मौसम बदलते ही गले में खराश, बुखार और शरीर में दर्द जैसी समस्याएं आम हो जाती हैं लेकिन जब तेज बुखार के साथ खांसी और कमजोरी कई दिनों तक बनी रहे, तो मन में सवाल उठता है कि कहीं यह स्वाइन फ्लू तो नहीं? स्वाइन फ्लू एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में फैल सकता है। ज्यादातर मामलों में मरीज कुछ दिनों में ठीक होने लगता है, लेकिन कुछ लोगों में इसके लक्षण लंबे समय तक बने रह सकते हैं। कैलाश अस्पताल, देहरादून के सीनियर कंसल्टेंट इंटरनल मेडिसिन डॉ. गोपाल जी शर्मा के अनुसार, स्वाइन फ्लू कितने दिनों में ठीक होता है ये बात व्यक्ति की उम्र, शरीर की इम्यूनिटी और स्वास्थ्य की स्थिति पर निर्भर करती है। हेल्दी व्यक्ति में लक्षण कुछ दिनों में कम होने लगते हैं, लेकिन खांसी और थकान पूरी तरह खत्म होने में ज्यादा समय लग सकता है।
स्वाइन फ्लू कितने समय तक रहता है?
डॉ. गोपाल जी शर्मा के अनुसार, स्वाइन फ्लू ठीक होने का समय मरीज की इम्यूनिटी और पहले से मौजूद बीमारियों के आधार पर अलग-अलग हो सकता है। इसलिए सिर्फ यह देखना पर्याप्त नहीं है कि बुखार कितने दिन से है, बल्कि यह भी देखना जरूरी है कि लक्षण लगातार सुधर रहे हैं या बिगड़ रहे हैं।
- सामान्य तौर पर H1N1 फ्लू के ज्यादातर लक्षण 3 से 7 दिनों में कम होने लगते हैं और लगभग एक सप्ताह में व्यक्ति काफी बेहतर महसूस कर सकता है।
- इंफेक्शन से होने वाले बुखार और अन्य लक्षण आमतौर पर एक सप्ताह के भीतर ठीक हो जाते हैं। हालांकि, तेज खांसी, शरीर में दर्द और थकान लंबे समय तक बनी रह सकती है।
- कुछ लोगों को पूरी तरह सामान्य महसूस करने में एक से दो सप्ताह या उससे ज्यादा समय लग सकता है। इसलिए बीमारी के दौरान पर्याप्त आराम और शरीर में पानी की कमी न होने देना जरूरी है।
स्वाइन फ्लू का शरीर पर असर
साल 2024 में NIH की Bookshelf में प्रकाशित जानकारी के अनुसार-
- 2009 के H1N1 स्वाइन फ्लू के दौरान मुख्य रूप से सांस से जुड़ी गंभीर समस्याएं जैसे निमोनिया और फेफड़ों की बीमारियां देखने को मिली थीं।
- इसके अलावा, दिल की बीमारियां, बैक्टीरियल इंफेक्शन और दौरे या कमजोरी जैसी न्यूरोलॉजिकल समस्याएं भी स्थिति को और बिगाड़ सकती हैं।
- गंभीर मामलों से पीड़ित लोगों को ठीक होने के बाद भी लंबे समय तक सांस फूलने की दिक्कत, काम पर लौटने में परेशानी और तनाव या डिप्रेशन जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।
- ये सभी गंभीर रिजल्ट इस बात पर जोर देते हैं कि किसी भी समस्या से बचने और मरीज को लंबे समय तक हेल्दी रखने के लिए समय पर और सही इलाज मिलना बेहद जरूरी है।
कब समझें कि स्वाइन फ्लू गंभीर हो रहा है?
डॉ. गोपाल जी शर्मा बताते हैं कि अगर बुखार या खांसी ठीक होने के बाद दोबारा बढ़ने लगे, सांस लेने में परेशानी हो, सीने में दर्द या दबाव महसूस हो, अचानक चक्कर आएं या व्यक्ति बहुत ज्यादा कमजोर हो जाए, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। ये गंभीर बीमारी या समस्याओं के संकेत हो सकते हैं, जिनमें तुरंत डॉक्टर से सलाह लें।
How Long Does Swine Flu Last
इसे भी पढ़ें: दिल्ली में बढ़े स्वाइन फ्लू के मामले, अब तक 1344 केस, डॉक्टर से जानें किन लक्षणों से रहें सावधान
किन लोगों को ज्यादा सावधान रहने की जरूरत है?
डॉ. गोपाल जी शर्मा सलाह देते हैं कि स्वाइन फ्लू से गंभीर दिक्कतों का खतरा छोटे बच्चों, बुजुर्गों, प्रेग्नेंट महिलाओं और कुछ पुरानी बीमारियों से जूझ रहे लोगों में ज्यादा हो सकता है। अस्थमा, डायबिटीज या हार्ट डिजीज जैसी स्थितियां फ्लू के दौरान परेशानी को और ज्यादा बढ़ा सकती हैं।
ऐसे लोगों में फ्लू जैसे लक्षण दिखाई देने पर डॉक्टर से जल्दी संपर्क करना बेहतर होता है। हाई रिस्क वाले मरीजों में डॉक्टर्स जरूरत के अनुसार एंटीवायरल इलाज की सलाह दे सकते हैं। इसका फायदा बीमारी की शुरुआत में ज्यादा हो सकता है।
इसे भी पढ़ें: बच्चों में फ्लू है बारिश के मौसम में आम, डॉक्टर से जानें इसके लक्षण, कारण और बचाव के उपाय
निष्कर्ष
स्वाइन फ्लू या H1N1 इंफेक्शन के ज्यादातर मामलों में लक्षण करीब एक सप्ताह में कम होने लगते हैं, लेकिन खांसी और कमजोरी कुछ समय तक बनी रह सकती है। जरूरी बात यह है कि मरीज की हालत धीरे-धीरे बेहतर हो रही है या नहीं। सांस लेने में दिक्कत, सीने में दर्द, ज्यादा कमजोरी, कंफ्यूजन, लगातार उल्टी या ठीक होने के बाद लक्षणों का दोबारा बिगड़ना खतरे की घंटी हो सकती है। ऐसे संकेत मिलने पर तुरंत डॉक्टर से सलाह लें। खासकर बच्चों, बुजुर्गों, प्रेग्नेंट महिलाओं और पहले से किसी बीमारी से जूझ रहे लोगों में फ्लू के लक्षणों को हल्के में नहीं लेना चाहिए।
All Image Credit- magnific
FAQ
स्वाइन फ्लू इंसानों में कैसे फैलता है?
इंफ्यूएंजा वायरस मुख्य रूप से संक्रमित व्यक्ति के खांसने, छींकने या बात करने के दौरान निकलने वाली सूक्ष्म बूंदों के संपर्क से फैल सकता है। बंद और भीड़भाड़ वाली जगहों पर इंफेक्शन फैलने का खतरा बढ़ सकता है।क्या स्वाइन फ्लू में भूख कम होना सामान्य है?
बीमारी के दौरान भूख कम हो सकती है। ऐसे में एक साथ ज्यादा खाने के बजाय हल्का और आसानी से पचने वाला भोजन थोड़ी-थोड़ी मात्रा में लिया जा सकता है।क्या स्वाइन फ्लू हानिकारक है?
स्वाइन फ्लू एक हानिकारक और फैलने वाली बीमारी है, जो सामान्य वायरल बुखार की तुलना में शरीर पर ज्यादा गंभीर असर डाल सकती है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Aug 27, 2026 16:54 IST
Published By : Akanksha Tiwari
Reviewed By : Dr Gopal Jee Sharma
