सर्दियों में रात में सोने से पहले चेहरे पर फेस ऑयल लगाएं या नाइट क्रीम? खुद जानें डॉक्टर से

सर्दियों में रात को स्किन केयर करने के लिए कई लोग नाइट क्रीम लगाते हैं, तो कुछ लोग फेस ऑयल लगाना पसंद करते हैं। कुछ लोगों को नाइट क्रीम से अधिक लाभ होता है, तो कुछ लोगों को फेस ऑयल का ज्यादा फायदा मिलता है। ऐसे में यह जान लेना जरूरी है कि आखिर इनमें से क्या बेहतर है?
इस बारे में राजौरी गार्डन स्थित Advanced Skin Clinic की Founder, Aesthetic Physician, Cosmetologist And Skin Specialist डॉ. करुणा मल्होत्रा स्पष्ट करती हैं, "सर्दियों में रात को सोने से पहले आप चेहरे पर फेस ऑयल या नाइट क्रीम कुछ भी लगाया जा सकता है। इनमें से कोई भी बेहतर या बदतर नहीं है। दोनों के काम एक-दूसरे से भिन्न हैं। इसलिए, जरूरत और अपनी पसंद के अनुसार इनका चयन किया जा सकता है।"
रात में सोने से पहले क्या लगाएं?
Face Oil vs Night Cream for Winter Which One Should You Use
नाइट क्रीम
- नमी प्रदान करती हैः आमतौर पर नाइट क्रीम गाढ़े और अधिक नमी देने वाले फॉर्मूले पर आधारित होती है। इसलिए, नाइट क्रीम का उपयोग करने से त्वचा की नमी लॉक हो जाती है, जिससे त्वचा सुबह सॉफ्ट और स्मूद हो जाती है।
- सेल्स की मरम्मतः रात के समय त्वचा तेजी से अपनी मरम्मत करती है। ऐसा इसलिए होता है, क्योंकि इस समय स्किन सेल्स के बनने और रक्त प्रवाह की गति सबसे अधिक होती है, जिससे रेटिनॉल, पेप्टाइड्स और एंटीऑक्सीडेंट्स जैसे सक्रिय तत्व समान रूप से अवशोषित होकर दिनभर के नुकसान की भरपाई कर पाते हैं।
- एंटी-एजिंग प्रभावः नाइट क्रीम लगाने से त्वचा पर नजर आ रहा अधिक उम्र का प्रभाव भी कम होता है। असल में, जब आप नाइट क्रीम का उपयोग नियमित रूप से करते हैं, तो कोलेजन का प्रोडक्शन बढ़ता है। इससे फाइन लाइन्स, हल्की झुर्रियां और असमान त्वचा की रंगत कम होती है।
- प्रोटेक्टिव लेयर को मजबूतीः नाइट क्रीम में कई ऐसे उपयोगी तत्व होते हैं, जो त्वचा की जलन को शांत करते हैं, सूजन को कम करते हैं और प्रोटेक्टिव लेयर को मजबूती प्रदान करते हैं।
इसे भी पढ़ें: सर्दियों में रात को सोने से पहले Sensitive Skin पर लगाएं ये 5 चीज, खिल उठेगी त्वचा
फेस ऑयल लगाने के फायदे
सर्दियों में फेस ऑयल लगाने से भी त्वचा को जबरदस्त फायदे मिलते हैं, जैसे-
- नमी लॉक करता हैः नाइट क्रीम की तरह फेस ऑयल भी रात को लगा सकते हैं। फेस ऑयल एक ऑक्लूसिव लेयर (सुरक्षात्मक परत) की तरह काम करते हैं। इससे त्वचा का वॉटर लॉस धीमा होता है, जिससे नमी अंदर लॉक हो जाती है। हालांकि, फेस ऑयल को वॉटर-बेस्ड मॉइश्चराइजर के बाद लगाना अधिक फायदेमंद होता है।
- ड्राईनेस से राहतः सर्दियों में ठंडी हवा चलती है, जिसकी वजह से त्वचा ड्राई हो जाती है। वहीं, जब आप अपनी त्वचा पर फेस ऑयल लगाते हैं, जो कि ओमेगा-3, 6 और 9 जैसे फैटी एसिड से भरपूर होता है, तो त्वचा की ड्राईनेस कम होती है और बाहरी लेयर को मजबूती भी मिलती है।
- रेडनेस और जलन से छुटकाराः सर्दियों में ड्राईनेस के कारण त्वचा में रेडनेस और जलन भी बढ़ जाती है। इन्हें कम करने के लिए फेस ऑयल लगाना फायदेमंद है। इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स और सूदिंग इफेक्ट सर्दियों में होने वाली लालिमा और जलन को भी कम करते हैं।
- बेहतर इलास्टिसिटीः सर्दियों में आपने नोटिस किया होगा कि त्वचा की इलास्टिसिटी अस्थायी रूप से कम हो जाती है। ऐसे में स्किन बेजान नजर आती है। फेस ऑयल में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स और विटामिन्स नाक, मुंह और गालों के आसपास के रूखे व फटे हुए हिस्सों को मुलायम बनाते हैं।
- निखार में बढ़ावाः रोज रात को फेस ऑयल की कुछ बूंदें त्वचा पर लगाकर सोने से त्वचा चिकनी होती है और सर्दियों में इसका उपयोग करने से बेजान रंगत और डलनेस दूर होती है।
क्या कहती है स्टडी?
Dermatology and Therapy जर्नल में प्रकाशित एक अध्ययन के अनुसार, नाइट क्रीम की मदद से पर्यावरणीय कारक (जैसे धूप, यूवी किरणें और प्रदूषण) से त्वचा को होने वाले नुकसान कम होते हैं। यह क्रीम 1 घंटे के भीतर ही त्वचा की नमी में सुधार करती है। रिपोर्ट में आगे यह भी बताया गया है कि संवेदनशील त्वचा वाले लोगों में नाइट क्रीम लगाने से 7 दिनों के भीतर ही जलन और चुभन में काफी कमी आती है। वहीं, Journal of Cosmetic Dermatology के अनुसार, फेस ऑयल जैसे गुलाब के बीज, जोजोबा ऑयल आदि का उपयोग करने से UVA किरणों के संपर्क में आने के बाद त्वचा में होने वाले ऑक्सीडेटिव तनाव में कमी आती है।
किसे चुनें?
डॉ. करुणा मल्होत्रा साफ कहती हैं कि नाइट क्रीम या फेस ऑयल में किसी एक को चुनना जरूरी नहीं है। आप बेहतर परिणाम के लिए दोनों को लगा सकते हैं। इसे लगाने के लिए कुछ बातों का ध्यान रखें जैसे-
- त्वचा को हाइड्रेट रखने के लिए पहले नाइट क्रीम या सीरम लगाएं।
- कुछ देर रुकने के बाद फेस ऑयल की कुछ बूंदें चेहरे पर लगाएं और हल्के हाथों से रब करें।
इसे भी पढ़ें: सोने से पहले करें नारियल तेल से शरीर की मालिश, मिलेंगे ये 5 फायदे
निष्कर्ष
नाइट क्रीम या फेस ऑयल, दोनों ही त्वचा के लिए फायदेमंद है। इसका उपयोग करने से सर्दियों में त्वचा में बढ़ रहा रूखापन कम होता है, बेजान त्वचा में निखार आता है और कोलेजन प्रोडक्शन बढ़ने के कारण स्किन की इलास्टिसिटी में भी सुधार होता है। इसका मतलब है कि नाइट क्रीम और फेस ऑयल लगाने से सर्दियों में त्वचा से संबंधित समस्याओं में कमी आती है। हां, इस बात का ध्यान रखें कि अगर आपको किसी भी तरह की स्किन डिजीज है, तो इनमें से कौन सा विकल्प आपके लिए बेहतर होगा, इस संबंध में एक्सपर्ट की सलाह ले लें।
All Image Credit: Magnific
FAQ
क्या सर्दियों में ऑयली स्किन पर भी फेस ऑयल का इस्तेमाल कर सकते हैं?
हां, ऑयली स्किन पर भी फेस ऑयल का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके लिए हल्के ऑयल जैसे जोजोबा, रोजहिप ऑयल बेहतर विकल्प माने जाते हैं।क्या नाइट क्रीम और फेस ऑयल को मिक्स करके लगाया जा सकता है?
इन्हें अलग-अलग लेयर में लगाना अधिक प्रभावशाली होता है, हालांकि अधिक रूखी त्वचा होने पर मॉइश्चराइजर में 1-2 बूंद ऑयल मिलाकर भी लगा सकते हैं।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Nov 18, 2026 17:31 IST
Published By : Meera Tagore
Reviewed By : Dr Karuna Malhotra