबूत बनाता है।
  • जांच में यह जेल पीएच, चिपचिपापन और स्थिरता के मामले में पूरी तरह सही पाया गया।
  • इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट और पोषक तत्व बालों को प्रदूषण से बचाते हैं और बालों के विकास में मदद करते हैं।
  • यह सुरक्षित, असरदार और प्राकृतिक हर्बल जेल बालों की सेहत के लिए बेहद फायदेमंद है।

अलसी जेल कितने दिन तक सही रहता है?

  • आयुर्वेदाचार्य डॉ. किरण गुप्ता का कहना है कि घर पर तैयार किए गए अलसी के जेल में आमतौर पर कोई प्रिजर्वेटिव नहीं होता है।
  • इसलिए इसे लंबे समय तक कमरे के तापमान पर रखना सही नहीं है।
  • साफ और सूखे एयरटाइट कंटेनर में रखकर फ्रिज में स्टोर करें और खराब गंध आए तो इसका इस्तेमाल न करें। आमतौर पर फ्रिज में अलसी का जेल 1 सप्ताह तक खराब नहीं होता है।
  • हर बार जेल निकालने के लिए साफ चम्मच का इस्तेमाल करें।

इसे भी पढ़ें: रात में बालों में तेल लगाकर सोना सही या गलत? डर्मेटोलॉजिस्ट से जानें

निष्कर्ष

अलसी का जेल घर पर आसानी से बनाया जा सकता है और यह खासकर रूखे, घुंघराले और बेजान बालों को सॉफ्ट बनाने तथा बालों को मैनेज करने में मदद कर सकता है। इसे बनाने के लिए अलसी और पानी ही पर्याप्त हैं। हालांकि, इसे बालों की हर समस्या का इलाज समझना सही नहीं है। बालों में किसी तरह की गंभीर या लगातार समस्या हो तो एक्सपर्ट की सलाह लेना जरूरी है।

All Image Credit- magnific

FAQ

  • क्या अलसी का जेल बच्चों के बालों में लगाया जा सकता है?

    बच्चों की स्किन और स्कैल्प सेंसिटिव हो सकती हैं। इस्तेमाल करने से पहले थोड़ी मात्रा का पैच टेस्ट करना और जरूरत पड़ने पर एक्सपर्ट की सलाह लेना बेहतर है।
  • क्या अलसी का जेल लगाने से डैंड्रफ खत्म हो जाता है?

    अलसी के जेल को डैंड्रफ का इलाज नहीं माना जाता। अगर लगातार रूसी, खुजली या स्कैल्प पर परत बन रही है, तो इसके पीछे अलग कारण हो सकते हैं।
  • अलसी का जेल चेहरे पर लगा सकते हैं?

    अलसी का जेल चेहरे पर भी लगाया जा सकता है लेकिन अगर आपको स्किन से जुड़ी समस्याएं हैं तो इसका उपयोग चेहरे पर करने से पहले डॉक्टर से सलाह लें।

Read Next

पुरानी कब्ज से राहत के लिए इसबगोल लें या त्रिफला? जानें आयुर्वेदाचार्य से

Disclaimer

इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।

Akanksha Tiwari

Akanksha Tiwari

Senior Sub Editor

आकांक्षा तिवारी हेल्थ और लाइफस्टाइल पत्रकारिता में 6 साल का अनुभव रखती हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत डिजिटल मीडिया से की और फिलहाल जागरण न्यू मीडिया (Onlymyhealth) में सीनियर सब एडिटर के तौर पर काम कर रही हैं। आकांक्षा को स्वास्थ्य, पोषण और फिटनेस जैसे विषयों पर लिखने का अच्छा अनुभव है। वे पत्रकारिता और जनसंचार में पोस्ट ग्रैजुएट हैं। रिसर्च, SEO और फैक्ट-चेकिंग में उनकी खास पकड़ है और वे हमेशा प्रमाणिक और भरोसेमंद जानकारी देने की कोशिश करती हैं। Editorial Policy: आकांक्षा द्वारा लिखे गए सभी लेखों की हमारी संपादकीय टीम द्वारा तथ्य-जांच की जाती है और आवश्यकता पड़ने पर संबंधित विषय विशेषज्ञों द्वारा समीक्षा की जाती है।

Read More..

How we keep this article up to date:

We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.

  • Current Version

    Sep 15, 2026 18:16 IST

    Published By : Akanksha Tiwari
    Reviewed By : Dr Kiran Gupta

Medically reviewed content
200+ medical reviewers in network
17 Years of Trusted Health Content
Medically reviewed content
200+ medical reviewers in network
17 Years of Trusted Health Content
Medically reviewed content
200+ medical reviewers in network
17 Years of Trusted Health Content