बढ़ते प्रदूषण के कारण कई लोगों को सांस लेने और कई तरह की परेशानियां होने लगती हैं। ऐसे में इससे बचने के लिए अक्सर लोग N-95 और सर्जिकल मास्क का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन इसको लंबे समय तक लगाए रहने से लोगों को खुजली और जलन जैसी परेशानियां भी होती हैं, लेकिन क्या इससे एक्ने भी हो सकते हैं? ऐसे में आइए Dr. Shireen Furtado, Sr. Consultant - Medical & Cosmetic Dermatology , Aster CMI Hospital, Bengaluru से जानें।
क्या दिनभर मास्क पहनने से मुंहासे हो सकते हैं?
डॉ. शिरीन के अनुसार, लंबे समय तक मास्क पहनने से मुंहासे और त्वचा संबंधी अन्य समस्याएं हो सकती हैं, जिन्हें आमतौर पर मास्कने कहा जाता है। ऐसा तब होता है जब मास्क और त्वचा के बीच गर्मी, घर्षण (friction), नमी और पसीना फंस जाते हैं, जिससे रोमछिद्र (पोर्स) बंद हो जाते हैं और जलन होती है।
मास्क मुंहासों को कैसे बढ़ाता है?
डॉ. शिरीन आगे कहती हैं, जब कोई व्यक्ति दिनभर मास्क पहनता है, तो नाक, गाल, ठोड़ी और जबड़े के आसपास के क्षेत्र में लगातार घर्षण होता है। इससे बालों के रोम में जलन हो सकती है और पहले से मौजूद मुंहासे बढ़ सकते हैं। पसीना और अतिरिक्त तेल भी मास्क के नीचे जमा हो सकते हैं, जो डेड स्किन सेल्स के साथ मिलकर रोमछिद्रों (पोर्स) को बंद कर सकते हैं। ऑयली, मुंहासे वाली या सेंसिटिव त्वचा वाले व्यक्ति अधिक प्रभावित हो सकते हैं।
डॉ. शिरीन बताती हैं, लंबे समय तक मास्क का इस्तेमाल रोसैसिया (rosacea) और पेरिओरल डर्मेटाइटिस (perioral dermatitis) जैसी स्थितियों को भी बढ़ा सकता है, जिससे मुंह और नाक के आसपास रेडनेस, दाने और जलन हो सकती है।
इसे भी पढ़ें: खराब AQI में सुबह की सैर करना कितना सुरक्षित? डॉक्टर से जानें कब करें मॉर्निंग वॉक
साल 2022 में Journal of Cosmetic Dermatology में प्रकाशित स्टडी के अनुसार, दिनभर लगातार फेस मास्क पहनने से त्वचा पर नमी, गर्मी और घर्षण बढ़ जाता है, जिससे रोमछिद्र (पोर्स) बंद हो जाते हैं और मास्कने यानी मुंहासों की समस्या हो सकती है। खासकर गालों और ठोड़ी पर इसका असर ज्यादा दिखता है और महिलाओं में इसका खतरा पुरुषों के मुकाबले दोगुना होता है। पसीने और बैक्टीरिया के असंतुलन से मुंहासों के अलावा ऑयली स्किन, खुजली, रेडनेस और सूखापन जैसी परेशानियां भी हो सकती हैं।
इससे बचने के लिए सेफ माहौल में बीच-बीच में मास्क हटाएं, साफ और नए मास्क का इस्तेमाल करें तथा त्वचा की सही साफ-सफाई का ध्यान रखें।
does wearing a face mask all day cause acne and skin breakouts 01
हर व्यक्ति को नहीं होते हैं मुंहासे
हालांकि, मास्क पहनने वाले हर व्यक्ति को मुंहासे नहीं होते हैं। स्किन टाइप, मास्क की सामग्री (mask material), हाइजीन से जुड़ी आदतें और मास्क के इस्तेमाल की ड्यूरेशन, ये सभी फैक्टर्स इसमें अहम भूमिका निभाते हैं।
क्या कहती है स्टडी?
साल 2021 में IP Indian Journal of Clinical and Experimental Dermatology में प्रकाशित स्टडी के अनुसार, लंबे समय तक फेस मास्क पहनने से त्वचा पर नमी, गर्मी और घर्षण बढ़ता है, जिससे पोर्स बंद हो जाते हैं और मास्कने यानी मुंहासों की समस्या पैदा होती है। अध्ययन के अनुसार, तापमान में हर 1°C की बढ़त से सीबम (तेल) का स्राव 10% तक बढ़ जाता है, जिससे बैक्टीरिया का बैलेंस बिगड़ जाता है और दाने व सिस्टिक एक्ने होने लगते हैं।
यह खतरा मास्क पहनने की ड्यूरेशन पर निर्भर करता है। 4 घंटे से कम पहनने पर यह 65.5% होता है, जबकि 8 घंटे से ज्यादा पहनने पर बढ़कर 93.5% हो जाता है। साथ ही, N95 मास्क से इसका खतरा सबसे ज्यादा (82%) देखा गया है, जो मुख्य रूप से गालों, ठोड़ी और मुंह के आसपास के हिस्से को प्रभावित करता है।
इसे भी पढ़ें: अपनी त्वचा को प्रदूषण से कैसे बचाएं? डॉक्टर से जानें
मास्क के मुंहासों से बचने के लिए क्या करें?
डॉ. शिरीन का कहना है, मास्क से होने वाले मुंहासों से बचने के लिए कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखा जा सकता है।
- मास्क की साफ-सफाई (हाइजीन) का ध्यान रखना बहुत जरूरी है।
- दोबारा इस्तेमाल किए जाने वाले कपड़े के मास्क को नियमित रूप से धोना चाहिए, जबकि डिस्पोजेबल मास्क को गीला या गंदा होने पर बदल देना चाहिए।
- मास्क आरामदायक होना चाहिए।
- उससे अत्यधिक घर्षण (friction) नहीं होना चाहिए।
- एक जेंटल स्किन केयर रूटीन भी मददगार हो सकता है।
- चेहरे को हल्के, नॉन-कॉमेडोजेनिक क्लींजर से साफ करें और हल्के, तेल रहित मॉइस्चराइजर का इस्तेमाल करें।
- मास्क के नीचे हैवी मेकअप या गाढ़े स्किन केयर प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करने से बचें, खासकर अगर त्वचा पहले से ही मुंहासे होने की संभावना वाली हो।
- सैलिसिलिक एसिड जैसे तत्व बंद रोमछिद्रों (पोर्स) को खोलने में मदद कर सकते हैं, लेकिन जलन से बचने के लिए इनका इस्तेमाल धीरे-धीरे शुरू करना चाहिए।
- सबसे अहम बात, मुंहासों को बार-बार छूने या खुजाने से बचें।
डॉक्टर से सलाह कब लें?
डॉ. शिरीन के अनुसार, अगर मुंहासे लगातार हों और ठीक न हो, बहुत दर्दनाक या गंभीर हो जाते हैं, तो डर्मेटोलॉजिस्ट से सलाह लें, ताकि सही वजह का पता लगाकर उसका सही इलाज किया जा सके।
निष्कर्ष
लंबे समय तक मास्क पहनने से त्वचा पर पसीना, गर्मी और नमी फंस जाती है, जिससे पोर्स बंद हो जाते हैं और मास्कने यानी मास्क से होने वाले मुंहासे हो सकते हैं। इसके मुख्य कारणों में त्वचा और मास्क के बीच लगातार घर्षण, रोसैसिया और पेरिओरल डर्मेटाइटिस शामिल हैं।
इससे बचने के लिए चेहरे को जेंटल नॉन-कॉमेडोजेनिक क्लींजर से साफ करें, हैवी मेकअप से बचें, डिस्पोजेबल मास्क समय पर बदलें और कपड़े के मास्क को नियमित धोएं। अगर मुंहासे ठीक न हों या गंभीर हो जाएं, तो तुरंत डर्मेटोलॉजिस्ट से सलाह लें।
All Images Credit- Freepik
FAQ
एक्ने की समस्या क्यों होती है?
एक्ने की समस्या त्वचा में एक्स्ट्रा ऑयल के उत्पादन होने, डेड सेल्स, बैक्टीरियल इंफेक्शन, हार्मोनल बदलाव, गलत स्किन केयर, खान-पान, स्ट्रेस और जेनेटिक कारणों से हो सकती है।लंबे समय तक मास्क पहनने से क्या होता है?
लंबे समय तक मास्क पहने रहने से व्यक्ति को त्वचा से जुड़ी समस्याएं होने, कान और चेहरे पर दर्द, थकान और हल्का सिरदर्द होने जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Nov 08, 2026 13:10 IST
Published By : Priyanka Sharma
Reviewed By : Dr Shireen Furtado
