Daily Salt Intake: ज्यादातर स्वस्थ वयस्कों के लिए विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) रोजाना 5 ग्राम से कम नमक खाने की सलाह देता है। यह मात्रा लगभग एक छोटी चम्मच या 2000 मिलीग्राम सोडियम के बराबर होती है। इसमें खाना बनाते समय डाला गया नमक, ऊपर से मिलाया गया नमक और पैकेट में मिलने वाले खाद्य पदार्थों में पहले से मौजूद नमक भी शामिल है। अगर आप खाने में टेबल सॉल्ट यानी साधारण नमक इस्तेमाल करते हैं, तो WHO पोटैशियम युक्त कम सोडियम वाले नमक के विकल्प अपनाने का सुझाव देता है। WHO के अनुसार, इस्तेमाल किए जाने वाले सभी नमक आयोडीन युक्त होने चाहिए। आइए जानें ज्यादा नमक खाने के नुकसान और किन चीजों में अधिक नमक हो सकता है और इसकी मात्रा को कैसे घटाएं? बेहतर जानकारी के लिए हमने Dr. Vighnesh Y, Sr. Consultant General Physician At Yashoda Hospitals, Secunderabad से बात की।
| WHO के अनुसार रोजाना नमक और सोडियम लेने की सही मात्रा | |
| रोजाना कितना नमक खाएं? | 5 ग्राम से कम या एक छोटी चम्मच जितना। यह मात्रा 2000 मिलीग्राम सोडियम के बराबर है। |
| नमक की कुल मात्रा में क्या शामिल है? | खाना बनाते समय डाला गया नमक, ऊपर से मिलाया गया नमक और खाद्य पदार्थों में पहले से मौजूद नमक। |
| किस नमक का सेवन करें? | आयोडीन युक्त नमक। |
| कम सोडियम वाला विकल्प | साधारण नमक की जगह पोटैशियम युक्त कम सोडियम वाला नमक चुना जा सकता है। |
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के मुताबिक,
1 ग्राम नमक में लगभग 400 मिलीग्राम सोडियम होता है।
5 ग्राम नमक में लगभग 2000 मिलीग्राम सोडियम होता है।
ज्यादा नमक का सेहत पर खतरनाक असर
daily-salt-intake-WHO
- ज्यादा नमक खाने से शरीर में पानी जमा होने लगता है, जिससे बीपी बढ़ सकता है।
- लंबे समय तक अधिक नमक खाने से दिल की बीमारियों, स्ट्रोक, किडनी की समस्याओं, पेट के कैंसर और शरीर में सूजन का खतरा बढ़ सकता है।
- ज्यादा नमक से किडनी की बीमारी, हार्ट फेलियर जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
- डायबिटीज से पीड़ित लोगों को नमक का सेवन और कम करने की जरूरत हो सकती है। ऐसे लोगों को डॉक्टर की सलाह के अनुसार नमक खाना चाहिए।
यह भी पढ़ें- नमक का सेवन कम करने के बाद शरीर में क्या बदलाव आते हैं? डॉक्टर से जानें
हाई बीपी और सोडियम का सीधा संबंध
सोडियम और हाई बीपी का सीधा संबंध है। जब आप ज्यादा सोडियम यानी नमक का सेवन करते हैं, तो शरीर में पानी जमा होने लगता है। इससे ब्लड की मात्रा बढ़ सकती है और ब्लड वेसल्स की दीवारों पर दबाव पड़ता है और इस कारण बीपी बढ़ने लगता है। लंबे समय तक ज्यादा नमक खाने से हाई बीपी की समस्या हो सकती है। इससे हार्ट अटैक, स्ट्रोक और किडनी की बीमारियों का खतरा भी बढ़ सकता है।
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के मुताबिक, अध्ययनों से पता चलता है कि सोडियम का सेवन कम करने से वयस्कों में हाई बीपी को काफी हद तक कम किया जा सकता है। सोडियम का सेवन कम करने से हृदय रोगों, स्ट्रोक और कोरोनरी हार्ट डिजीज का खतरा कम करने में मदद मिल सकती है।
किडनी और हड्डियों पर अधिक नमक के दुष्प्रभाव
ज्यादा नमक खाने का असर किडनी और हड्डियों की सेहत पर भी पड़ सकता है। अधिक सोडियम के सेवन से किडनी को शरीर से अतिरिक्त सोडियम बाहर निकालने के लिए ज्यादा काम करना पड़ता है। लंबे समय तक ज्यादा नमक खाने से बीपी बढ़ सकता है, जिससे किडनी की ब्लड वेसल्स को नुकसान पहुंचने और किडनी की कार्यक्षमता प्रभावित होने का खतरा रहता है। वहीं, अधिक सोडियम के कारण पेशाब के जरिए कैल्शियम के शरीर से बाहर निकलने की प्रक्रिया बढ़ सकती है। इससे लंबे समय में हड्डियां कमजोर हो सकती हैं जिससे ऑस्टियोपोरोसिस का खतरा बढ़ सकता है।
यह भी पढ़ें- ज्यादा नमक खाना क्यों है दिल, किडनी और लिवर के लिए खतरनाक? एक्सपर्ट से जानें नुकसान
कौन से फूड्स में बहुत ज्यादा नमक होता है?
कई ऐसे फूड्स हैं जिनमें हमारी उम्मीद से ज्यादा नमक होता है। खासतौर पर प्रोसेस्ड और तुरंत खाने के लिए तैयार किए जाने वाले खाद्य पदार्थों में नमक की मात्रा अधिक हो सकती है। जैसे-
- चिप्स, नमकीन, नमकीन मेवे, पॉपकॉर्न और इंस्टेंट नूडल्स।
- अचार, पापड़, चटनी, सॉस, केचप, सोया सॉस और पैकेट वाले मसाले।
- इंस्टेंट सूप, डिब्बाबंद खाद्य पदार्थ, रेडीमेड भोजन और फ्रोजन स्नैक्स।
- प्रोसेस्ड मीट जैसे सॉसेज, हैम, बेकन, सलामी और पैक किया हुआ मीट।
- चीज, चीज स्प्रेड, नमकीन मक्खन, बेकरी के खाद्य पदार्थ, ब्रेड और बिस्किट।
- रेस्टोरेंट का खाना, फास्ट फूड, पिज्जा, बर्गर और पैकेट वाले स्नैक्स।
- हमारे भोजन में सोडियम का ज्यादातर हिस्सा नमकदानी से नहीं, बल्कि प्रोसेस्ड और रेस्टोरेंट में मिलने वाले खाद्य पदार्थों से आता है।
नमक का सेवन कम करने के तरीके
- नमक का सेवन कम करने के लिए खाद्य पदार्थों के पैकेट पर पोषण संबंधी जानकारी जरूर पढ़ें।
- कम सोडियम वाले विकल्प चुनें।
- डिब्बाबंद बीन्स और सब्जियों को इस्तेमाल करने से पहले पानी से धो लें।
- घर पर खाना बनाने की आदत डालें।
- खाने का स्वाद बढ़ाने के लिए ज्यादा नमक डालने के बजाय नींबू, हर्ब्स, लहसुन, अदरक और मसालों का इस्तेमाल करें।
- आयोडीन युक्त नमक का इस्तेमाल करें, लेकिन इसकी कुल मात्रा रोजाना तय सीमा के अंदर रखें।
डॉक्टर से संपर्क कब करें?
- अगर शरीर में लगातार सूजन रहती है,
- सिरदर्द होता है,
- सीने में दर्द या सांस लेने में परेशानी होती है या
- हाई बीपी रहता है, तो जल्द डॉक्टर से संपर्क करें।
निष्कर्ष:
विश्व स्वास्थ्य संगठन के मुताबिक रोजाना 5 ग्राम से कम नमक खाना चाहिए। यह मात्रा एक छोटी चम्मच जितनी है यानी 2000 मिलीग्राम सोडियम के बराबर। इसमें खाना बनाते समय डाला गया नमक, ऊपर से मिलाया गया नमक और खाद्य पदार्थों में पहले से मौजूद नमक भी शामिल है। WHO आयोडीन युक्त नमक खाने की सलाह देता है और अगर आप साधारण नमक का इस्तेमाल करते हैं ,तो पोटैशियम युक्त कम सोडियम वाला नमक चुनें। WHO के मुताबिक, 1 ग्राम नमक में लगभग 400 मिलीग्राम सोडियम होता है और 5 ग्राम नमक में लगभग 2000 मिलीग्राम सोडियम होता है। नमक का अधिक सेवन करने से बीपी बढ़ सकता है, हार्ट डिजीज का खतरा रहता है, स्ट्रोक, किडनी की समस्याओं, पेट के कैंसर और शरीर में सूजन का खतरा रहता है। ज्यादा नमक खाने से हार्ट फेलियर, कमजोर हड्डियां और ऑस्टियोपोरोसिस का खतरा भी रहता है।
image credit: magnific
FAQ
क्या आयोडीन युक्त नमक खाना जरूरी है?
हां, आयोडीन युक्त नमक का सेवन शरीर में आयोडीन की जरूरत पूरी करता है। आयोडीन थायराइड हार्मोन बनाने के लिए जरूरी है। ये हार्मोन शरीर के मेटाबॉलिज्म, विकास और दिमाग की सेहत को बेहतर रखने में मदद करता है।नमक खरीदते समय किन बातों का ध्यान रखना चाहिए?
नमक खरीदते समय आयोडीन युक्त नमक चुनना चाहिए। पैकेट पर आयोडीन की जानकारी और एक्सपायरी डेट जरूर देखें। नमक को नमी से बचाने के लिए एयरटाइट डिब्बे में रखें।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Nov 16, 2026 18:37 IST
Published By : Yashaswi Mathur
Reviewed By : Dr Vighnesh Y
