आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में कई लोग समय की कमी, वजन कम करने की चाह या इंटरमिटेंट फास्टिंग जैसी डाइट फॉलो करने के कारण नाश्ता छोड़ देते हैं। ऐसे में एक सवाल अक्सर उठता है कि क्या ब्रेकफास्ट स्किप करने से शरीर का मेटाबॉलिज्म धीमा हो जाता है? कैलाश हॉस्पिटल, देहरादून की सीनियर डाइटीशियन पायल दत्त के अनुसार, कुछ लोगों के लिए बैलेंस नाश्ता पूरे दिन एनर्जी बनाए रखने, भूख को कंट्रोल करने और ओवरईटिंग से बचने में मदद करता है। वहीं, कुछ लोग इंटरमिटेंट फास्टिंग के दौरान भी हेल्दी रह सकते हैं, बशर्ते उनका कुल न्यूट्रिशन बैलेंस हो। इसलिए यह कहना सही नहीं होगा कि हर व्यक्ति के लिए नाश्ता छोड़ना नुकसानदायक या फायदेमंद ही होता है। इस लेख में डाइटीशियन पायल दत्त से जानिए कि क्या वास्तव में नाश्ता छोड़ने से मेटाबॉलिज्म धीमा पड़ जाता है, इसका शरीर और वजन पर क्या असर हो सकता है और किन लोगों को सुबह का नाश्ता बिल्कुल नहीं छोड़ना चाहिए।
क्या नाश्ता छोड़ने से मेटाबॉलिज्म धीमा हो जाता है?
डाइटीशियन पायल दत्त के अनुसार, इसका जवाब इतना आसान नहीं है, क्योंकि मेटाबॉलिज्म कई कारकों पर निर्भर करता है, जिनमें उम्र, फिजिकल एक्टिविटी, नींद, हार्मोन और पूरे दिन का खानपान शामिल है। डाइटीशियन पायल दत्त बताती हैं, ''केवल एक दिन नाश्ता छोड़ने से मेटाबॉलिज्म अचानक धीमा नहीं हो जाता लेकिन यदि कोई व्यक्ति लंबे समय तक अनियमित खानपान करता है या जरूरत से बहुत कम कैलोरी लेता है, तो शरीर एनर्जी बचाने की स्थिति में जा सकता है। इससे कैलोरी बर्न होने की स्पीड कुछ हद तक प्रभावित हो सकती है।
साल 2016 में The American Journal of Clinical Nutrition में प्रकाशित ट्रायल रिपोर्ट के अनुसार, मोटापे से जूझ रहे वयस्कों पर हुई स्टडी से पता चलता है कि नियमित रूप से सुबह का नाश्ता करने से लोग सुबह के समय ज्यादा शारीरिक रूप से एक्टिव रहते हैं, जबकि सुबह भूखे रहने पर दिन में बाद में ज्यादा भूख लगती है और लोग ज्यादा कैलोरी खा लेते हैं। हालांकि नाश्ता करने या न करने से वजन में कोई खास अंतर नहीं आया, लेकिन नाश्ता करने वाले ग्रुप में इंसुलिन सेंसिटिविटी बेहतर हुई, जो ब्लड शुगर कंट्रोल के लिए फायदेमंद है।
नाश्ता छोड़ने से शरीर पर क्या असर पड़ सकता है?
डाइटीशियन पायल दत्त बताती हैं कि यदि आप सुबह का नाश्ता छोड़ते हैं, तो दिन में ज्यादा भूख लग सकती है। इससे लोग अक्सर दोपहर या शाम के समय ज्यादा मात्रा में खाना खा लेते हैं। इसके अलावा, कुछ लोगों में थकान, कमजोरी, चिड़चिड़ापन और फोकस में कमी महसूस हो सकती है। डायबिटीज या ब्लड शुगर की समस्या वाले लोगों के लिए नाश्ता छोड़ना सही नहीं माना जाता, क्योंकि इससे ग्लूकोज के लेवल में उतार-चढ़ाव हो सकता है। इसलिए ऐसे लोगों को डॉक्टर या डाइटीशियन की सलाह के अनुसार भोजन का समय तय करना चाहिए।

इसे भी पढ़ें: एक टाइम का खाना छोड़ने से हार्मोन्स और मेटाबॉलिज्म पर क्या असर पड़ता है? समझें इसके बड़े नुकसान
हेल्दी ब्रेकफास्ट में क्या शामिल करें?
डाइटीशियन पायल दत्त के अनुसार, नाश्ते में प्रोटीन, फाइबर और हेल्दी फैट शामिल करना चाहिए। उदाहरण के लिए, ओट्स, अंडे, दही, फल, ड्राई फ्रूट्स, मूंग दाल चीला या मल्टीग्रेन रोटी अच्छे विकल्प हो सकते हैं। दिन की शुरुआत में एक हेल्दी और बैलेंस नाश्ता लंबे समय तक पेट भरा रखने और शरीर में दिनभर एनर्जी बनाए रखने में मदद करता है।
डाइटीशियन की सलाह
डाइटीशियन पायल दत्त का कहना है कि हर व्यक्ति के शरीर की जरूरतें अलग होती हैं। कुछ लोग सुबह जल्दी भूख महसूस करते हैं, जबकि कुछ नहीं। यदि आप बिना नाश्ते के भी एनर्जी से भरपूर रहते हैं और आपकी डाइट बैलेंस है, तो यह जरूरी नहीं कि नाश्ता छोड़ने से नुकसान हो लेकिन यदि इससे कमजोरी, ज्यादा भूख या अनहेल्दी खाने की आदतें बढ़ती हैं, तो नियमित नाश्ता करना बेहतर हो सकता है।
इसे भी पढ़ें: मेटाबॉलिज्म बेहतर बनाने में मदद कर सकती हैं ये 5 आयुर्वेदिक जड़ी-बूटियां, एक्सपर्ट से जानें फायदे
निष्कर्ष
नाश्ता छोड़ने से मेटाबॉलिज्म तुरंत धीमा नहीं हो जाता, लेकिन लंबे समय तक अनियमित खानपान और जरूरत से कम कैलोरी लेने से शरीर की एनर्जी उपयोग करने की प्रोसेस प्रभावित हो सकती है। हेल्दी मेटाबॉलिज्म के लिए बैलेंस डाइट, नियमित एक्सरसाइज, पर्याप्त नींद और एक्टिव लाइफस्टाइल ज्यादा जरूरी है। इसलिए नाश्ते को लेकर एक ही नियम सभी पर लागू नहीं होता, बल्कि अपनी जरूरत और स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार सही आदत अपनाना बेहतर होता है।
All Image Credit- magnific
FAQ
क्या नाश्ता छोड़ने से ब्लड शुगर पर असर होता है?
डायबिटीज या प्रीडायबिटीज वाले लोगों में लंबे समय तक खाली पेट रहने से ब्लड शुगर में उतार-चढ़ाव हो सकता है।सुबह भूख नहीं लगती तो क्या करें?
सुबह भूख नहीं लगती तो हल्का और पौष्टिक नाश्ता जैसे फल, दही, स्मूदी या मुट्ठीभर ड्राई फ्रूट्स से शुरुआत की जा सकती है और धीरे-धीरे सही आदत बनाई जा सकती है।क्या केवल नाश्ता छोड़ने से वजन कम हो जाता है?
वजन कम होना कुल कैलोरी के सेवन, फिजिकल एक्टिविटी, नींद और लाइफस्टाइल पर निर्भर करता है। केवल नाश्ता छोड़ना वजन घटाने की गारंटी नहीं है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Jul 23, 2026 19:33 IST
Published By : Akanksha Tiwari
Reviewed By : Dt Payal Dutt