इन सर्दियों में हफ्ते में 1 दिन जरूर खाएं बथुआ का साग, हड्डियों से लेकर बालों तक मिलेंगे ये 7 फायदे

सर्दियों में बथुआ का साग, सेहत के लिए काफी फायदेमंद माना जाता है। लोग इसे लोहे की कड़ाही में बनाते हैं और घी डालकर खाते हैं। साथ ही इस साग को मक्के की रोटी के साथ भी खूब खाया जाता है। दरअसल, बथुआ में कुछ ऐसे गुण होते हैं जो कि शरीर में गर्मी प्रदान करने के साथ सर्दियों में होने वाली समस्याओं से बचाता है। इतना ही नहीं, बथुआ खाने से कब्ज की दिक्कत नहीं होती और शरीर एनीमिया से भी बचा रहता है। साथ ही महिलाओं की सेहत के लिए भी बथुआ खाने के कई फायदे हैं, जानते हैं इस बारे में Angelcare-A Nutrition and Wellness Centre की निदेशक, डाइटीशियन एवं न्यूट्रिशनिस्ट अर्चना जैन से।
सर्दियों में बथुआ का साग खाने के 7 फायदे
न्यूट्रिशनिस्ट अर्चना जैन कहती हैं कि सर्दियों में बथुआ का साग एंटी इंफ्लेमेटरी तरीके से काम करता है। यह जोड़ों के दर्द को कम करने के साथ सर्दियों में हड्डियों को हेल्दी रखने में मददगार है। इसके अलावा जिन लोगों को सर्दियों में शरीर दर्द जैसी समस्याएं होती हैं उनके लिए बथुआ का साग खाने के फायदे कई हैं। अन्य फायदे भी जानें विस्तार से
1. शरीर की गर्मी बढ़ेगी
सर्दियों में बथुआ खाना शरीर की गर्मी बढ़ाता है। दरअसल, इस साग की खास बात यह है कि आपके शरीर के तापमान को बढ़ाकर सर्दी में शरीर को अंदर से गर्म रखने में मदद करता है। इससे सर्दी-जुकाम से बचाव होता है और इम्यूनिटी बढ़ती है। साथ ही बथुआ के एंटीऑक्सीडेंट्स, सर्दियों में इम्यून सेल्स को मैसमी बीमारियों से लड़ने की क्षमता प्रदान करते हैं।
2. बच्चों के लिए फायदेमंद बथुआ साग
न्यूट्रिशनिस्ट अर्चना जैन कहती हैं कि सर्दियों में जो बच्चे बार-बार बीमार पड़ जाते हैं उनके लिए बथुआ का साग बहुत फायदेमंद है। दरअसल, छोटे बच्चों की इम्यूनिटी बहुत कमजोर होती है और इस वजह से वे बार-बार बीमार पड़ जाते हैं। पूरी सर्दी जुकाम खांसी की समस्या लगी रहती है, ऐसे में विटामिन सी से भरपूर बथुआ का साग इन तमाम समस्याओं से बच्चों को बचाता है। साथ ही बथुआ का साग विटामिन ए से भी भरपूर होता है जो कि बच्चों की आंखों की रोशनी बढ़ाता है और आंखों को स्वस्थ रखता है।
इसे भी पढ़ें: नारी का साग के फायदे: डायबिटीज कंट्रोल करता है नारी का साग, जानें इसे खाने के 7 अन्य फायदे
3. आयरन से भरपूर
न्यूट्रिशनिस्ट अर्चना जैन कहती हैं कि बथुआ का साग आयरन से भरपूर होता है जो कि सेहत से जुड़ी समस्याओं से बचा सकता है। इस साग को खाने से शरीर में खून की कमी नहीं होती और जिन लोगों को कमजोरी है या आयरन की कमी से शरीर में समस्याएं हैं उन लोगों के लिए बथुआ का साग खाना फायदेमंद है।
4. सूजनरोधी गुणों से भरपूर
न्यूट्रिशनिस्ट अर्चना जैन का कहना है कि सर्दियों में बथुआ का साग खाने के पीछे एक कारण यह भी है कि यह शरीर में होने वाली सूजन और दर्द को कम करने में मददगार है। दरअसल, साल 2023 में Molecules जर्नल में प्रकाशित यह स्टडी बताती है कि बथुआ के साग में मौजूद फेनोलिक एसिड (phenolic acids) शरीर में सूजन को कम करने के साथ ऐंठन-रोधी की तरह काम करता है, जिस वजह से सर्दियों में जिन लोगों के सुबह उठते ही शरीर में दर्द और अकड़न होती है, उनके लिए इसका सेवन काफी फायदेमंद है।
01 - 2026-11-19T181943.085
5. फैटी लिवर में खाएं बथुआ का साग
फैटी लिवर में बथुआ का साग खाना फायदेमंद है। दरअसल, Europe PMC जर्नल में प्रकाशित स्टडी कहती है कि बथुए की पत्तियां लिवर को टॉक्सिन्स से बचाने में मदद करती हैं। अध्ययनों से पता चला है कि इसके नियमित सेवन से बढ़े हुए लिवर एंजाइम कम हो जाते हैं। इससे लिवर की फिल्ट्रेशन प्रक्रिया बेहतर हो जाती है। ऐसे में कुछ खास फाइटोकेमिकल्स लिवर की कोशिकाओं को फिर से बनाने और रीजनरेट करने में मदद करते हैं।
6. बालों के लिए फायदेमंद है बथुआ का साग
बथुआ का साग बालों के लिए बेहद फायदेमंद माना जाता है। दरअसल, यह साग आयरन से भरपूर होता है जो कि बालों के झड़ने को रोकने में मददगार है। इतना ही नहीं, इस साग को खाने से बालों की रंगत सही रहती है और सफेद बालों की समस्या से बचाव होता है। इसके अलावा जिन लोगों के बाल पतले होकर झड़ रहे हैं उन लोगों के लिए बथुआ सा साग फायदेमंद है।
इसे भी पढ़ें: सर्दियों में इम्यूनिटी बढ़ाना है, तो प्लेट में शामिल करें ये 3 चीजें और बीमारियों से करें बचाव
7. महिलाओं के लिए फायदेमंद
महिलाओं के लिए बथुआ का साग खाना काफी फायदेमंद माना जाताहै। दरअसल, महिलाओं में पीरियड्स और खून की कमी से जुड़ी कई समस्याएं होती हैं जिनमें बथुआ का साग खाना काफी फायदेमंद माना जाता है। इतना ही नहीं, प्रेग्नेंसी में भी इस साग को खाना काफी फायदेमंद माना जाता है जो कि इस दौरान होने वाली समस्याओं जैसे कमजोरी, चक्कर आना आदि से बचाव में मददगार है।
निष्कर्ष:
अंत में न्यूट्रिशनिस्ट अर्चना जैन कहती हैं कि सर्दियों में आपको अपनी डाइट में बथुआ का साग जरूर शामिल करना चाहिए। अगर आपको साग खाना नहीं पसंद है तो आप इसकी रोटी या पराठा बनाकर खा सकते हैं। बथुआ की दाल खा सकते हैं या इस अपनी सब्जियों में शामिल कर सकते हैं। इस प्रकार से सेहत के लिए बथुआ बेहद फायदेमंद है और सर्दियों में आपको इसे जरूर खाना चाहिए।
FAQ
क्या बथुआ गर्म होता है या ठंडा?
बथुआ का तासीर गर्म और यह शरीर में गर्महाट पैदा करती है इसलिए सर्दियों में इसका सेवन खूब किया जाता है।क्या बवासीर में बथुआ खा सकते हैं?
बवासीर में बथुआ खाना काफी फायदेमंद माना जाता है। यह बवासीर के लक्षणों को कम करने में जैसे कब्ज और मल त्याग में मददगार है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Nov 19, 2026 18:34 IST
Modified By : Pallavi Kumari Nov 19, 2026 18:32 IST
Published By : Pallavi Kumari
Reviewed By : Archana Jain