सी-सेक्शन डिलीवरी के बाद घर में खुशी का माहौल होता है, नवजात की किलकारियां, बधाइयां और नई जिंदगी की शुरुआत लेकिन इस खुशी के बीच एक सच्चाई यह भी है कि मां के शरीर ने एक बड़ी सर्जरी झेली होती है। ऐसे में मुस्कान के पीछे छिपा दर्द और असहजता अक्सर नजरअंदाज हो जाती है। ज्यादातर नई माताओं के मन में यही सवाल रहता है कि सी-सेक्शन के बाद दर्द आखिर कितने दिनों तक रहेगा और कब शरीर पहले जैसा महसूस होने लगेगा? कई महिलाएं डिलीवरी के कुछ दिन बाद ही उठने-बैठने, चलने या बच्चे को गोद में लेने पर पेट के निचले हिस्से में तेज खिंचाव और जलन महसूस करती हैं। कुछ को टांकों के आसपास दर्द होता है, तो कुछ को कमर और पीठ में लगातार दर्द बना रहता है। ऐसे में यह डर स्वाभाविक है कि कहीं यह दर्द लंबे समय तक तो नहीं रहेगा या किसी समस्या का संकेत तो नहीं है। इस लेख में आनंद निकेतन में स्थित गायनिका: एवरी वुमन मैटर क्लीनिक की सीनियर कंसल्टेंट, ऑब्सटेट्रिक्स और गायनेकोलॉजिस्ट डॉ. (कर्नल) गुंजन मल्होत्रा सरीन से जानिए, सी-सेक्शन के बाद कितने दिन तक दर्द रहता है?
सी-सेक्शन के बाद कितने दिन तक दर्द रहता है? - When does C-section pain go away
सी-सेक्शन एक सर्जिकल प्रक्रिया है, जिसमें पेट और गर्भाशय की परतों को काटकर बच्चे को बाहर निकाला जाता है। इस दौरान नसों, मांसपेशियों और टिश्यू पर असर पड़ता है, जिससे ऑपरेशन के बाद दर्द होना स्वाभाविक है। डॉ. गुंजन सरीन के अनुसार, ''सी-सेक्शन के बाद दर्द शरीर की हीलिंग प्रक्रिया का हिस्सा है, लेकिन इसकी तीव्रता हर महिला में अलग-अलग हो सकती है।''
इसे भी पढ़ें: सिजेरियन डिलीवरी का महिलाओं के हार्ट पर क्या असर पड़ता है ? जानें डॉक्टर से
1. पहले 3-4 दिन: ऑपरेशन के बाद शुरुआती 3-4 दिन दर्द सबसे ज्यादा होता है। इस दौरान उठने-बैठने, चलने, खांसने या हंसने में भी पेट के निचले हिस्से में तेज दर्द महसूस हो सकता है। डॉक्टर इस समय पेनकिलर देते हैं ताकि दर्द को कंट्रोल किया जा सके।
2. 1 से 2 हफ्ते: पहले हफ्ते के बाद दर्द धीरे-धीरे कम होने लगता है, लेकिन पूरी तरह खत्म नहीं होता। टांकों के आसपास खिंचाव, जलन या हल्का दर्द बना रह सकता है। इस दौरान ज्यादा मेहनत करने से दर्द बढ़ सकता है।
3. 4 से 6 हफ्ते: डॉ. गुंजन सरीन बताती हैं कि अधिकांश महिलाओं में 4 से 6 हफ्तों के भीतर सी-सेक्शन का दर्द काफी हद तक ठीक हो जाता है। हालांकि कभी-कभी हल्का-फुल्का दर्द या असहजता बनी रह सकती है, खासकर ज्यादा चलने या वजन उठाने पर।
सी-सेक्शन के बाद दर्द की अवधि और तीव्रता कई बातों पर निर्भर करती है, जैसे महिला की शारीरिक स्थिति, पहली या दूसरी सी-सेक्शन डिलीवरी, इंफेक्शन हुआ या नहीं, आराम और देखभाल कितनी सही की गई, जिन महिलाओं का पहले भी सी-सेक्शन हो चुका होता है, उनमें कभी-कभी दर्द थोड़ा ज्यादा समय तक रह सकता है।
इसे भी पढ़ें: सी-सेक्शन के बाद ब्रेस्टफीडिंग की सही पोजीशन क्या है? जानें लैक्टेशन एक्सपर्ट की राय

दर्द कम करने के लिए क्या करें?
सी-सेक्शन के बाद दर्द को कम करने के लिए कुछ जरूरी बातें अपनाई जा सकती हैं-
- डॉक्टर द्वारा दी गई दवाएं समय पर लें
- धीरे-धीरे चलने की आदत डालें
- पेट पर ज्यादा दबाव न डालें
- पर्याप्त आराम करें और नींद पूरी लें
- फाइबर युक्त डाइट लें ताकि कब्ज न हो
निष्कर्ष
सी-सेक्शन के बाद दर्द होना सामान्य है और यह धीरे-धीरे कम होता जाता है। डॉक्टर गुंजन सरीन के अनुसार, सही देखभाल, आराम और समय पर मेडिकल सलाह से यह रिकवरी आसान हो सकती है। नई मां को चाहिए कि वह अपने शरीर के संकेतों को समझे और जरूरत पड़ने पर बिना झिझक डॉक्टर से संपर्क करे, ताकि मां और बच्चे दोनों स्वस्थ रह सकें।
All Images Credit- Freepik
FAQ
सी-सेक्शन डिलीवरी क्या होती है?
सी-सेक्शन एक सर्जिकल प्रक्रिया है, जिसमें मां के पेट और गर्भाशय में चीरा लगाकर बच्चे को बाहर निकाला जाता है। जब नॉर्मल डिलीवरी सुरक्षित न हो, तब डॉक्टर इसकी सलाह देते हैं।ऑपरेशन के कितने दिन बाद वजन उठाना शुरू करना चाहिए?
कम से कम 6-8 हफ्तों तक भारी वजन उठाने से बचना चाहिए, ताकि टांकों पर जोर न पड़े।सी-सेक्शन के बाद टांकों की देखभाल कैसे करें?
टांकों को साफ और सूखा रखें, डॉक्टर द्वारा दी गई दवाएं और क्रीम समय पर लगाएं और बिना सलाह के टांकों पर कुछ भी न लगाएं।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Jan 22, 2026 15:31 IST
Modified By : Akanksha Tiwari Jan 22, 2026 15:31 IST
Published By : Akanksha Tiwari
Reviewed By : Dr Gunjan Sarin