जवानी में ही बढ़ गया है ब्लड प्रेशर? तुरंत जीवनशैली में करें ये 7 बदलाव, दिखेगा असर

मौजूदा जीवनशैली इतनी खराब और निष्क्रिय हो चुकी है कि लोगों को अपनी युवावस्था में ही हाई बीपी जैसी गंभीर समस्या है। हद तो यह है कि यह एक तरह का साइलेंट किलर है, जिसका काफी समय बाद पता चलता है। तब तक काफी देर हो चुकी होती है। यही कारण है कि डाॅक्टर बार-बार यह सलाह देते हैं कि नियमित रूप से अपनी जांच करवाएं।
अगर कम उम्र में हाई बीपी हो जाए, तो ऐसे में जीवनशैली में किस तरह के बदलाव तुरंत किए जाने चाहिए? इस बारे में Dr. Aravinda S N, Lead Consultant - Internal Medicine, Aster RV Hospital, Bengaluru बताते हैं, "कम उम्र में हाई ब्लड प्रेशर हो जाए, तो उसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए, क्योंकि इससे आगे चलकर हृदय रोग, स्ट्रोक और किडनी से जुड़ी समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है। इसका पता चलते ही सबसे पहले नमक का सेवन कम करें। इसके अलावा, प्रोसेस्ड फूड, पैकेटबंद फूड आदि से भी दूर रहें और नियमित एक्सरसाइज करना भी जरूरी है।"
क्या कहती है स्टडी?
2023 में Journal of Hypertension में प्रकाशित इंटरनेशनल सोसाइटी ऑफ हाइपरटेंशन के पोजीशन पेपर के अनुसार, हाई ब्लड प्रेशर को रोकने और इसे मैनेज करने के लिए जीवनशैली में सुधार करना इसके उपचार की तरफ पहली सीढ़ी मानी जाती है। इसे दवाइयों के साथ भी जारी रखना जरूरी है। रिपोर्ट में आगे कहा गया है, डाइट में सोडियम की मात्रा कम करना और पोटैशियम से भरपूर खाद्य पदार्थ (जैसे फल और सब्जियां) बढ़ाना ब्लड प्रेशर घटाने का सबसे प्रभावी तरीका है।
कम उम्र में हाई बीपी होने पर जीवनशैली में कौन से बदलाव करें?

1. नमक का सेवन कम करें
Dr. Aravinda S N आगे सलाह देते हैं, "जीवनशैली में जो सबसे पहला और महत्वपूर्ण बदलाव करना चाहिए, वह है नमक का सेवन कम करना। कई लोगों को भोजन में ऊपर से अतिरिक्त नमक डालने की आदत होती है। कम उम्र में हाई बीपी का पता चलने पर ऐसा न करें। नमक में सोडियम होता है, जो कि बीपी को बढ़ाने के लिए जाना जाता है।"
2. अनहेल्दी चीजें न खाएं
Dr. Aravinda S N के अनुसार, "हाई बीपी के संतुलन में सिर्फ नमक नहीं, बल्कि कंप्लीट डाइट का भी अहम योगदान होता है। जैसे ही पता चले कि आपको हाई बीपी है, तो तुरंत अचार, पापड़, चिप्स, पैकेटबंद स्नैक्स, इंस्टेंट नूडल्स तथा प्रोसेस्ड फूड्स का सेवन सीमित करें। इनका सेवन करने से शरीर में वाॅटर रिटेंशन बढ़ता है, ब्लड वेसल्स में अकड़न आती है और शरीर का वजन भी बढ़ने लगता है। ऐसे में ब्लड फ्लो बाधित हो जाता है, जिससे बीपी की समस्या और बढ़ जाती है। इसी तरह, तले हुए खाद्य पदार्थों, मीठे पेय पदार्थों (शुगरी ड्रिंक्स) और सैचुरेटेड फैट से भरपूर चीजों के बार-बार सेवन से भी बचें।"
इसे भी पढ़ें: बच्चों में लो ब्लड प्रेशर: कारण, लक्षण, खतरे के संकेत और पेरेंट्स के लिए जरूरी टिप्स
3. फलों का सेवन करें
कम उम्र में हाई बीपी का पता चलने पर सिर्फ अस्वस्थ खान-पान की आदतों को ही बंद नहीं करना होता है। Dr. Aravinda S N बताते हैं, "डाइट में पौष्टिक आहार भी शामिल करना होता है। इसमें ताजे फल, सब्जियां, साबुत अनाज, दालें और नट्स अधिक मात्रा में खाएं। अपने आहार में पोटैशियम से भरपूर खाद्य पदार्थों जैसे केला, पालक, बीन्स और संतरा को शामिल करें, क्योंकि ये स्वस्थ ब्लड प्रेशर बनाए रखने में मदद कर सकते हैं।"
4. एक्सरसाइज करें

Dr. Aravinda S N के मुताबिक, "ब्लड प्रेशर को नियंत्रित करने के लिए नियमित शारीरिक गतिविधि करना भी बहुत जरूरी होता है। तमाम अध्ययन इस बात की पुष्टि करते हैं कि युवा वयस्कों को हर हफ्ते कम से कम 150 मिनट मध्यम स्तर की एक्सरसाइज करनी चाहिए। इसमें तेज चलना, साइकिल चलाना, स्विमिंग या जॉगिंग जैसी एक्सरसाइज शामिल हैं। इसके अलावा, रोजाना 30 मिनट की चहलकदमी भी स्वास्थ्य में बड़ा सुधार करती है। वहीं, अगर आप वर्किंग हैं और लगातार कई घंटों तक एक ही जगह बैठते हैं, तो ऐसा करने से बचें। समय-समय पर ब्रेक लें और कुछ-कुछ मिनटों की वाॅक करें।"
5. 7-9 घंटे की नींद लें
Dr. Aravinda S N बताते हैं, "हर रात सात से नौ घंटे की नींद लेना भी बेहद जरूरी होता है। विशेषज्ञ बताते हैं, ‘खराब नींद और सोने का अनियमित समय ब्लड प्रेशर को प्रभावित कर सकता है, जो कि बिल्कुल सही नहीं है। युवाओं को अपने सोने का समय फिक्स करना चाहिए। अगर नींद नहीं आती है, तो एक निश्चित समय पर बेड पर चले जाएं और मोबाइल को खुद से पूरी तरह दूर कर लें।"
6. तनाव कम करें
इसमें कोई दो राय नहीं है कि मौजूदा समय में हर उम्र वर्ग के लोगों में किसी न किसी बात का तनाव है। छोटे बच्चे से लेकर बुजुर्गों में तनाव का स्तर दिनों दिन बढ़ता जा रहा है। युवा भी इससे अछूते नहीं है। तनाव कम करने के लिए नियमित रूप से ध्यान लगाएं, योग करें और ब्रीदिंग एक्सरसाइज भी इसमें महत्वपूर्ण है। इसके अलावा, मन को अच्छा लगने वाली चीजें कर सकते हैं।
7. धूम्रपान और तंबाकू से दूर रहें
धूम्रपान और तंबाकू से पूरी तरह बचें तथा शराब का सेवन सीमित करें। अत्यधिक कैफीन के सेवन से भी बचना चाहिए, खासकर उन लोगों को जो कॉफी या एनर्जी ड्रिंक्स पीने के बाद अपने ब्लड प्रेशर में बढ़ोतरी महसूस करते हैं। वैसे भी धूम्रपान और तंबाकू का सेवन समग्र स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाते हैं। इससे कैंसर जैसी घातक बीमारियां भी होती हैं।
इसे भी पढ़ें: गुस्सा करने से दिल (हार्ट) पर क्या असर पड़ता है? कार्डियोलॉजिस्ट से जानें
एक्सपर्ट की सलाह
Dr. Aravinda S N सलाह देते हैं कि ब्लड प्रेशर के अकसर कोई स्पष्ट या शुरुआती लक्षण दिखाई नहीं देते हैं। इसलिए, समय-समय पर जांच किया जाना जरूरी है। इसके अलावा, यहां बताए गए कुछ टिप्स को फाॅलो करना भी जरूरी है, जैसे-
- नियमित रूप से बीपी की जांच करें।
- बांह पर ठीक से फिट होने वाले अपर-आर्म मॉनिटर का यूज कर सकते हैं।
- अगर ब्लड प्रेशर की रीडिंग लगातार 140/90 है, तो कुछ दिनों तक लगातार रीडिंग की डायरी बनाएं।
- रीडिंग में बदलाव न होने पर तुरंत डाॅक्टर से संपर्क करें।
निष्कर्ष
हाई ब्लड प्रेशर साइलेंट किलर है। अक्सर इसका पता लोगों को बहुत देरी से चलता है। ध्यान रखें कि हाई ब्लड प्रेशर की कई वजहें हो सकती हैं, जैसे किडनी डिजीज, हार्मोनल परेशानियां या नींद संबंधी विकार (स्लीप डिसऑर्डर)। अगर आपको इनमें से कोई भी समस्या हो, तो स्थिति को हल्के में न लें और तुरंत डाॅक्टर से संपर्क करें। ध्यान रखें कि जीवनशैली के साथ-साथ डाॅक्टर का सही ट्रीटमेंट भी जरूरी होता है।
All Image Credit: Magnific
FAQ
युवाओं में Normal BP की रीडिंग कितनी होनी चाहिए?
स्वस्थ युवा वयस्क के लिए सामान्य ब्लड प्रेशर की रीडिंग 120/80 mmHg से कम मानी जाती है।क्या जिम में भारी वजन उठाने से युवावस्था में ब्लड प्रेशर बढ़ सकता है?
हां, बिना सही सांस लेने की तकनीक के बहुत भारी वजन उठाने से ब्लड प्रेशर अस्थायी रूप से बढ़ सकता है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Nov 28, 2026 14:19 IST
Published By : Meera Tagore
Reviewed By : Dr. Aravinda S N