बच्चे के जन्म के बाद मां के शरीर में कई तरह के बदलाव आते हैं। डिलीवरी के दौरान महिलाओं को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में डिलीवरी के बाद शरीर की कमजोरी को दूर करने या रिकवरी के लिए महिलाओं को हेल्दी और पोषक तत्वों से युक्त डाइट लेने और अपने खान-पान का खास ध्यान रखने की सलाह दी जाती है। कई महिलाओं को ट्रेडिशनली गोंद के लड्डू, ड्राई फ्रूट्स और घी खाने की सलाह भी दी जाती है, लेकिन जल्दी रिकवरी के लिए क्या खाना चाहिए? आइए इस बारे में Dr. Lavanya Kiran, Director and Lead Consultant, Obstetrics, Gynaecology, KIMS Hospitals, Electronic City, Bengaluru से जानें।
सी-सेक्शन के बाद डाइट पर ध्यान देना जरूरी क्यों है?
Dr. Lavanya के अनुसार, सी-सेक्शन पेट की एक बड़ी सर्जरी है, जिसमें शरीर को ठीक होने के लिए पर्याप्त पोषण की जरूरत होती है। सही खान-पान से घाव भरने की प्रक्रिया को बेहतर करने, शरीर को एनर्जी देने, ब्रेस्टफीडिंग, डिलीवरी के दौरान खून की कमी को दूर करने और कब्ज की समस्या से बचने के लिए पोषक तत्वों से युक्त फूड्स को डाइट में शामिल करना जरूरी है।
डिलीवरी के बाद सही पोषण बहुत जरूरी है। सिर्फ ट्रेडिशनल खाना खाने के बजाय, बैलेंस और ज्यादा प्रोटीन वाली डाइट लेना बेहतर है।
1. प्रोटीन से भरपूर फूड
सी-सेक्शन के बाद शरीर के टिश्यूज को रिपेयर करने और घाव भरने के लिए प्रोटीन जरूरी होता है, इसलिए शुरुआती हफ्तों में, हर बार खाना खाते समय प्रोटीन जरूर लें। इसके लिए डाइट में प्रोटीन का कोई न कोई सोर्स शामिल करें।
इसके लिए अपनी पसंद के अनुसार प्रोटीन युक्त चीजें खा सकते हैं।
- अंडे।
- दूध, दही और पनीर।
- दाल, राजमा, चना, सोया और अन्य फलियां।
- स्प्राउट्स।
- मछली या चिकन खाएं।
प्रोटीन से आपको अमीनो एसिड मिलते हैं, जो शरीर को रिपेयर करने और रिकवरी के लिए जरूरी होते हैं।
इसे भी पढ़ें: डिलीवरी के बाद पीरियड कब आता है? डॉक्टर से जानें इससे जुड़ी 5 जरूरी बातें
what to eat for a quick recovery after a c section delivery 02
2. आयरन और फोलिक एसिड
डिलीवरी के दौरान कुछ महिलाओं के शरीर में खून की कमी हो सकती है। ऐसी स्थिति में आयरन और फोलिक एसिड से भरपूर खाना लेना जरूरी हो जाता है। आयरन शरीर में हीमोग्लोबिन बनाने में मदद करता है, जो शरीर के अलग-अलग हिस्सों तक ऑक्सीजन पहुंचाता है। इसके लिए आयरन और फोलिक एसिड वाली चीजें खाएं। जैसे-
- हरी पत्तेदार सब्जियां।
- बीन्स और दालें।
- तिल।
- खजूर।
- लीन मीट (बिना चर्बी वाला मांस)।
ये फूड्स खून की कमी को दूर करने में मदद कर सकते हैं।
3. विटामिन सी युक्त फूड्स खाएं
डिलीवरी के बाद शरीर में आयरन की कमी को दूर करने के लिए विटामिन C भी जरूरी पोषक तत्वों में से एक है। आयरन युक्त फूड्स के साथ विटामिन सी युक्त फूड्स को खाने से शरीर में आयरन के अवशोषण को बेहतर करने में मदद मिलती है।
- आंवला।
- अमरूद।
- संतरा।
- नींबू।
इन फूड्स को खाने से खून की कमी को दूर करने में मदद मिल सकती है।
इसे भी पढ़ें: डिलीवरी से पहले बैग में जरूर रख लें ये 20 चीजें, जानें मां और नवजात शिशु के लिए क्या-क्या है जरूरी?
4. फाइबर युक्त फूड्स खाएं
सी-सेक्शन के बाद कुछ महिलाओं को कब्ज की समस्या हो सकती है। कम फिजिकल एक्टिविटी, पर्याप्त पानी न पीने और कुछ पेनकिलर के कारण ये समस्या होती है। कब्ज होने पर मल त्याग के दौरान महिलाओं को परेशानी हो सकती है। इससे बचने के लिए डाइट में फाइबर युक्त फूड्स को शामिल किया जा सकता है। जैसे-
- फलों और सब्जियां खाएं।
- साबुत अनाज।
- ओट्स और दलिया।
- दालों और फलियां खाएं।
इन फूड्स में भरपूर मात्रा में फाइबर होता है। फाइबर लेने और साथ में लिक्विड पीने से कब्ज की समस्या से बचा जा सकता है। अगर कब्ज लगातार बनी रहती है, पेट में तेज दर्द होता है या उल्टी जैसी परेशानी होती है, तो डॉक्टर से सलाह जरूर लें।
5. पर्याप्त पानी पिएं
अगर आप ब्रेस्टफीडिंग करा रही हैं, तो शरीर में पानी की सही मात्रा बनाए रखना भी उतना ही जरूरी है। शारीरिक कार्यों को बेहतर बनाए रखने और कब्ज की समस्या से बचने के लिए पर्याप्त पानी पीना चाहिए। इसके अलावा, दूध, दही, सूप, नारियल पानी और बिना चीनी वाली ड्रिंक्स लेनी चाहिए।
गोंद के लड्डू कितने फायदेमंद हैं?
Dr. Lavanya का कहना है, गोंद के लड्डू सीमित मात्रा में खाए जा सकते हैं। इनसे एनर्जी मिलती है और अगर इन्हें नट्स, सीड्स और साबुत अनाज से बनाया जाए, तो ये स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद हो सकते हैं।
हालांकि, इनमें कैलोरी ज्यादा होती है और आमतौर पर इन्हें काफी घी और चीनी डालकर बनाया जाता है। इन्हें रिकवरी की दवा मानने के बजाय, दिन में बस एक लड्डू खाना ही काफी है।
साल 2002 में Cochrane Database of Systematic reviews में प्रकाशित रिसर्च के अनुसार, सिजेरियन (C-section) डिलीवरी के बाद शुरुआती 6 से 8 घंटों के अंदर ही लिक्विड डाइट (जैसे पानी या चाय) और हल्का या नॉर्मल खाना लेना सेफ है और इससे रिकवरी में मदद मिलती है। अध्ययनों के अनुसार, सिजेरियन के बाद जल्द खाना खाने और लिक्विड डाइट शुरू करने से पेट की आंतों की क्रियाशीलता जल्दी नॉर्मल होती है और अस्पताल में रुकने की ड्यूरेशन भी कम हो सकती है।
थोड़े-थोड़े गैप में खाना खाएं
Dr. Lavanya बताती हैं, नई माताओं को स्ट्रिक्ट डाइट फॉलो करने के बजाय थोड़ा-थोड़ा करके कई बार संतुलित खाना खाना चाहिए। इससे शरीर को नियमित रूप से एनर्जी और पोषक तत्व मिलते रहते हैं।
किन बातों का खास ध्यान रखें?
Dr. Lavanya का कहना है, सी-सेक्शन के बाद हर महिला की पोषण से जुड़ी जरूरत एक जैसी नहीं रहती है। अगर आपको एनीमिया, डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर की समस्या है या आप ब्रेस्टफीडिंग करा रही हैं, तो खाने का चुनाव उसी के अनुसार करना चाहिए।
आपको बहुत ज्यादा तली-भुनी, ज्यादा प्रोसेस की हुई और बहुत ज्यादा मीठी चीजें खाने से बचना चाहिए, लेकिन सबसे जरूरी बात यह है कि हर महिला की जरूरतें उसकी स्थिति के हिसाब से अलग-अलग होती हैं।
खान-पान के साथ लाइफस्टाइल से जुड़ी बातों का रखें ध्यान
खान-पान के साथ कुछ अन्य बातों का ध्यान रखना भी जरूरी हो जाता है। जैसे- वजन कम करने के लिए खाना कम न करें, पर्याप्त नींद लें, आराम करें, सर्जरी के बाद घाव की सही देखभाल करें, डॉक्टर की सलाह अनुसार हल्की फिजिकल एक्टिविटी करें और सप्लीमेंट्स लें।
डॉक्टर से सलाह कब लें?
अगर घाव के आसपास रेडनेस बढ़ रही हो, पस निकल रहा हो, बुखार आ रहा हो, तेज दर्द हो या ज्यादा ब्लीडिंग हो, तो तुरंत डॉक्टर से सलाह लें।
निष्कर्ष
सी-सेक्शन में जल्दी रिकवरी के लिए प्रोटीन, आयरन, फोलिक एसिड, फाइबर और विटामिन सी युक्त फूड्स अंडे, दूध, दही, पनीर, हरी पत्तेदार सब्जियां, आंवला, अमरूद, नींबू, संतरा, दालें, साबुत अनाज और फलियां खाएं। इसके अलावा, पर्याप्त पानी पिएं। इसके अलावा, सीमित मात्रा में गोंद और ड्राई फ्रूट्स के लड्डू भी खाए जा सकते हैं।
इस दौरान ध्यान रहे, थोड़े-थोड़े गैप में खाना खाएं। इसके अलावा, सी-सेक्शन के बाद महिलाओं को तले-भुने, मीठे और ज्यादा प्रोसेस्ड फूड्स को खाने से बचना चाहिए।
All Images Credit- Freepik
FAQ
डिलीवरी के बाद क्या खाएं?
डिलीवरी के बाद मां को आसानी से पचने वाले, एनर्जी देने वाले और पोषक तत्वों से युक्त हल्की खिचड़ी, दलिया, सब्जी सूप, दाल और अंडे जैसे फूड्स खाने चाहिए।डिलीवरी के बाद किन बातों का ध्यान रखना चाहिए?
डिलीवरी के बाद घाव की देखभाल करें, शारीरिक आराम करें, भरपूर नींद लें, ब्रेस्टफीड कराएं, मेंटल हेल्थ पर ध्यान दें, बैलेंस डाइट लें और पर्याप्त पानी पिएं।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Oct 10, 2026 13:12 IST
Published By : Priyanka Sharma
Reviewed By : Dr Lavanya Kiran
